You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बेंगलुरु भगदड़ : देखिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भीड़ कैसे हुई बेकाबू

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूपी: बिजनौर में उर्दू में लिखा विद्यालय का नाम, शिक्षिका निलंबित, शहबाज़ अनवर, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश के ज़िला बिजनौर में एक शिक्षिका को विद्यालय का नाम उर्दू में लिखने पर निलंबित कर दिया गया है.

    बीएसए बिजनौर ने नजीबाबाद ब्लॉक की नगर पंचायत साहनपुर के प्राइमरी स्कूल द्वितीय पर यह कार्रवाई की है.

    हालांकि जांच में यह बात सामने आई कि विद्यालय में जिन दो जगह उर्दू से लिखा नाम दिखाई दे रहा है वो पुराना था और वर्तमान में वहां ऐसा कुछ नहीं है.

    इस बात की पुष्टि जांच करने गए नजीबाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजमोहन ने बीबीसी से की.

    उन्होंने कहा, " बीएससी बिजनौर की तरफ से मुख्य अध्यापिका रफ़त ख़ान को निलंबित कर दिया गया है."

    उन्होंने कहा, " नजीबाबाद की सहारनपुर नगर पंचायत के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय प्रथम और द्वितीय आते हैं. ये मामला प्राथमिक विद्यालय द्वितीय का है. मैं मंगलवार को यहां जांच करने के लिए गया था."

    उधर, बीएसए बिजनौर योगेंद्र सिंह से भी बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने ख़ुद के एक मीटिंग में होने और बाद में बात करने की बात कही.

    "पुराना है वायरल फोटो"

    जिस वायरल फोटो के आधार पर शिक्षिका रफ़त ख़ान को निलंबित किया गया है, उस फोटो में विद्यालय में इमारत पर झंडा फहरता हुआ दिखाई दे रहा है.

    इस बारे में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर राजमोहन ने कहा, "हमारे यहां 15 अगस्त, गांधी जयंती या फिर 26 जनवरी को झंडा फहराया जाता है, संभवतः ये तस्वीर पिछले इन्हीं दिवसों में से किसी की है.वायरल तस्वीर भी पुरानी ही है."

    बीईओ ने ये भी बताया कि जिस दौरान की ये फोटो है, उस वक़्त विद्यालय के मुख्य गेट पर उर्दू में नाम लिखाया गया था जबकि विद्यालय में स्थित एक अतिरिक्त कक्ष के ऊपर भी उर्दू में नाम लिखा गया था. वर्तमान में वहां ऐसा कुछ नहीं है."

    उर्दू इस्तेमाल को लेकर क्या बोले बीईओ?

    लेकिन उर्दू में लिखने पर कार्रवाई क्यों की गई. इस बारे में बीईओ राजमोहन कहते हैं, "ऐसे तो कईं जगह उर्दू में लिखा होता है, रेलवे स्टेशनों पर भी उर्दू में लिखा होता है, बड़े कार्यालयों से लेकर कोर्ट तक में लिखा होता है. वैसे इस बारे में मुझे नहीं मालूम कि शिक्षिका के निलंबन को लेकर क्या मैटर रहा होगा, क्या साक्ष्य रहा होगा, मेरे सामने कोई रिपोर्ट नहीं थी. ये आला अधिकारी ही बता सकते हैं, वैसे, अब मेरे पास निलंबन का पत्र है. पत्र में अख़बार के आधार पर प्रथम दृष्टया कार्रवाई की बात लिखी है."

    "नए सत्र की पुताई में पुतवा दिया था उर्दू में नाम"

    मुख्य अध्यापिका रफ़त ख़ान सहित विद्यालय में पांच लोगों का स्टाफ है.

    अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर शिक्षिका रफ़त ख़ान ने बीबीसी से कहा, "क्या कर सकते हैं, विभागीय बात है. ये तस्वीर क़रीब एक साल पुरानी है, जिसे नए सत्र मार्च 2025 में पुतवा दिया गया था.अभी निलंबन पत्र नहीं मिला है."

    "कार्रवाई अफ़सोसजनक है"

    ज़िला शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षिका के ख़िलाफ हुई इस कार्रवाई पर शिक्षक नेता अफ़सोस जता रहे हैं.

    उर्दू शिक्षक संघ के ज़िलाध्यक्ष रिज़वान अहमद ने बीबीसी से कहा,"शिक्षिका का निलंबन अफसोस की बात है. उर्दू हमारी दूसरी राजकीय भाषा है. हम इस बारे में जल्द ही अपने पदाधिकारियों से बात करेंगे."

  3. बेंगलुरु भगदड़ : देखिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भीड़ कैसे हुई बेकाबू

  4. सिद्धारमैया बोले, "कुंभ मेले में 50-60 लोग मारे गए थे, मैंने आलोचना नहीं की थी"

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में भगदड़ की घटना के दौरान की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुंभ मेले में हुई लोगों की मौत का ज़िक्र किया.

    सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "ऐसी घटनाएं कई जगहों पर हुईं; मैं उन घटनाओं से तुलना करके आज हुई घटना का बचाव नहीं कर रहा हूं...कुंभ मेले में 50-60 लोग मारे गए. मैंने आलोचना नहीं की. अगर कांग्रेस आलोचना करती है, तो वह अलग बात है...क्या मैंने या कर्नाटक सरकार ने आलोचना की थी?"

    बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हो गए हैं.

    मुख्यमंत्री ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराए जाने की घोषणा की है.

    वहीं बीजेपी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. बीजेपी ने आरोप लगाया है ये दुर्घटना कांग्रेस की 'लापरवाही' के कारण हुई है.

  5. ईरान: जिन भारतीयों को किया गया था अगवा उन्हें ईरान की पुलिस ने छुड़ाया

    ईरान में पिछले महीने लापता हुए तीन नागरिकों को सु​रक्षित बचा लिया गया है. इस समय तीनों नागरिक भारतीय दूतावास की देखरेख में हैं.

    तेहरान स्थित तस्नीम समाचार एजेंसी ने बताया कि "दक्षिणी तेहरान के वरामिन में अपहरणकर्ताओं के ख़िलाफ़ एक पुलिस कार्रवाई में इन्हें मुक्त कराया गया."

    भारत ने नागरिकों को सुरक्षित बचाने के लिए बुधवार को ईरान को धन्यवाद दिया है और कहा है कि ईरान का सहयोग दोनों देशों के बीच "मित्रता की सच्ची भावना" को दर्शाता है.

    ईरान में भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "तीनों अपहृत भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है और अब वह दूतावास की देखरेख में हैं, जो उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की सुविधा प्रदान कर रहा है."

    पंजाब के तीन युवक पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के लिए घर से निकले थे लेकिन होशियारपुर के अमृतपाल, संगरूर के हुसनप्रीत और नवांशहर के जसपाल सिंह का ईरान में अपहरण कर लिया गया था.

  6. कब से होगी जनगणना, केंद्र सरकार ने बताया

    भारत सरकार ने जनगणना के लिए तारीखों का एलान कर दिया है. जनगणना के साथ इस बार जातिगत जनगणना भी कराए जाने का एलान केंद्र सरकार ने किया है.

    गृह मंत्रालय ने कहा है, "पूरे देश में 1 मार्च 2027 से जनणना होगी जबकि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड जैसे बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना 1 अक्तूबर 2026 से शुरू हो जाएगी."

    गृह मंत्रालय ने बताया है कि जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 3 के तक 16 जून 2025 को जनगणना की अधिसूचना आधिकारिक राजपत्र में जारी कर दी जाएगी.

    केंद्र सरकार ने अप्रैल के आख़िरी हफ़्ते में ये एलान किया था कि इस बार जनगणना में जातिगत जनगणना भी शामिल होगी.

    1931 के बाद से अब तक भारत में जातिगत जनगणना नहीं हुई है. हालांकि 1951 से दलितों और जनजातियों की गणना होने लगी थी.

    आगे चलकर जैसे-जैसे जाति आधारित राजनीति बढ़ी, जातीय जनगणना की मांग भी बढ़ी. 2011 में सरकार ने सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर आधारित जातीय जनगणना करवाई मगर उसके आंकड़े जारी नहीं किए गए.

  7. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर प्रेरणा और सुमिरन प्रीत कौर से..

  8. लाइव: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, कई लोगों के मौत की आशंका

    बुधवार को बेंगलुरु में आरसीबी की जीत का जश्न मनाते वक्त बड़ा हादसा हो गया. जश्न मनाने के लिए जुटे फैंस के बीच भगदड़ हो गई, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं.

    देखिए बेंगलुरु से इमरान क़ुरैशी की रिपोर्ट.

    फेसबुक पर ये रिपोर्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  9. आरसीबी के स्वागत समारोह के दौरान भगदड़, पुलिस ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया कि ये लोग रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मनाने के लिए जमा हुए थे.

    18 सालों में पहली बार आईपीएल की ट्रॉफ़ी जीतने वाली टीम के स्वागत में बुधवार को लाखों लोग सड़कों पर उतरे. इनमें युवा, महिलाएं, बच्चे और बुज़ुर्ग सब शामिल थे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया, "चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट पर भगदड़ मचने से करीब 10 लोगों की मौत हो गई है."

    पुलिस अधिकारी ने बताया, "जब हादसा हुआ तो स्टेडियम के दरवाज़े खुले नहीं थे लेकिन बहुत सारे लोगों ने छोटे दरवाज़े से घुसने की कोशिश की, जिससे भगदड़ हुई. "

    तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बेक़ाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लाठी चार्ज कर रही है

    कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, "लोग आरसीबी की आईपीएल में जीत के जश्न का गवाह बनने आए थे. लेकिन इस त्रासदी से हमें बेहद दुख पहुंचा है और धक्का लगा है. जिनकी मौत हुई है उनके परिवारों को मेरी संवेदना. जीत पर हमें गर्व है लेकिन ये किसी की ज़िंदगी से बड़ा नहीं हो सकता. मैं सभी से अपील करता हूं कि वो सुरक्षा का ध्यान रखें."

    उन्होंने कहा कि वो अभी अस्पताल नहीं जा रहे हैं ताकि डॉक्टर बिना किसी बाधा के घायलों का इलाज कर सकें.

  10. एलन मस्क के पिता एरोल मस्क पहुंचे अयोध्या, राम जन्म​भूमि मंदिर में किए रामलला के दर्शन

    अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे.

    उन्होंने अपनी बेटी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन किए.

    हवाई अड्डे पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "इस देश के लोगों को प्रेरणा देने वाले स्थल को देखने का अवसर मिलना बहुत ही सौभाग्य की बात है. भारत एक बहुत ही बेहतरीन देश है. लोगों को यहां आकर देखना चाहिए."

    "मेरे देश में भी बहुत भारतीय रहते हैं. ऐसे में मैं भारतीय संस्कृति से परिचित हूं और उसकी प्रेरणा से मैं यहां पहुंचा हूं.यहां के लिए बहुत ही दयालु और अच्छे हैं."

    व्यावसायिक योजनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि भारत में व्यवसाय को लेकर उनकी योजनाएं हैं और उसके लिए वह धीरे-धीरे तैयारी कर रहे हैं.

    भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर उन्होंने कहा कि दो अच्छे नेताओं की वजह से दोनों देशों के बीच संबंध अच्छे होने जा रहे हैं

  11. पीएम मोदी 6 जून को करेंगे 'चिनाब ब्रिज' का उद्घाटन, एफ़िल टॉवर से भी ऊंचा है ये पुल

    दुनिया का सबसे ऊंचा सिंगल आर्क ब्रिज जम्मू-कश्मीर में बनकर तैयार हो चुका है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को इसका उद्घाटन करेंगे.

    इस मौके पर पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर में कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.

    प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी माता वैष्णो देवी मंदिर स्थित कटरा में 46 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे.

    जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा मुफ़्ती ने कहा,"यह एक स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन मैं यह कहना चाहूंगी कि कश्मीर पर्यावरण के लिहाज़ से बहुत कमज़ोर है. ऐसे में सजगता से काम करना होगा. उन्हें पिछले महीने आना था लेकिन तब वह नहीं आ पाए."

    उन्होंने कहा,"जो ट्रेन शुरू की जा रही है उसका सफ़र यहां के यात्रियों के लिए असुविधाजनक हो सकता है क्योंकि उन्हें कटरा में उतारा जाएगा और फिर सुरक्षा जांच के बाद और करीब दो ​तीन घंटे की देरी से रवाना किया जाएगा. इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है."

    इस ब्रिज के माध्यम से कश्मीर को देश के दूसरे हिस्सों से रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से जोड़ा जाएगा. ब्रिज को बनाने में भारतीय रेलवे को 20 साल से ज़्यादा का समय लगा है.

    यह ब्रिज जम्मू के रियासी ज़िले में चिनाब नदी के ऊपर बनाया गया है. ब्रिज की ऊंचाई एफ़िल टॉवर की ऊंचाई से 35 मीटर ज़्यादा है.

    यह ब्रिज हर मौसम में चलने वाली 272 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का हिस्सा है, जो कि जम्मू को कश्मीर घाटी से जोड़ेगी.

  12. 'ग़ज़ा के हालात नर्क से भी बदतर'- रेड क्रॉस

    अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) की अध्यक्ष मिरजाना स्पोलजारिक ने कहा, "धरती पर ग़ज़ा नरक से भी बदतर हो गया है."

    जिनेवा मुख्यालय में बीबीसी को दिए साक्षात्कार में स्पोलजारिक ने कहा कि, 'मानवता पूरी तरह से खत्म हो गई है.'

    उन्होंने आगे कहा, "इस युद्ध को समाप्त करने, फ़लस्तीनियों का दर्द ख़त्म करने और इसराइली बंधकों को रिहा कराने के लिए देश पर्याप्त कदम नहीं उठा रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "फ़लस्तीनियों से मानवीय गरिमा छिन गई है और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून को खोखला किया जा रहा है. ग़ज़ा में जो कुछ भी हो रहा है, वह किसी भी कानूनी, नैतिक और मानवीय मानक से स्वीकार नहीं किया जा सकता है."

    आईसीआरसी एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो युद्ध क्षेत्रों में काम करता है. ग़ज़ा में इसके करीब 130 कर्मचारी हैं, इसमें से अधिकतर ​फ़लस्तीनी हैं.

    सोमवार को ग़ज़ा में एक मदद केंद्र के पास 'इसराइली गोलीबारी' में कम से कम 27 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. यह जानकारी ग़ज़ा में मौजूद स्थानीय अधिकारियों ने दी थी.

  13. पाकिस्तान को ख़ुफ़िया जानकारी साझा करने के आरोप में एक और यूट्यूबर गिरफ़्तार

    पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान को ख़ुफ़िया जानकारी मुहैया कराने के आरोप में यूट्यूबर जसबीर सिंह को गिरफ़्तार किया है.

    यूट्यूबर जसबीर सिंह को बुधवार को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया.

    पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि रूपनगर ज़िले के महलान गांव का निवासी जसबीर सिंह, यूट्यूब चैनल 'जान महल' चलाता है.

    पुलिस ने दावा किया कि एक जांच में पता चला कि इसका संबंध एक पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव (पीआईओ) शाकिर उर्फ ​​जट्ट रंधावा से है.

    गौरव यादव ने यह भी बताया​ कि, "वह यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तानी नागरिक और पाक उच्चायोग के निष्कासित अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ ​​दानिश के साथ भी संपर्क बनाए हुए था."

    पुलिस जांच से पता चला है कि जसबीर दानिश के निमंत्रण पर दिल्ली में पाकिस्तान राष्ट्रीय दिवस कार्यक्रम में शामिल हुआ था.

    यहां जसबीर ने पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और व्लॉगर्स से मुलाकात की थी.

    गौरव यादव ने कहा है कि, "ज्योति मल्होत्रा ​​की गिरफ़्तारी के बाद जसबीर ने पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स के साथ मिलकर संचार संबंधी सबूत मिटाने की कोशिश भी की है."

    इस मामले में अब एफआईआर दर्ज कर ली गई और इस नेटवर्क के अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है.

    यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पिछले महीने हरियाणा पुलिस ने पाकिस्तान को खुफ़िया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था.

  14. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का दावा- 'चीन के नज़दीक जा रहा है नेपाल'

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया है कि नेपाल चीन के नज़दीक बढ़ रहा है.

    पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "नेपाल में जो एंटी-इंडिया सेंटीमेंट है, वह 10 साल पहले नहीं था. नेपाल में इतना भारी भूकंप आया, इसके बाद भारत ने वहां बहुत सहायता की."

    उन्होंने दावा करते हुए कहा, "लेकिन नेपाल आज चीन से नज़दीक आ चुका है. ये सरेंडर नीति नहीं है तो क्या है?"

    केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पवन खेड़ा ने कहा, "पाकिस्तान और अन्य देशों के साथ मिलकर चीन जो कॉरिडोर बना रहा है, आप (केंद्र सरकार) उसका क्या कर पाए? आप आईएमएफ़ का लोन रुकवा पाए तो बताइए."

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, सरकार ने संसद के मॉनसून सत्र का किया एलान, इस दिन से होगा शुरू

    संसद के मॉनसून सत्र का एलान हो गया है. सत्र की शुरुआत 21 जुलाई से होगी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के हवाले से यह जानकारी दी है.

    एजेंसी के मुताबिक़ यह सत्र 12 अगस्त 2025 को ख़त्म होगा.

    इससे पहले पहलगाम हमले के बाद से ही विपक्ष के कई नेताओं ने सरकार से संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी.

  17. ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 8 जून को नहीं बल्कि इस दिन जाएंगे स्पेस स्टेशन

    भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अब 8 जून की जगह 10 जून को अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे. हालांकि, इस देरी का कारण अभी तक सामने नहीं आया है.

    भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला चार सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय दल एएक्स-4 का हिस्सा हैं, जो दो हफ़्ते अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर बिताएगा.

    10 जून को भारतीय समयानुसार शाम 5:52 पर कैप्टन शुक्ला उड़ान भरेंगे.

    कैप्टन शुक्ला को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के संयुक्त अंतरिक्ष मिशन के लिए चुना गया है.

    कैप्टन शुक्ला के इस मिशन के तहत अंतरिक्ष जाने पर वो पिछले 40 साल में ऐसा करने वाले भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री होंगे.

    इससे पहले राकेश शर्मा 1984 में सोवियत मिशन के साथ अंतरिक्ष में गए थे.

    कौन हैं कैप्टन शुभांशु शुक्ला?

    39 साल के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं.

    ग्रुप कैप्टन शुक्ला को 2006 में भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था. उन्हें 2000 घंटों की उड़ान का अनुभव है.

    वो भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई, मिग-21एस, मिग-29एस, जगुआर, हॉक्स डोर्नियर्स और एन-32 जैसे लड़ाकू विमान उड़ा चुके हैं.

  18. सोशल मीडिया पर आईं बेटे की तस्वीरों के बाद इस देश के पीएम को देना पड़ा इस्तीफ़ा

    मंगोलिया के प्रधानमंत्री एल ओयुन एर्डिन ने सोशल मीडिया पर आई उनके बेटे की उन तस्वीरों के बाद इस्तीफ़ा दे दिया है, जिनमें उनके बेटे को आलीशान ज़िंदगी जीते दिखाया गया है.

    एर्डिन ने भ्रष्टाचार विरोधी जांच और कई हफ़्तों तक चले व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद इस्तीफ़ा दे दिया है.

    एल ओयुन एर्डिन मंगलवार को संसद में विश्वास मत हार गए. उन्हें संसद के 126 सदस्यों में से कम से कम 64 के समर्थन की ज़रूरत थी.

    विश्वास मत के दौरान गुप्त मतदान में भाग लेने वाले 88 सांसदों में से ओयुन एर्डिन सिर्फ़ 44 मत ही हासिल कर सके, जबकि ज़रूरत थी 64 के समर्थन की.

    वायरल तस्वीरों में ओयुन एर्डिन के बेटे और बेटे की प्रेमिका को सगाई की छुट्टियों के दौरान काले रंग का डियोर हैंडबैग और कई शॉपिंग बैग के साथ देखा गया है.

    विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि ओयुन एर्डिन का परिवार इतनी आलीशान ज़िंदगी कैसे जी सकता है.

    स्थानीय मीडिया ने बताया कि देश की भ्रष्टाचार विरोधी संस्था उनके वित्तीय मामलों की जांच कर रही है.

    ओयुन एर्डिन ने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया है. साथ ही उन्होंने अपने आलोचकों पर आरोप लगाया है कि वे उनके ख़िलाफ़ झूठी बदनामी फैलाने की मुहिम चला रहे हैं.

  19. चैंपियन आरसीबी और हारने वाली पंजाब किंग्स टीम को कितने रुपए मिले?

    आईपीएल 2025 का फ़ाइनल जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 साल का सूखा ख़त्म कर दिया.

    पंजाब किंग्स को अभी ट्रॉफ़ी के लिए और इंतज़ार करना होगा. लेकिन जीत हो या हार, दोनों टीमों को प्राइज़ मनी में ख़ूब पैसा मिला है.

    आरसीबी को पुरस्कार राशि के रूप में 20 करोड़ रुपए मिले हैं, जबकि फ़ाइनल में हारने वाली पंजाब किंग्स को 12.5 करोड़ रुपए.

    इनके अलावा आईपीएल 2025 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन को ऑरेंज कैप मिली है.

    उन्होंने 15 मैचों की 15 पारियों में 759 रन बनाए. इसमें एक शतक और छह फ़िफ़्टी शामिल हैं.

    बल्ले की तरह बॉल में भी गुजरात टाइटंस का दम दिखा. इसी टीम के प्रसिद्ध कृष्णा को सबसे ज़्यादा 25 विकेट झटकने की वजह से पर्पल कैप मिली है.

    आईपीएल की सबसे कामयाब टीमों में से एक मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर बने हैं.

    वहीं राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीज़न क़रार दिया गया.

    सात मैचों की सात पारियों में वैभव ने 206.55 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए.

    आईपीएल 2025 का फेयरप्ले अवॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स को मिला है.

  20. असम में बाढ़ से 1500 से ज़्यादा गांव डूबे, जान-माल का भारी नुक़सान, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम में लगातार बारिश के बाद आई बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. बाढ़ का पानी अलग-अलग इलाक़ों में पहुंच रहा है, जिससे जान-माल का नुक़सान बढ़ता जा रहा है.

    असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि राज्य के 21 ज़िलों में इस समय 1506 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए है. पिछले 24 घंटों में बाढ़ के पानी में डूबने से राज्य में 6 और लोगों की मौत हो गई है. इस तरह पिछले 5 दिनों में राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 18 हो गई है.

    आपदा विभाग की तरफ से बाढ़ की स्थिति पर मंगलवार देर शाम जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक़ राज्य में इस समय 6 लाख 33 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए है. जबकि बाढ़ में सब कुछ गंवाने वाले क़रीब 40 हज़ार विस्थापितों को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खोले गए 511 राहत शिविरों में रखा गया है.

    केवल श्रीभूमि ज़िले (पहले करीमगंज) में 94,000 से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है.

    पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्वोत्तर के कई राज्य बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं.

    मणिपुर में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां एक लाख 60 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने असम के साथ ही मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 5 जून तक भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है.