टी-20 वर्ल्ड कप: नामीबिया के कप्तान ने कहा दिल्ली में रात को प्रैक्टिस करने का नहीं मिला मौक़ा

नमीबिया के कप्तान जेरहार्ड इरास्मस ने भारत के साथ गुरुवार को होने वाले मैच से पहले 'भारतीय टीम को कथित अनुचित लाभ दिए जाने' पर सवाल उठाए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, संदीप राय

  1. इरफ़ान पठान ने शाहीन शाह अफ़रीदी के बॉलिंग एक्शन पर दी ये सलाह

    इरफान पठान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इरफ़ान पठान ने शाहीन शाह के बॉलिंग एक्शन को लेकर सलाह दी है

    पाकिस्तान और अमेरिका के बीच 10 फरवरी को खेले गए मैच के दौरान भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ इरफ़ान पठान ने पाकिस्तानी गेंदबाज़ शाहीन शाह अफ़रीदी के बॉलिंग एक्शन को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा ने शाहीन के एक्शन को लेकर इरफान से सवाल किया कि शाहीन बॉल डालते वक्त बैटर को देखते नहीं हैं क्या.

    आकाश ने कहा, “जब वो बॉल को डिलीवर कर रहे हैं तो देख कहां रहे हैं, उनका चेहरा बैटर की तरफ नहीं है उनका चेहरा मिड विकेट की तरफ है.”

    इस पर पठान ने कहा, “सामान्य रूप से तो बॉलर गेंद डालते समय बैटर की तरफ देखते हैं. आपको देखना भी चाहिए इससे आपका कंट्रोल बेहतर रहता है.”

    उन्होंने कहा, “शाहीन का कंधा बहुत ज्यादा गिर जाता है, इनका पैर ज्यादा खुल जाता है और जब पैर ज्यादा खुलेगा तो आपकी अपर बॉडी भी खुलेगी इसलिए आपका सिर दूसरी तरफ चला जाता है. इसीलिए इनके जैसे गेंदबाज़ों के लिए ज़रूरी है कि अपना नॉन बॉलिंग कंधा बैटर की तरफ रखें. जितना आप ऐसा करेंगे उतना ही आपका सिर भी कंट्रोल में रहेगा. बेहतर कंट्रोल के लिए गेंदबाज़ का सिर बैटर की तरफ जाना बहुत ज़रूरी है.”

  2. ईरान के साथ डील पर चल रही बातचीत के बीच ट्रंप ने दी नई चेतावनी

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, gett

    इमेज कैप्शन, ईरान और अमेरिका की बीच एक समझौते को लेकर बातचीत जारी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक टीवी को चैनल को दिए इंटरव्यू में ईरान के साथ डील को लेकर चल रही बातचीत पर प्रतिक्रिया दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमारा एक विशाल बेड़ा ईरान की ओर जा रहा है. मुझे लगता है कि वे समझौता करना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो वो बेवकूफ़ी करेंगे. हमने पिछली बार उनके न्यूक्लियर ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया था. हम देखेंगे कि इस बार हम और क्या नष्ट कर सकते हैं."

    इससे पहले सोमवार को ईरान और अमेरिका के अधिकारियों ने ओमान में मुलाकात की थी. ओमान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की है.

    वार्ता के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा था, "ओमान में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत के दौरान यह साफ़ हो गया कि आगे भी बातचीत जारी रहेगी."

  3. जनरल नरवणे की अप्रकाशित किताब के मामले में प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, ANI

    संसद में राहुल गांधी को बोलने देने से रोके जाने पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने केंद्र सरकार को घेरा है.

    मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं. जब भी चुनाव होता है जनता सिर्फ सत्ता पक्ष का चुनाव नहीं करती है बल्कि विपक्ष का भी चुनाव करती है. राहुल गांधी से आपका सरोकार हो या ना हो लोकतंत्र के लिए ज़रूरी है कि विपक्ष के नेता को बोलने से ना रोका जाए.”

    उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी सदन में कुछ बोल रहे थे, अगर सरकार को कुछ गलत लग रहा था तो बोलने के बाद आप उसे हटा देते रिकॉर्ड से.. बोलने देने से रोकना मुझे लगता है उचित नहीं है. ये लोकतंत्र के लिए घातक है.”

    प्रशांत किशोर ने कहा, “विपक्ष के नेता को बोलने का अधिकार है. उन्हें रोकना नहीं चाहिए था इस हिसाब से सरकार की गलती है.”

    जनरल मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब के अंश पढ़े जाने पर भी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “किताब पहले से मौजूद है तभी तो उन्होंने कोट किया है. सदन में जो राहुल गांधी बोल रहे वो किताब के हवाले से नहीं एक मैगजिन में छपे एक आर्टिकल के हवाले से बोले रहे थे जिसमें उस किताब का संदर्भ दिया गया था.”

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.