You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी स्पेशल फ़ोर्सेज़ के सैकड़ों जवान मध्य-पूर्व पहुँचे- सीबीएस की रिपोर्ट

बीबीसी के अमेरिकी मीडिया सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, अमेरिकी नेवी सील्स (स्पेशल फ़ोर्स), आर्मी रेंजर्स और पैराट्रूपर्स मध्य-पूर्व पहुँच चुके हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. ट्रंप ने अमेरिकी सेना को 'दुनिया में सबसे बेहतरीन' बताते हुए क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के उन ठिकानों को निशाना बनाया है, जिन्हें लंबे समय से खोजा जा रहा था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान में बड़ा दिन. हमारी महान सेना ने कई लंबे समय से ढूंढे जा रहे ठिकानों को नष्ट कर दिया. हमारी सेना दुनिया में सबसे बेहतरीन और सबसे ताक़तवर है. ईश्वर आप सब पर कृपा करें."

    ट्रंप ने अपने इस पोस्ट में यह नहीं बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के कौन-से ठिकानों पर हमले किए हैं.

    इससे पहले ट्रंप ने कहा है कि वह 'ईरान का तेल अपने क़ब्ज़े में लेना चाहते हैं और ख़ार्ग द्वीप पर भी नियंत्रण कर सकते हैं.'

    इसके अलावा, अमेरिका के कई सैनिक मध्य पूर्व पहुंच चुके हैं. हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि अमेरिका ईरान पर ग्राउंड ऑपरेशन करेगा या नहीं.

  2. नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा, "नीतीश कुमार ने इस्तीफ़ा दे दिया है. अब आगे की प्रक्रिया की जाएगी."

    एमएलसी संजय गांधी नीतीश कुमार का इस्तीफा लेकर विधान परिषद पहुंचे थे.

    नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा के सदस्य चुने गए थे. इसके बाद संवैधानिक नियमों के मुताबिक, उन्हें 30 मार्च तक एमएलसी के पद से इस्तीफ़ा देना था.

    नीतीश ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है, फिलहाल वो मुख्यमंत्री बने रहेंगे.

    नीतीश कुमार साल 2006 से विधान परिषद के सदस्य हैं.

    साल 2024 में नीतीश लगातार चौथी बार विधान परिषद के सदस्य बने थे, उनका कार्यकाल 2030 में पूरा होना था.

    लेकिन इसी बीच वो 16 मार्च, 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए.

  3. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधायक पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा की, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधायक पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा कर दी है.

    नितिन नबीन पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से साल 2006 से लेकर 2026 तक लगातार पांच बार विधायक चुने गए.

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वो राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हो गए थे. लिहाज़ा, उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा देना था.

    नितिन नबीन का इस्तीफ़ा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंप दिया है.

    संजय सरावगी ने कहा, "रविवार शाम ही नितिन नबीन ने इस्तीफा लिखकर दे दिया था. सोमवार विधानसभा दफ्तर खुलने पर उनका इस्तीफा सौंप दिया गया."

    नए मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा, "अभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही है. अगर नई स्थिति बनती है तो बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व और एनडीए तय करेगा."

    नितिन नबीन ने फ़ेसबुक पर लिखा, "आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफ़ा दे रहा हूं. पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा."

    उन्होंने लिखा, "मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया. इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया."

  4. भारत के शेयर बाज़ारों में फिर गिरावट, इतने अंक फिसले सेंसेक्स और निफ़्टी

    भारत के शेयर बाज़ारों में 30 मार्च (सोमवार) को गिरावट का रुख़ है.

    शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 1100 अंकों से अधिक की गिरावट रही, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी तकरीबन 350 अंक लुढ़क गया.

    इससे पहले 27 मार्च (शुक्रवार) को भी शेयर बाज़ार में गिरावट रही थी.

    शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के कुल 30 शेयरों में से 27 में गिरावट है और रिलायंस इंडस्ट्रीज़, बीईएल और पावर ग्रिड ही बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.

    एशियाई बाज़ारों में कच्चे तेल की कीमतों में भी बढ़त का सिलसिला जारी है.

    सोमवार को तेल की क़ीमतें बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गईं.

    मार्च में भारतीय शेयर बाज़ारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने रिकॉर्ड बिकवाली की है.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से समझौते को लेकर अब क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होगा. हालांकि, इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि 'शायद (समझौता) ना भी हो.'

    विमान में रिपोर्टरों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अगर आप देखें तो पहले ही सत्ता बदल गई है क्योंकि पहला शासन पूरी तरह ख़त्म हो गया, नष्ट हो गया, सब मर गए."

    "दूसरे शासन के ज़्यादातर लोग मर चुके हैं. तीसरे शासन में हम अलग लोगों से निपट रहे हैं. ये पूरी तरह अलग समूह है, तो मैं इसे सत्ता परिवर्तन मानता हूं."

    ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि सत्ता परिवर्तन हो चुका है, इससे बेहतर आप कुछ नहीं कर सकते."

    ट्रंप ने ईरान से समझौते को लेकर कहा, "मुझे लगता है हम उनसे समझौता करेंगे, लगभग पक्का है, लेकिन हो सकता है ना हो."

    उन्होंने आगे कहा, "ईरान के मामले में आप कभी कुछ नहीं कह सकते, क्योंकि हम उनसे बातचीत करते हैं और फिर हमें उन्हें उड़ाना पड़ता है."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान दावा कर चुका है कि ईरान और अमेरिका ने बातचीत के लिए उस पर भरोसा जताया है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ईरान या अमेरिका ने शांति वार्ता में शामिल होने की पुष्टि की है या नहीं.

  6. एशिया में तेल की क़ीमतों में फिर बढ़ोतरी, इतने डॉलर पहुंचे दाम

    अमेरिका-इसराइल और ईरान की जंग के बीच एशिया में सोमवार को बाज़ार खुलते ही एक बार तेल की कीमतें बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गईं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 115.84 डॉलर तक पहुंच गई, इसमें 2.9% की बढ़ोतरी देखने को मिली है.

    पिछले हफ़्ते 19 मार्च को तेल की कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच गई थी, हालांकि शुक्रवार दोपहर तक तक इनमें कुछ गिरावट देखने को मिली.

    दरअसल, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोही भी इस जंग में शामिल हो गए हैं. अमेरिका ने मध्य पूर्व में और ज़्यादा सैन्य बल भेजे हैं. माना जा रहा है कि युद्ध लंबा खिंच सकता है, इन वजहों से तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है.

  7. ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत, कुवैत के मंत्रालय ने दी जानकारी

    कुवैत के बिजली और जल मंत्रालय ने जानकारी दी है कि एक पावर और डीसेलिनेशन प्लांट पर ईरान की ओर से हमला हुआ है.

    इस हमले में एक भारतीय कामगार की मौत हो गई.

    मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी किए गए बयान में बताया, "हमले से प्लांट को काफ़ी नुक़सान हुआ है. तकनीकी टीमें काम कर रही हैं ताकि ज़रूरी सेवाएं लगातार चलती रहें."

    मंत्रालय की आधिकारिक प्रवक्ता इंजीनियर फ़ातिमा अब्बास जोहर हाइता ने रविवार शाम को बताया कि इमारत को कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ है.

    उन्होंने कहा, "बिजली और पानी की व्यवस्था की सुरक्षा और स्थिरता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सभी तकनीकी हिस्से चौबीसों घंटे पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं ताकि सेवाएं बिना रुके चलती रहें."

  8. पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगे बॉल टेंपरिंग के आरोप, अंपायरों ने लगाई पेनल्टी

    पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स टीम के खिलाड़ी पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगा है.

    इसके लिए टीम को कराची किंग्स से मुक़ाबले के दौरान पांच रनों की पेनल्टी लगाई गई. बाद में लाहौर कलंदर्स मैच भी हार गई.

    दरअसल, अंपायरों ने पाया कि आख़िरी ओवर से ठीक पहले लाहौर कलंदर्स के खिलाड़ी फ़ख़र ज़मां ने 'ग़लत तरीक़े से गेंद की हालत बदलने की कोशिश की.'

    आख़िरी ओवर में जीत के लिए किंग्स को 14 रनों की ज़रूरत थी. अंपायरों ने टेंपरिंग के आरोप में कलंदर्स पर 5 रनों की पेनल्टी लगाई.

    साथ ही कराची किंग्स की मांग पर गेंद को भी बदला गया.

    इसके बाद कराची किंग्स को जीत के लिए छह गेंदों पर 9 रन बनाने थे. जो उसने तीन गेंदों में ही बना लिए और जीत हासिल की.

    फ़ख़र ज़मां ने मैच के तुरंत बाद हुई सुनवाई में गेंद से छेड़छाड़ करने के आरोप से इनकार किया. सुनवाई सोमवार तक टाल दी गई है.

    क्रिकेट के नियम खिलाड़ियों को गेंद के साथ छेड़छाड़ की इजाज़त नहीं देते. नियम 41.3.2 कहता है कि किसी भी खिलाड़ी के लिए गेंद के साथ छेड़छाड़ अपराध है. खिलाड़ी गेंद को चमकाने का प्रयास कर सकते हैं, लेकिन उसके साथ किसी और तरह की छेड़छाड़ नहीं कर सकते.

    कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफ़रीदी ने कहा, "मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता. हम देखेंगे कि कैमरे में क्या है. फिर बात करेंगे."

  9. "अमेरिका और ईरान ने जताया पाकिस्तान पर भरोसा", इसहाक़ डार ने क्या बताया?

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि ईरान और अमेरिका दोनों ने पाकिस्तान पर भरोसा जताया है कि वह बातचीत में मदद कर सकता है.

    इसहाक़ डार ने कहा, "पाकिस्तान आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच ख़ुशी से अहम बातचीत की मेज़बानी और मदद करेगा."

    हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ईरान या अमेरिका ने शांति वार्ता में शामिल होने की पुष्टि की है या नहीं.

    विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने यह बातें इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद कही हैं.

    इसहाक़ डार के मुताबिक़, उन्होंने तीनों देशों के विदेश मंत्रियों से क्षेत्र में जंग को जल्दी और हमेशा के लिए ख़त्म करने के तरीक़ों पर चर्चा की. उन्होंने तीनों देशों का पाकिस्तान की शांति कोशिशों में साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया.

    डार ने यह भी बताया कि उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव से बात की है, दोनों ने शांति पहल का समर्थन किया है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.