अमेरिकी सामान पर चीन के 125% टैरिफ़ के बाद आया ट्रंप का पहला बयान

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट करके कहा है कि अमेरिका "अपनी टैरिफ़ नीति पर वास्तव में अच्छा काम कर रहा है."

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. जापान और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाज़ार में गिरावट, चीन में क्या हाल?

    शेयर बाज़ार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाज़ार में गिरावट देखी गई.

    जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाज़ार में शुक्रवार को गिरावट देखी गई, जबकि चीन और ताइवान के शेयर बाज़ार में मामूली बढ़त दिखी.

    जापान के निक्केई 225 में 4.5% की गिरावट, दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.7%, हांगकांग के हैंग सेंग में 0.7%, ऑस्ट्रेलिया के एएसएक्स 200 में 1.6% की गिरावट दर्ज की गई.

    जबकि, चीन और ताइवान के शेयर बाज़ार में मामूली बढ़त देखी गई. हालांकि, इनके शुरुआती कारोबार में पहले गिरावट देखी गई थी. फ़िलहाल, चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.1% और ताइवान के ताईएक्स में 0.2% की बढ़त दर्ज की गई है.

    इससे पहले, गुरुवार को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के ये शेयर बाज़ार बढ़ोतरी के साथ बंद हुए थे.

    वहीं, अमेरिका के शेयर बाज़ार की बात करें, तो गुरुवार को वॉल स्ट्रीट के तीन प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए थे.

    एसएंडपी 500 में गुरुवार को 3.5% की गिरावट, डॉव जोन्स इंडस्ट्रीयल एवरेज में 2.5% और नैस्डैक कंपोजिट में 4.3% की गिरावट देखी गई थी.

  2. वियतनाम, मलेशिया और कंबोडिया की यात्रा पर जाएंगे शी जिनपिंग

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यह यात्रा 14 अप्रैल से शुरू होगी.

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले हफ़्ते दक्षिण पूर्व एशिया की यात्रा करेंगे. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब चीन अमेरिकी टैरिफ़ से जूझ रहा है.

    चीनी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़, राष्ट्रपति शी जिनपिंग 14 से 18 अप्रैल तक वियतनाम, मलेशिया, कंबोडिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगे.

    शी जिनपिंग की यह यात्रा 14 अप्रैल को वियतनाम से शुरू होगी. उसके बाद वो मलेशिया और कंबोडिया का दौरा करेंगे.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वियतनाम पर 46%, मलेशिया पर 24% और कंबोडिया पर 49% का टैरिफ़ लगाया है.

    फिलहाल इस पर 90 दिनों की रोक लगाई गई है. इस दौरान, 10% का बेस टैरिफ़ लागू रहेगा.

    बता दें कि अमेरिका ने चीन पर 145% टैरिफ़ लगाया है. वहीं, चीन ने अमेरिका पर 84% टैरिफ़ लगाया है.

    चीन का कहना है कि अमेरिका की 'ज़बरदस्ती' के आगे झुकने की बजाय वह 'आख़िर दम तक लड़ना' पसंद करेगा.

  3. अमेरिका: न्यूयॉर्क की हडसन नदी में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, 5 यात्रियों और पायलट की मौत

    हडसन नदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में गुरुवार को हडसन नदी में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 1 पायलट और 5 यात्री शामिल हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में पर्यटकों का एक परिवार था, जिसमें तीन बच्चे थे.

    न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि पांच लोगों का ये परिवार स्पेन से था.

    न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. जब तक मृतकों के परिवारों को सूचित नहीं किया जाता, पीड़ितों की पहचान जारी नहीं की जाएगी.

    इस दुर्घटना का जो वीडियो फ़ुटेज सामने आया है, उसमें हेलीकॉप्टर आसमान से उल्टा गिरते हुए हडसन नदी में क्रैश होता नज़र आ रहा है. हेलीकॉप्टर ने डाउनटाउन स्काईपोर्ट से उड़ान भरी थी.

  4. अदालत ने तहव्वुर राना को 18 दिन की कस्टडी में भेजा, एनआईए करेगी पूछताछ

    तहव्वुर राना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एनआईएए की हिरासत में मुंबई हमलों के अभियुक्त तहव्वुर राना

    नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली की एक विशेष अदालत के आदेश के बाद 26/11 मुंबई हमलों के अभियुक्त तहव्वुर राना को हिरासत में ले लिया है.

    अमेरिका से प्रत्यर्पित तहव्वुर राना को एजेंसी ने गुरुवार को पटियाला हाउस में एनआईए की स्पेशल कोर्ट में पेश किया था.

    अदालत ने तहव्वुर राना को 18 दिन की कस्टडी में भेजा है.

    एनआईए ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया है कि अदालत के आदेश पर एजेंसी ने तहव्वुर राना की कस्टडी ले ली है.

    एनआईए के मुताबिक़ 18 दिन की कस्टडी के दौरान तहव्वुर राना से 2008 मुंबई हमलों के पीछे की पूरी साज़िश को लेकर पूछताछ की जाएगी.

    इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और 238 से ज़्यादा लोग घायल हुए थे.

    तहव्वुर हुसैन राना के वकील पीयूष सचदेवा ने मीडिया से बातचीत की.

    उन्होंने बताया, "एनआईए ने 20 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी थी और काफी विचार-विमर्श के बाद अदालत ने जांच के लिए 18 दिन की कस्टडी दी है. अगर एनआईए को और समय चाहिए होगा तो वे आवेदन करेंगे."

    तहव्वुर राना के वकील ने आगे बताया, "कोर्ट ने ये निर्देश दिया है कि कस्टडी में लेने से पहले और अगली तारीख़ पर पेश किए जाने से पहले भी उनकी पूरी मेडिकल जांच होगी."

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरें आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.