ऑस्कर अवॉर्ड: समारोह के बीच लॉस एंजिलस के फ़ायर फ़ाइटर्स के लिए तालियों की गूंज
अमेरिका के लॉस एंजिलस में जनवरी महीने में लगी भयानक आग के बाद ऑस्कर अवार्ड समारोह चल रहा है, इसमें अब तक कई कैटेगरी के अवॉर्ड की घोषणा हो चुकी है.
लॉस एंजिलस की आग में इलाक़े में जान माल का बड़ा नुक़सान हुआ था और इस पर काबू पाने में कई दिन लग गए.
ऑस्कर अवार्ड के दौरान लॉस एंजिलस के फायर फाइटर्स को भी स्टज पर बुलाया गया और उनके स्वागत में लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और उनका धन्यवाद किया.
वहीं पूर्व ऑस्कर विजेता और मशहूर एक्टर रहे जीन हैक्मैन के निधन पर उन्हें भी समारोह के दौरान याद किया गया.
इस पुरस्कार समारोह के कुछ दिन पहले ही जीन हैक्मैन के निधन की ख़बर आई थी.
इस साल के ऑस्कर पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ सिनेमाटोग्राफ़ी के लिए 'द ब्रूटलिस्ट' को ऑस्कर अवॉर्ड मिला है.
यह पुरस्कार ब्रिटेन के लॉल क्राउली को मिला है.
वहीं ब्राज़ील की फ़िल्म 'आई एम स्टिल हियर' को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फ़ीचर का अवॉर्ड मिला है.
यह फ़िल्म ब्राज़ील के एक राजनीतिज्ञ रूबेन्स पइवा की वास्तविक ग़ुमशुदगी पर आधारित है. इस फ़िल्म को पुरस्कार मिलने की घोषणा के वक़्त तालियों की बड़ी गूंज सुनाई दी.
97वें ऑस्कर अवॉर्ड में 'नो अदर लैंड' को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार मिला है.
इस समारोह में ड्यून: पार्ट टू को दो ऑस्कर अवॉर्ड मिले हैं. इसे पहले बेस्ट साउंड की कैटेगरी में और फिर बेस्ट विजुअल इफ़ेक्ट्स अवॉर्ड के लिए ऑस्कर मिला है.
ड्यून: पार्ट टू फ़िल्म फ़्रैंक हरबर्ट के उपन्यास ड्यून पर आधारित है. इस फ़िल्म को पहले भी काफ़ी प्रशंसा मिल चुकी है.