You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कटक टी20 में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 101 रन से हराया

भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले जा रहे टी20 सिरीज़ के पहले मैच में भारतीय टीम ने 101 रन से जीत दर्ज की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. संसद में आज किन मुद्दों पर होगी चर्चा, रिजिजू ने बताया

    केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि मंगलवार को लोकसभा में इलेक्शन रिफ़ॉर्म्स पर चर्चा होगी, जबकि राज्यसभा में 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने पर चर्चा होगी.

    रिजिजू ने कहा, "राज्यसभा में वंदे मातरम के 150 साल होने पर विशेष चर्चा शुरू होगी. वंदे मातरम की चर्चा राज्यसभा में आज गृह मंत्री अमित शाह जी शुरू करेंगे. यह चर्चा दो दिन चलेगी."

    उन्होंने बताया, "लोकसभा में इलेक्शन रिफ़ॉर्म्स को लेकर आज चर्चा शुरू होगी. अगर आज चर्चा पूरी नहीं होती है तो कल भी चर्चा होने की संभावना है."

    लोकसभा में सोमवार को 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने पर चर्चा हुई. इस चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की और विपक्षी नेताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया.

  2. आईपीएल 2026 के लिए प्लेयर ऑक्शन लिस्ट जारी, इतने खिलाड़ियों को मिला मौक़ा

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की प्लेयर ऑक्शन सूची मंगलवार को जारी कर दी गई है. इसमें कुल 350 खिलाड़ियों के नाम हैं.

    इन खिलाड़ियों की बोली 16 दिसंबर को यूएई के अबूधाबी में लगाई जाएगी. भारतीय समयानुसार यह नीलामी दोपहर 2:30 बजे शुरू होगी.

    आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, कुल 1390 खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया था, जिनमें से 350 खिलाड़ियों को चुना गया है. इनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी हैं.

    इसके साथ ही इस सूची में 224 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी और 14 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं.

    16 दिसंबर को लगने वाली बोली में फ़्रेंचाइज़ी कुल 77 उपलब्ध स्लॉट्स के लिए कंपीट करेंगी. इनमें से 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए रिज़र्व्ड हैं.

  3. थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष जारी, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ा

    थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सोमवार-मंगलवार की रात भी संघर्ष जारी रहा. कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, सोमवार-मंगलवार की आधी रात के बाद थाई सेना ने सीमा से सटे बैंटी मीनची प्रांत में फ़ायरिंग की.

    कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इस घटना में नेशनल हाईवे पर यात्रा कर रहे दो नागरिकों की मौत हो गई.

    दोनों देशों के बीच जारी ताज़ा संघर्ष में मरने वालों की कुल संख्या छह हो गई है. इससे पहले थाईलैंड ने सोमवार को कहा था कि उसके एक सैनिक की मौत हुई है.

    दोनों देश ताज़ा संघर्ष के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. जुलाई में हुए सीज़फ़ायर के बाद से यह दोनों देशों के बीच सबसे गंभीर टकराव है.

  4. इंडिगो संकट पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव ने दिया ये अपडेट

    इंडिगो संकट को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा का कहना है कि हालात अब सामान्य हो गए हैं.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से सोमवार को कहा, "हालात लगभग सामान्य हो गए हैं. इंडिगो ने आज 1,800 से ज़्यादा उड़ानें संचालित कीं, जो कि लगभग सामान्य है. बाकी सभी एयरलाइंस, जैसे अकासा, एयर इंडिया एक्सप्रेस, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ानें भरी हैं."

    यात्रियों के लगेज पर समीर कुमार सिन्हा ने कहा, "90 फ़ीसदी सामान पहुंच चुका है. एयरलाइंस यात्रियों का सामान उनके पते पर भेज रही हैं. मुझे लगता है कि अगले 24 घंटे या उससे थोड़े वक़्त में यात्रियों के दिए गए पते पर उनका सामान पहुंच जाएगा."

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव ने यह भी बताया कि यात्रियों को उनके पैसे वापस कर दिए गए हैं.

    इंडिगो संकट की जांच को लेकर उन्होंने बताया, "हमने पहले ही जांच का आदेश दे दिया है. लगभग 15 दिनों में विस्तृत जांच होने वाली है, और जब रिपोर्ट हमारे पास होगी, तब हम उसके कारणों पर जाएंगे. इंडिगो के वरिष्ठ प्रबंधन को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. हम जांच रिपोर्ट का इंतज़ार करेंगे और उसके बाद सुधारात्मक कदम उठाएंगे."

    बीते हफ़्ते बुधवार को यह संकट तब शुरू हुआ जब इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हो गईं और दर्जनों उड़ानों को देरी का सामना करना पड़ा. अकेले शुक्रवार को ही 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं.

    इसकी वजह से अन्य एयरलाइंस के किराए भी आसमान छूने लगे. शनिवार को भारत सरकार ने दखल देते हुए विमान किरायों की सीमा तय कर दी.

  5. ट्रंप एनवीडिया को चीन में एडवांस्ड एआई चिप बेचने की अनुमति देंगे

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वे एआई चिप जायंट कंपनी एनवीडिया को चीन में "अप्रूव्ड ग्राहकों" को एडवांस्ड एच200 चिप बेचने की अनुमति देंगे.

    ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हम राष्ट्रीय सुरक्षा का ध्यान रखेंगे, अमेरिकी लोगों के लिए नौकरियां क्रिएट करेंगे, और एआई में अमेरिका की बढ़त को बनाए रखेंगे."

    यह फ़ैसला एएमडी जैसी अन्य अमेरिकी चिप कंपनियों पर भी लागू होगा. यह क़दम एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग की ओर से व्यापक स्तर पर लॉबिंग के बाद आया, जो पिछले हफ़्ते समर्थन जुटाने वॉशिंगटन गए थे.

    बीबीसी न्यूज़ को दिए एक बयान में एनवीडिया ने राष्ट्रपति ट्रंप के इस फ़ैसले की सराहना की.

    एनवीडिया दुनिया की अग्रणी और सबसे वैल्युएबल चिप कंपनी है. यह कंपनी हाल के महीनों में अमेरिका और चीन के बीच खींचतान के केंद्र में रही, जिसकी वजह से उसे अपनी सबसे एडवांस्ड चिप चीन को बेचने से रोका गया.

    ट्रंप ने जुलाई में इस चिप-बिक्री प्रतिबंध को पलट दिया था, लेकिन उन्होंने मांग की थी कि एनवीडिया अपनी चीनी कमाई का 15 फ़ीसदी अमेरिकी सरकार को दे. इसके बाद, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चीन ने अपनी टेक कंपनियों को एनवीडिया की चिप खरीदने से रोकने का आदेश दिया था.

    हालांकि, अब ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा है, "अमेरिका को 25 फ़ीसदी का भुगतान किया जाएगा."

  6. जापान में ज़ोरदार भूकंप से कम से कम 30 लोग घायल, पीएम ने की यह अपील

    जापान के उत्तर-पूर्वी इलाक़े में सोमवार रात आए 7.6 तीव्रता के ज़ोरदार भूकंप में कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं. भूकंप की वजह से हज़ारों लोगों को अपने घरों से निकलना पड़ा.

    जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार 23:15 बजे आया. इसका केंद्र आओमोरी क्षेत्र के तट से लगभग 80 किलोमीटर दूर ज़मीन के नीचे 50 किलोमीटर (31 मील) की गहराई पर था.

    भूकंप के बाद देश में सुनामी की चेतावनियां जारी की गई थीं, जिन्हें अब हटा लिया गया है. हालांकि, तटों पर 70 सेमी (27 इंच) ऊंची लहरें देखी गईं. कुछ रेल सेवाएं रोकी गईं और हज़ारों घरों की बिजली चली गई.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और तेज़ भूकंप आ सकता है. इसकी वजह से लोगों से कम से कम एक हफ़्ते तक हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है.

    जापान की प्रधानमंत्री सनाई तकाइची ने कहा, "भूकंप को लेकर अपनी तैयारियों की फिर से जांच करें और अगर आपको झटके महसूस हों तो तुरंत निकलने के लिए तैयार रहें."

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ लगभग 90 हज़ार लोगों को अपने घरों से निकलने के आदेश जारी किए गए.

  7. ज़ेलेंस्की की स्टार्मर-मैक्रों-मर्त्ज़ से मुलाक़ात, क्या बोले यूरोपीय नेता

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोमवार को लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ से मुलाक़ात की.

    इस बैठक में पिछले हफ़्ते यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों की ओर से तैयार किए गए एक नए शांति प्रस्ताव पर चर्चा हुई.

    यूरोपीय देशों के नेताओं ने कहा है कि यूक्रेन को समर्थन बढ़ाने और रूस पर दबाव बनाने का "यह एक अहम वक़्त" है, ताकि जंग को ख़त्म करने की दिशा में क़दम बढ़ाए जा सकें.

    यूरोपीय नेताओं ने कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और काम करने की ज़रूरत है, क्योंकि अमेरिका, यूक्रेन पर रूस के साथ तेज़ी से एक समझौता करने का दबाव बढ़ा रहा है.

    वहीं, ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन मंगलवार को अमेरिका के साथ इस संशोधित शांति प्रस्ताव को साझा करेगा. ज़ेलेंस्की अब नेटो अधिकारियों से मिलने ब्रसेल्स गए हुए हैं.

    पिछले हफ़्ते फ़्लोरिडा में यूक्रेन के अधिकारियों और अमेरिकी वार्ता टीम के बीच तीन दिन तक बातचीत चली. इस दौरान यूक्रेनी अधिकारियों ने अमेरिका समर्थित शांति प्रस्ताव में बदलावों पर ज़ोर दिया. इस प्रस्ताव को व्यापक तौर पर रूस के पक्ष में माना जा रहा था.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.