You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पश्चिम बंगाल में ये होंगे विपक्ष के नेता, जानिए टीएमसी ने और क्या घोषणाएं कीं

पार्टी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी है. वे कोलकाता के बालीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. पश्चिम बंगाल: शपथ ग्रहण समारोह से पहले ममता बनर्जी के घर के बाहर सीआरपीएफ़ तैनात की गई

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कुछ देर बाद ही बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट वाले घर के बाहर सीआरपीएफ़ तैनात की गई है.

    इसके अलावा, शुभेंदु अधिकारी के चिनार पार्क वाले घर के बाहर भी भारी सुरक्षा तैनाती की गई है. शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होना है, यहां सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं.

    आरसीटीसी ग्राउंड पर भी सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ाए गए हैं, क्योंकि उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां उतरेंगे और फिर कार्यक्रम में शामिल होंगे.

    शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई वरिष्ठ बीजेपी नेता, और प्रदेश भर से आए कार्यकर्ता शामिल होंगे.

  2. पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी समेत ये नेता होंगे शामिल

    पश्चिम बंगाल में आज यानी शनिवार को शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शपथ ग्रहण आज सुबह 10 बजे होने जा रहा है.

    ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई वरिष्ठ बीजेपी नेता, और प्रदेश भर से आए कार्यकर्ता शामिल होंगे.

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी भी बंगाल पहुंच चुके हैं.

    यह मैदान कोलकाता के बीचों बीच है, यहां पर अभी से कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए हैं. यहां पर आने वाले लोगों के लिए झालमुड़ी की तैयारी की जा रही है.

    ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारी सुरक्षा तैनात की गई है. साथ ही बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर भी सुरक्षा कर्मी मौजूद हैं.

    उल्लेखनीय है कि बीजेपी नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ही कोलकाता में घोषणा की है कि शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे. विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीती हैं.

  3. डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी, 'हालात ठीक नहीं हुए तो इस बार...'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब हालात ठीक नहीं हुए तो वो इस बार 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम प्लस' चलाएंगे.

    ट्रंप ने यह उम्मीद भी जताई कि ईरान जल्द ही युद्ध ख़त्म करने के समझौते पर अपना जवाब देगा. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज़ स्ट्रेट में तनाव बढ़ गया है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "अगर हालात ठीक नहीं हुए, तो हमें अलग तरीक़े अपनाने चाहिए. पाकिस्तान की मांग पर प्रोजेक्ट फ़्रीडम को रोक दिया था, लेकिन अगर मुद्दे हल नहीं हुए तो इसे फिर से शुरू किया जा सकता है."

    हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि इस बार यह "प्रोजेक्ट फ़्रीडम प्लस" होगा.

    ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट से फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम' शुरू किया था. लेकिन बाद में इसे रोक दिया गया था.

  4. पाकिस्तान में फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, अब एक लीटर की क़ीमत हुई इतनी

    पाकिस्तान में शुक्रवार को पेट्रोल और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमतों इज़ाफ़ा हुआ.

    पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल की क़ीमत 14.92 पाकिस्तानी रुपये और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमत 15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी.

    इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत 414.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमत 414.58 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    पेट्रोलियम डिवीजन की प्रेस रिलीज़ में बताया गया कि नई क़ीमतें 9 मई से लागू होंगी.

    मार्च में पेट्रोल की क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये थी, लेकिन इसके बाद इसकी क़ीमतों को पांच बार बढ़ाया गया. यानी दो महीने में पेट्रोल 60 प्रतिशत से ज़्यादा महंगा हो गया है.

  5. भारत के नए चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ बने एन एस राजा सुब्रमणि, नेवी को भी मिला नया प्रमुख

    भारत सरकार ने लेफ़्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को नया चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) नियुक्त किया है. साथ ही वो डिपार्टमेंट ऑफ़ मिलिट्री अफ़ेयर्स के सचिव भी रहेंगे.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया है कि मौजूदा चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 तक अपना कार्यकाल पूरा करेंगे.

    लेफ़्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के बेहद सीनियर ऑफ़िसर हैं, उन्हें क़रीब 4 दशक का अनुभव है. 2025 से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सचिवालय में मिलिट्री एडवाइज़र के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वो वाइस चीफ़ ऑफ़ द आर्मी स्टाफ़ और जीओसी-इन-सी, सेंट्रल कमांड रहे.

    उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों पर अहम ऑपरेशनल फ़ॉर्मेशन की कमान भी संभाली है.

    वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नौसेना प्रमुख

    रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को देश का नया नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है.

    वह 31 मई से भारतीय नौसेना के चीफ़ ऑफ़ नेवल स्टाफ़ का पद संभालेंगे.

    वर्तमान में वह भारतीय नौसेना की वेस्टर्न नेवल कमांड, मुंबई के कमांडर हैं.

  6. इसराइल के राजनियक बोले, 'ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान से हम खु़श नहीं'

    अमेरिका और ईरान की लड़ाई रुकवाने में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. लेकिन इसराइल पाकिस्तान की इस भूमिका से खु़श नज़र नहीं आ रहा है.

    इसराइल के मुंबई में काउंसल जनरल यानिव रेवाच ने कहा है, "मुझे नहीं लगता कि मेरी सरकार इस बात से खु़श है कि ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान बातचीत करवा रहा है."

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "इसराइल पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा. अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप ही इस बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं. हम इस मामले में इसराइल की सुरक्षा से जुड़े हितों का ध्यान रखने के लिए अमेरिकी सरकार पर भरोसा करते हैं."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के नेता मध्यस्थता करने के लिए पाकिस्तान का आभार व्यक्त कर चुके हैं.

    दोनों देशों ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बातचीत के लिए अपने प्रतिनिधि भी भेजे थे. इस बातचीत में इसराइल का कोई प्रतिनिधि नहीं था.

  7. ट्रंप का एलान, 'रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का युद्धविराम'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का युद्धविराम हुआ है. उनके मुताबिक़, 9 से 11 मई तक दोनों देशों के बीच सीज़फ़ायर रहेगा.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी बताया कि इस युद्धविराम के दौरान दोनों देशों से 1,000-1,000 क़ैदियों की अदला-बदली भी होगी.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 9, 10 और 11 मई को तीन दिन का युद्धविराम होगा. रूस में विक्ट्री डे का जश्न है, यूक्रेन में भी जश्न है क्योंकि वो भी द्वितीय विश्व युद्ध का हिस्सा थे."

    "इस युद्धविराम में सभी लड़ाई की गतिविधियों को रोकना शामिल होगा, दोनों देशों से 1,000-1,000 क़ैदियों की अदला-बदली भी होगी. मेरे इस अनुरोध पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सहमति दी, उनका आभारी हूं."

    उन्होंने आगे लिखा, "उम्मीद है कि यह लंबे, जानलेवा और मुश्किल युद्ध के अंत की शुरुआत है. यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा संघर्ष है, इसको ख़त्म करने पर बातचीत जारी है."

    दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच हाल के हमलों से तनातनी बढ़ गई है. दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं. अमेरिका का कहना है कि उन्होंने जवाबी हमला किया था. जबकि ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया.