You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कनाडा ने अप्रवासियों की नीति में किया अस्थायी बदलाव, प्रधानमंत्री ट्रूडो क्या बोले?

कनाडा सरकार ने अगले दो सालों के लिए अप्रवासियों से जुड़ी नीति को बदलने का फैसला किया है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने गुरुवार को यह घोषणा की.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और सुमंत सिंह

  1. संसदीय समिति के सामने पेश नहीं हुईं सेबी चीफ़ माधबी पुरी बुच, कांग्रेस और बीजेपी ने क्या कहा?

    सेबी की प्रमुख माधबी पुरी बुच और सेबी के अन्य अधिकारियों ने गुरुवार को लोक लेखा समिति (पीएसी) के सामने पेश होने में असमर्थता जताई है.

    लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि सेबी की प्रमुख माधबी पुरी बुच और अन्य अधिकारियों की बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताने के बाद गुरुवार को होने वाली बैठक को टाल दिया गया है .

    अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग के माधबी पुरी बुच पर लगाए गए आरोपों के बाद सेबी प्रमुख को संसदीय समिति पीएसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था.

    कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों को बताया, “आज सुबह 9:30 पर हमें सेबी की अध्यक्ष और अन्य सदस्यों की तरफ से यह सूचना मिली थी कि निजी कारणों से वह दिल्ली नहीं आ पाएंगे.

    उन्होंने कहा है “एक महिला की तरफ से किए गए निवेदन को देखते हुए समिति ने किसी और दिन बैठक करने का निर्णय किया है.”

    लोक लेखा समिति की बैठक टाले जाने बाद इसके सदस्य और बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने केसी वेणुगोपाल पर अपनी मर्ज़ी से फैसला लेने का आरोप लगाया है.

    रवि शंकर ने कहा है कि लोक लेखा समिति के अन्य सदस्य जिसमें बीजेपी के सहयोगी दल के सदस्य भी शामिल उन्होंने केसी वेणुगोपाल के बर्ताव खिलाफ़ लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के पास जाने की बात कही है.

    अमेरिकी शॉर्ट सेलर फ़र्म हिंडनबर्ग ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच की उन ऑफ़शोर कंपनियों में हिस्सेदारी रही है, जो अदानी समूह की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी हुई थीं.

    हालांकि, इस हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर माधबी पुरी बुच और उनके पति ने कहा था कि रिपरो्ट में जिस फ़ंड का ज़िक्र किया गया है, उसमें साल 2015 में निवेश किया गया था. ये माधबी के सेबी का सदस्य बनने से दो साल पहले का मामला है.

  2. जस्टिन ट्रूडो ने कनाडा में काम कर रहे विदेशियों पर ये एलान किया

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि कनाडा में अस्थायी विदेशी कर्मचारियों की संख्या कम होगी.

    जस्टिन ट्रूडो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा है, “कनाडा में अस्थायी विदेशी कर्मचारियों की संख्या कम की जाएगी.”

    उन्होंने कहा है, “हम कंपनियों के लिए कड़े नियम लेकर आ रहे हैं, जिसमें उन्हें यह बताना होगा कि वह पहले कनाडा के कर्मियों को काम पर क्यों नहीं रख सकती हैं."

    ख़ालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मुद्दे पर भारत-कनाडा के रिश्तों में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

    पिछले साल कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया था कि निज्जर की हत्या में भारत के एजेंट शामिल थे.

    भारत के पंजाब सहित अन्य राज्यों से काफी संख्या लोग काम करने के लिए कनाडा जाते हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री के इस कदम से उन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

    कनाडा में भारत से लाखों की तादाद में छात्र पढ़ाई करने जाते हैं. दिसंबर 2023 के भारत के विदेश मंत्रालय के दस्तावेज़ के अनुसार, कनाडा में भारत के दो लाख 30 हज़ार स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं.

    18 लाख भारतवंशी कनाडा के नागरिक हैं और 10 लाख भारतीय कनाडा में रहते हैं. कनाडा उन देशों में है, जहाँ बड़ी संख्या में भारतवंशी रहते हैं.

  3. प्रियंका गांधी के पास कितनी संपत्ति, चुनावी हलफ़नामे में है ये जानकारी

  4. दाना चक्रवाती तूफ़ान पर भारतीय मौसम विभाग ने दी ये नई जानकारी

    दाना चक्रवाती तूफ़ान के गुरुवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के समुद्री तट से टकराने की आशंका है. इसको देखते हुए दोनों राज्यों का प्रशासन तैयारियों में जुटा है.

    दाना तूफ़ान पर ओडिशा में भारतीय मौसम विभाग की निदेशक मनोरमा मोहन्ती ने जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा है, "दाना तूफ़ान ने पिछली रात एक घातक चक्रवाती तूफ़ान का रूप ले लिया है और यह पिछले छह घंटों से उत्तर पश्चिम दिशा में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है."

    मनोरमा मोहन्ती ने बताया है कि दाना तूफ़ान अभी ओडिशा के पाराद्वीप से 260 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम की ओर मध्य और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर है.

    उन्होंने बताया है कि इसके उत्तर पश्चिम में उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की आशंका है. दाना तूफान गुरुवार देर रात को तट से भयंकर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है. इस दौरान उसकी रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी.

    मौसम विभाग की निदेशक ने बताया है, "मयूरभंज, भद्रक, बालेश्वर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, जगतसिंहपुर, कटक में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पूरी, खोरदा, नयागढ़, ढेनकनाल और केंडोझार जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है."

    पश्चिम बंगाल सरकार ने नौ ज़िलों के तमाम स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है.

    जिला प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. पहले से समुद्र में गए मछुआरों को वापस बुला लिया गया है. तटीय इलाकों में माइक के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है.

    ओडिशा के मशहूर पर्यटन स्थल पुरी से मंगलवार को पर्यटकों को बाहर निकाल लिया गया है. पहले से बुकिंग कर चुके पर्यटकों को पुरी आने से मना कर दिया गया है. राज्य में 23 से 25 तक 14 ज़िलों के सभी स्कूल बंद रहेंगे. दाना को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा भी स्थगित कर दिया गया है.

  5. कमला हैरिस के ‘फासीवादी’ वाले बयान पर डोनाल्ड ट्रंप ने दिया ये जवाब

    एक टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने ट्रंप को फासीवादी बताया था.

    कमला हैरिस ने कहा था कि उनको लगता है कि उनके प्रतिद्वंद्वी फासीवादी हैं और ‘अनियंत्रित शक्ति’ चाहते हैं.

    कमला हैरिस से सीएनएन के एक कार्यक्रम के दौरान पूछा गया था कि क्या वह ट्रंप के पूर्व सहयोगी की इस बात से सहमत हैं कि ट्रंप फासीवादी हैं. इस पर कमला हैरिस ने कहा था ‘मैं सहमत हूं’.

    अब पूर्व राष्ट्रपति और अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर कमला हैरिस के फासीवादी वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने कहा है, "वह बयानबाज़ियों को तेजी से बढ़ाती जा रही हैं, यहां तक कि उन्होंने मुझे एडॉल्फ हिटलर जैसा कहा और जो कुछ भी उनके बंद दिमाग में आता है कह देती हैं."

    डोनाल्ड ट्रंप ने हैरिस को ‘कॉमरेड कमला हैरिस’ कहा है और लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है.

  6. लेबनान में एक घर पर हुए इसराइली हमले में 19 लोगों की हुई मौत

    लेबनान की एक स्थानीय अधिकारी ने बताया है कि दक्षिणी लेबनान में मंगलवार को एक घर हुए इसराइली हमले में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है, जिसमें छह महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं.

    सौद हम्मूद ने बीबीसी को बताया है कि मरने वालों में स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यपक अहमद एजेदिन और उनके परिवार की तीन पीढ़ियां शामिल हैं. परिवार के सभी लोग तेफाहटा गांव में एक तीन मंजिला इमारत में साथ रहते थे.

    उन्होंने बताया है कि हमले में उसी गांव के इमाम शेख अब्दो अबो राया की मौत हो गई है. जब हमला हुआ तो इमाम दो अन्य लोगों के साथ इमारत के पास टहल रहे थे.

    इस घटना पर इसराइल की सेना ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन इसराइल की सेना बार-बार कहा है कि वह नागिरकों को हमलों से बचाने के लिए कदम उठाती है.

    पिछले चार सप्ताह में पूरे लेबनान में इसराइली सेना ने हजारों हवाई हमले किए हैं. सेना का कहना है कि उसने हिज़्बुल्लाह के संचालकों, बुनियादी ढांचों और हथियारों को निशाना बनाया है.

  7. भारत बनाम न्यूज़ीलैंड - सिराज, केएल राहुल और कुलदीप यादव टीम से बाहर, कौन हुआ टीम में शामिल

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

    दूसरे टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और के एल राहुल को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई है.

    उनकी जगह भारतीय टीम में वाशंगटन सुंदर, शुभमन गिल औलर आकाश दीप को जगह दी गई है.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था. भारतीय टीम पहली पारी में महज 46 रन पर ऑल आउट हो गई है.

    भारतीय टीम के पांच बल्लेबाज़ शून्य के स्कोर पर आउट हो गए थे.

    भारतीय प्लेइंग इलेवन-

    यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर) सरफराज खान, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, वाशंगटन सुंदर, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह.

    न्यूज़ीलैंड प्लेइंग इलेवन-

    टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रविंद्र, डेरिल मिशेल, टॉम ब्लडंल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, टिम साउथी, मिशेल सेंटनर, एजाज पटेल, विलियम ओरोर्के.

  8. दाना चक्रवाती तूफान के बंगाल, ओडिशा के समुद्री तटों से आज टकराने की संभावना, तैयारियों में जुटा प्रशासन, प्रभाकरण मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    चक्रवाती तूफान दाना पश्चिम बंगाल और ओडिशा के समुद्री तटों से आज टकरा सकता है.

    पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सरकारों ने कहा है कि चक्रवाती दाना से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं

    दाना तूफान को देखते हुए रेलवे ने 'वंदे भारत' और राजधानी एक्सप्रेस समेत दो सौ से ज्यादा ट्रेनों का संचालन स्थगित कर दिया है.

    पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार ने एहतियाती तौर पर तटीय इलाकों से करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.

    दोनों राज्यों में तटवर्ती जिलों के तमाम स्कूलों को 25 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है और डॉक्टरों समेत तमाम सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.

    दाना तूफान बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक पुरी से सागर द्वीप के बीच तटों से टकरा सकता है. इसकी वजह से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भारी बारिश की आशंका है.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दाना के संभावित असर वाले जिलों में हालात पर निगरानी की जिम्मेदार सचिव स्तर के अधिकारियों को सौंपी है. इलाके में कई कंट्रोल रूम खोले गए हैं.

    करीब एक हज़ार राहत शिविर खोले गए हैं. इलाके के स्कूलों और सरकारी भवनों में भी लोगों के रहने-खाने का इंतजाम किया गया है.

    ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने पर्यटकों से अगले चार दिनों तक तमाम होटल बुकिंग रद्द करने को कहा है. उन्होंने बताया कि पुरी से मंगलवार को तीन हजार से ज्यादा पर्यटकों को सुरक्षित उनके घर भेजा गया है. बुधवार सुबह भी कुछ लोगों को भेजा गया है. फिलहाल पुरी के तमाम होटल लगभग खाली हैं.

  9. एलन मस्क की रोज़ 10 लाख डॉलर इनाम की योजना पर अमेरिकी सरकार ने दी ये चेतावनी

    अमेरिका के न्याय विभाग ने एलन मस्क के कैंपन अमेरिका पीएसी को चेतावनी देते हुए एक पत्र भेजा है.

    अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने एलन मस्क के ट्रंप की हिमायत में चुनाव अभियान करने वाली संस्था को एक पत्र लिखा है.

    पत्र में लिखा है कि मस्क की वोटरों को प्रतिदिन एक मिलियन अमेरिकी डॉलर देने की योजना कानूनों के उल्लघंन के दायरे में आ सकती है.

    पत्र के भेजे जाने की पुष्टि बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ की तरफ से की गई है. सबसे पहले एलन मस्क के चुनावी कैंपन को पत्र भेजे जाने की जानकारी सीएनएन की तरफ से साझा की गई थी.

    एलन मस्क के कैंपन अमेरिका पीएसी की इस इनामी योजना में सात स्विंग राज्यों में रजिस्टर्ड मतदाताओं से एक याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की गई है.

    चुनाव होने तक प्रतिदिन याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले लोगों में से किसी एक को एक मिलियन अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे.

    कुछ कानूनी विशेषज्ञों ने पहले ही कह दिया था कि ये इनामी योजना ग़ैर-क़ानूनी हो सकती है.

    19 अक्टूबर को पेनसिल्वेनिया में एक कार्यक्रम में एक व्यक्ति को लॉटरी का पहला चेक दिया गया था.

  10. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने पाँच साल बाद रूस में बैठकर की बात, जानिए क्या-क्या हुआ? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    तुर्की की सरकारी एयरोस्पेस कंपनी पर हमला, चार की मौत और कई ज़ख़्मी. इस ख़बर को पढ़ने यहां क्लिक करें.

    चक्रवात तूफान 'दाना' का कहाँ-कहाँ होगा असर और इससे निपटने के लिए कैसी है तैयारी. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    ब्रिक्स में भारत की पहचान बिल्कुल अलग, फिर भी वहाँ क्यों बना हुआ है? इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक