You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सोनाक्षी सिन्हा और ज़हीर इक़बाल ने निजी समारोह में की शादी, तस्वीरें आईं सामने

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और अभिनेता ज़हीर इक़बाल ने मुंबई में एक निजी समारोह में शादी की.

सारांश

  • टी20 वर्ल्ड कप: सुपर 8 के आठवें मुक़ाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराया
  • नीट-यूजी परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच सीबीआई को सौंपी गई
  • केंद्र सरकार ने एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार को पद से हटाया
  • टी20 वर्ल्ड कप: सुपर 8 के सातवें मुक़ाबले में इंडिया ने बांग्लादेश को 50 रनों से हराया
  • सरकार ने नीट-पीजी की परीक्षा स्थगित कर दी है

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. नीट एग्ज़ाम: ग्रेस मार्क्स पाने वाले छात्रों में से 750 दोबारा परीक्षा देने नहीं आए

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के मुताबिक़, रविवार को ग्रेस मार्क्स प्राप्त करने वाले 1563 में से सिर्फ़ 813 छात्रों ने ही दोबारा नीट की परीक्षा दी. 750 छात्र दोबारा परीक्षा देने नहीं आए.

    सुप्रीम कोर्ट ने एनटीए से ग्रेस नंबर प्राप्त करने वाले छात्रों की दोबारा परीक्षा लेने के लिए कहा था.

    सात केंद्रों पर रविवार को इन छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एनटीए के अधिकारियों ने बताया है कि जिन छात्रों को ग्रेस नंबर दिए गए थे उनमें से 813 रविवार को दोबारा परीक्षा देने आए.

    रविवार को परीक्षा के लिए केंद्रों पर पुलिस के अलावा परीक्षक तैनात किए गए थे और सभी तरह के इंतज़ाम किए गए थे.

    इस साल नीट परीक्षा में 23 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे. अप्रत्याशित रूप से 67 छात्रों ने 720 में से 720 अंक हासिल किए जिसके बाद से नीट परीक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.

    एनटीए ने ग्रेस मार्क्स पाने वाले छात्रों के नंबर घटा दिए थे और उन्हें दोबारा परीक्षा देने का मौक़ा दिया था.

    बिहार में पुलिस नीट का पेपर लीक किए जाने की भी जांच कर रही है. इसी बीच सीबीआई ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर एफ़आईआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है.

    छात्र नीट की परीक्षा फिर से कराने की मांग कर रहे हैं. विपक्ष भी नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी का मुद्दा ज़ोरशोर से उठा रहा है.

  2. सोनाक्षी सिन्हा और ज़हीर इक़बाल ने निजी समारोह में की शादी, तस्वीरें आईं सामने, मधु पाल, बीबीसी हिंदी के लिए

    अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और अभिनेता ज़हीर इक़बाल ने मुंबई में एक निजी समारोह में शादी की.

    क़ानूनी विवाह करने के बाद दंपती ने कहा, "अब हम पति-पत्नी हैं."

    मुंबई के बांद्रा में समंदर किनारे स्थित अपने अपार्टमेंट में सोनाक्षी और ज़हीर ने शादी की.

    सोनाक्षी और ज़हीर के परिवार वालों ने ये फ़ैसला लिया था कि वो ना तो हिंदू रीति-रिवाजों के हिसाब से शादी करेंगे और ना ही मुस्लिम रीति-रिवाजों के तहत इसलिए उन्होंने रजिस्टर्ड शादी की है.

    रजिस्टर्ड मैरिज के बाद उन्होंने आज रात रिसेप्शन रखा है जो कि मुंबई के वर्ली में हो रहा है जहां कई राजनेता, अभिनेता और उद्योगपति शामिल हुए हैं.

    एक साझा इंस्टाग्राम पोस्ट में सोनाक्षी सिन्हा और ज़हीर इक़बाल ने अपनी शादी की जानकारी दी है.

    बयान में उन्होंने कहा है, "हम दोनों के परिजनों और ईश्वरों के आशीर्वाद से हमने शादी की है."

    शादी समारोह में दंपती के क़रीबी दोस्त और परिजन शामिल रहे.

    बयान में दोनों ने कहा है, "सात साल पहले, आज ही के दिन, हम दोनों को एक दूसरे की आंखों में प्यार दिखा था. हमने प्रेम को उसके सबसे पवित्र रूप में देखा और उसे बरक़रार रखने का फ़ैसला लिया."

    "इसी प्रेम ने हमें चुनौतियों और कामयाबियों को पार कराया और हम इस पल तक पहुंचे हैं जहां अपने दोनों परिवारों और ईश्वरों के आशीर्वाद से अब हम पति-पत्नी हैं."

  3. यूक्रेन के मिसाइल हमले में कई लोगों की मौत के बाद रूस बोला- 'बदला लेंगे'

    रूस के क़ब्ज़े वाले क्राइमिया में यूक्रेन के हमले में पांच लोगों की मौत और 120 लोगों के घायल होने के बाद रूस ने कहा है कि वह बदला लेगा.

    क्राइमिया में रूस स्थापित स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़ अमेरिका निर्मित लंबी दूरी की एटीएसीएमएस मिसाइलों के टुकड़े सेवास्तोपोल बंदरगाह के उत्तर में स्थित एक बीच पर गिरे जिसकी वजह से लोग हताहत हुए.

    रूसी टीवी पर प्रसारित रिपोर्टों में बीच पर लोग भागते हुए दिख रहे हैं. कई घायलों को उठाकर ले जाया जा रहा है.

    इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. रूस के रक्षा मंत्रलाय का कहना है कि इस हमले के लिए अमेरिका ज़िम्मेदार है क्योंकि अमेरिका ने ही यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें दी हैं.

    रूस का कहना है कि चार मिसाइलों को हवा में मार गिराया गया था लेकिन पांचवीं में धमाका हुआ जिसकी वजह से लोग हताहत हुए.

  4. रूस के ख़िलाफ़ यूक्रेन को हथियार देने के मुद्दे पर एक बार फिर बोला दक्षिण कोरिया

    दक्षिण कोरिया के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि दक्षिण कोरिया यूक्रेन को हथियार देने पर विचार कर सकता है.

    इससे पहले भी दक्षिण कोरिया ऐसी धमकी दे चुका है कि अगर रूस उत्तर कोरिया को हथियार देने की योजना पर आगे बढ़ता है तो वह यूक्रेन को हथियार देने पर विचार करेगा.

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार चांग हो-जिन ने कहा कि दक्षिण कोरिया का फ़ैसला इस बात पर निर्भर करता है कि रूस क्या करता है.

    शुक्रवार को दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के साथ नए रक्षा समझौते का विरोध करने के लिए रूस के राजदूत को तलब किया था.

    समझौते की शर्तों के तहत अग़र दोनों ही देशों में से किसी पर हमला होता है तो रूस और उत्तर कोरिया एक-दूसरे की रक्षा के लिए आगे आने पर सहमत हुए हैं.

    वहीं दक्षिण कोरिया भी हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा उत्पादक देश है. इसने युद्ध के दौरान यूक्रेन को सहायता के लिए कई सारे उपकरण दिए हैं.

    हालांकि अभी तक दक्षिण कोरिया ने यूक्रेन को कोई भी घातक हथियार नहीं सौंपा है. दक्षिण कोरिया युद्ध में शामिल किसी भी देश को हथियार ना देने की नीति पर चलता है.

  5. छत्तीसगढ़ के सुकमा में माओवादियों के हमले में दो कोबरा जवानों की हुई मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के सुकमा के सिलगेर इलाक़े में सुरक्षाबलों पर संदिग्ध माओवादियों के हमले में दो जवान मारे गए हैं.

    मारे जाने वालों में ट्रक के चालक भी शामिल हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "जवान एक ट्रक पर सवार थे,माओवादियों ने पहले ही उस जगह पर आईईडी लगा दी थी, जिसकी चपेट में कोबरा बटालियन का ट्रक आ गया."

    ख़बर मिलने के बाद घटनास्थल पर अतिरिक्त बल भेजा गया है. पुलिस का कहना कि 201 कोबरा बटालियन के जवान जगरगुंडा के सिलगेर कैंप से टेकलगुडेम की ओर रोड ओपनिंग के सिलसिले में जा रहे थे.

    पुलिस के मुताबिक़, "कुछ जवान मोटरसाइकिल में थे, जबकि कुछ ट्रक पर सवार थे. जवानों का ट्रक, दोपहर तीन बजे के आसपास मुख्य सड़क पर ही संदिग्ध माओवादियों के पहले से लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गया और ट्रक चला रहे विष्णु आर और एक जवान शैलेंद्र मौके पर ही मारे गए."

    35 साल के विष्णु आर, केरल के तिरुवनंतपुरम के रहने वाले थे, जबकि दूसरे जवान 29 साल के शैलेंद्र, उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले थे.

    गौरतलब है कि इस साल जनवरी से बस्तर के इलाके में माओवादियों के ख़िलाफ़ पुलिस ने लगातार ऑपरेशन चलाए हैं.

    इस दौरान पुलिस ने मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में 140 से अधिक माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

  6. आम आदमी पार्टी बोली- 'पानी सत्याग्रह' पर बैठीं दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की सेहत गिरी

    दिल्ली को इन दिनों भारी गर्मी के साथ पानी की किल्लत का सामना भी करना पड़ रहा है.

    इसी बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से जानकारी देते हुए बताया है कि अनिश्चितकालीन अनशन के तीसरे दिन दिल्ली की जल मंत्री के स्वास्थ्य में भारी गिरावट आई है.

    आतिशी का यूरीन केटॉन पॉज़िटिव आने पर डॉक्टरों ने उनसे अनशन ख़त्म करने की अपील की है.

    हालांकि आम आदमी पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, "आतिशी जी के हौसलें बुलंद हैं जब तक दिल्ली के हक़ का पानी नहीं मिल जाता तब तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा."

    दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने 21 जून को अपने 'पानी सत्याग्रह' को शुरू किया था.

    आतिशी के मुताबिक़, यह अनशन उन्होंने हरियाणा सरकार से दिल्ली वालों के हक़ का पानी दिलवाने के लिए शुरू किया है.

  7. सीबीआई ने नीट परीक्षा में अनियमितता के मामले में दर्ज की एफ़आईआर

    केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-2024 परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों से संबंधित मामलों में केस दर्ज कर लिया है.

    सीबीआई की प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, "शिक्षा मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक की दी गई लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है."

    एफ़आईआर में दर्ज आरोपों के मुताबिक़, "एनटीए ने 5 मई 2024 को 4,750 सेंटर्स और 14 शहरों में नीट-यूजी परीक्षा का आयोजन किया था."

    "नीट-यूजी परीक्षा में 23 लाख से भी ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. कुछ एक परीक्षा केंद्रों पर अनियमितता की घटनाएं सामने आई हैं."

    शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार, 22 जून को नीट-यूजी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच सीबीआई को सौंपी थी.

    इतना ही नहीं केंद्र ने नीट की परीक्षा का आयोजन करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के सुबोध कुमार सिंह को महानिदेशक के पद से भी हटा दिया है.

    उनकी जगह प्रदीप सिंह खरौला को एनटीए के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

    इसके अलावा सरकार ने 23 जून, रविवार को होने वाली नीट-पीजी परीक्षा भी स्थगित कर दी है.

    वहीं ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 अभ्यर्थियों ने आज यानी रविवार को नीट-यूजी की परीक्षा दोबारा दी है. इन अभ्यर्थियों को 5 मई को आयोजित नीट परीक्षा में कम समय मिलने पर ग्रेस मार्क्स दिए गए थे.

    विरोध के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने ग्रेस मार्क्स वापस लेते हुए इन अभ्यर्थियों का री-एग्जाम कराने का फ़ैसला किया था.

    20 जून को सरकार ने री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी किए थे.

  8. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, परंपरा से होती है प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति ना कि क़ानून से

    नए प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब की नियुक्ती पर मचे विवाद के बीच, भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा है कि प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति क़ानून से नहीं होती.

    भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति क़ानून से नहीं, बल्कि परंपरा से होती है.आज़ादी के बाद से भारत में यह एक लंबी परंपरा है."

    "अब कांग्रेस इस प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर रही है. भर्तृहरि महताब लगातार सातवीं बार सांसद के तौर पर काम कर रहे हैं."

    "परंपरा के अनुसार सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले सांसद को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जा सकता है."

    "इसलिए, इस 18वीं लोकसभा में भर्तृहरि महताब प्रोटेम स्पीकर बनने के योग्य हैं. जहां तक ​​(कांग्रेस सांसद) के सुरेश का सवाल है, वे लगातार 8 बार सांसद रह चुके हैं. के सुरेश का यह लगातार चौथा कार्यकाल है."

    पात्रा ने कहा, "हालांकि, भर्तृहरि महताब का यह लगातार सातवां कार्यकाल है. इसलिए, परंपरा का कोई उल्लंघन नहीं हुआ."

  9. अप्राकृतिक यौनाचार के आरोप में गिरफ़्तार सूरज रेवन्ना के वकील दायर करेंगे ज़मानत याचिका

    जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के एमएलसी और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना के वकील कल अदालत में ज़मानत याचिका दायर करेंगे.

    सूरज रेवन्ना की गिरफ़्तारी पर उनके वकील पूर्णचंद्र ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "जांच चल रही है. वे (सूरज रेवन्ना) पुलिस हिरासत में है. मैं उनसे नहीं मिला, मैं सिर्फ जांच अधिकारी से मिला हूं. कल मैं कोर्ट में ज़मानत याचिका दायर करूंगा."

    जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के एमएलसी और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना को कर्नाटक पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस ने सूरज को पार्टी कार्यकर्ता के साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने और धमकी देने के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    शिकायतकर्ता पार्टी के ही कार्यकर्ता हैं. उन्होंने 21 जून को सबसे पहले अपनी शिकायत डीजीपी ऑफिस को भेजी थी. लेकिन बाद में 22 जून को उन्होंने हासन पुलिस को ईमेल के जरिए शिकायत की.

    शिकायत को होलेनारसीपुरा पुलिस को भेजा गया. इसके बाद हासन पुलिस ने अभियुक्त को बुलाया और पूछताछ की.

    हासन के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सुजीता ने बीबीसी हिंदी को बताया कि सूरज रेवन्ना को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    हालाँकि, सूरज ने होलेनारसीपुरा स्थित गनीकंद फार्म (यहीं कथित अपराध को अंजाम दिया गया था) में पत्रकारों से बात करते हुए आरोपों को नकार दिया. उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया.

    सूरज रेवन्ना, हासन के पूर्व जेडीएस-बीजेपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं. प्रज्वल फ़िलहाल बलात्कार और यौन शोषण के आरोप में जेल में हैं. वह पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना और भवानी रेवन्ना के बेटे हैं.

    शिकायतकर्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सूरज रेवन्ना से मुलाकात हुई थी.

    उन्होंने बताया, "हमने एक दूसरे का टेलीफोन नंबर लिया. उन्होंने मुझे 16 जून को गनीकंद स्थित उनके फार्म हाउस पर मिलने के लिए कहा."

    उनका आरोप है, "जब मैं सूरज से मिला तो उसने ग़लत तरीके से छुआ और मेरे कपड़े उतार दिए. उसने मेरे साथ जबरदस्ती सेक्स किया. साथ ही मुझे धमकी भी दी."

    उन्होंने अपने शिकायत में बताया, "जब मैंने शिवकुमार को इसके बारे में बताया, तो उसने मुझे नौकरी और सूरज से पैसे दिलाने का लालच देने की कोशिश की."

    उनकी शिकायत को 22 जून को औपचारिक रूप दिया गया. सूरज रेवन्ना के सहयोगी शिवकुमार एचएल ने पिछले दिनों शिकायत दर्ज कराई थी कि शिकायतकर्ता और उनके चाचा ने कथित यौन उत्पीड़न के बारे शिकायत करने की धमकी देकर तीन करोड़ रुपए वसूलने का प्रयास किया था.

    शिवकुमार की शिकायत में कहा गया है कि शिकायतकर्ता चाहता था कि शिवकुमार उसे रोज़गार दिलाने के लिए सूरज रेवन्ना पर दबाव बनाए.

  10. बीएसपी नेता ने बताया- मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को फिर घोषित किया अपना उत्तराधिकारी

    बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर (राष्ट्रीय समन्वयक) घोषित किया है.

    उन्होंने कहा, "बीएसपी प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है. आकाश आनंद पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक होंगे."

    हालांकि इससे पहले लोकसभा चुनावों के दौरान ही मई 2024 में मायावती ने अपरिपक्वता का हवाला देते हुए अपने भतीजे और पार्टी के नेशनल को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद को उनके पद से हटाने का ऐलान किया था.

    मायावती ने 'पूर्ण परिपक्वता' हासिल करने तक उन्हें अपने उत्तराधिकारी की ज़िम्मेदारियों से भी मुक्त कर दिया था.

    देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग ख़त्म होने के चंद घंटे बाद ही मायावती के इस ऐलान ने पार्टी कार्यकर्ताओं, राजनीतिक दलों और विश्लेषकों को हैरत में डाल दिया था.

    मायावती ने उस व़क्त अपने एक ट्वीट में लिखा था, "विदित है कि बीएसपी एक पार्टी के साथ ही बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान तथा सामाजिक परिवर्तन का भी मूवमेन्ट है.

    "जिसके लिए मान्यवर श्री कांशीराम जी व मैंने ख़ुद भी अपनी पूरी ज़िन्दगी समर्पित की है और इसे गति देने के लिए नई पीढ़ी को भी तैयार किया जा रहा है."

    "इसी क्रम में पार्टी में, अन्य लोगों को आगे बढ़ाने के साथ ही, श्री आकाश आनन्द को नेशनल कोऑर्डिनेटर व अपना उत्तराधिकारी घोषित किया."

    "किन्तु पार्टी व मूवमेन्ट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता आने तक अभी उन्हें इन दोनों अहम ज़िम्मेदारियों से अलग किया जा रहा है जबकि इनके पिता श्री आनन्द कुमार पार्टी व मूवमेन्ट में अपनी ज़िम्मेदारी पहले की तरह ही निभाते रहेंगे."

  11. बिहार के मोतिहारी में निर्माणाधीन पुल गिरा, एक सप्ताह में लगातार तीसरा मामला

    बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) में रविवार को एक छोटा निर्माणाधीन पुल गिर गया.

    पीटीआई के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पिछले एक सप्ताह में पुल गिरने का ये तीसरा मामला है.

    अधिकारियों के मुताबिक़ मोतिहारी के घोड़ासहन ब्लॉक में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    अधिकारियों ने बताया कि घोड़ासहन ब्लॉक एक नहर के ऊपर ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्लूडी) 16 मीटर लंबा ब्रिज बना रहा था.

    यह पुल आमवा गांव को ब्लॉक के दूसरे क्षेत्र से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था. इसे डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा था.

    यह घटना कैमरे में भी क़ैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था.

    यह पुल क़रीब 1717 करोड़ की लागत से भागलपुर ज़िले के सुल्तानगंज और खगड़िया ज़िले के अगुवानी के बीच बन रहा था.

  12. नीट-पीजी की परीक्षा टलने पर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने क्या कहा

    नीट और यूजीसी-नेट परीक्षा पर देशव्यापी छात्रों के विरोध प्रदर्शन ज़ारी हैं.

    इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे शिक्षा का 'आपातकाल' बताया है.

    प्रियंका ने कहा, "मैं कहूंगी कि इस देश में शिक्षा आपातकाल है, जिस दर पर परीक्षाएं रद्द की जा रही हैं, जिस दर पर शिक्षा मंत्री खु़द को जवाबदेह मानने से इनकार कर रहे हैं."

    "हम देख रहे हैं कि कैसे एक के बाद एक पेपर स्थगित या रद्द किए जा रहे हैं."

    "धर्मेंद्र प्रधान ने नीट पेपर लीक के संबंध में किसी भी जांच से इनकार कर दिया था. सिर्फ एनटीए चेयरमैन का तबादला करने से काम नहीं चलेगा."

    "जहां तक ​​शिक्षा मंत्रालय का सवाल है, धर्मेंद्र प्रधान को पूरी तरह विफल होने के कारण इस्तीफा देना होगा."

    शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार, 22 जून को नीट-यूजी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच सीबीआई को सौंप दी है.

    इतना ही नहीं केंद्र ने नीट की परीक्षा का आयोजन करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के सुबोध कुमार सिंह को महानिदेशक के पद से भी हटा दिया है.

    उनकी जगह प्रदीप सिंह खरौला को एनटीए के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

    इसके अलावा सरकार ने 23 जून, रविवार को होने वाली नीट-पीजी परीक्षा भी स्थगित कर दी है.

    वहीं ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 अभ्यर्थी आज यानी रविवार को नीट-यूजी की परीक्षा दोबारा दे रहे हैं

    इन अभ्यर्थियों को 5 मई को आयोजित नीट परीक्षा में कम समय मिलने पर ग्रेस मार्क्स दिए गए थे.

    विरोध के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(एनटीए) ने ग्रेस मार्क्स वापस लेते हुए इन अभ्यर्थियों का री-एग्जाम कराने का फ़ैसला किया था.

    20 जून को सरकार ने री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी किए थे.

  13. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के बाद अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद ख़ान ने क्या कहा

    टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुक़ाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हरा दिया.

    शानदार जीत हासिल करने के बाद अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद ख़ान ने कहा, "यह एक टीम के तौर पर और देश के तौर बहुत बड़ी जीत है. इस जीत को पिछले दो सालों में हमने काफ़ी मिस किया है. 2022 और 2023 वर्ल्ड कप में हम कुछ रनों से चूक गए थे."

    "जिस तरह से हमारे खिलाड़ियों ने खेला है उन पर मुझे गर्व है."

    उन्होंने कहा, "हम काफी खुश हैं कि ग्रुप स्टेज वाले प्लेइंग 11 के साथ इस मैच में उतरे और हमें जीत भी मिली."

    "हमलोगों ने शानदार प्रदर्शन किया है. हमारे दिमाग़ में था कि इस विकेट के लिए 140 अच्छा स्कोर है, लेकिन हम जैसा चाहते थे पारी खत्म नहीं कर सके. ये ऐसा विकेट था जहां आप एक समय पर संघर्ष करेंगे और हम लोगों ने आख़िर के ओवर में काफी संघर्ष किया."

    "सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि सलामी बल्लेबाजों ने हमें अच्छी शुरुआत दी. इसकी वजह से हमने जो टोटल सोचा था हम वहां तक पहुंच सके."

    उन्होंने कहा कि हमें विश्वास था कि 130 से ज़्यादा कोई भी स्कोर हम आसानी से डिफेंड करने में सक्षम हैं.

    "हमारे लिए ये सिर्फ़ शुरुआत है, आगे बड़ा गेम है. और हमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है."

  14. प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार, इमरान कु़रैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के एमएलसी और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना को कर्नाटक पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस ने सूरज को पार्टी कार्यकर्ता के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने और धमकी देने के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    शिकायतकर्ता पार्टी के ही कार्यकर्ता हैं. उन्होंने 21 जून को सबसे पहले अपनी शिकायत डीजीपी ऑफिस को भेजी थी. लेकिन बाद में 22 जून को उन्होंने हासन पुलिस को ईमेल के जरिए शिकायत की.

    शिकायत को होलेनारसीपुरा पुलिस को भेजा गया. इसके बाद हासन पुलिस ने अभियुक्त को बुलाया और पूछताछ की. हासन के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सुजीता ने बीबीसी हिंदी को बताया कि सूरज रेवन्ना को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    हालाँकि, सूरज ने होलेनारसीपुरा स्थित गनीकंद फार्म (यहीं कथित अपराध को अंजाम दिया गया था) में पत्रकारों से बात करते हुए आरोपों को नकार दिया. उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया.

    सूरज रेवन्ना, हासन के पूर्व जेडीएस-बीजेपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं. प्रज्वल फ़िलहाल बलात्कार और यौन शोषण के आरोप में जेल में हैं. वह पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना और भवानी रेवन्ना के बेटे हैं.

    शिकायतकर्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सूरज रेवन्ना से मुलाकात हुई थी.

    उन्होंने बताया, "हमने एक दूसरे का टेलीफोन नंबर लिया. उन्होंने मुझे 16 जून को गनीकंद स्थित उनके फार्म हाउस पर मिलने के लिए कहा."

    उनका आरोप है, "जब मैं सूरज से मिला तो उसने ग़लत तरीके से छुआ और मेरे कपड़े उतार दिए. उसने मेरे साथ जबरदस्ती सेक्स किया. साथ ही मुझे धमकी भी दी."

    उन्होंने अपने शिकायत में बताया, "जब मैंने शिवकुमार को इसके बारे में बताया, तो उसने मुझे नौकरी और सूरज से पैसे दिलाने का लालच देने की कोशिश की."

    उनकी शिकायत को 22 जून को औपचारिक रूप दिया गया.

    सूरज रेवन्ना के सहयोगी शिवकुमार एचएल ने पिछले दिनों शिकायत दर्ज कराई थी कि एक पार्टी कार्यकर्ता और उनके चाचा ने कथित यौन उत्पीड़न के बारे शिकायत करने की धमकी देकर तीन करोड़ रुपए वसूले का प्रयास किया था.

    शिवकुमार की शिकायत में कहा गया है कि पार्टी कार्यकर्ता चाहता था कि शिवकुमार उसे रोज़गार दिलाने के लिए सूरज रेवन्ना पर दबाव बनाए.

  15. अफ़ग़ानिस्तान की जीत पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने बधाई दी

    पूर्व इंडियन क्रिकेटर वसीम ज़ाफर ने अफ़ग़ानिस्तान की जीत पर बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "इस जीत को उलटफेर कहना अफ़ग़ानिस्तान की टीम का अपमान होगा. अफ़ग़ानिस्तान किसी भी टीम को हराने में सक्षम है."

    "उन्होंने आज अपनी क्षमता के अनुरूप खेला और ऑस्ट्रेलिया जैसी अच्छी टीम को हरा दिया. ये सच्चाई है और इस जीत का जश्न मनाना चाहिए. "

    अफ़ग़ानिस्तान ने सुपर 8 के आठवें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हरा दिया. पहली बार अफ़ग़ानिस्तान में ऑस्ट्रेलिया को हराया है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट टीम की तारीफ़ हो रही है.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, टी20 वर्ल्ड कप: अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराया

    टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 के आठवें मुक़ाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हरा दिया. अफ़ग़ानिस्तान ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया है.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिशेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फ़ैसला किया.

    पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक़सान पर 148 रन बनाए.

    अफ़ग़ानिस्तान की तरफ से रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 49 गेंदों पर 60 रन बनाए.

    सलामी बल्लेबाज ग़ुरबाज़ और इब्राहिम ज़रदान ने 118 रनों की शानदार साझेदारी की. ये टी 20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ तीसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है.

    149 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में सिर्फ़ 127 रना ही बना सकी.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज़्यादा ग्लेन मैक्सवेल ने 41 गोंदों पर 59 रन बनाए.

    अफ़ग़ानिस्तान के तेज़ गेंदबाज गुलबदिन नायब ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए. शानदार गेंदबाजी के लिए नायब को "प्लेयर ऑफ द मैच" दिया गया.

    ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज पैट कमिंस ने इस मैच में हैट्रिक विकेट लेकर इतिहास रच दिया. वह किसी टी20 वर्ल्ड कप में 2 बार हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं.

    कमिंस ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए. कमिंस ने पिछले मैच में भी बांग्लादेश के खिलाफ हैट्रिक विकेट लिया था.

    इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम अपना पहला मैच हारी है.

  17. एनटीए के महानिदेशक को पद से हटाने पर कांग्रेस ने क्या कहा

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक को हटाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रतिक्रिया दी है.

    सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखते हुए खड़गे ने कहा कि नौकरशाहों का फेरबदल करना भाजपा के ज़रिए बर्बाद की गई शिक्षा प्रणाली की समस्या का समाधान नहीं है.

    उन्होंने लिखा, "नीट घोटाले में मोदी सरकार के शीर्ष अधिकारियों को ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है."

    उन्होंने लिखा, "एनटीए को एक स्वायत्त संस्था के रूप में पेश किया गया था, लेकिन वास्तव में इसे भाजपा और आरएसएस के हितों को पूरा करने के लिए बनाया गया है."

    "छात्रों को न्याय मिल सके इसलिए मोदी सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी होगी."

    उन्होंने लिखा, "अब नीट-पीजी परीक्षा स्थगित कर दी गई है. पिछले 10 दिनों में 4 परीक्षाएं रद्द या तो स्थगित कर दी गई हैं. पेपर लीक, भ्रष्टाचार, अनियमितताएं और शिक्षा माफ़िया ने हमारी शिक्षा प्रणाली में घुसपैठ कर ली है. देर से की गई कार्रवाई से कोई फ़ायदा नहीं होने वाला है क्योंकि अनगिनत युवा इससे परेशान हो रहे हैं."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट-पीजी परीक्षा स्थगित करने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

    उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अब नीट पीजी भी स्थगित. यह नरेंद्र मोदी के राज में बर्बाद हो चुकी शिक्षा व्यवस्था का एक और दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण है."

    "भाजपा राज में छात्र अपना करियर बनाने के लिए पढ़ाई नहीं, अपना भविष्य बचाने के लिए सरकार से लड़ाई लड़ने को मज़बूर हैं."

    उन्होंने कहा, "अब यह स्पष्ट है कि हर बार चुप-चाप तमाशा देखने वाले मोदी, पेपर लीक रैकेट और शिक्षा माफिया के आगे पूरी तरह से बेबस हैं. नरेंद्र मोदी की अक्षम सरकार स्टूडेंट्स के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है. हमें देश के भविष्य को उससे बचाना ही होगा."

    शनिवार को केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को पद से हटा दिया. इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार की रात को नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच सीबीआई को सौंपी है.

  18. टी-20 वर्ल्ड कप: अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 149 रनों का टारगेट दिया

    टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 के आठवें मुक़ाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 149 रनों का टारगेट दिया है.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिशेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फ़ैसला किया.

    पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक़सान पर 148 रन बनाए.

    अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 49 गेंदों में सर्वाधिक 60 रन बनाए.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज पैट कमिंस आज फिर हैट्रिक विकेट लिया. इस टी20 वर्ल्ड कप में ये उनका दूसरा हैट्रिक है.

    उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए.

    सलामी बल्लेबाज गुरबाज़ और इब्राहिम ज़दरान ने 118 रनों की शानदार साझेदारी की.

    ये टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ तीसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है.

  19. नीट-यूजी के 1563 अभ्यर्थी आज दोबारा परीक्षा देंगे

    ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 अभ्यर्थी आज यानी रविवार को नीट-यूजी की परीक्षा दोबारा देंगे.

    नीट यूजी परीक्षा में कथित धांधली के आरोपों के बाद के केंद्र सरकार ने 1563 अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा के लिए कहा था.

    इन अभ्यर्थियों को 5 मई को आयोजित नीट परीक्षा में कम समय मिलने पर ग्रेस मार्क्स दिए गए थे.

    लेकिन विरोध के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(एनटीए) ने ग्रेस मार्क्स वापस लेते हुए इन अभ्यर्थियों का री-एग्जाम कराने का फ़ैसला किया था.

    20 जून को सरकार ने री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी किए थे.

  20. शिक्षा मंत्रालय ने नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच सीबीआई को सौंपी

    शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार की रात को नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच सीबीआई को सौंप दी.

    प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के आरोप के बाद केंद्र सरकार लगातार फ़ैसले ले रही है.

    शनिवार को केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को पद से हटा दिया.

    प्रदीप सिंह खरौला को एनटीए के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

    साथ ही सरकार ने 23 जून को होने वाली नीट-पीजी परीक्षा भी स्थगित कर दी है.

    केंद्र सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक को रोकने के लिए शुक्रवार को एक क़ानून भी लागू किया है. इस क़ानून में 10 साल तक जेल की सजा और 1 करोड़ रुपए जुर्माना का प्रावधान है.