नीट एग्ज़ाम: ग्रेस मार्क्स पाने वाले छात्रों में से 750 दोबारा परीक्षा देने नहीं आए

इमेज स्रोत, Getty Images
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के मुताबिक़, रविवार को ग्रेस मार्क्स प्राप्त करने वाले 1563 में से सिर्फ़ 813 छात्रों ने ही दोबारा नीट की परीक्षा दी. 750 छात्र दोबारा परीक्षा देने नहीं आए.
सुप्रीम कोर्ट ने एनटीए से ग्रेस नंबर प्राप्त करने वाले छात्रों की दोबारा परीक्षा लेने के लिए कहा था.
सात केंद्रों पर रविवार को इन छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एनटीए के अधिकारियों ने बताया है कि जिन छात्रों को ग्रेस नंबर दिए गए थे उनमें से 813 रविवार को दोबारा परीक्षा देने आए.
रविवार को परीक्षा के लिए केंद्रों पर पुलिस के अलावा परीक्षक तैनात किए गए थे और सभी तरह के इंतज़ाम किए गए थे.
इस साल नीट परीक्षा में 23 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे. अप्रत्याशित रूप से 67 छात्रों ने 720 में से 720 अंक हासिल किए जिसके बाद से नीट परीक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.
एनटीए ने ग्रेस मार्क्स पाने वाले छात्रों के नंबर घटा दिए थे और उन्हें दोबारा परीक्षा देने का मौक़ा दिया था.
बिहार में पुलिस नीट का पेपर लीक किए जाने की भी जांच कर रही है. इसी बीच सीबीआई ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर एफ़आईआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है.
छात्र नीट की परीक्षा फिर से कराने की मांग कर रहे हैं. विपक्ष भी नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी का मुद्दा ज़ोरशोर से उठा रहा है.























