You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने एआई नियमों को लेकर इस आदेश पर किए हस्ताक्षर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राज्यों को अपने स्तर पर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नियम लागू करने से रोकने के उद्देश्य से एक एग्ज़िक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और इफ़्तेख़ार अली

  1. पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन हो गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने परिवार के हवाले से कहा कि शिवराज पाटिल बीमार चल रहे थे. वह 91 साल के थे.

    सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्होंने लातूर में अपने घर में अंतिम सांस ली.

    महाराष्ट्र से आने वाले शिवराज पाटिल चाकूरकर मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं. साल 2008 में मुंबई हमले के समय वो देश के गृह मंत्री थे.

    कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक्स पर लिखा, "वरिष्ठ नेता श्री शिवराज पाटिल जी के निधन की ख़बर सुनकर बहुत दुख हुआ. विनम्र श्रद्धांजलि."

    उन्होंने आगे लिखा, "सात बार सांसद रहे शिवराज पाटिल जी ने भारत सरकार में गृह मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, पंजाब के राज्यपाल तथा कई प्रतिष्ठित पदों पर रह कर देश की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई."

  2. करारी हार मिलने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव बोले, 'हर बार अभिषेक शर्मा पर निर्भर नहीं रह सकते'

    टी20 क्रिकेट सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ़्रीका के हाथों करारी शिकस्त पाने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार की वजहों पर बात की.

    पोस्ट मैच प्रज़ेंटेशन में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभिषेक शर्मा पर 'बहुत निर्भरता' छोड़नी होगी.

    ख़राब गेंदबाज़ी प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा, "आज हमारा मैच मुश्किल रहा और टॉस को छोड़कर ज़्यादातर चीज़ें हमारे मुताबिक़ नहीं हुईं. हमने पहले गेंदबाज़ी की और हालात के अनुसार खुद को ढालने में दिक्कत आई. हमें अपनी रणनीति पहले ही बदल लेनी चाहिए थी, लेकिन यह भी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है."

    बल्लेबाज़ी में भी निराशाजनक प्रदर्शन पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हमें खासकर मुझे और शुभमन को- ज़िम्मेदारी लेनी होगी और लंबी पारी खेलनी होगी. अभिषेक अच्छा कर रहा है, लेकिन हम सिर्फ़ उसी पर निर्भर नहीं रह सकते. आज के अनुभव से सीख लेकर हम धर्मशाला में और मज़बूती से वापसी करेंगे."

    अभिषेक शर्मा आठ गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शुभमन गिल शून्य पर ही पवेलियन लौट गए.

    यह मैच भारत 51 रनों से हार गया और इसी के साथ पांच मैचों की टी20 सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका ने 1-1 से बराबरी कर ली.

  3. इस देश ने स्कूलों में लड़कियों के हिजाब पहनने पर लगाया बैन

    मध्य यूरोप के देश ऑस्ट्रिया ने स्कूलों में हिजाब के लिए सख़्त पाबंदी लगाने वाला एक क़ानून पास किया है.

    यहां दक्षिणपंथी पार्टी की अगुवाई में गठबंधन सरकार है और इसमें तीन मध्यमार्गी पार्टियां भी शामिल हैं.

    सरकार का कहना है कि यह क़ानून “जेंडर इक्वैलिटी के लिए एक स्पष्ट प्रतिबद्धता” है, लेकिन आलोचकों का कहना है कि इससे देश में मुस्लिम विरोधी भावना बढ़ेगी और यह असंवैधानिक भी हो सकता है.

    यह प्रावधान सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों में लागू होगा.

    साल 2020 में, 10 साल से कम उम्र की लड़कियों के लिए लगाए गए इसी तरह के हिजाब बैन को संवैधानिक अदालत ने रद्द कर दिया था.

    नए क़ानून के तहत अगर कोई छात्रा इस बैन का उल्लंघन करती है, तो उसे स्कूल अधिकारियों और उसके कानूनी अभिभावकों के साथ कई बैठकों से गुजरना होगा. बार-बार उल्लंघन होने पर चाइल्ड और यूथ वेलफ़ेयर एजेंसी को सूचित करना अनिवार्य होगा.

    आख़िरी विकल्प के रूप में, परिवार या अभिभावकों पर अधिकतम 800 यूरो (84,000 रुपये) तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

  4. कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजनों को दी मंज़ूरी, शर्तें भी लगाईं, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए, बेंगलुरु से

    कर्नाटक कैबिनेट ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और अन्य क्रिकेट मैचों के आयोजन को सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है.

    साथ ही कुछ शर्तें लगाई हैं जो जस्टिस कुन्हा जांच आयोग की सिफ़ारिशों पर आधारित है.

    आयोग ने चार जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की आईपीएल ट्रॉफ़ी जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत की जांच की थी और इसके बाद अपनी सिफ़ारिशें पेश की थीं.

    कैबिनेट का यह फ़ैसला, बुधवार को कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के नए अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद की कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाक़ात के बाद आया है.

    इस समय राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र बेलगावी में चल रहा है और वहीं ये मुलाक़ात हुई थी.

    बैठक के बाद शिवकुमार ने एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के लिए अनुकूल फ़ैसले के संकेत दिए थे.

    कैबिनेट की बैठक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न ज़ाहिर करते हुए बीबीसी हिंदी को बताया, “भीड़ नियंत्रण उपायों पर जस्टिस कुन्हा आयोग की सिफ़ारिशों को शर्तों में शामिल किया जाएगा. इन शर्तों को गृह विभाग अंतिम रूप देगा.”

    भगदड़ के बाद स्टेडियम में मैच आयोजित करने पर लगी पाबंदी की वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने दलीप ट्रॉफ़ी और इंडिया–साउथ अफ़्रीका ‘ए’ सीरीज़ को शहर के बाहरी इलाक़े सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में स्थानांतरित कर दिया था.

    चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईसीसी महिला विश्वकप 2025 के पांच मैचों की मेज़बानी भी करनी थी और इनमें फ़ाइनल भी शामिल था.

    भगदड़ की घटना के बाद कुछ पदाधिकारियों को अपने पद से इस्तीफ़ा भी देना पड़ा था.

  5. दूसरे टी-20 मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 51 रनों से हराया

    न्यू चंडीगढ़ में भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेली जा रही टी20 क्रिकेट सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 51 रनों से हरा दिया.

    क्विंटन डि कॉक ने सिर्फ़ 46 गेंदों पर शानदार 90 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए.

    जबकि डोनोवन फ़रेरा (16 गेंदों पर 30 रन) और डेविड मिलर (12 गेंदों पर 20 रन) ने दक्षिण अफ़्रीका को 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 213 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया.

    भारत की शुरुआत ही पटरी से उतरती दिखी क्योंकि पावरप्ले के अंदर ही शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव के विकेट गिर गए.

    सिर्फ तिलक वर्मा का प्रदर्शन अच्छा रहा, जिन्होंने 34 गेंदों पर 62 रन बनाए. भारत 19.1 ओवर में 162 रन ही बना सका.

    इसके साथ ही दक्षिण अफ़्रीका की टीम पांच मैचों की टी20 सिरीज़ में 1-1 की बराबरी पर आ गई.

    इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 214 रन का लक्ष्य दिया था.

    भारत की गेंदबाज़ी की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती को छोड़कर सभी महंगे साबित हुए.

    तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह इस मैच में अपने प्रदर्शन को शायद भूलना चाहेंगे.

    उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 54 रन दिए और एक ओवर में ही 7 वाइड गेंदें फेंकी.

    दक्षिण अफ़्रीका और भारत पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ खेल रहे हैं. सिरीज़ के पहले मैच में भारतीय टीम ने 101 रनों से जीत दर्ज की थी.

  6. नमस्कार

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.