ट्रंप ने एआई नियमों को लेकर इस आदेश पर किए हस्ताक्षर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राज्यों को अपने स्तर पर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नियम लागू करने से रोकने के उद्देश्य से एक एग्ज़िक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए हैं.
सारांश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राज्यों को अपने स्तर पर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नियम लागू करने से रोकने के उद्देश्य से एक एग्ज़िक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए हैं
पूर्वी एशिया से संबंधित मामलों के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने 11 से 12 दिसंबर 2025 तक बीजिंग का दौरा किया
ट्रंप ने एआई नियमों को लेकर इस आदेश पर किए हस्ताक्षर
इमेज स्रोत, EPA/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफ़िस में आदेश पर हस्ताक्षर किए
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राज्यों को अपने स्तर पर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नियम लागू करने से रोकने के उद्देश्य से एक एग्ज़िक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए हैं.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, "हम एक केंद्रीय मंज़ूरी प्रणाली चाहते हैं."
व्हाइट हाउस के एआई सलाहकार डेविड सैक्स ने बताया कि यह आदेश प्रशासन को 'सबसे बोझिल' राज्य-स्तरीय नियमों के ख़िलाफ़ क़दम उठाने की ताक़त देगा.
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े एआई नियमों का विरोध नहीं किया जाएगा.
यह क़दम उन टेक कंपनियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जो लंबे समय से पूरे अमेरिका के लिए एक समान क़ानून की मांग कर रही थीं.
उद्योग का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नियम लागू होने से नवाचार प्रभावित होगा और अमेरिका की चीन के साथ चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ेगा.
हालांकि, इस फै़सले का विरोध भी हो रहा है. अभी अमेरिका में एआई को लेकर कोई राष्ट्रीय क़ानून मौजूद नहीं है, लेकिन व्हाइट हाउस के अनुसार, देश भर में राज्यों ने एक हज़ार से ज़्यादा एआई संबंधी बिल पेश किए हैं.
भारत-चीन अधिकारियों के बीच बीजिंग में बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत और चीन ने आने वाले साल के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की (सांकेतिक तस्वीर)
पूर्वी एशिया से संबंधित मामलों के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने 11 से 12 दिसंबर 2025 तक बीजिंग का दौरा किया.
उन्होंने चीन के उप विदेश मंत्री सुन वेइदोंग से मुलाक़ात की और 11 दिसंबर को चीनी विदेश मंत्रालय के एशियाई मामलों के महानिदेशक के साथ बातचीत की.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, यह बातचीत रचनात्मक और आगे की दिशा तय करने वाली रही.
दोनों पक्षों ने दोनों देशों के नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन के महत्व पर ज़ोर दिया और द्विपक्षीय रिश्तों को स्थिर करने और दोबारा मज़बूत बनाने की दिशा में हो रही प्रगति का सकारात्मक मूल्यांकन किया.
दोनों देशों ने आने वाले साल के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की. भारतीय पक्ष ने निर्यात नियंत्रण से जुड़े लंबित मुद्दों के जल्द समाधान की ज़रूरतों पर ज़ोर दिया.
सरकार ने बताया डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स पर ग़लत जानकारी रोकने को लेकर क्या हैं नियम
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत सरकार ने शुक्रवार को कहा कि इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 लोगों को अधिक सक्षम बनाते हैं.
सरकार के मुताबिक़ ये डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर फर्ज़ी, ग़लत और भ्रामक सामग्री को रोकने को लेकर कड़ी ज़िम्मेदारी तय करते हैं.
यह स्पष्टीकरण राज्यसभा में सूचना प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉक्टर एल मुरुगन ने दी.
मंत्री ने कहा कि जहां एक ओर संविधान का अनुच्छेद 19 (1) अभिव्यक्ति की आज़ादी देता है, तो वहीं दूसरी ओर डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स पर बढ़ती ग़लत जानकारी की समस्या को देखते हुए रेग्युलेटरी एक्शन्स की ज़रूरत महसूस की गई है.
पीआईबी के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, साल 2000 के सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत 25 फरवरी 2021 को अधिसूचित आईटी नियमों में सोशल मीडिया मध्यस्थों की ज़िम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया है.
फे़सबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर आईटी नियमों के पार्ट-II के तहत यह स्पष्ट प्रावधान है कि वे ग़लत, भ्रामक या फर्ज़ी जानकारी के प्रसार को रोकेंगे.
प्लेटफ़ॉर्म्स को ऐसी सामग्री पर कार्रवाई करनी होगी और उपयोगकर्ताओं के लिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी उपलब्ध करानी होगी.
सरकार ने पीआईबी के फ़ैक्ट चेक यूनिट की भूमिका का भी ज़िक्र किया है, जिसे नवंबर 2019 में केंद्र सरकार से संबंधित फर्ज़ी ख़बरों की पहचान और सत्यापन के लिए बनाया था.
यह यूनिट संबंधित मंत्रालयों और विभागों से जानकारी की पुष्टि करने के बाद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर प्रकाशित या प्रसारित फ़ैक्ट्स के संबंध में जानकारी देता है कि यह सही है या ग़लत.
इसके लिए सरकार सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत उन वेबसाइटों, सोशल मीडिया अकाउंट्स या पोस्ट्स को ब्लॉक करने के अधिकार का इस्तेमाल करती है जो भारत की संप्रभुता और अखंडता, रक्षा, सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था के लिए ख़तरा पैदा करते हैं.
डॉक्टर मुरुगन ने यह जानकारी राज्यसभा में डॉक्टर लक्ष्मीकांत बाजपेयी के एक सवाल के जवाब में दी.
लक्ष्मीकांत बाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं.
मोदी कैबिनेट ने जनगणना 2027 के लिए 11,718 करोड़ के बजट को मंज़ूरी दी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साल 2027 की जनगणना को लेकर जानकारी दी है
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बताया कि सरकार ने साल 2027 की जनगणना कराने के लिए 11,718 करोड़ रुपये की मंज़ूरी दे दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई.
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी.
जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी. पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना होगी. ये प्रक्रिया अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा.
दूसरे चरण में जनगणना होगी, जो फ़रवरी 2027 में की जाएगी.
जर्मनी ने रूस पर लगाया साइबर हमले और चुनाव में हस्तक्षेप की कोशिश का आरोप
इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images
जर्मनी ने रूस पर साइबर हमले और चुनाव में हस्तक्षेप की कोशिश का आरोप लगाया है. इसके बाद जर्मनी ने रूसी राजदूत को तलब किया है.
जर्मन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अगस्त 2024 में हुई एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल पर साइबर हमला रूस की सैन्य खुफ़िया एजेंसी ने किया था.
प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि रूस ने इस साल फ़रवरी में हुए संघीय चुनाव को प्रभावित करने और अस्थिर करने की कोशिश की.
जर्मनी ने कहा कि वह यूरोपीय साझेदारों के साथ मिलकर रूस को उसकी 'हाइब्रिड कार्रवाइयों के लिए क़ीमत चुकाने' के लिए जवाबी कार्रवाई करेगा.
रूस की ओर से फ़िलहाल इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने पर नितिन गडकरी के बयान पर आज का कार्टून
वैभव सूर्यवंशी की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी के बाद भारत ने यूएई के ख़िलाफ़ दर्ज की जीत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी अभी 14 साल के हैं और राजस्थान रॉयल्स आईपीएल टीम में भी शामिल हैं
दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले मुक़ाबले में भारत ने यूएई के ख़िलाफ़ 234 रनों से जीत दर्ज की है.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने यूएई को 434 रनों का लक्ष्य दिया था.
जिसके बाद यूएई की टीम 50 ओवरों में सात विकेट गंवाकर 199 रन ही बना पाई.
इस मैच में भारत के वैभव सूर्यवंशी ने केवल 56 गेंद में तूफ़ानी शतक जमाकर इतिहास रच दिया.
उन्होंने अपनी पारी में 95 गेंदों पर कुल 171 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 14 छक्के और 9 चौके लगाए.
कंबोडिया और थाईलैंड की सीमा पर स्थित मशहूर मंदिर को लेकर भारत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कंबोडिया और थाईलैंड की सीमा पर स्थित प्रेह विहेयर मंदिर भगवान शिव को समर्पित है
कंबोडिया और थाईलैंड के साथ जारी संघर्ष के बीच संरक्षण सुविधाओं को हुए नुक़सान पर भारत ने चिंता जताई है.
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने प्रेह विहेयर मंदिर की सुरक्षा की अपील की और दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की बात कही.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेह विहेयर में संरक्षण सुविधाओं को हुए नुक़सान पर मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, "थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष के दौरान प्रेह विहेयर में संरक्षण सुविधाओं को नुक़सान पहुंचने की ख़बरें हमारे संज्ञान में आई हैं. इस तरह का कोई भी नुक़सान दुर्भाग्यपूर्ण है और चिंता का विषय है."
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "प्रेह विहेयर मंदिर, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, पूरी मानवता की साझा सांस्कृतिक धरोहर है. भारत लंबे समय से इसके संरक्षण में सहयोग करता रहा है और उम्मीद करता है कि साइट और उससे जुड़ी सुविधाओं की पूरी तरह से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी."
यह बयान उस समय आया है जब थाईलैंड और कंबोडिया के बीच इसी हफ़्ते संघर्ष फिर से छिड़ गया है.
दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगाया है.
अनुराग ठाकुर ने तमिलनाडु सरकार पर 'एंटी सनातन धर्म' का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने तमिलनाडु सरकार के मंत्रियों पर 'हिन्दू विरोधी' बयान देने का आरोप लगाया है
लोकसभा में शुक्रवार को ज़ीरो आवर के दौरान बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने तमिलनाडु सरकार पर 'एंटी सनातन धर्म' का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा कि मद्रास हाई कोर्ट ने कार्तिगई दीपम जलाने के पक्ष में आदेश दिया था, लेकिन इसके बावजूद राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर बढ़ने से रोका और पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया.
उनका कहना है कि 'लोगों को मंदिर तक पहुंचने के लिए अदालत का रुख करना पड़ा'.
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बावजूद हिन्दू भक्तों को दीप प्रज्वलित करने की अनुमति नहीं दी गई.
उनका कहना है, "देश का एक राज्य एंटी सनातन धर्म का प्रतीक बन गया है और वहां के मंत्री लगातार हिन्दू विरोधी बयान दे रहे हैं."
उनके इस बयान पर डीएमके सांसदों ने संसद में कड़ा विरोध जताया.
क्या मामला है?
मदुरै ज़िले के तिरुपरनकुंड्रम में सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है, और दूसरी ओर सुल्तान बादुशा सिकंदर औलिया दरगाह है.
हर साल कार्तिगई दीपम के दिन सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के पिल्लैयार मंदिर दीपम मंडपम में दीप प्रज्वलित करने की प्रथा है. इस स्थिति में, हिंदू संगठनों ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपपथून में दीप प्रज्वलित करने की मांग रखी थी.
न्यायाधीश जी.आर. स्वामीनाथन ने आदेश दिया था कि महादीपम को तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपपथून में प्रज्वलित किया जाना चाहिए.
इसके बाद पिल्लैयार मंदिर के दीपक कक्ष में दीप जलाया गया, जहां आमतौर पर 3 दिसंबर को दीप जलाया जाता है.
हालांकि, हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया और दावा किया कि महादीपम पहाड़ की चोटी पर स्थित दीपक कक्ष में नहीं जलाया गया था.
उस समय पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई.
याचिकाकर्ताओं में से एक रामा रविकुमार ने अदालत की अवमानना का मामला दायर किया, जिसमें दावा किया गया कि मंदिर प्रशासन ने दीपपथून में महादीपम को प्रज्वलित करने का कोई प्रयास नहीं किया था.
इस मामले में न्यायाधीश जी.आर. स्वामीनाथन ने याचिकाकर्ता रामा रविकुमार को तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर दीपक जलाने की अनुमति दी.
ये आदेश दिया कि वह अपने साथ 10 लोगों को ले जा सकते हैं और 3 दिसंबर की शाम को सीआईएसएफ़ कर्मियों द्वारा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए.
हालांकि, पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी.
ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में चार्जशीट दाखिल, 300 गवाहों से पूछताछ, 7 गिरफ़्तारियां, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Dr. Palmee Borthakur
इमेज कैप्शन, ज़ुबिन गर्ग की मौत को दो महीने से ज़्यादा का वक़्त गुज़र चुका है
असम पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लोकप्रिय गायक ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में शुक्रवार को गुवाहाटी के चीफ़ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने चार्जशीट दाखिल कर दी है.
नौ सदस्यों वाली एसआईटी की टीम 3500 पन्ने की इस चार्जशीट को लेकर छह गाड़ियों के काफिले में कोर्ट पहुंची.
पिछले 19 सितंबर को 52 साल के जु़बिन गर्ग की सिंगापुर में कथित तौर पर पानी में डूबने से मौत हो गई थी.
जु़बिन गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार और उनके प्रशंसकों में काफ़ी नाराज़गी देखने को मिली है.
पिछले तीन महीनों से सैकड़ों प्रशंसक जु़बिन गर्ग की मौत को लेकर अलग-अलग मंचों पर न्याय की मांग कर रहे हैं.
गायक की मौत के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 60 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए. इसके बाद यह केस सीआईडी ने रजिस्टर किया और इसकी जांच क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी, गै़र-इरादतन हत्या और लापरवाही से मौत से जुड़ी धाराओं के तहत की गई. हालांकि, बाद में जांच अधिकारियों ने इस मामले में मर्डर चार्ज भी जोड़ दिए.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा सत्र में दावा किया था कि गर्ग की मौत ''साफ़-साफ़ हत्या'' थी.
एसआईटी ने जानकारी दी थी कि इस केस के सिलसिले में कुल सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया और 300 से ज़्यादा गवाहों से पूछताछ की गई है.
इस मामले से जुड़े एक वकील का कहना है कि चार्जशीट सबसे पहले कोर्ट की जनरल रजिस्टर ब्रांच को मिलेगी. शुरुआती प्रोसेसिंग के बाद इसे स्क्रूटनी के लिए मजिस्ट्रेट के सामने रखा जाएगा.
मजिस्ट्रेट के शुरुआती जांच पूरी करने के बाद केस सेशन कोर्ट को भेज दिया जाएगा, जहां ट्रायल शुरू होगा.
एक और वकील ने बताया कि केस के हाई प्रोफ़ाइल होने की वजह से स्क्रूटनी दो या तीन दिनों में पूरी हो सकती है. मजिस्ट्रेट के रिकॉर्ड पर लेने के बाद आम लोग भी चार्जशीट देख सकते हैं.
जु़बिन गर्ग की छोटी बहन पाल्मी बोरठाकुर ने हाल ही में बीबीसी को बताया था कि उनका परिवार और जु़बिन को प्यार करने वाले सैकड़ों लोग यह जानना चाहते है कि 19 सितंबर को आख़िर गायक के साथ सिंगापुर में हुआ क्या था.
फ़िल्म 'धुरंधर' की इल्तिजा मुफ्त़ी ने की तारीफ़, बताई ये वजह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इल्तिजा मुफ्त़ी ने फ़िल्म 'धुरंधर' पर प्रतिक्रिया दी है
हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म 'धुरंधर' को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है. इस फ़िल्म पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्त़ी ने भी इस फ़िल्म के बारे में कहा है कि फ़िल्म काफ़ी अच्छी तरह बनाई गई है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "धुरंधर को लेकर भले ही सोशल मीडिया पर काफ़ी विरोध हो रहा हो, लेकिन मुझे यह फ़िल्म पसंद आई और यह दिलचस्प लगी."
इल्तिजा मुफ्त़ी ने कहा, "खास तौर पर इसकी कास्टिंग बेहतरीन है."
उन्होंने कहा, "ज़्यादातर हिंसक बॉलीवुड फ़िल्मों की तरह इस बार महिलाओं को सिर्फ़ दिखावे के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया."
वैभव सूर्यवंशी ने लगाई चौकों छक्कों की झड़ी, खेली 171 रनों की तूफानी पारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने 171 रनों की तूफ़ानी पारी खेली
दुबई में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले मुक़ाबले मेंवैभव सूर्यवंशी ने यूएई के ख़िलाफ़ केवल 56 गेंद में तूफ़ानी शतक जमाकर इतिहास रच दिया.
उन्होंने अपनी पारी में 95 गेंदों पर
कुल 171 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 14 छक्के और 9 चौके लगाए.
एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप में अपने आतिशी बल्लेबाज़ी से वैभव ने रिकॉर्ड बनाए.
क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़, वो इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक छक्का लगाने के साथ एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए
हैं.
इंडिया अंडर-19 और यूएई अंडर-19 का यह मैच दुबई में खेला जा रहा है. यूएई ने टॉस जीतकर फ़ील्डिंग करने का निर्णय लिया था.
इंडिया अंडर-19 ने 6 विकेट खोकर 50 ओवरों में 433 रन बनाए.
वैभव अभी 14 साल के हैं और राजस्थान रॉयल्स आईपीएल टीम में भी शामिल हैं.
वैभव ने आईपीएल 2025 में जयपुर में गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए 38 गेंदों में 101 रन बनाए थे और इसके साथ ही वह मेंस टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लिया, 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में खेलने के बारे में ये बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट ने पिछले साल संन्यास का एलान किया
पहलवान विनेश फोगाट ने शुक्रवार को एक
सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपने संन्यास को वापस लेने के फ़ैसले की जानकारी दी.
साथ ही उन्होंने कहा कि वो 2028
लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारी करेंगी.
पिछले साल पेरिस ओलंपिक के फ़ाइनल
में खेलने से पहले ओवरवेट होने की वजह से उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था और
इसके बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा की थी.
विनेश फोगाट ने शुक्रवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'लोग पूछते रहे कि क्या पेरिस ही अंत
था. काफी लंबे समय तक, मेरे पास कोई जवाब नहीं था. मुझे मैट
से दूर होने की ज़रूरत थी. दबाव से, उम्मीदों
से, यहां तक कि अपनी खुद की
महत्वाकांक्षाओं से भी दूर रहने की ज़रूरत थी. कई सालों में पहली बार, मैंने खुद को सच में सांस लेने दी.”
उन्होंने इस पोस्ट को एक्स पर भी साझा किया है.
उन्होंने कहा कि मुझे अब
भी यह खेल पसंद है. मैं अब भी मुकाबला करना चाहती हूं. उस खामोशी में मैंने वह चीज पाई जिसे मैं भूल चुकी थी, वो आग कभी बुझी ही नहीं. वह बस
थकान और शोर के नीचे दब गई थी."
विनेश ने लिखा, 'अनुशासन, दिनचर्या,
लड़ाई… यह सब मेरे भीतर बसा है. चाहे मैं कितनी भी दूर चली गई, मेरा एक हिस्सा हमेशा मैट पर ही रहा. तो मैं यहां हूं...लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तरफ़
फिर से कदम बढ़ाते हुए, एक ऐसे दिल के साथ जो बेख़ौफ़ है और
एक ऐसी आत्मा के साथ जो झुकने से इनकार करती है. और इस बार, लॉस एंजेलिस ओलंपिक की राह पर मैं अकेली नहीं चल रही हूं....मेरा बेटा भी मेरी टीम
में शामिल हो रहा है. मेरा सबसे बड़ा मोटिवेशन, मेरा छोटा चीयरलीडर.”
विनेश इसी साल मां बनी हैं.
सुनील गावस्कर की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने गूगल, मेटा, एक्स को दिए निर्देश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुनील गावस्कर ने पर्सनालिटी राइट्स के उल्लंघन को लेकर दायर की थी याचिका.
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर
की एक याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया कंपनियों गूगल, मेटा,
एक्स को निर्देश दिया है.
लाइव लॉ औरबार एंड बेंच के मुताबिक़, इस याचिका
में गावस्कर ने कहा था कि उनकी तस्वीर इस्तेमाल करके फ़ेक कंटेंट डाला जा रहा है
और इन्हें हटाए जाने को लेकर इन कंपनियों को निर्देश दिए जाने की मांग की थी.
याचिका में कहा गया है कि कंटेंट में
उनकी तस्वीर और नाम का ग़लत इस्तेमाल हो रहा है जो उनके पर्सनालिटी राइट्स का
उल्लंघन है.
जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोरा ने 'गावस्कर को ऐसे कंटेंट के यूआरएल 48 घंटे में कंपनियों को उपलब्ध कराने को कहा और शिकायतकर्ता की शिकायतों पर सात दिन के अंदर कंपनियों को कार्रवाई करने को कहा.'
गावस्कर ने उन फ़र्ज़ी टिप्पणियों का हवाला
दिया जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कोच गौतम गंभीर और अन्य क्रिकेटरों को लेकर बात कही गई थी. उन्होंने विराट कोहली को लेकर एक 'जाली टिप्पणी' का भी हवाला दिया.
हालांकि कोर्ट ने कहा कि वो पहले
इंटरमीडियरीज़ से संपर्क करें इसके बाद कोर्ट इस मामले को देखेगी.
कंबोडिया से संघर्ष के बीच थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने संसद भंग की
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अनुतिन चर्नविराकुल अगस्त 2023 के बाद से थाईलैंड के तीसरे प्रधानमंत्री हैं.
कंबोडिया के साथ सीमा पर एक सप्ताह से जारी झड़पों के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने संसद भंग कर दी है.
इसके साथ ही देश में 45 से 60 दिनों के भीतर आम चुनाव होंगे.
शुक्रवार को जारी एक फरमान में, प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने कहा कि उनकी अल्पसंख्यक सरकार को तीन महीने पहले सत्ता में आने के बाद से सीमा पर घातक झड़पों सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है.
उन्होंने कहा, "इसका उचित समाधान संसद को भंग करना है...जो कि राजनीतिक शक्ति को जनता को वापस सौंपने का एक तरीका होगा."
व्यवसायी से राजनेता बने अनुतिन अगस्त 2023 से थाईलैंड के तीसरे प्रधानमंत्री हैं. सितंबर में सत्ता में आने पर उन्होंने जनवरी के अंत तक संसद भंग करने का वादा किया था.
जापान में 6.7 तीव्रता का भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी
इमेज स्रोत, Getty Images
जापान में 6.7 तीव्रता का भूकंप आने के बाद उत्तरी तट पर सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.
जापान के मौसम अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण “समुद्र-स्तर में उतार–चढ़ाव” दर्ज किया गया है, हालाँकि इस वक़्त किसी नुकसान की चिंता नहीं है.
जापान के मुख्य द्वीप के सबसे उत्तरी प्रांत, आओमोरी प्रीफ़ेक्चर के तट के कई इलाक़ों से 6,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है.
कुछ दिन पहले ही उसी क्षेत्र में 7.5 तीव्रता वाले भूकंप के झटके आए थे, जिसमें कम से कम 50 लोग घायल हुए थे.
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि एक और ज़्यादा तेज़ झटका आ सकता है और लोगों से कम से कम एक हफ़्ते तक हाई अलर्ट पर रहने की अपील की.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कुछ दिन पहले आए भूकंप में काफ़ी नुकसान हुआ था.
मेगा भूकंप की आशंका
भूकंप के झटके ऐसे समय आ रहे हैं जब जापान अपने पैसिफ़िक तट पर आने वाले एक मेगाक्वेक की आशंका जता रहा है.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले 30 सालों में ऐसे भूकंप के आने की 60-90% आशंका है.
शिवराज पाटिल के निधन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शिवराज पाटिल का शुक्रवार को महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व
गृहमंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया
है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “शिवराज पाटिल जी के निधन से मुझे गहरा दुःख
हुआ है. वे एक अनुभवी नेता थे,
जिन्होंने
अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा
अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया."
"वे समाज कल्याण में योगदान देने के लिए अत्यंत समर्पित
थे. सालों से मेरा उनसे कई
बार संपर्क रहा. कुछ महीने पहले वे मेरे निवास पर आए थे. इस दुख की घड़ी में मेरी
संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं.”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल
गांधी ने एक्स पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ
कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और पार्टी के लिए
एक अपूरणीय क्षति है."
"जनसेवा
के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र
के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे...”
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “…पाटिल जी ने रक्षा मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी
संभाली और दशकों तक जनता की सेवा की. उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है.”
शिवराज पाटिल बीमार चल रहे थे और शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्होंने महाराष्ट्र के लातूर में अपने घर में अंतिम सांस ली.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथशिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नारवेकर, महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले समेत कई नेताओं ने शिवराज पाटिल के सार्वजनिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.
शिवराज पाटिल मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं. साल 2008 में मुंबई हमले के समय वो देश के गृह मंत्री थे.
आंध्र प्रदेश में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 9 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, UGC
इमेज कैप्शन, आंध्र प्रदेश बस हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं.
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामाराजू ज़िले में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई.
बीबीसी तेलुगू के अनुसार, रामपचोडावरम के सब-कलेक्टर शुभम
नकवाल ने बीबीसी को बताया कि यह दुर्घटना शाम करीब 5 बजे उस समय हुई जब बस अरकु से भद्राचलम जा रही थी.
सब-कलेक्टर ने बताया कि ड्राइवर ने कहा कि मोड़ के दौरान वह बस को नियंत्रित नहीं कर पाया क्योंकि
बस का गियरबॉक्स काम नहीं कर रहा था.
चित्तूर आईटीडीए के पुलिस स्टेशन
प्रमुख स्मरन राज ने बीबीसी को बताया कि इस घटना में 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस बस में चित्तूर ज़िले के श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं.
बताया जाता है कि इस बस में दो
ड्राइवरों समेत 37 लोग सवार
थे. तुलसीपकाला से 9 किलोमीटर
दूर घाट रोड पर चलते हुए बस एक घाटी में गिर गई.
आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर शोक व्यक्त किया है.
एक्स पर उन्होंने लिखा,"एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हम सभी गहरे सदमे में हैं. इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है. मैंने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और प्रभावित लोगों को दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी ली. मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं."
इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त किया और प्रधानमंत्री राहत कोश से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की.