महिला टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, भारत ग्रुप स्टेज से बाहर

पाकिस्तान को 54 रन से हराकर न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है. इसी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम भी ग्रुप स्टेज से बाहर हो चुकी है.

सारांश

  • इसराइल पर किए गए हमले को देखते हुए ब्रिटेन ने ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.
  • जम्मू कश्मीर में 16 अक्तूबर को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण.
  • भारत ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और अन्य राजनयिकों को वापस बुलाने का फ़ैसला किया है.
  • डेरॉन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिनसन को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल.
  • उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई हिंसा के एक दिन बाद सोमवार को दोबारा हिंसा हुई है.
  • लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा इसराइल के हमलों में 51 लोगों की हुई मौत.

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और सौरभ यादव

  1. यूपी: दलित युवक की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में चार पुलिसकर्मियों पर एफ़आईआर

    सांकेतिक फोटो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक फोटो

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कथित तौर पर पुलिस हिरासत में एक दलित युवक की मौत के मामले में चार पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    मृतक अमन गौतम को शुक्रवार को पुलिस ने एक जुआ घर में छापेमारी के दौरान गिरफ़्तार किया था.

    समाचार न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि अमन की मौत पुलिस की कस्टडी में सख़्त पिटाई के कारण हुई है.

    इस घटना से नाराज़ मृतक के परिजन और अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया था, और ज़िम्मेदार अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं किए जाने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था.

    अब इस मामले में चार पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    विकास नगर पुलिस स्टेशन इंचार्ज विपिन सिंह ने बताया कि मृतक अमन की पत्नी रोशनी गौतम की शिकायत पर हेड कॉन्स्टेबल शैलेंद्र सिंह, और तीन अन्य पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.

    स्टेशन इंचार्ज़ सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (ग़ैर इरादतन हत्या, जो हत्या की श्रेणी में नहीं आती) और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है.

  2. चीन ने ताइवान के नज़दीक एक वीडियो में दिखाई सैन्य क्षमता

    पीपल्स लिबरेशन आर्मी सोशल मीडिया

    इमेज स्रोत, People's Liberation Army social media

    चीन की सेना की पूर्वी कमांड ने एक ट्रेनिंग वीडियो जारी किया है. यह ताइवान के आसपास किए गए सैन्य अभ्यास से संबंधित है.

    इस वीडियो में बीजिंग की सैन्य ताकत, युद्धपोत, लड़ाकू विमान, बख़्तरबंद सैन्य वाहन और मिसाइल लॉन्चर दिखाए गए हैं.

    चीन के मीडिया आउटलेट ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि वीडियो में चीन की सेना की पूर्वी कमांड की तैयारी दिखाई गई है कि ‘‘चीन की सेना युद्ध की स्थिति का सामना करने के लिए कितनी तैयार है और उसकी कितनी क्षमता है.’’

  3. ट्रंप की रैली के नज़दीक एक आदमी दो बंदूकों और नकली पासपोर्ट के साथ गिरफ़्तार

    डोनाल्ड ट्रम्प

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, शनिवार को कैलिफ़ोर्निया के कोचेला में डोनाल्ड ट्रम्प एक रैली में शामिल होने पहुंचे थे

    कैलिफ़ोर्निया के कोचेला में शनिवार को डोनाल्ड ट्रंप की रैली के क़रीब से एक आदमी को गिरफ़्तार किया गया है.

    पुलिस ने बताया है कि उस आदमी के पास से एक शॉट गन, एक हैंड गन और नकली पासपोर्ट बरामद हुए हैं. गिरफ़्तार किए गए संदिग्ध व्यक्ति की पहचान 49 वर्षीय वेम मिलर के रूप में की गई है.

    वह काले रंग की एसयूवी गाड़ी चला रहा था, जब सुरक्षा कर्मियों ने उसको सुरक्षा चेक पाइंट के पास रोका था.

    रिवरसाइड काउंटी पुलिस कार्यालय ने बताया कि मिलर को कस्टडी में ले लिया गया है. मिलर पर गोलियों से भरी बंदूक और उच्च क्षमता में गोला बारूद रखने का आरोप लगाया गया है.

    यूएस सीक्रेट सर्विस ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को कोई ख़तरा नहीं था. स्थानीय पुलिस ने गिरफ़्तार किए गए संदिग्ध को एक ‘मानसिक रूप से असंतुलित’ बताया है.

    पुलिस कार्यालय के मुताबिक, इस घटनाक्रम से ट्रंप की सुरक्षा या रैली में उनकी मौजूदगी को लेकर कोई फ़र्क़ नहीं पड़ा.

  4. ग़ज़ा में एक स्कूल पर इसराइली हमला, कम से कम 15 की मौत

    ग़ज़ा में हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्कूल को आश्रय स्थल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था

    ग़ज़ा में मौजूद अधिकारियों ने बताया है एक स्कूल पर हुए इसराइली हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है.

    इस स्कूल का उपयोग विस्थापित हुए फ़लस्तीनियों के लिए आश्रय स्थल के तौर पर किया जा रहा था.

    ग़ज़ा में हमास के द्वारा संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी ने बताया है कि रविवार को नुसैरत कैंप पर जमकर गोलीबारी हुई.

    सिविल डिफेंस के प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला अल-मुफ़्ती स्कूल पर किया गया, जहां ग़ज़ा के आसपास के सैकड़ों विस्थापितों ने पनाह ली है.

    इस हमले में एक दर्जन लोग मारे गए जबकि कम से कम 50 लोग घायल हो गए.

    हाल ही में ग़ज़ा के उत्तर में खासा संघर्ष देखने को मिल रहा है. वहां इसराइली सेना मैदानी ऑपरेशन के तहत बड़े स्तर पर हमले कर रही है.

  5. इसराइली सेना के अड्डे पर ड्रोन हमले में चार सैनिकों की मौत, 60 से ज़्यादा घायल

    ड्रोन हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने बताया है कि उत्तरी इसराइल के उसके एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमले में 4 सैनिकों की मौत हुई है जबकि 60 से ज़्यादा घायल हैं.

    इस हमले की ज़िम्मेदारी हिज़्बुल्लाह ने ली है.

    आईडीएफ़ ने बताया कि यह हमला उत्तरी इसराइल के एक नगर हाइफ़ा से 33 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक कस्बे बिन्यामिन के पास एक बेस कैंप पर किया गया.

    हिज़्बुल्लाह के मीडिया ऑफिस ने बताया कि गुरुवार को इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान और बेरूत में हमला किया था. यह ड्रोन हमला उसके जवाब में किया गया.

    इसराइली एंबुलेंस सर्विस एमडीए ने बताया है कि इस हमले में 61 लोग घायल हुए हैं.

    37 घायलों को 8 क्षेत्रीय अस्पतालों में एंबुलेंस या हेलिकॉप्टरों के ज़रिए ले जाया गया है.

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं. कल यानी रविवार के लाइव ब्लॉग की महत्वपूर्ण ख़बरें आप लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    बीबीसी हिंदी की अहम ख़बरें जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए-

    - बाबा सिद्दीकी ने कैसे कराई थी शाहरुख़ और सलमान ख़ान में सुलह- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - पाकिस्तान में ज़ाकिर नाइक ने महिलाओं को लेकर जो कुछ भी कहा, उससे चिढ़े पाकिस्तानी - पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - मध्य-पूर्व में बढ़ती जंग का असर फ़लस्तीन बनने की उम्मीदों पर क्या पड़ेगा? - पूरी ख़बर के लिए इस लिंक परक्लिक करें.

    - बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, सियासत और बॉलीवुड पर थी पकड़- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.