महिला टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, भारत ग्रुप स्टेज से बाहर

पाकिस्तान को 54 रन से हराकर न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है. इसी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम भी ग्रुप स्टेज से बाहर हो चुकी है.

सारांश

  • इसराइल पर किए गए हमले को देखते हुए ब्रिटेन ने ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.
  • जम्मू कश्मीर में 16 अक्तूबर को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण.
  • भारत ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और अन्य राजनयिकों को वापस बुलाने का फ़ैसला किया है.
  • डेरॉन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिनसन को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल.
  • उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई हिंसा के एक दिन बाद सोमवार को दोबारा हिंसा हुई है.
  • लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा इसराइल के हमलों में 51 लोगों की हुई मौत.

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और सौरभ यादव

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, महिला टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, भारत ग्रुप स्टेज से बाहर

    पाकिस्तान को न्यूजीलैंड ने हराया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान को न्यूजीलैंड ने हराया

    पाकिस्तान को 54 रन से हराकर न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है.

    इसी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम भी ग्रुप स्टेज से बाहर हो चुकी है. न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाए. वहीं पाकिस्तान की टीम 56 रन पर सिमट गई.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से सबसे ज़्यादा रन सूज़ी बैट्स ने बनाए. उन्होंने 29 गेंदों में 28 रन की पारी खेली. वहीं ब्रूक हैलिडे ने 22 और जॉर्जिया प्लिमर ने 17 रन जोड़े.

    पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने 15 और फातिमा सना ने 21 रन बनाए. इसके अलावा पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी दहाई के आंकड़ा भी पार नहीं कर सका.

    ग्रुप ए से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुका है. वहीं भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका वर्ल्ड कप जीतने की रेस से बाहर हो चुका है.

  2. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को अनुमति दीजिए. हमने इस पेज के माध्यम से भारत समेत देश दुनिया की अहम ख़बरें आप तक पहुंचाने की कोशिश की.

    इसके अलावा बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर भी कुछ ख़ास रिपोर्ट्स प्रकाशित की गई हैं. आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके दिनभर की कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें पढ़ सकते हैं.

    सोमवार को भारत ने कनाडा के एक 'डिप्लोमैटिक कम्युनिकेशन' को सिरे से ख़ारिज करते हुए बहुत ही कड़ा जवाब दिया है.कनाडा से नाराज़ भारत ने अपने उच्चायुक्त वापस बुलाने की घोषणा की, कनाडा ने कहा- हमने निज्जर मामले में सबूत सौंपे. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार को पाकिस्तान पहुँच रहे हैं. किसी भी भारतीय विदेश मंत्री का पाकिस्तान दौरा क़रीब 10 साल बाद हो रहा है. जयशंकर के पाकिस्तान जाने पर क्या कह रहे हैं वहाँ के एक्सपर्ट, हीना रब्बानी खर ने कहा- स्मार्ट मूव. इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में एक युवक की गोली लगने से मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं.बहराइचः हिंसा में युवक की मौत के बाद बढ़ा सांप्रदायिक तनाव, कई जगह आगजनी. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    उत्तर प्रदेश में बरेली की फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट ने बलात्कार के एक मामले में सुनवाई करते हुए कहा कि ये प्रायोजित तौर पर ‘लव जिहाद’ का मामला है जिसमें विदेशी फंडिंग से इनकार नहीं किया जा सकता. बरेली के फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के फ़ैसले में ‘लव जिहाद’ के ज़िक्र पर क्या कहते हैं क़ानून के जानकार. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  3. मराठी अभिनेता अतुल परचुरे का 57 साल की उम्र में निधन

    अतुल परचुरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मराठी अभिनेता अतुल परचुरे (फाइल फोटो)

    मशहूर मराठी अभिनेता अतुल परचुरे का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है. एक साल पहले ही उन्होंने कैंसर से ठीक होने की जानकारी दी थी.

    अतुल परचुरे मराठी और हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता थे. मराठी फिल्मों, नाटकों और धारावाहिकों मेंं उन्होंने अभिनय किया था.

    अतुल परचुरे ने कैंसर से ठीक होने के बाद दोबारा अभिनय शुरू किया था.

    मराठी अभिनेता जयवंत वाडकर ने बीबीसी की मराठी सेवा को बताया है कि अतुल का कैंसर का इलाज पूरा हो गया था. हालांकि पांच दिन पहले दोबारा परेशानी बढ़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने अतुल परचुरे के निधन पर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख जताया है.

    सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा है, “कभी दर्शकों को हंसाने वाले, कभी उनकी आंखों में आंसू लाने वाले उत्कृष्ट अभिनेता अतुल परचुरे का असामयिक निधन दुखद है. उन्होंने नाटक, फिल्म और धारावाहिक तीनों क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी है.”

  4. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा इसराइल के हमलों में 51 लोगों की हुई मौत

    लेबनान में जारी हैं इसराइल के हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबनान में जारी हैं इसराइल के हमले

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि रविवार को इसराइल के हवाई हमलों में 51 लोगों की मौत हुई है और 174 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    मारे गए लोगों में से 22 लोग उत्तर में माउंट लेबनान इलाके में मारे गए हैं, जबकि 10 लोगों की मौत दक्षिणी नबातिह क्षेत्र में हुई है.

    ब्यूफोर्ट कैसल के पश्चिम में मैफाडाउन गांव में छापेमारी के दौरान पांच लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल हुआ है.

    इसराइली डिफेंस फोर्सेस ने कहा है कि उसकी वायु सेना ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के 200 ठिकानों को निशाना बनाया है जबकि इसराइली सैनिकों ने नजदीकी मुठभेड़ और हवाई हमलों में कई चरमपंथियों को मार दिया है.

    इस बीच हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि उसने उत्तरी इसराइल के पोर्ट सिटी हाइफा के पास स्थित स्टेला मैरिस नौसेना बेस पर हमला किया है.

  5. हमास: 24 घंटों में इसराइली हमलों से 62 फलस्तीनियों की मौत

    गजा में जारी है इसराइली हमले

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में जारी हैं इसराइली हमले

    गजा स्थित, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है पिछले 24 घंटों में गजा में हुए चार इसराइली हमलों में कम से कम 62 लोगों की मौत हुई है और 220 लोग घायल हुए है.

    मंत्रालय ने यह भी बताया कि कुछ लोग अभी भी मलबे के अंदर फंसे हुए है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक उत्तरी ग़ज़ा में आज हुए इसराइली हमलों में 10 लोगों की मौत हुई है.

    रॉयटर्स का कहना है कि जबालिया शरणार्थी कैंप में स्थित एक खाद्य वितरण केंद्र को निशाना बनाया गया है. स्थानीय चिकित्सकों के मुताबिक 30 लोग घायल हुए हैं.

    इन हमलों को लेकर इसराइली डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    रविवार को इसराइल की तरफ से मध्य गजा में स्थित अल-अक्सा अस्पताल परिसर और नुसीरत कैंप के पास हमले किए गए थे.

    7 अक्टूबर 2023 को इसराइल पर हुए हमास के हमले के बाद से इसराइल की तरफ से गजा पर किए गए हमलों में अब तक 42,289 लोग मारे जा चुके है.

  6. ब्रिटेन ने ईरान के सैन्य अधिकारियों और संगठनों पर लगाए प्रतिबंध

    अब्दोलरहीम मौसवी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी सेना के कमांडर अब्दुलरहीम मौसवी (फाइल फोटो)

    एक अक्तूबर को इसराइल पर किए गए हमले को देखते हुए ब्रिटेन ने ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.

    जिन लोगों पर प्रतिबंध लगाया गया है उस सूची में ईरानी सेना के कमांडर और ईरान की सुप्रीम राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्य अब्दुलरहीम मौसवी और ईरानी वायु सेना के कमांडर हामिद वहीदी शामिल हैं.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है, "व्यक्तिगत तौर पर लगाए गए प्रतिबंधों में संपत्ति की जब्ती और यात्रा पर प्रतिबंध शामिल है."

    ईरानी स्पेस एजेंसी की संपत्ति भी फ्रीज की जाएगी. यह एजेंसी बैलिस्टिक मिसाइलों को और बेहतर बनाने की तकनीकी पर काम करती है.

    एक अक्तूबर को ईरान ने इसराइल पर 180 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं थी. इसराइली सेना ने कहा था कि उन्होंने ज्यादातर मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया था.

  7. जम्मू कश्मीर में 16 अक्तूबर को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, OmarAbdullah/twitter

    इमेज कैप्शन, 16 अक्तूबर को जम्मू कश्मीर में होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण

    जम्मू कश्मीर में 16 अक्तूबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा. यह कार्यक्रम 16 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे होगा.

    जम्मू कश्मीर में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के गठबंधन को जीत मिली थी और उमर अब्दुल्लाह को विधायक दल का नेता चुना गया था.

    सोमवार को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पत्र भेजकर नेशनल कॉन्फ्रेंस को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया.

    उपराज्यपाल की ओर से पत्र मिलने के बाद उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की है.

    उमर अब्दुल्लाह ने कहा है, “उप राज्यपाल मनोज सिन्हा जी के प्रधान सचिव ने मुझे पत्र दिया, जिसमें जम्मू-कश्मीर में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है.”

    जम्मू कश्मीर में हुए चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 सीटें और कांग्रेस को छह सीटें मिली थीं.

  8. उत्तर प्रदेश: कानपुर में सड़क हादसे में चार छात्रों सहित पांच लोगों की मौत

    राजेश कुमार सिंह

    इमेज स्रोत, dcpwkanpur/twitter

    इमेज कैप्शन, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार सिंह

    कानपुर में सोमवार को हुए सड़क हादसे में चार छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हुई है.

    कानपुर पुलिस के मुताबिक यह घटना पनकी थाना क्षेत्र के भौंती पुल के ऊपर हुई है.

    पुलिस उपायुक्त पश्चिम राजेश कुमार सिंह ने मामले की पूरी जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा, "बहुत ही दुखद घटना हुई है. पीएसआईटी के चार छात्र जिसमें दो लड़कियां और दो लड़के और एक ड्राइवर जो ऑल्टो कार से जा रहे थे. दो ट्रक ड्राइवरों की गलती से कार बीच में दब गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई है."

    पुलिस उपायुक्त ने कहा है, "मौके पर दोनों ट्रकों को पकड़ लिया गया है. ड्राइवरों की तलाश की जा रही है. इस मामले में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है. जो भी विधिक कार्रवाई होनी है हम उसे कर रहे हैं."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मरने वाले छात्रों के नाम आयुषी पटेल, गरिमा त्रिपाठी, सतीश कुमार और प्रतीक सिंह है. ये सभी छात्र प्राणवीर सिंह इंस्टियूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में पढ़ते थे.

  9. बहराइच में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर अखिलेश यादव ने दी ये प्रतिक्रिया

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई सांप्रदायिक हिंसा हुई थी. इसके एक दिन बाद सोमवार को फिर से हिंसा हुई है.

    बहराइच में हुई हिंसा पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है, “सबसे पहले तो मेरी अपील है कि जो-जो पक्ष इसमें शामिल हैं, सभी लोग क़ानून व्यवस्था बनाए रखें.''

    अखिलेश यादव ने कहा है, “सरकार को न्याय करना चाहिए. एक चौकी इंचार्ज या किसी छोटे अधिकारी को हटाने से क़ानून व्यवस्था नहीं सभलेगी.”

    उन्होंंने कहा है, “शासन की चूक की वजह से इतनी बड़ी घटना हुई है. उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के लोग मनमानी कर रहे हैं. लखीमपुर में सबने देखा कि विधायक को झापड़ मारा गया. बहराइच या और जगह पर भी जो घटनाएं हो रही हैं, उसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की है. इनकी की वोट की राजनीति है, जिसकी वजह से ये जानबूझ कर करा रहे हैं.''

    अखिलेश यादव ने कहा, “जिस समय इस जुलूस को निकालने का काम शुरू हुआ, प्रशासन को इस बात का ध्यान रखना चाहिए था कि जो भी जुलूस निकल रहा है, उसका रूट क्या है. मार्ग पर पूरी सुरक्षा है या नहीं है. प्रशासन को इस बात का ध्यान रखना चाहिए था कि लाउडस्पीकर पर क्या बजाया जा रहा है."

    अखिलेश यादव ने कहा है, “मैं जनता से अपील करूंगा कि भाजपा की चाल को समझिए. ये नफरत या झगड़ा कराकर और समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं."

  10. ताइवान के पास किए गए सैन्य अभ्यास पर चीन ने क्या कहा?

    चीन ने ताइवान के पास किया सैन्य अभ्यास

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उड़ान भरने की तैयारी करता ताइवान का लड़ाकू विमान

    ताइवान के तट के पास चीन ने सोमवार को सैन्य अभ्यास किया है.

    चीन ने कहा है कि उसका यह अभ्यास ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई के दिए बयान के सज़ा के रूप में है. ताइवान के राष्ट्रपति ने अपने भाषण में संप्रभुता पर हुए किसी भी हमले का प्रतिरोध करने की कसम खाई थी.

    ताइवान के स्वशासित द्वीप को चीन अपना बताता है. चीन के राष्ट्रपति शी जिंनपिंग ने ज़रूरत पड़ने पर इसे बलपूर्वक वापस लेने की कसम खाई है.

    ताइवान ने कहा है कि उसने सोमवार को द्वीप के आस-पास चीनी नौसेना के 34 जहाजों और 125 विमानों की मौजूदगी का पता लगाया है.

    चीन की सरकारी समाचार एजेंसी की ओर से जारी किए गए मैप से संकेत मिलता है कि द्वीप के चारों तरफ़ चीन की सेनाएं तैनात थीं. बाद में सोमवार को बताया गया कि सैन्य अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है.

    चीन की सेना ने कहा है कि इस अभ्यास में सेना की तीनों कोर शामिल थे. अभ्यास को ताइवान पर जमीनी, समुद्री और हवाई हमला करने के लिए डिजाइन किया गया था.

    चीनी सेना के प्रवक्ता और वरिष्ठ कैप्टन ली शी ने कहा है कि अभ्यास में उसकी सैनिकों की संयुक्त अभियान की क्षमता को आंका गया है.

  11. झारखंडः मंत्री मिथिलेश ठाकुर के करीबियों के यहां ईडी का छापा, सीएम क्या बोले?, आनंद दत्त, रांची से बीबीसी हिंदी के लिए

    मंत्री मिथिलेश ठाकुर के करीबियों के यहां ईडी की छापेमारी

    इमेज स्रोत, बीबीसी हिन्दी

    इमेज कैप्शन, मंत्री मिथिलेश ठाकुर के करीबियों के यहां ईडी की छापेमारी

    सोमवार की सुबह झारखंड के खेल, युवा एवं पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के निजी सचिव हरेंद्र सिंह, भाई विनय ठाकुर, आईएएस मनीष रंजन, बिजनेस पार्टनर वेदांत खिरवार व कई इंजीनियर्स के यहां ईडी ने छापेमारी शुरू की.

    मामला पेयजल और स्वच्छता विभाग के जल जीवन मिशन में हुए कथित घोटाले से जुड़ा है.

    बता दें, इससे पहले झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम कैश कांड मामले में जेल में बंद हैं.

    एक तरफ ईडी की कार्रवाई चल रही थी, वहीं मंत्री मिथिलेश ठाकुर रांची स्थिति सचिवालय में सीएम हेमंत सोरेन के साथ स्वास्थ्य विभाग के लगभग 500 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधकारियों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे.

    मीडिया से बात करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि छापेमारी की जो कहानी है, ये सब अप्रत्याशित नहीं है.

    उन्होंने ईडी का नाम लिए बगैर कहा कि, चुनाव नजदीक है. ऐसे में हमारे विपक्ष के मुख्य सक्रिय कार्यकर्ता अपने काम पर लग गए हैं.

    मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि, यह ईडी की रेड नहीं है, यह राजनीतिक रेड है. जब बीजेपी को जनता पूरी तरह से नकार चुकी है, तब ये इस तरह का हथकंडा अपनाते हैं, एजेंसियों को लगाते हैं. अगर ईडी पारदर्शिता के साथ काम करे तो हम पूरा सहयोग करेंगे. ईडी कठपुतली न बने, इशारों पर न नाचें.

  12. डेरॉन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिनसन को मिला अर्थशास्त्र का नोबेल

    अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार का एलान कर दिया गया है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार का एलान कर दिया गया है

    साल 2024 के लिए अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार का एलान कर दिया गया है.

    अर्थशास्त्र में इस बार का नोबेल पुरस्कार डेरॉन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिनसन को दिया गया है.

    यह पुरस्कार संस्थानों को किस तरीके से बनाया जाता है और यह समृद्धि को किस तरह से प्रभावित करते हैं, इसके अध्ययन के लिए दिया गया है.

    सोमवार को स्टॉकहोम में यह घोषणा की गई है. डेरॉन ऐसमोग्लू और साइमन जॉनसन मैसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में काम करते हैं और रॉबिन्सन शिकॉगो विश्वविद्यालय में काम करते हैं.

    यह पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति दिया जाता है.

    इससे पहले साल 2024 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार जापान में हुए परमाणु हमले में बचे हुए लोगों के समूह निहोन हिदानक्यो को दिया गया था.इस संगठन के स्थापना साल 1956 में की गई थी.

  13. बहराइच में हुई हिंसा पर समाजवादी पार्टी और प्रियंका गांधी ने क्या कहा?

    बहराइच में हिंसा के बाद हालात को नियंत्रित करते पुलिसकर्मी

    इमेज स्रोत, ANI/Videograb

    इमेज कैप्शन, बहराइच में हिंसा के बाद हालात को नियंत्रित करते पुलिसकर्मी

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई हिंसा के एक दिन बाद सोमवार को फिर हिंसा हुई है.

    बहराइच में हुई हिंसा को लेकर समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को घेरा है.

    समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने एक्स पर लिखा, “दंगा-फसाद, तनाव ही भाजपा का शासन और सत्ता मॉडल है, जो अब यूपी की भाजपा शासित योगी सरकार यूपी में अपना रही है.”

    मीडिया सेल ने कहा, “बहराइच में हुआ बवाल उसी भाजपाई मॉडल का दुष्परिणाम है, जिसमें माइंडवाश किए हुए निर्दोष मारे जा रहे हैं.”

    सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है, “किसी के घर, मकान पर चढ़कर अपना झंडा लहराना और दूसरे का झंडा उखाड़ना, धार्मिक, अभद्र टिप्पणी, उत्तेजक नारे, जुलूस के रूट में परिवर्तन जैसी घटनाएं कोई आम बात नहीं, इसके पीछे स्थानीय भाजपा विधायक, भाजपा के स्थानीय नेताओं और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सज़ा मिलनी चाहिए.”

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)

    बहराइच में हुई हिंसा पर प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है

    उन्होंने कहा, “बहराइच, उत्तर प्रदेश में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं.”

    प्रियंका गांधी ने लिखा, “मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्य प्रशासन से अपील करती हूं कि त्वरित एक्शन लेते हुए, जनता को विश्वास में लें और हिंसा रोकें. दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो.”

    उन्होंने कहा, “जनता से मेरी अपील है कि कृपया कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें.”

    उधर, बहराइच की पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, “हम पूरे हालात को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं. हमने सभी सुरक्षा बलों को यहां तैनात किया है. हालात को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे दंगाइयों को हम हटाने की कोशिश कर रहे हैं. हालात काबू में हैं.”

  14. लेबनान के यूएन बेस में घुसे इसराइली सैनिक

    इसराइल सैनक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सयुंक्त राष्ट्र ने आरोप लगाया कि इसराइल ने दक्षिणी लेबनान में शांति सैनिकों के बेस पर जबरन घुसपैठ की है, जिससे लेबनान में यूएन इंटरिम फोर्स और इसराइली फोर्स के बीच मुठभेड़ की घटनाएं बढ़ी हैं.

    यूनिफिल यानी यूएन इंटरिम फोर्स इन लेबनान के मुताबिक, रविवार को इसराइल सेना के टैंक ने मुख्य गेट को तोड़ दिया था और बाद में गोलीबारी भी की थी, जिससे शिविर में धुआं भर गया. इस कारण 15 शांति सैनिकों को त्वचा में जलन और पेट से संबंधित समस्याएं हो गईं थीं.

    हालांकि, आइडीएफ का कहना है कि घायल सैनिकों को निकालने के लिए उसने (आइडीएफ) यूनिफिल के ठिकानों में प्रवेश किया है.

    इसराइल बार-बार शांति सैनिकों से दक्षिण लेबनान के इलाकों से हटने के लिए आग्रह करता रहा है, जहां लड़ाई चल रही है. यूनिफिल अब तक इसराइल के इन अनुरोधों को नकारता आया है.

    लगभग 50 देशों के क़रीब 10,000 यूएन शांति सैनिक लेबनान में तैनात हैं, जिनके साथ लगभग 800 आम नागरिक भी तैनात हैं.

    सन 1978 से ये सैनिक लितानी नदी और ‘‘ब्लू लाइन’’ के बीच गश्त कर रहे हैं. लेबनान और इसराइल के बीच यूएन मान्यता प्राप्त सीमा को ब्लू लाइन कहा जाता है.

  15. नमस्कार.

    अब तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं. अभी तक की कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    · स्पेसएक्स रॉकेट के ताज़ा टेस्ट की दुनिया में क्यों हो रही है इतनी चर्चा? - पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    · बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में अब तक पुलिस ने क्या की कार्रवाई, कितने लोग हुए गिरफ़्तार? -पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    · गौरी लंकेश की बहन अभियुक्तों का सम्मान करने पर बोलीं- हमारा समाज कहां पहुंच गया है? - पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    उत्तर कोरिया के सैनिक यूक्रेन में क्या रूस के लिए जंग लड़ रहे हैं? - पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  16. बहराइच में दोबारा हिंसा होने पर क्या कह रही है यूपी पुलिस

    बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला

    बहराइच हिंसा पर प्रशासन का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं.

    बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला ने पत्रकारों से कहा है, “हम पूरे हालात को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं. हमने सभी सुरक्षा बलों को यहां तैनात किया है. हालात को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे दंगाइयों को हम हटाने की कोशिश कर रहे हैं. हालात काबू में हैं.”

    दुर्गा मूर्ति के विसर्जन को लेकर रविवार को हुए विवाद में गोली चलने से एक युवक की मौत के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा फैल गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस मामले में 30 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

    एसपी वृंदा शुक्ला ने कहा, “25 से 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है. सभी उपद्रवियों की पहचान की जाएगी और उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.”

    रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करके बताया था कि इस मामले में कठोर कदम उठाने का आदेश दिया गया है.

    वहीं अयोध्या से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए इस घटना के लिए प्रशासन को ज़िम्मेदार बताया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “मैं बहराइच के सभी निवासियों और समाज के सभी तबकों से शांति की अपील करता हूं. यह दिल तोड़ने वाली दर्दनाक घटना है. अगर पुलिस ने तैयारी कर रखी होती, तो इस तरह की घटना नहीं हुई होती. प्रदेश में लोगों के बीच भाईचारा और क़ानून व्यवस्था को बनाए रखने की ज़िम्मेदारी मुख्यमंत्री और प्रशासन की है.”

    उन्होंने कहा, "कौन दोषी है इसकी जांच बाद की बात है, लेकिन उससे पहले इस घड़ी में समाज के वर्गों से मेरा निवेदन है कि वो राजनीति से ऊपर उठकर शांति और सद्भाव कायम करने में हर तरह का योगदान करें."

    एएनआई के मुताबिक, सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई करने को कहा है. उन्होंने कहा, "जो भी दोषी हों, चाहे वो पुलिसकर्मी ही क्यों न हों, उन पर कार्रवाई की जाए."

    अवधेश प्रसाद ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि सीएम हालात को क़ाबू करने में सफल हों ताकि यह घटना अन्य ज़िलों में प्रभाव न डाले."

  17. चीन दिखा रहा ताक़त या ताइवान पर हमला करने की है योजना?

    शी जिनपिंग के शासनकाल में चीन ने सेना पर निवेश को बढ़ाया है.

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग के शासनकाल में चीन ने सेना पर निवेश को बढ़ाया है.

    फ्रैंक गार्डनर

    सुरक्षा संवाददाता

    चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी के सैन्य अभ्यास का मक़सद ताइवान को धमकाना है.

    बीजिंग ने बहुत पहले क़सम खाई थी कि वो ताइवान को महाद्वीप में मिलाकर रहेगा, अगर ज़रूरत पड़ी तो वो इसके लिए बल प्रयोग भी करेगा.

    दरअसल, चीन में चाइनीज़ कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना को 2049 में सौ साल पूरे होंगे. चीन की कोशिश इस शताब्दी वर्ष से पहले ताइवान को महाद्वीप में शामिल करने की है.

    आदर्श रूप में, तो यह ऐसे होगा, जहां गुस्से से एक भी गोली नहीं चलाई जाएगी और ताइपे स्वेच्छा से चीन के सामने समर्पण कर देगा, मगर ताइवान की जनसंख्या ने हाल ही में हॉन्ग कॉन्ग में लोकतंत्र के दमन को देखा है, और इसके बाद से ज़्यादातर लोग इस बात के लिए इच्छुक नहीं हैं कि उन पर किसी एक कम्युनिस्ट पार्टी का शासन रहे.

    दरअसल, बीजिंग की यह प्रतिक्रिया ताइवान को चीन की रणनीतिक श्रेष्ठता की याद दिलाना है.

    हाल ही में चीन ने सभी इलाक़ों में बड़े स्तर पर सैन्य तैनाती की थी.

    इनमें हाइपरसोनिक मिसाइल, एयरक्राफ्ट कैरियर्स, परमाणु हथियार और पाँचवीं जनरेशन के लड़ाकू एयरक्राफ्ट शामिल हैं.

    पीएलए नेवी अब दुनिया में सबसे बड़ी नौसेना बन चुकी है. और यह लगातार बढ़ रही है.

    बावजूद इसके बड़े स्तर पर ताइवान पर हमला चाइनीज़ कम्युनिस्ट पार्टी के लिए आख़िरी सहारा होगा. क्योंकि, इसमें बहुत ज़्यादा ख़र्च होगा. और वैश्विक अर्थव्यवस्था को यह कदम जन शक्ति और आर्थिक तौर पर नुक़सान पहुंचाएगा.

    बीजिंग के लिए एक बड़ा अज्ञात तथ्य यह भी है कि ताइवान को बचाने के लिए अमेरिका अभी तक कितना तैयार है?

  18. मुंबई में पांच टोल प्लाज़ा पर हल्के वाहनों को नहीं देना होगा टोल

    मुंबई टोल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुंबई में दाख़िल होने के लिए पांच टोल प्लाज़ा पड़ते हैं

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को यह एलान किया है कि मुंबई में दाख़िल होते समय रास्ते में पड़ने वाले पांच टोल प्लाज़ा पर हल्के वाहनों से कोई भी फ़ीस नहीं ली जाएगी.

    यह फ़ैसला मंगलवार रात को 12 बजे से लागू होगा.

    ये पांच टोल प्लाज़ा वाशी, एरोली, मुलुंड (एलबीएस रोड), मुलुंड (ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे) और दहिसार में स्थित है.

    यह फ़ैसला महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से कुछ दिनों पहले लिया गया है.

    इस साल की शुरुआत में हल्के वाहनों पर टोल फीस बढ़ाकर 45 रुपये कर दी गई थी, जो हर तीन साल में निर्धारित रूप से बढ़ती है.

    साल 2000 से, मुंबई में आने वाले लोग शहर के प्रवेश द्वार पर टोल फीस दे रहे हैं, जो महाराष्ट्र सरकार द्वारा क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण से संबंधित लागत की भरपाई के लिए लागू की गई है.

    गौरतलब है कि हर दिन 6 लाख से अधिक वाहन मुंबई से आते और जाते हैं.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी के बहराइच में दोबारा हिंसा, अस्पताल और दुकानों में लगाई गई आग

    एक मोटरसाइकिल के शोरूम में भी आग लगाई गई है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एक मोटरसाइकिल के शोरूम में भी आग लगाई गई है

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई हिंसा के एक दिन बाद सोमवार को दोबारा हिंसा हुई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई के मुताबिक़, ज़िले में भारी पुलिस बल की तैनाती है और इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने हिंसा की है. इस दौरान अस्पताल और दुकानों में आग लगाई गई है.

    रविवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में एक शख़्स की मौत हुई थी. इसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करके बताया था कि इस मामले में कठोर कदम उठाने का आदेश दिया गया है.

    उन्होंने लिखा था, “जनपद बहराइच के महसी में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सभी को सुरक्षा की गारंटी, लेकिन उपद्रवियों और जिनकी लापरवाही से घटना घटी है, ऐसे लोगों को चिह्नित कर कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.”

    “प्रतिमा विसर्जन जारी रहेगा. प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर धार्मिक संगठनों से संवाद कर समय से प्रतिमा विसर्जन कराने हेतु निर्देशित किया है.”

  20. चीन के सैन्य अभ्यास पर ताइवान ने दिया जवाब, अमेरिका भी रख रहा है नज़र

    ताइवान के सैनिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ताइवान के सैनिक (सांकेतिक तस्वीर)

    चीन की सेना के समुद्री क्षेत्र में ताइवान के आसपास किए गए सैन्य अभ्यास को लेकर ताइवान ने प्रतिक्रिया दी है.

    ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई के कार्यालय से एक बयान जारी हुआ है.

    लाई के कार्यालय ने कहा है, ‘‘चीन को ताइवान के लोगों की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक जीवन जीने के तरीके का सम्मान करना चाहिए, और अपनी सैन्य घुसपैठ को रोकना चाहिए.’’

    इसमें यह भी कहा गया है कि ताइवान की सीमा के दोनों तरफ शांति और स्थिरता बनाए रखना एक साझा ज़िम्मेदारी है.

    “हमारी सरकार हमारी संवैधानिक व्यवस्था के लोकतंत्र और आज़ादी को बचाए रखने के लिए लगातार कोशिश करती रहेगी. हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को बनाए रखने में आश्वस्त और सक्षम हैं.’’

    वहीं, रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के ऑफिस ने कहा कि वह ताइवान के आस-पास चीन के सैन्य अभ्यास पर निगरानी रख रहे हैं.

    अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि लाई के रुटीन भाषण के बाद इस तरह के अभ्यास का कोई औचित्य नहीं है. चीन को क्षेत्र की शांति और स्थिरता ख़तरे में डालने से बचना चाहिए.