You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी वित्त मंत्री बोले- टिकटॉक को लेकर अमेरिका और चीन के बीच डील का फ़्रेमवर्क तैयार

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका और चीन के बीच टिकटॉक के अमेरिकी ऑपरेशन की ओनरशिप को लेकर डील का "फ़्रेमवर्क" तैयार हो गया है.

सारांश

  • अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका और चीन के बीच टिकटॉक के अमेरिकी ऑपरेशन की ओनरशिप को लेकर डील का "फ़्रेमवर्क" तैयार हो गया है.
  • सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने कहा है कि उसे रिलायंस फ़ाउंडेशन के प्राइवेट चिड़ियाघर, वनतारा के मैनेजमेंट में "कोई गड़बड़ी" नहीं मिली है.
  • इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि हमास के नेताओं पर भविष्य में भी हमले किए जा सकते हैं.
  • एशिया कप में पाकिस्तान के साथ मैच खेलने पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, "आतंकवाद रुकना चाहिए, यह सबसे ज़रूरी है, लेकिन खेल भी नहीं रुक सकते."
  • पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच के मैच रेफ़री एंडी पाइक्रॉफ़्ट को टूर्नामेंट के बाकी मैचों से "तुरंत हटाने" की मांग की है.

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. इनकम टैक्स रिटर्न भरने का आज आख़िरी दिन, तारीख़ बढ़ने की ख़बरों पर आयकर विभाग ने क्या कहा?

    इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) फ़ाइल करने की आज आख़िरी तारीख़ है. इनकम टैक्स विभाग ने बताया है कि आईटीआर फ़ाइल करने की तारीख़ को नहीं बढ़ाया गया है.

    दरअसल, बीते दिनों ऐसी ख़बरें सामने आई थीं कि आईटीआर फ़ाइल करने की आखिरी तारीख़ को बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है. इन ख़बरों को इनकम टैक्स विभाग ने फ़र्ज़ी करार दिया है.

    इनकम टैक्स विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के ज़रिए जानकारी दी, "एक फ़र्ज़ी ख़बर प्रसारित हो रही है, जिसमें कहा गया है कि आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 30.09.2025 कर दिया गया है."

    विभाग ने कहा, "आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 15.09.2025 है."

    इस साल बजट की घोषणा के वक़्त वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नए टैक्स स्लैब की घोषणा की थी. इस घोषणा के मुताबिक़ अगर किसी व्यक्ति की सालाना आय 12 लाख रुपये तक है तो उसे इनकम टैक्स नहीं देना होगा.

  2. एडोलसेंस के अभिनेता ओवेन कूपर ने जीता एमी अवॉर्ड, यह उपलब्धि हासिल की

    नेटफ़्लिक्स की मिनी-सिरीज़ एडोलसेंस से पहचान बनाने वाले 15 साल के ओवेन कूपर ने इतिहास रच दिया है. वह सबसे कम उम्र में एमी अवॉर्ड जीतने वाले अभिनेता बन गए हैं.

    कूपर को ड्रामा सिरीज़ में लीड एक्टर का अवॉर्ड मिला. यह पहली बार है जब इतनी कम उम्र में किसी कलाकार ने यह सम्मान हासिल किया है.

    एमी अवॉर्ड मिलने के बाद कूपर ने कहा, "जब मैंने ड्रामा क्लासेस शुरू की थीं तो मुझे उम्मीद भी नहीं थी कि मैं अमेरिका तक आ पाऊंगा, यहां तक (एमी) तो बिल्कुल भी नहीं."

    उन्होंने आगे कहा, "तीन साल पहले मैं कुछ भी नहीं था और आज मैं यहां खड़ा हूं. अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलिए, अगर आप थोड़े शर्मिंदा भी हो जाएं तो किसे परवाह है?"

    अवॉर्ड हासिल करने के बाद ओवेन कूपर ने प्रेस रूम में कहा कि यह अवॉर्ड उनके लिए बहुत मायने रखता है.

    एडोलसेंस चार एपिसोड वाली नेटफ़्लिक्स की एक सिरीज़ है, जिसमें स्टीफ़न ग्राहम अहम किरदार निभा रहे हैं. इस सिरीज़ का हर सीन एक शॉट में शूट किया गया है. सिरीज़ के निर्देशक फिलिप बैरंटिनी हैं.

  3. ट्रंप ने अमेरिका में भारतीय मूल के मोटेल मैनेजर की हत्या के बाद आप्रवासियों पर साधा निशाना

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डलास में भारतीय मूल के मोटेल मैनेजर चंद्र नागमल्लैया की हत्या के बाद अमेरिका में ग़ैरक़ानूनी तौर पर रह रहे आप्रवासियों पर निशाना साधा है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझे टेक्सस के डलास में चंद्र नागमल्लैया की हत्या की ख़बरों की जानकारी है. वह एक सम्मानित व्यक्ति थे, जिन्हें उनकी पत्नी और बेटे के सामने ही बेरहमी से सिर काटकर मार डाला गया."

    उन्होंने कहा, "यह अपराध ग़ैरक़ानूनी तौर पर रह रहे क्यूबा के एक व्यक्ति ने किया है, जिसे हमारे देश में कभी भी नहीं होना चाहिए था. इस व्यक्ति को पहले भी गंभीर अपराधों के लिए गिरफ़्तार किया गया था."

    ट्रंप ने कहा, "अब इन ग़ैरक़ानूनी आप्रवासी अपराधियों के साथ नरमी का समय ख़त्म हो चुका है. मेरी टीम अमेरिका को फिर से सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रही है."

    ट्रंप ने बताया कि चंद्र नागमल्लैया की हत्या का अभियुक्त अब हिरासत में है. उन्होंने कहा कि अभियुक्त के ख़िलाफ़ हत्या का मुक़दमा चलेगा और कड़ी क़ानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा.

    बीते हफ़्ते टेक्सस के डाउनटाउन सुइट्स मोटेल में 50 साल के भारतीय मूल के चंद्र नागमल्लैया की हत्या कर दी गई थी. उनकी हत्या पत्नी और बेटे के सामने की गई थी.

    पुलिस के मुताबिक़, यह हत्या वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई. चंद्र नागमल्लैया, मोटेल मैनेजर थे और इस हत्या का संदिग्ध उनका सहकर्मी है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं.

  4. भारत-पाकिस्तान मैच के बाद पहलगाम हमले का ज़िक्र कर गौतम गंभीर क्या बोले?

    एशिया कप 2025 के लीग मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया है. मैच के बाद कोच गौतम गंभीर ने पहलगाम हमले पर बयान दिया है.

    गौतम गंभीर ने कहा, "अच्छी जीत रही. अभी भी बहुत ज़्यादा क्रिकेट बाकी है. यह मैच इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि एक टीम के तौर पर हम पहलगाम हमले के पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाना चाहते थे."

    गंभीर ने कहा, "और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हम अपने सशस्त्र बलों को उनके सफ़ल 'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं. हम अपने देश को गौरवान्वित और ख़ुश रखने की कोशिश करेंगे."

    दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जीत के लिए 20 ओवर में 128 रन का लक्ष्य रखा था. भारत ने इस लक्ष्य को 15.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर ही हासिल कर लिया.

    मैच से पहले भारत में इसका बहिष्कार करने की मांग हो रही थी. कई राजनीतिक दलों और पहलगाम हमले के पीड़ित परिवारों ने भी मैच पर सवाल उठाए थे. उनका तर्क था कि भारत को पाकिस्तान का हर तरह से बहिष्कार करना चाहिए.

    संबंधित कहानियां:

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.