डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल को मान्यता देने वाले समझौते पर अरब और मुस्लिम देशों से क्या कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अरब और मुस्लिम देशों के नेताओं के साथ शनिवार को हुई बातचीत की जानकारी साझा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान पर क्या कहा?

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक भारत यात्रा पर हैं

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में सोमवार को कहा कि भारत हमेशा पाकिस्तान की ज़मीन से संचालित 'आतंकी संगठनों' को लेकर चिंतित रहता है.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने पाकिस्तान के अमेरिका-ईरान विवाद में मध्यस्थ बनने पर कोई चिंता जताई है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर भारत ने कभी शिकायत नहीं की.

    रुबियो ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "भारत हमेशा यह बात उठाता है कि पाकिस्तान की ज़मीन से आतंकी संगठन काम करते हैं, जो भारत को निशाना बनाते हैं. लेकिन जहां तक ईरान मामले में पाकिस्तान की भूमिका मध्यस्थ के तौर पर रही, उस पर कभी बात नहीं हुई."

    उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि भारत इस पर शिकायत करेगा. उनका मुद्दा पाकिस्तान से अलग है."

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक भारत यात्रा पर हैं. बतौर विदेश मंत्री भारत की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है.

    गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, दोनों देशों के बीच एक दौर की बातचीत की मेज़बानी भी कर चुका है.

  2. पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़े पर कांग्रेस ने क्या कहा?

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Saqib Majeed/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में यह 10 दिन के भीतर चौथी बढ़ोतरी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस ने पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि 'महंगाई मैन' की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही.

    दरअसल, सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की कीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी हुई है.

    अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के दाम 102 रुपये 12 पैसे और डीज़ल का भाव 95 रुपये 20 पैसे हो गया है.

    इस पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया. आज फिर पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ा दी गईं. अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं."

    आगे लिखा "लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं- लेकिन महंगाई मैन की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही."

    पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में यह 10 दिन के भीतर चौथी बढ़ोतरी है.

    इससे पहले भारत में शनिवार यानी 23 मई को भी पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई थी. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था.

    इस महीने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीज़ल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को भी क़रीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई.

  3. विराट कोहली से विवाद के बाद ट्रैविस हेड के ट्रोल होने पर उनकी पत्नी ने क्या कहा

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, हैदराबाद में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ट्रैविस हेड और भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली के बीच विवाद हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है. यह सब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ट्रैविस हेड और भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली के बीच हुए विवाद के बाद हुआ.

    दरअसल, शुक्रवार रात हैदराबाद में खेले गए मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने थे. मैच के दौरान कोहली और ट्रैविस हेड के बीच कई इशारे हुए, लेकिन जब मैच ख़त्म हुआ और ट्रैविस हेड ने हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया तो कोहली नज़रअंदाज़ करते हुए आगे बढ़ गए.

    इस वाक़ये के बाद कोहली के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर ट्रैविस हेड पर हमला शुरू कर दिया.

    ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट द एडवरटाइज़र से कहा, "यह उसी दुर्व्यवहार जैसा लग रहा है जो वर्ल्ड कप के बाद हुआ था."

    जेसिका ने कहा, "सुबह उठते ही सोशल मीडिया पर गालियां दिखीं… हम ठीक हैं लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार को निशाना बना रहे हैं. खेल में जोश और जुनून तो रहेगा ही, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों से बात करने का तरीक़ा भी मायने रखता है."

    गौरतलब है कि राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइज़र्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स को 55 रन से हराया. कोहली ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए और मैच ख़त्म होने पर हेड से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया.

    मैच के दौरान हेड और कोहली के बीच तीखी बहस हुई, हालांकि यह साफ़ नहीं है कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ.

  4. फाल्टा विधानसभा सीट के नतीजे पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का बीजेपी पर अटूट भरोसा है

    पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बड़ी जीत दर्ज की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे 'लोकतंत्र की जीत' बताया है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फाल्टा के लोगों ने अपनी बात कह दी. लोकतंत्र जीता है और डराने की कोशिश हार गई है.

    "श्री देबांग्शु पांडा जी को फाल्टा में रिकॉर्ड मार्जिन से जीतने पर बधाई. यह दिखाता है कि पश्चिम बंगाल के लोगों का बीजेपी पर अटूट भरोसा है. लोग पश्चिम बंगाल सरकार का अलग-अलग क्षेत्रों में किया गया बेहतरीन काम देख रहे हैं और इसलिए उन्होंने हमें और आशीर्वाद देने का फ़ैसला किया."

    उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल के सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, उन्होंने शानदार काम किया है. हम आगे भी पश्चिम बंगाल की तरक़्क़ी के लिए काम करते रहेंगे."

    उल्लेखनीय है कि बीजेपी के देबांग्शु पांडा एक लाख से ज़्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं. उन्होंने 1,49,666 यानी कि 71.2% वोट हासिल किए.

    दूसरे नंबर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के शंभु नाथ कुर्मी रहे, जिन्हें 40645 (19.34%) वोट मिले. कांग्रेस यहाँ तीसरे नंबर पर रही जिसके प्रत्याशी अब्दुर रज़्ज़ाक को 10084 (4.8%) वोट मिले.

    तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर ख़ान के नाम पर भी 7783 (3.7%) वोट मिले हैं, हालांकि मतदान से पहले उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का एलान किया था.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने कॉल पर कहा- आई लव पीएम मोदी, वो मेरे दोस्त हैं

    ट्रंप और मोदी

    इमेज स्रोत, Mark Wilson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत मुझ पर और हमारे देश पर भरोसा कर सकता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी को बहुत पसंद करते हैं और भारत अमेरिका पर भरोसा कर सकता है.

    दरअसल, अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक समारोह हो रहा था. इस दौरान अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने लाइव कॉल के ज़रिए डोनाल्‍ड ट्रंप को समारोह से जोड़ा.

    ट्रंप ने कॉल पर कहा, "आई लव प्राइम मिनिस्टर मोदी. वो बहुत अच्छे हैं, वो मेरे दोस्त हैं. मैं कहना चाहता हूं कि आप लोग बहुत अच्छे हैं. भारत और अमेरिका कभी इतने क़रीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है."

    "अगर उन्हें कभी मदद चाहिए होगी, तो उन्हें पता है किसे कॉल करना है. वो यहीं कॉल करेंगे. हम अच्छा कर रहे हैं, हम रिकॉर्ड बना रहे हैं. हमारी अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड स्तर पर है, हमारा स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर है. मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं."

    गौरतलब है कि 23 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और पीएम मोदी की मुलाक़ात हुई थी. तब सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया है.

  6. ईरान युद्ध पर बोले डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'मैं ख़राब समझौते नहीं करता'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, NISHIMURA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर मैं ईरान के साथ समझौता करता हूं, तो वह अच्छा और सही होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर बातचीत करने वाले अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि जल्दबाज़ी में समझौता ना करें.

    हालांकि, इससे पहले रिपोर्टों में कहा गया था कि समझौता क़रीब है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि वो ईरान के साथ अच्छा समझौता करेंगे. इस दौरान उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान हुए समझौते की आलोचना की.

    अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, जिस समझौते पर अब चर्चा हो रही है उसमें 60 दिन का युद्धविराम बढ़ाना, होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत शामिल है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर मैं ईरान के साथ समझौता करता हूं, तो वह अच्छा और सही होगा. ओबामा वाला नहीं, जिससे ईरान को बहुत सारा नक़द पैसा मिला और परमाणु हथियार बनाने का रास्ता खुल गया.

    "हमारा समझौता बिल्कुल उल्टा है, लेकिन किसी ने इसे देखा नहीं है और किसी को पता भी नहीं है कि यह क्या है. यह अभी पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है. इसलिए उनकी मत सुनो जो इसकी आलोचना कर रहे हैं, इसके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं है."

    उन्होंने लिखा, "मुझसे पहले वालों को यह समस्या कई साल पहले हल करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने नहीं किया. मैं ख़राब समझौते नहीं करता."

    गौरतलब है कि रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उम्मीद जताई थी कि वो दूसरे दौर की बातचीत की मेज़बानी करेंगे.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.