You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप और मस्क बीच टकराव गहराया, अब तक क्या-क्या हुआ?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों में शामिल एलन मस्क के बीच असहमतियां अब खुलकर सामने आ गई हैं और इसने ज़ुबानी जंग की शक्ल ले ली है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप और मस्क बीच टकराव गहराया, अब तक क्या-क्या हुआ?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों में शामिल एलन मस्क के बीच असहमतियां अब खुलकर सामने आ गई हैं और इसने ज़ुबानी जंग की शक्ल ले ली है.

    नौबत ये आ गई है कि ट्रंप ने संघीय सरकार के साथ बड़े पैमाने पर होने वाले एलन मस्क के कारोबारी सौदों को लेकर धमकी दी. वहीं, मस्क ने ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग लाने की मांग की. मस्क ने कहा कि ट्रंप उनकी कंपनियों की फंडिंग घटाकर तो देखें.

    ये माना जा रहा है कि दोनों के इस टकराव के केंद्र में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का टैक्स एंड स्पेंडिंग बिल है, जिससे मस्क नाख़ुशी ज़ाहिर कर चुके हैं.

    ट्रंप ने इसे 'बिग एंड ब्युटिफ़ुल बिल' कहा है. ये बिल टैक्स कटौती, सरकारी फ़ायदा पाने वालों के लिए सख़्त नियम और कर्ज़ लेने की सीमा को बढ़ाने की बात करता है.

    अनुमानों के मुताबिक, ये बिल अमेरिकी बजट घाटे को करीब 600 अरब डॉलर तक बढ़ा देगा. हाउस ऑफ़ रिपब्लिकन्स में ये बिल मई में मुश्किल से पास हो पाया था.

    अब ये बिल अमेरिकी सीनेट में है, जहां इस बिल के प्रावधानों में बदलाव का मौका होगा. आख़िर में ये बिल ट्रंप की मंज़ूरी के लिए जाएगा.

    ट्रंप और मस्क के बीच जारी विवाद, आज क्या-क्या हुआ

    अमेरिकी सदन के स्पीकर माइक जॉनसन चाहते हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच सुलह हो जाए.

    बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस की रिपोर्ट के अनुसार माइक जॉनसन का कहना है कि "अगर सब कुछ ठीक हो गया तो यह पार्टी और देश के लिए अच्छा होगा."

    इस बीच, सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट आई कि ट्रंप अपनी टेस्ला कार बेचने के बारे में सोच रहे हैं.

    ये भी ख़बरें आ रही थीं कि दोनों दिग्गजों के बीच आज कोई बातचीत हो सकती है, हालांकि व्हाइट हाउस ने बीबीसी को बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप आज मस्क से बात नहीं करेंगे.

    ट्रंप ने आज कई अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स से बात की, जिसमें उन्होंने मस्क को एक ऐसा शख़्स बताया, जिसका 'दिमाग ख़राब' हो गया है.

    वहीं आज मस्क की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

    राष्ट्रपति ट्रंप और उनके पूर्व सलाहकार मस्क के बीच मतभेद गुरुवार को सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गया, जिसकी शुरुआत ट्रंप ने यह कहते हुए की कि वह अपने स्पेंडिंग बिल को लेकर मस्क की आलोचनाओं से 'निराश' हैं.

    मस्क ने इसके बाद ट्रंप पर 'कृतघ्नता' यानी 'एहसान फरामोशी' का आरोप लगाया. मस्क ने कहा, "मेरे बिना, ट्रंप चुनाव हार जाते."

  3. कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने अपने राजनीतिक सचिव को पद से क्यों हटाया?, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में मची भगदड़ के बाद अपने राजनीतिक सचिव के. गोविंदराज को बर्ख़ास्त कर दिया है. इसके अलावा सीएम ने राज्य के खुफ़िया प्रमुख हेमंत निंबालकर को भी उनके पद से हटा दिया है.

    इससे पहले गुरुवार को सीएम सिद्धारमैया ने बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद और अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारियों निलंबित किया था.

    गोविंदराज का प्रशासन में काफी दबदबा है क्योंकि वह कर्नाटक ओलंपिक संघ के अध्यक्ष भी हैं.

    नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया कि मीडिया को दिए गए गोविंदराज के बयान से कि 'कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) स्टेडियम में आरसीबी टीम के सम्मान समारोह के आयोजन से उनका कोई लेना-देना नहीं है', इस पर 'मुख्यमंत्री नाराज हो गए.'

    वहीं निंबालकर की जगह दूसरे एडीजीपी रैंक के अधिकारी एस रवि को नियुक्त किया गया है, जो सचिवालय में गृह सचिव-2 का पद संभाल रहे थे. निंबालकर सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त के पद पर बने रहेंगे.

    कई पुलिस अधिकारियों के निलंबन के बाद अन्य पुलिस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है.

  4. बांग्लादेश में इस साल नहीं होंगे चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने बताई तारीख

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने देश में चुनाव की संभावित तारीख़ की घोषणा कर दी है.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़ शुक्रवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अगले राष्ट्रीय चुनाव अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में होंगे.

    उन्होंने यह भी कहा कि इस घोषणा के आधार पर चुनाव आयोग उचित समय पर चुनावों के लिए विस्तृत रोडमैप उपलब्ध कराएगा.

    बांग्लादेश की मुख्य पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) समेत कई राजनीतिक दल चुनावी रोडमैप की लगातार मांग कर रहे थे. बीएनपी इस साल दिसंबर तक चुनाव कराने की मांग कर रही थी.

    हालांकि, मोहम्मद यूनुस ने कई बार कहा कि चुनाव इस साल के दिसंबर से अगले साल जून के बीच होने चाहिए.

    इस मुद्दे पर उन्होंने हाल ही में अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात की थी.

  5. एलन मस्क के बारे में ट्रंप ने कहा- 'उनका दिमाग ख़राब हो गया है'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा है कि एलन मस्क का 'दिमाग ख़राब' हो गया है और फ़िलहाल वो उनसे बात नहीं करना चाहते हैं.

    ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया आउटलेट एबीसी न्यूज़ से कहा है कि एलन मस्क से बात करने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है.

    ट्रंप की ये प्रतिक्रिया उन रिपोर्ट्स के बाद आई है, जिसमें कहा जा रहा था कि आज मस्क और ट्रंप की फ़ोन पर बात हो सकती है.

    दुनिया के सबसे अमीर शख़्स एलन मस्क और सबसे ताक़तवर नेता डोनाल्ड ट्रंप के बीच आपसी टकराव चल रहा है. एबीसी न्यूज़ को फ़ोन पर दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने मस्क को एक ऐसा शख़्स बताया, जिसका 'दिमाग ख़राब' हो गया है.

    मस्क और ट्रंप के बीच बातचीत होने की ख़बरों पर व्हाइट हाउस ने बीबीसी को बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप आज मस्क से बात नहीं करेंगे.

    सीएनएन से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मैं एलन के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं. उन्हें कोई समस्या है."

  6. कनाडा में होने जा रहे जी-7 समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी, कहा- मार्क कार्नी ने फ़ोन किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानकारी दी है कि उन्हें कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है.

    कांग्रेस ने इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी को न्योता नहीं मिलने की बात कही थी. कांग्रेस ने इसे कूटनीतिक चूक बताया था.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस बारे में 3 जून को एक एक्स पोस्ट में लिखा था, "इस बार ब्राज़ील, मेक्सिको, दक्षिण अफ़्रीका और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों तथा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री को भी आमंत्रित किया गया है...यह एक और बड़ी कूटनीतिक चूक है."

    अब शुक्रवार को पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है, "कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फ़ोन पर बात करके खुशी हुई. हाल ही में हुए चुनाव में उनकी जीत पर उन्हें बधाई दी और इस महीने के आख़िर में कानानास्किस में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया."

    पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा आपसी सम्मान और साझा हितों के मार्गदर्शन में नए जोश के साथ मिलकर काम करेंगे.

    पीएम ने लिखा, "शिखर सम्मेलन में हमारी मुलाक़ात की प्रतीक्षा है."

    इस साल जी-7 देशों का शिखर सम्मेलन 15 से 17 जून तक कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कानानास्किस में आयोजित किया जा रहा है. इस सम्मेलन में अमेरिका, फ़्रांस, ब्रिटेन, जापान, इटली, जर्मनी और कनाडा के शीर्ष नेताओं की भागीदारी होगी.

  7. जम्मू-कश्मीर में पीएम मोदी ने चिनाब ब्रिज का किया उद्घाटन, क्या है इसमें ख़ास?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जम्मू-कश्मीर में 46,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

    उन्होंने चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का लोकार्पण किया.

    पीएम ने कहा, "चिनाब ब्रिज, दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्क ब्रिज है. लोग फ्रांस में, पेरिस में एफ़िल टावर देखने के लिए जाते हैं और ये ब्रिज एफ़िल टावर से भी बहुत ऊंचा है."

    "हमारा अंजी ब्रिज भी इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना है. ये भारत का पहला केबल सपोर्टेड रेलवे ब्रिज है."

    प्रधानमंत्री ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) प्रोजेक्ट भी देश को समर्पित किया.

    पीआईबी की ओर से ज़ारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट पर करीब 43,780 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिसमें 36 सुरंगें (119 किलोमीटर तक फैली) और 943 पुल शामिल हैं.

    पीएम मोदी ने कहा, "आज वादी-ए-कश्मीर भारत के रेल नेटवर्क से जुड़ गई है. उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लाइन प्रोजेक्ट, ये सिर्फ़ नाम नहीं है. ये जम्मू-कश्मीर के नए सामर्थ्य की पहचान है."

    प्रधानमंत्री ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर और वापस जाने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई.

    प्रधानमंत्री ने कटरा में 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल एक्सीलेंस की आधारशिला भी रखी. यह रियासी ज़िले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा.

    इसके अलावा पीएम ने कई सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी और उद्घाटन किया.

    पीएम ने कहा कि 46 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स जम्मू और कश्मीर के विकास को नई गति देंगे.

  8. अब रूस का यूक्रेन के कई इलाकों में बड़ा हमला, ज़ेलेंस्की ने बताया- तीन लोगों की मौत हुई

    रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के अनुसार रूस का हमला लगभग पूरे यूक्रेन पर था.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि रूस शहरों और गांवों को निशाना बना रहा है. वहीं रूस ने कहा है कि उसने यूक्रेन में सैन्य ठिकानों पर हमला किया.

    ज़ेलेंस्की ने कहा- रूसी हमले में आज 3 की मौत, 49 घायल

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया, "आज के (रूसी) हमले में कुल मिलाकर 400 से अधिक ड्रोन और 40 से अधिक मिसाइलों (बैलिस्टिक मिसाइलों सहित) का इस्तेमाल किया गया. 49 लोग घायल हुए. दुर्भाग्य से, ये संख्या बढ़ सकती है."

    उनके मुताबिक़ इस हमले में अब तक, तीन मौतों की पुष्टि हुई है और सभी मृतक यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस के कर्मी थे.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस शहरों और गांवों पर हमला कर रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका, यूरोप और दुनिया भर को युद्ध रोकने के लिए रूस पर दबाव डालना चाहिए.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?

    बीबीसी के इयान केसी और पॉल एडम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी सेना की ओर से किए गए हमले "कीएव शासन के आतंकवादी कृत्यों" के जवाब में थे.

    रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके सशस्त्र बलों ने "रात भर में उच्च सटीकता वाले लंबी दूरी के हवाई, समुद्री और ज़मीनी हथियारों के साथ-साथ ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए."

    यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दिए जाने के बाद किया गया है, जिसमें उन्होंने हाल ही में यूक्रेन की ओर से रूसी एयरबेसों पर किए गए हमलों का जवाब देने की बात कही थी.

  9. बेंगलुरु में मची भगदड़ का मामला सीआईडी को सौंपा जाएगा, नए पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी

    बेंगलुरु सिटी के नये पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार ने बताया है कि बेंगलुरु भगदड़ का मामला सीआईडी को सौंपा जाएगा.

    सीमांत कुमार ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमने टीमें बनाई हैं, हमने कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है. कानूनी कार्रवाई चल रही है और मामला सीआईडी ​​को सौंप दिया जाएगा."

    उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए कहा, "यह कैसे हुआ और क्यों हुआ - ऐसा भविष्य में नहीं होना चाहिए और इस घटना में पीड़ित लोगों और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं... ऐसा नहीं होना चाहिए था...हमें ऐसे उपाय करने होंगे कि भविष्य में ऐसा न हो."

    चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 लोग घायल हुए थे.

    इस मामले में गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद सहित कई शीर्ष पुलिस अधिकारियों को निलंबित किए जाने की जानकारी दी थी.

    इसके बाद, सीमांत कुमार सिंह को बेंगलुरु सिटी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. उन्होंने शुक्रवार को ये पदभार संभाला.

  10. भारत में कोविड-19 के एक्टिव केस 5 हज़ार पार, इस राज्य में सबसे ज़्यादा मामले

    भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 के एक्टिव मामले 5 हज़ार के पार हो गए हैं.

    मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक़ देश में कोविड-19 के कुल 5,364 एक्टिव मामलों की पुष्टि हुई है.

    इसमें ज़्यादातर मामलों की पुष्टि केरल में हुई है. केरल के बाद सबसे ज़्यादा केस गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में सामने आए हैं.

    केरल में कोविड के 1679 एक्टिव मामले, गुजरात में 615, पश्चिम बंगाल में 596 और दिल्ली में 592 एक्टिव मामले हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़ इस साल देश में अब तक कोरोना से 55 मरीज़ों की मौत हुई है.

  11. कोलकाता की फ़ैक्ट्री में बच्चे को शारीरिक यातना दिए जाने के मामले में अभियुक्त मुंबई से गिरफ़्तार, सलमान रावी, बीबीसी

    कोलकाता की कपड़ों की एक फै़क्ट्री में 14 साल के एक बच्चे को शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने का मामला सामने आने के बाद इस फ़ैक्ट्री के मालिक को गिरफ़्तार कर लिया गया है. वहीं जिस बच्चे को पीटा गया था, वो लापता बताया जा रहा है.

    कोलकाता पुलिस ने इस मामले में फ़रार चल रहे फ़ैक्ट्री के मालिक को मुंबई से गिरफ़्तार कर लिया है.

    बच्चे की पिटाई से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

    पुलिस ने क्या बताया?

    महेशतला के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी यानी एसडीपीओ क़मरुज्ज़मा मोल्ला ने इस घटना के बारे में बीबीसी से फ़ोन पर बात की है.

    उन्होंने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि फ़ैक्ट्री के मालिक शहंशाह अली को रबिन्द्रनगर पुलिस थाना के एक विशेष दस्ते ने गुरुवार रात गिरफ़्तार किया. उनके मुताबिक़ शहंशाह अली की गिरफ़्तारी तब हुई, जब वो भाग कर मुंबई पहुंचे थे.

    क़मरुज्ज़मा मोल्ला ने कहा, “अभियुक्त के मोबाइल को पुलिस की विशेष टीम ट्रैक कर रही थी. वो ट्रेन से भाग रहे थे. जैसे ही वो मुंबई पहुंचे, वहां की पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.”

    “इस संबंध में दो अन्य अभियुक्तों को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया गया था. उनकी पहचान तौहीद आलम और मुस्तफ़ा कमाल के रूप में हुई है. इन्हें वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है.”

    शारीरिक प्रताड़ना का शिकार बच्चा पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर के छोगोरिया क़स्बे का रहने वाला है. प्रदेश के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग कोलकाता और इसके आसपास मौजूद फ़ैक्ट्रियों में काम करने आते हैं, जिनमें बच्चों की तादाद भी काफ़ी होती है.

    बच्चे के पिता ने क्या बताया?

    बच्चे के पिता दिल मोहम्मद ने उत्तर दिनाजपुर के स्थानीय पत्रकार राधा माधब साहा से बताया कि उनके बेटे को एक महीने पहले शहंशाह अली ख़ुद आकर काम देने के नाम पर ले गए थे.

    अभियुक्त की फै़क्ट्री में जींस के डाई का काम होता है. बच्चे के ऊपर मोबाइल फ़ोन चोरी करने का आरोप लगाया गया था.

    घटना के विरोध में इस्लामपुर के लोगों ने राज्य के एनएच-33 को जाम कर दिया था. इसी प्रदर्शन के दौरान बच्चे के परिवारजनों ने मीडियाकर्मियों से बात की और बताया कि अपने लापता बच्चे को वो भी खोजने की कोशिश कर रहे हैं.

    कोलकाता के रबिन्द्रनगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी का कहना है कि उन्होंने बच्चे को खोज निकालने के लिए एक और दल का गठन भी किया है. चूँकि बच्चे के पास अपना कोई मोबाइल फ़ोन नहीं था, इसलिए उसे खोजने में परेशानी हो रही है.

    गिरफ़्तार शहंशाह अली को कोलकाता लाया जा रहा है, जहां उनसे रबिन्द्रनगर थाना की पुलिस पूछताछ करेगी.

    घटना के संबंध में कुल दो एफ़आईआर दर्ज की गई हैं.

    एक कोलकाता के रबिन्द्रनगर थाना में और दूसरी इस्लामपुर के पातागोडा थाना में. रबिन्द्रनगर थाना, डायमंड हार्बर ज़िले के अंतर्गत आता है.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. बेंगलुरु हादसा: भगदड़ मामले में आरसीबी के चार अधिकारी गिरफ़्तार, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के मामले में बेंगलुरु पुलिस ने आरसीबी के कम से कम चार अधिकारियों को गिरफ़्तार किया है.

    चारों आधिकारियों को एयरपोर्ट पर उस वक्त गिरफ़्तार किया गया, जब वे शहर छोड़ने कोशिश कर रहे थे.

    गिरफ़्तार किए गए अधिकारियों में आरसीबी मैनेजमेंट टीम के निखिल सोसले और डीएनए इवेंट मैनेजमेंट के सुनील मैथ्यू और किरण कुमार और आरसीबी के सुमंत शामिल हैं.

    एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया, "अभी इस मामले में और गिरफ़्तारियां होंगी."

    ये गिरफ़्तारियां एफ़आईआर दर्ज होने और राज्य सरकार की ओर से आरसीबी, कर्नाटक क्रिकेट संघ और डीएनए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के ख़िलाफ़ सख़्त क़दम उठाए जाने के फै़सले के बाद हुई हैं.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बीती रात घोषणा की थी कि तीन संगठनों से संबंधित आधिकारियों को गिरफ़्तार किया जाना चाहिए.

    यह फै़सला बेंगलुरु में आरसीबी टीम के 18 साल बाद आईपीएल जीतने के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद लिया गया.

    जिन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, उन पर आरोप है कि उन्होंने आरसीबी के सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट पर विधानसभा से कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) स्टेडियम तक होने वाली टीम की विक्ट्री परेड और स्टेडियम में एंट्री के लिए फ़्री पास मिलने की घोषणा की थी.

  14. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्रों के दाखिले पर रोक पर जज ने लगाई अस्थायी रोक, मैक्स मात्ज़ा, बीबीसी संवाददाता

    अमेरिका के एक संघीय जज एलिसन बरो ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय छात्र-छात्राओं को दाखिला नहीं देने के ट्रंप प्रशासन के फ़ैसले पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है.

    मैसाचुसेट्स के जज एलिसन बरो ने कहा कि अगर यह प्रतिबंध लागू होता है, तो अमेरिका की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटी को तुरंत और भारी नुक़सान हो सकता है.

    यह फ़ैसला उस मुकदमे के आया है जो हार्वर्ड ने गुरुवार को कोर्ट में दायर किया था.

    हार्वर्ड ने आरोप लगाया था कि ट्रंप प्रशासन जानबूझकर उन्हें निशाना बना रहा है और उनकी अभिव्यक्ति की आज़ादी को दबाने की कोशिश कर रहा है.

    वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि यह प्रतिबंध देश की सुरक्षा के लिए ज़रूरी है.

    उन्होंने हार्वर्ड पर यह भी आरोप लगाया है कि वह अपने कैंपस में यहूदी विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए पर्याप्त काम नहीं कर रहा है.

  15. डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच रिश्ता, देखें तस्वीरें

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच तीखी बयानबाज़ी के बाद दोनों के रिश्तों में गहरा तनाव पैदा हो गया है.

    इसके बाद ट्रंप ने अमेरिकी सरकार की ओर से एलन मस्क की कंपनियों को दी जा रही सरकारी सब्सिडी और सरकारी कॉन्ट्रैक्ट को ख़त्म करने की चेतावनी दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2024 के दौरान एलन मस्क ने खुले तौर पर डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था. बाद में मस्क डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्नमेंट एफ़िशिएंसी के प्रमुख बने और 130 दिन का कार्यकाल पूरा किया.

  16. आरबीआई ने ब्याज दर में की कटौती, रेपो रेट घटाया

    भारतीय रिज़र्व बैंक के गर्वनर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को आरबीआई की मॉनिटरिंग पॉलिसी कमेटी (एमपीसी) की बैठक के बाद ब्याज दरों में कटौती का एलान किया है.

    संजय मल्होत्रा ने एमपीसी की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने कहा, "मॉनिटरिंग पॉलिसी कमेटी ने लिक्विडिटी एडजस्टमेंट फै़सिलिटी के तहत पॉलिसी रेपो रेट को 0.50 बेसिस पॉइंट से घटाकर 5.5 फ़ीसदी करने का फ़ैसला लिया है. यह फ़ैसला तुरंत प्रभाव से लागू होगा."

    इसके साथ ही स्टैंडिंग डिपॉज़िट फै़सिलिटी (एसडीएफ़) की दर घटकर 5.25 फ़ीसदी और मार्जिनल स्टैंडिंग फै़सिलिटी (एमएसएफ़) रेट और बैंक रेट को घटाकर 5.75 फ़ीसदी कर दिया गया है.

    इस साल में ये तीसरी बार है जब आरबीआई ने रेपो रेट में कटौती की है. इससे पहले फ़रवरी और अप्रैल में रेपो रेट में कटौती की गई थी.

  17. ट्रंप के साथ तनाव के बीच एलन मस्क ने ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के बारे में ये कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के बीच हाल में तीखी बयानबाज़ी हुई. इसके बाद ट्रंप ने कहा कि एलन मस्क की कंपनियों को दी जा रही "सरकारी सब्सिडी और सरकारी कॉन्ट्रैक्ट को वो ख़त्म करेंगे".

    माना जा रहा है कि अगर ट्रंप और मस्क के बीच तनाव बढ़ा तो इससे मस्क को नुक़सान हो सकता है.

    मस्क की दो कंपनियों, स्पेसएक्स और टेस्ला को अमेरिकी सरकार की तरफ से सीधे ग्रांट मिलता है.

    इससे पहले लंबे वक़्त से ट्रंप के सहयोगी रहे स्टीव बैनन ने व्हाइट हाउस से अपील की थी कि "आज स्पेसएक्स को ज़ब्त किया जाए."

    इसके बाद मस्क ने कहा था कि वो स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को डिकमिशन करेंगे यानी उनका काम बंद कर देंगे. इस स्पेसक्राफ्ट के ज़रिए अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस स्टेशन तक भेजती है.

    हालांकि अब मस्क ने कहा है कि वो अब ऐसा नहीं करेंगे.

    उन्होंने कहा है कि वो नासा के लिए काम करने वाले ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट जिसकी मदद से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन तक पहुंचा जाता है, उसे "डिकमिशन" करने का काम अभी नहीं करेंगे.

    स्पेसएक्स के साथ हुए कई करार क्लासिफ़ाइड श्रेणी में हैं इसलिए इनके बारे में सार्वजनिक तौर पर ज़्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है.

    हालांकि सरकारी दस्तावेज़ों के अनुसार साल 2024 में स्पेसएक्स को सरकार की तरफ से 3.8 अरब डॉलर दिए गए थे.

    बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट गॉएन शॉटवेल ने कहा था कि सरकार के साथ कंपनी के 22 अरब डॉलर के कॉन्टैक्ट हैं. वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इसमें से नासा से कंपनी को 15 अरब डॉलर मिले थे.

  18. ट्रंप और मस्क के बीच बढ़ते टकराव का एशियाई शेयर बाज़ार पर असर, एडम हैनकॉक, बीबीसी न्यूज़

    शुक्रवार को एशिया में शेयर बाज़ार खुलते ही चीन की कई इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली (ईवी) कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज हुई है.

    हॉन्ग कॉन्ग में बाज़ार खुलते ही दुनिया की सबसे बड़ी ईवी कंपनी बीवाईडी के शेयर क़रीब 2 फ़ीसदी नीचे गिर गए.

    इसी तरह नियो और ली ऑटो जैसी दूसरी बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखी जा रही है.

    इससे पहले अमेरिकी शेयर बाज़ार में टेस्ला के शेयरों में 14 फ़ीसदी से ज़्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी.

    टेस्ला के गिरते शेयरों की वजह कंपनी के सीईओ एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बढ़ते मतभेद को बताया जा रहा है.

    हालांकि दूसरी ओर, ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के बाद एशियाई बाज़ारों में मामूली बढ़त देखी जा रही है.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रमुख सूंचकांक में बढ़त दर्ज की गई है, जबकि हॉन्ग कॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में मामूली गिरावट दर्ज की गई है.

  19. ट्रंप और मस्क के बीच तीखी बयानबाज़ी के बाद टेस्ला के शेयरों में गिरावट, नताली शेरमेन, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के बीच तीखी बयानबाज़ी का असर टेस्ला कंपनी के शेयरों पर पड़ा है.

    गुरुवार को कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई. मस्क की इस कंपनी शेयर गुरुवार को 14 फ़ीसदी गिर गए, जिससे कंपनी की क़ीमत में क़रीब 150 अरब डॉलर की कमी आई है.

    जानकारों के अनुसार यह पिछले कई महीनों में टेस्ला के लिए सबसे बुरा दिन रहा.

    यह नुक़सान इस बात का संकेत है कि अगर मस्क का सरकार से टकराव बढ़ा तो उनका काफ़ी नुक़सान हो सकता है.

    जानकार मानते हैं मस्क उस सरकार से टकरा रहे हैं जो अपने विरोधियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए जानी जाती है.

    ट्रंप और एलन मस्क में विवाद बढ़ने के बीच ट्रंप ने एलन मस्क की कंपनियों, जैसे स्पेस एक्स को दिए गए सरकारी कॉन्ट्रैक्ट ख़त्म करने की धमकी दी है.

    इस पर मस्क ने जवाब दिया, "जो करना है कीजिए, मुझे फ़र्क नहीं पड़ता!"

    ट्रंप और एलन मस्क के बीच मतभेद सबसे पहले सोशल मीडिया पर सबके सामने आए.

    दोनों के बीत मतभेद पहले तो नीतियों को लेकर बहस से शुरू हुए, लेकिन जल्दी ही दोनों ने एक दूसरे पर निजी हमले करने शुरू कर दिए.

  20. इसराइल ने बेरूत पर किए हवाई हमले, हिज़्बुल्लाह पर लगाया ये आरोप

    इसराइल ने लेबनान के बेरूत शहर के दक्षिणी इलाक़ों में हवाई हमले किए हैं. इसराइल का कहना है कि उसने ये हमले हिज़्बुल्लाह के ड्रोन बनाने वाले ठिकानों पर किए हैं.

    यह हमला गुरुवार रात को हुआ, जब अगले दिन ईद-उल-अज़हा का त्योहार मनाया जाना था.

    इस हमले से पहले लोगों को ये इलाक़ा खाली करने की चेतावनी दी गई थी. यह क्षेत्र राजधानी बेरूत में हिज़्बुल्लाह का गढ़ माना जाता है.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्स का दावा है कि उन्होंने हिज़्बुल्लाह की एक ऐसी टीम की पहचान की है जो "जमीन के नीचे हज़ारों ड्रोन" बना रही थी और जिसे "ईरान के आतंकवादियों" की ओर से मदद मिल रही थी.

    यह हमला ऐसे वक़्त हुआ है जब इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच पिछले छह महीनों से युद्धविराम लागू है.

    लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ़ सलाम ने इस हमले की निंदा की है.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "मैं इन हमलों को हमारे देश की सुरक्षा, स्थिरता और अर्थव्यवस्था पर एक सोचा-समझा हमला मानता हूं, ख़ासकर त्योहारों और टूरिस्ट सीज़न से ठीक पहले."

    वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ आउन ने इन हमलों को "अंतरराष्ट्रीय समझौतों का घोर उल्लंघन" बताया है और कहा है कि यह हमला "एक पवित्र धार्मिक त्योहार की पूर्व संध्या पर" हुआ है.

    इसराइली सेना का कहना है कि हिज़्बुल्लाह ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहा है, जो इसराइल पर हमलों का एक अहम तरीक़ा बन चुका है.

    इसके अलावा इसराइली सेना ने इसे लेबनान-इसराइल के बीच बनी सहमति का उल्लघंन बताया है.

    हालांकि, अभी तक हिज़्बुल्लाह की ओर से इस हमले पर कोई बयान नहीं आया है.