You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ज़ेलेंस्की ने अमेरिका के व्हाइट हाउस में हुई घटना पर अफ़सोस जताया, इस बात के लिए हुए तैयार

ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबी पोस्ट में युद्ध और शांति के साथ ही यूक्रेन के लिए अमेरिकी अहमियत का ज़िक्र किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ट्रंप के टैरिफ़ के बाद अमेरिकी शेयर बाज़ारों हड़कंप, डाउ जोंस और नैसडैक में भारी गिरावट

    मैक्सिको, कनाडा और चीन पर आज से टैरिफ़ लागू किए जाने की ट्रंप की घोषणा के बाद अमेरिकी शेयर बाज़ारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है.

    डाउ जोंस में 1.4%, एसएंडपी 500 में 1.75% और नैसडैक में 2.6% की गिरावट हुई है.

    हालांकि रेसिप्रोकल टैरिफ़ दो अप्रैल से लागू होंगे लेकिन सोमवार को ट्रंप ने पुष्टि की है कि मंगलवार से मैक्सिको और कनाडा के सामान पर अमेरिका में 25% तक और चीन के सामान पर 10% का अतिरिक्त टैरिफ़ लगाया जाएगा.

    इस बीच चीन, कनाडा और मैक्सिको ने अमेरिकी सामान पर जवाबी टैरिफ़ लगाने की घोषणा की है.

    कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा, “बिल्कुल साफ़ है कि अगकर ट्रंप टैरिफ़ लगाते हैं, तो हम तैयार हैं.”

    उन्होंने कहा कि कनाडा में आने वाले 155 अरब डॉलर के उत्पादों पर जवाबी टैरिफ़ लगाया जाएगा और इसकी तत्काल शुरुआत 30 अरब डॉलर के सामान से होगा.

    ये तीनों देश अमेरिका के शीर्ष व्यापार साझेदार वाले देश हैं और टैरिफ़ के मुद्दे से ट्रेड वॉर भड़कने का अंदेशा और बढ़ गया है.

    पहले से ही कमज़ोर प्रदर्शन कर रहे भारतीय शेयर बाज़ार के लिए यह ख़बर और निराशानजक है. भारत का सेंसेक्स पिछले एक महीने में क़रीब 5% टूट चुका है और बीते शुक्रवार को इसमें क़रीब 1400 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी.

  2. कनाडा, मैक्सिको और चीन पर आज से लागू होगा टैरिफ़, चीन ने दी ये कड़ी प्रतिक्रिया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मंगलवार को कनाडा, मैक्सिको और चीन के उत्पादों पर टैरिफ़ लागू हो जाएगा.

    मैक्सिको और कनाडा से आयात होने वाल सामान पर अमेरिका में 25% टैरिफ़ (आयात शुल्क) लगेगा.

    जबकि चीन पर अतिरिक्त 10% का टैरिफ़ लगेगा. ट्रंप ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि इन देशों के साथ किसी समझौते पर पहुंचने का समय ख़त्म हो गया था.

    सोमवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा, “मैक्सिको या कनाडा के लिए कोई जगह नहीं बची है. टैरिफ़ की पूरी तैयारी हो चुकी है. कल से ये लागू हो जाएंगे.”

    चीन की प्रतिक्रिया

    रॉयटर्स के मुताबिक चीन ने अमेरिकी के इस क़दम का विरोध करते हुए बढ़ाए गए टैरिफ़ को तुरंत वापस लिए जाने की मांग की है.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि ‘अमेरिका घातक ड्रग फ़ेंटानिल से जुड़ी अपनी घरेलू समस्या को टैरिफ़ लगाने के लिए बहाने के रूप में इस्तेमाल कर रहा है.’

    टैरिफ़ लगाने की ख़बर के बाद अमेरिकी शेयर बाज़ारों में भारी गिरावट देखी गई.

    कनाडा, मैक्सिको और चीन, अमेरिका के तीन सबसे बड़े ट्रेड पार्टनर हैं और मंगलवार से अब इनके उत्पादों पर अमेरिका में पहले से कहीं अधिक आयात शुल्क लगेगा.

  3. यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य मदद रोक रहा है अमेरिका- ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट

    व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि वह यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता रोक रहा है. इस घटनाक्रम की ख़बर सबसे पहले अमेरिकी मीडिया आउटलेट ब्लूमबर्ग ने दी है.

    ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, "जब तक यूक्रेन के नेताओं की ओर से शांति के लिए सद्भावनापूर्ण प्रतिबद्धता का प्रदर्शन नहीं किया जाता तब तक अमेरिका यूक्रेन को दी जाने वाली सभी मौजूदा सैन्य सहायता रोक रहा है."

    इस रिपोर्ट के बारे में फ़िलहाल न तो अमेरिकी रक्षा विभाग और न ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोई टिप्पणी की है.

    ब्लूमबर्ग ने कहा कि जो अमेरिका सैन्य साज़ो-सामान यूक्रेन नहीं पहुँचा है उसे रोक दिया जाएगा. इसमें पोलैंड तक पहुंच चुका सामान भी शामिल है.

    गौरतलब है कि पिछले हफ़्ते व्हाइट हाउस में ज़ेलेंस्की और ट्रंप की तीख़ी नोकझोंक के बाद से ही घटनाक्रम तेज़ी से बदला है.

  4. नमस्ते!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.