You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में क्यों लगाया सार्वजनिक सुरक्षा आपातकाल?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में सार्वजनिक सुरक्षा आपातकाल की घोषणा करते हुए राजधानी के पुलिस विभाग (एमपीडी) को केंद्रीय नियंत्रण में ले लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. संसद से चुनाव आयोग के दफ़्तर तक विपक्षी सांसद आज निकालेंगे मार्च

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सोमवार को विपक्षी सांसद 'वोट चोरी' के मुद्दे पर संसद से चुनाव आयोग के दफ़्तर तक विरोध मार्च निकालेंगे.

    यह मार्च लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाला जाएगा. विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य चुनाव आयुक्तों से मुलाक़ात के लिए समय मांगा है.

    साथ ही एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोमवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए डिनर का आयोजन करेंगे.

    यह बैठक बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और कथित 'चुनावी धांधली' के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों के एकजुट होने की कोशिश के बीच हो रही है.

    इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कुछ राज्यों में 'वोट चोरी' के आरोप लगाए थे.

    रविवार को कर्नाटक के मुख्य चुनाव आयुक्त ने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ नोटिस जारी किया. इस नोटिस में उनसे उस दावे के सबूत मांगे गए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक महिला ने दो बार वोट डाले हैं.

  2. केसी वेणुगोपाल ने बताया कैसे 'एयर इंडिया की फ़्लाइट हादसे से बाल-बाल बची'

    लोकसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि त्रिवेंद्रम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची है.

    वेणुगोपाल के मुताबिक़, इस फ़्लाइट में वह, कई अन्य सांसद और सैकड़ों यात्री सवार थे.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान में टर्बुलेंस का एहसास हुआ. क़रीब एक घंटे बाद कैप्टन ने फ़्लाइट सिग्नल में ख़राबी की जानकारी दी और विमान को चेन्नई की ओर मोड़ दिया."

    वेणुगोपाल ने बताया, "लैंडिंग की अनुमति का इंतज़ार करते हुए हम लगभग दो घंटे तक एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाते रहे. लैंडिंग के पहले प्रयास में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. कथित तौर पर उसी रनवे पर एक और विमान मौजूद था. उसी वक्त कैप्टन ने विमान को ऊपर उठा लिया और सभी की जान बच गई. दूसरे प्रयास में फ़्लाइट सुरक्षित उतरी."

    केसी वेणुगोपाल ने डीजीसीए और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस घटना की तत्काल जांच की अपील की है. उन्होंने कहा है कि इस मामले में ज़िम्मेदारी तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं होगी.

    अंग्रेजी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फ़्लाइट चेन्नई में सुरक्षित लैंड कर गई है और विमान की आवश्यक जांच की जाएगी.

    प्रवक्ता ने कहा, "चेन्नई में हमारे सहयोगी यात्रियों की हर संभव मदद कर रहे हैं और उन्हें जल्द से जल्द उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है."

  3. ग़ज़ा: इसराइली हमले में अल जज़ीरा के पांच पत्रकारों की मौत, एमी वॉकर, बीबीसी न्यूज़

    अल जज़ीरा ने कहा है कि ग़ज़ा के अल-शिफ़ा अस्पताल के नज़दीक हुए इसराइली हमले में उसके पांच पत्रकारों की मौत हो गई है.

    अल जज़ीरा के मुताबिक़, इसराइली हमले के वक्त संवाददाता अनस अल-शरीफ़ और मोहम्मद कुरैके, कैमरापर्सन इब्राहिम ज़हीर, मोहम्मद नौफ़ाल और मोएमेन अलीवा अस्पताल के मेन गेट पर पत्रकारों के लिए बने एक टेंट में थे.

    क़रीब दो हफ़्ते पहले अल जज़ीरा ने इसराइली रक्षा बलों (आईडीएफ़) की निंदा की थी और कहा था कि ग़ज़ा में अल-शरीफ़ सहित उसके पत्रकारों के ख़िलाफ़ चलाया जा रहा अभियान 'उकसावे का अभियान' है.

    हमले के कुछ देर बाद आईडीएफ़ ने पुष्टि की कि उसने अनस अल-शरीफ़ पर हमला किया है. आईडीएफ़ ने टेलीग्राम पर पोस्ट किया कि वह "हमास में एक आतंकवादी सेल के प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे".

    आईडीएफ़ ने हमले में मारे गए अन्य किसी भी पत्रकार का ज़िक्र नहीं किया.

    अल जज़ीरा के मैनेजिंग एडिटर मोहम्मद मोआवाद ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि अल-शरीफ़ ग़ज़ा के भीतर, ख़बरें देने वाली दुनिया की 'एकमात्र आवाज़' थे.

  4. तुर्की में 6.1 तीव्रता का भूकंप: एक महिला की मौत, 29 घायल, टैबी विल्सन, बीबीसी न्यूज़

    तुर्की के उत्तर-पश्चिमी प्रांत बलिकेसिर में रविवार शाम आए 6.1 तीव्रता के भूकंप से एक महिला की मौत हो गई.

    तुर्की के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि भूकंप का केंद्र सिन्दिरगी शहर था. यहां 81 साल की महिला को मलबे से निकालने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई.

    अली येरलिकाया ने बताया कि भूकंप के झटकों से 16 इमारतें ढह गईं. इसमें 29 लोग घायल हुए हैं.

    तुर्की की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 07:53 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जो इस्तांबुल तक पहुंचे.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप्प अर्दोआन ने एक बयान जारी कर भूकंप से प्रभावित लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि सभी राहत और बचाव कार्यों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है.

    गृह मंत्री येरलिकाया ने बताया कि राहत और बचाव अभियान अब समाप्त हो चुके हैं और गंभीर नुकसान या अन्य किसी के हताहत होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.