You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी विपक्ष के नेता चुने गए, केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी

उन्होंने कहा कि सीपीपी के अध्यक्ष ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को चिट्ठी लिख कर बताया है कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता चुना गया है.

सारांश

  • लोकसभा स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार ओम बिरला और कांग्रेस उम्मीदवार के सुरेश के बीच चुनाव होगा
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में हाई कोर्ट से जमानत नहीं मिली
  • ब्रिटेन की जेल में 5 साल बिताने के बाद जूलियन असांज हुए रिहा, अमेरिका से हुई डील
  • अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई

लाइव कवरेज

मुकुन्द झा और प्रवीण

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, राहुल गांधी विपक्ष के नेता चुने गए, केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी

    राहुल गांधी विपक्ष के नेता चुने गए हैं. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि सीपीपी के अध्यक्ष ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को चिट्ठी लिख कर बताया है कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता चुना गया है.

    राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाने का फ़ैसला लोकसभा स्पीकर के चुनाव के एक दिन पहले किया गया है. इससे साफ़ है कि विपक्ष अपने तेवर हमलावर रखना चाहता है.

    हाल के चुनाव नतीजों से कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि विपक्ष राहुल के नेतृत्व में मोदी सरकार को उनके फैसलों पर घेरने में आक्रामक रुख अपनाएगा.

  2. इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने रूस के पूर्व प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ जारी किया गिरफ़्तारी का वारंट

    इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने रूस के पूर्व प्रधानमंत्री सर्गेई शोइगु और सेना प्रमुख वेलेरी गेरासिमोव के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया है. उन पर युद्ध अपराध और यूक्रेन में मानवता के ख़िलाफ़ अपराध के आरोप हैं.

    दोनों पर सिविलियन इन्फ्रास्ट्रक्चर और बिजली नेटवर्क पर मिसाइल हमले के आदेश देने के आरोप हैं.

    रूस इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का सदस्य नहीं है. उसने इस एलान को खारिज करते हुए कहा कि इसका कोई महत्व नहीं है.

    लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का वारंट जारी करना दिखाता है कि रूसी अपराधों का दंड मिलना तय है.

    पिछले साल इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने युद्ध अपराध के आरोप में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ख़िलाफ़ भी गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया था.

  3. उर्सुला वॉन डेर लेयेन दोबारा बन सकती हैं यूरोपियन कमीशन की प्रमुख

    यूरोपियन कमीशन की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन दूसरी बार इस पद पर चुनी जा सकती हैं.

    यूरोपीय संसद में तीन मजबूत समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाले छह ईयू नेताओं ने दूसरी बार अध्यक्ष के तौर पर उनका नाम आगे बढ़ाया है.

    पुर्तगाल के पूर्व प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा एक बार फिर यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष के तौर पर नामित किए गए हैं.

    वहीं, एस्टोनिया के मौजूदा प्रधानमंत्री कजा कलास दूसरी बार विदेश नीति प्रमुख होंगे.

    ब्रसेल्स में होने वाले यूरोपियन यूनियन समिट में इन नामों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा.

  4. चांद की ज़मीन से नमूने लेकर धरती पर लौटा चीन का अंतरिक्ष यान

    चीन का मानवरहित अंतरिक्ष यान चांद के सुदूर अज्ञात हिस्से के नमूने को लेकर धरती पर वापस आ गया है. लगभग दो महीने बाद चांग'ई-6 मंगलवार को इनर मंगोलिया रेगिस्तान में उतरा.

    वैज्ञानिक चांग'ई-6 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि चांद से लाए गए नमूने ग्रहों के निर्माण के बारे में कई अहम सवालों के जवाब दे सकते हैं. चीन अकेला देश है जो चंद्रमा के दूर के हिस्से पर उतरा है, उसने 2019 में ऐसा पहले भी किया था.

    चंद्रमा के इस हिस्से पर लैंडिंग मुश्किल मानी जाती है क्योंकि लंबी दूरी, विशाल गड्ढों और कुछ सपाट सतहों की वजह से ये चुनौतीपूर्ण है.

    वैज्ञानिक चांद पर अभियान भेजने में इसलिए दिलचस्पी रखते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि यहां बर्फ के अंश हो सकते हैं जो ऑक्सीजन, पानी और हाइड्रोजन बनाने में मददगार हो सकते हैं

    चीन के लिए चांग’ई-6 मिशन काफी अहम है क्योंकि इसके जरिेये अपने प्रतिस्पर्द्धी अमेरिका को चुनौती दे सकता है.

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चांग’ई-6 मिशन के कमांड सेंटर के लोगों को बधाई देने के लिए फोन किया. जिनपिंग ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे गहरे अंतरिक्ष में अपने अभियान जारी रख सकते हैं.

    ज़िनपिंग ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे अंतरिक्ष में अन्वेषण जारी रख सकेंगे और ब्रह्मांड के रहस्यों को उजागर करने में नई ऊंचाइयों को छू सकेंगे और मानवता को लाभ पहुंचाएंगे. साथ ही राष्ट्र को आगे बढ़ाएंगे.

    चांग’ई-6 मिशन को मई की शुरुआत में एक अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था. 3 मई को लॉन्च किए गए इस मिशन का लक्ष्य इस क्षेत्र से दुर्लभ चट्टान और मिट्टी इकट्ठा करना है.

    चीन का यह यान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव-एटकेन बेसिन हिस्से पर लैंड हुआ था. चांद के हिस्से को धरती से नहीं देखा जा सकता.

    स्कॉटलैंड की शाही खगोलशास्त्री कैथरीन हेमैन्स ने उम्मीद जताई कि नमूने इस सिद्धांत का परीक्षण करने में मदद करेंगे कि 4.5 अरब साल पहले चंद्रमा कैसे बना था और क्या यह पृथ्वी के बहुत शुरुआती दौर में टकराव से बना था?

  5. केजरीवाल की ज़मानत याचिका पर हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद क्या बोले सौरभ भारद्वाज

    अरविंद केजरीवाल की ज़मानत याचिका को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले पर आम आदमी पार्टी ने असहमति जाहिर की है.

    आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "यह बड़ी हैरान करने वाली बात है. एक ऑर्डर जो आया ही नहीं, उस ऑर्डर के विषय में सिर्फ चर्चा पहुंची हाई कोर्ट में और हाई कोर्ट ने उस ऑर्डर को देखे बिना रोक लगा दी."

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, "यह बताता है कि उन्होंने पहले ही अपने मन में कुछ सोचा हुआ था. यह बात सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि हाई कोर्ट ने इसके ऊपर गलती की."

    हाई कोर्ट ने दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट के फैसले को पलटते हुए अरविंद केजरीवाल की ज़मानत रद्द कर दी है.

    20 जून को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को इस मामले में ज़मानत दी थी. लेकिन ईडी की याचिका पर उसी दिन हाई कोर्ट ने राउज़ एवेन्यू कोर्ट के फ़ैसले पर रोक लगा दी थी और अपना निर्णय सुरक्षित रखा था.

    हाई कोर्ट ने कहा है कि ज़मानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने मौजूद दस्तावेज़ों पर ध्यान नहीं दिया गया.

    अरविंद केजरीवाल ने इस रोक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मामले में हाई कोर्ट को फ़ैसला देने के लिए कहा.

    अब हाई कोर्ट का फ़ैसला आने के बाद सुप्रीम कोर्ट अरविंद केजरीवाल की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा.

    सीएम केजरीवाल को इसी साल 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली की आबकारी नीति में हुए कथित घोटाले के मामले में गिरफ़्तार किया था.

  6. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सेना के टॉप कमांडर को किया बर्ख़ास्त

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सेना के एक टॉप कमांडर को बर्ख़ास्त कर दिया है.

    यह कदम सार्वजनिक आलोचना, कई यूक्रेनी सैनिकों की मौत और पद को लेकर अयोग्यता के आरोपों के बाद उठाया गया है.

    लेफ्टिनेंट जनरल यूरी सोडोल इस साल की शुरुआत से यूक्रेन के आर्म्ड फोर्सेज़ के कमांडर के पद पर थे.

    ब्रिगेडियर जनरल एंड्री ह्नातोव को अब उनकी जगह नियुक्त किया गया है.

    हालांकि यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने अपने इस फै़सले के पीछे की वजहों का खुलासा नहीं किया है.

    लेफ्टिनेंट जनरल यूरी सोडोल की बर्ख़ास्तगी का ऐलान ज़ेलेंस्की ने सोमवार देर रात अपने एक संबोधन के दौरान ही कर दिया था.

    जनरल सोडोल को फरवरी 2024 से आर्म्ड फोर्सेज़ का कमांडर बनाया गया था. उसी वक़्त ओलेक्सांद्र सिरस्की को सशस्त्र बलों का कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया था.

    हाल के महीनों में यूक्रेन की सेना में कई सारे बदलाव किए गए हैं.

  7. सरबजीत सिंह खालसा ने ली सांसद पद की शपथ, संसद में नहीं थे अमृतपाल सिंह

    पंजाब के सरबजीत सिंह खालसा ने मंगलवार को सांसद पद की शपथ ली.

    प्रोटेम स्पीकर ने शपथ लेने के लिए अमृतपाल सिंह का नाम भी पुकारा था, लेकिन वो सदन में मौजूद नहीं थे.

    सरबजीत सिंह खालसा भारत की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले बेअंत सिंह के पुत्र हैं.

    तीन बार चुनाव में असफल होने के बाद सरबजीत सिंह खालसा ने पंजाब की फरीदकोट लोकसभा सीट से अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी को करीब 70 हजार वोट के अंतर से हराया.

    वहीं पंजाब की लोकसभा सीट खडूर साहिब से 'वारिस पंजाब दे' संगठन के नेता अमृतपाल सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की है.

    अमृतपाल सिंह अपने साथियों के साथ फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

  8. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी बोले- 'स्पीकर पद के उम्मीदवार पर कांग्रेस ने एकतरफ़ा फ़ैसला लिया'

    टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने स्पीकर पद के उम्मीदवार के लिए उनकी पार्टी से संपर्क नहीं किया.

    अभिषेक बनर्जी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "स्पीकर पद के उम्मीदवार को लेकर हमारी पार्टी से संपर्क नहीं किया गया. इस बारे में कोई बात नहीं की गई है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है और एकतरफा फैसला लिया गया है."

    कांग्रेस ने स्पीकर पद के लिए आठ बार के सांसद के सुरेश को उम्मीदवार बनाया है.

    एनडीए की तरफ से ओम बिरला को स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है.

    देश के संसदीय इतिहास में पहली बार स्पीकर पद के लिए चुनाव होगा.

    हालांकि कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल का कहना है कि अगर डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को दिया जाता है तो फिर कांग्रेस अपना उम्मीदवार वापस लेने के लिए तैयार है.

  9. पुणे पोर्श कार मामला: नाबालिग अभियुक्त को बॉम्बे हाई कोर्ट से ज़मानत मिली

    पुणे पोर्श कार मामले में नाबालिग अभियुक्त को बॉम्बे हाई कोर्ट से ज़मानत मिल गई है.

    इस मामले में नाबालिग के वकील प्रशांत पाटिल ने इस बात की जानकारी दी.

    प्रशांत पाटिल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "19 मई, 2024 को नाबालिग को गिरफ्तार किया गया था. फिर उन्हें ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था. 22 मई को नाबालिग की रिहाई के बाद जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने उनकी कस्टडी ले ली थी."

    "यह कस्टडी ग़ैरकानूनी थी. कस्टडी को पांच जून और 12 जून को बढ़ाया गया. आज हमने जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के तीन रिमांड को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी."

    प्रशांत पाटिल ने कहा, "हमने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की और बॉम्बे हाई कोर्ट ने तत्काल रिहाई का आदेश दिया है."

    महाराष्ट्र के पुणे में एक नाबालिग़ ने अपनी तेज़ रफ्तार पोर्श कार से दो लोगों को टक्कर मार दी. यह घटना 18 मई को पुणे के कल्याणी नगर इलाक़े में हुई.

    हादसे में बाइक सवार अनीष अवधिया और अश्विनी कोस्टा, दोनों की मौत हो गई है.

  10. सेमीफाइनल में पहुंचा अफ़ग़ानिस्तान, राशिद ख़ान क्या बोले?

    टी20 वर्ल्ड कप में सुपर आठ के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है.

    अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान का कहना है कि उनकी टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना सपने जैसा है.

    राशिद खान ने मैच के बाद कहा, "हमारी टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना सपने जैसा है. इसकी शुरुआत टूर्नामेंट के शुरू होने से ही हुई. हमने न्यूजीलैंड को हराया और हमारे अंदर विश्वास पैदा हुआ. मेरे पास बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं."

    "ब्रायन लारा अकेले ऐसे शख्स थे जिन्होंने कहा कि हमारी टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है. हमने उन्हें सही साबित किया. मैंने उन्हें कहा कि हम आपको निराश नहीं करेंगे."

    राशिद खान ने कहा, "सभी ने शानदार खेल दिखाया है. हमारी तेज गेंदबाजी कमाल की रही है. सेमीफाइनल में पहुंचना बड़ी बात है. देश को हमारे ऊपर गर्व होगा. हमें चीजों को सिंपल रखना है और बड़े मुकाबले को एन्जॉय करना है."

    टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में 26 जुलाई को अफगानिस्तान की टक्कर दक्षिण अफ्रीका के साथ होगी.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली अरविंद केजरीवाल को राहत, ज़मानत पर कायम रहेगी रोक, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में हाई कोर्ट से जमानत नहीं मिली है.

    हाई कोर्ट ने दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट के फैसले को पलटते हुए अरविंद केजरीवाल की जमानत रद्द कर दी है.

    20 जून को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को इस मामले में ज़मानत दी थी.

    लेकिन ईडी की याचिका पर उसी दिन हाई कोर्ट ने राउज़ एवेन्यू कोर्ट के फ़ैसले पर रोक लगा दी थी और अपना निर्णय सुरक्षित रखा था.

    हाई कोर्ट ने कहा है कि ज़मानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने मौजूद दस्तावेजों पर ध्यान नहीं दिया गया.

    इसके अलावा हाई कोर्ट ने यह भी कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम में निर्धारित ज़मानत की शर्तों पर ट्रायल कोर्ट के न्यायाधीश द्वारा उचित रूप से चर्चा नहीं की गई.

    अरविंद केजरीवाल ने इस रोक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मामले में हाई कोर्ट को फ़ैसला देने के लिए कहा.

    अब हाई कोर्ट का फ़ैसला आने के बाद सुप्रीम कोर्ट अरविंद केजरीवाल की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा.

    सीएम केजरीवाल को इसी साल 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली की आबकारी नीति में हुए कथित घोटाले के मामले में गिरफ़्तार किया था.

  12. केसी वेणुगोपाल बोले- 'अगर विपक्ष को डिप्टी स्पीकर का पद मिले तो लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार वापस लेंगे'

    कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि अगर विपक्ष को डिप्टी स्पीकर का पद दिया जाता है तो वो अब भी स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करने को तैयार हैं.

    केसी वेणुगोपाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हम अब भी इंतजार कर रहे हैं. अगर डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को दिया जाता है तो हम स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार के नाम पर सहमति जता देंगे."

    "कल ही पीएम मोदी ने सहमति से चलने की बात कही. हम स्पीकर पद के लिए उनके उम्मीदवार का समर्थन करेंगे. लेकिन उन्हें विपक्ष का ख़याल रखना चाहिए."

    केसी वेणुगोपाल ने कहा, "पिछले कुछ सालों में हमने देखा देखा है कि स्पीकर सरकार की तरफ से होता है तो डिप्टी स्पीकर विपक्ष की ओर से. यूपीए सरकार के दौरान हमने डिप्टी स्पीकर का पद एनडीए को दिया."

    इससे पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने डिप्टी स्पीकर की जो शर्त रखी है उसका समर्थन नहीं किया जा सकता है.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी यह मांग रखी कि अगर विपक्ष को डिप्टी स्पीकर का पद मिलता है तो फिर वो स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करेंगे.

    स्पीकर पद के लिए एनडीए सरकार और विपक्ष के बीच आम सहमति नहीं बन पाई है.

    बीजेपी ने ओम बिरला को, जबकि कांग्रेस ने के सुरेश को स्पीकर पद के उम्मीदवार बनाया है.

    भारत के संसदीय इतिहास में पहली बार स्पीकर पद के लिए चुनाव होगा.

  13. दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने तबीयत बिगड़ने के बाद अनशन ख़त्म किया

    आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने अनशन खत्म कर लिया है.

    संजय सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आतिशी की हालत रात में काफी बिगड़ गई. ब्लड शुगर का लेवल 43 पर पहुंच गया था. बाद में चेक किया तो वो 36 पर आ गया था. डॉक्टर्स ने कहा कि इनकी जान को खतरा है, इन्हें अस्पताल में भर्ती करना होगा. वो एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं."

    "आतिशी पांच तक अनशन पर रही हैं और उन्होंने महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ी है. हमारा आंदोलन जारी रहेगा. हम दूसरे तरीके से आंदोलन लड़ेंगे. संसद में भी दिल्ली के पानी की समस्या को लेकर आवाज उठाई जाएगी.''

    दिल्ली को इन दिनों भारी गर्मी के साथ पानी की किल्लत का सामना भी करना पड़ रहा है.

    दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने 21 जून को अपने 'पानी सत्याग्रह' को शुरू किया था.

    आतिशी के मुताबिक़, यह अनशन उन्होंने हरियाणा सरकार से दिल्ली वालों के हक़ का पानी दिलवाने के लिए शुरू किया था.

  14. स्पीकर पद पर एनडीए और 'इंडिया' आमने-सामने, राहुल गांधी के दावे पर क्या बोले राजनाथ सिंह?

    केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि वो कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का सम्मान करते हैं और उन्होंने कल तीन बार उनसे बात की.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि मल्लिकार्जुन खड़गे डिप्टी स्पीकर की मांग पर राजनाथ सिंह के कॉल का इंतजार करते रहे.

    राजनाथ सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "खड़गे जी सीनियर लीडर हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं. कल से लेकर आज तक उनसे तीन बार बात हुई है."

    राहुल गांधी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "राजनाथ सिंह का खड़गे जी के पास कल शाम फोन आया था. उन्होंने अपील की है कि विपक्ष स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार के नाम का समर्थन करें."

    "खड़गे जी ने साफ कहा कि हम उनके उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए तैयार हैं. लेकिन डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए. राजनाथ सिंह ने कल शाम कहा था कि वो दोबारा फोन करेंगे. अभी तक राजनाथ सिंह ने दोबारा कॉल नहीं किया है."

    स्पीकर के नाम पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आम सहमति नहीं बन पाई. एनडीए ने स्पीकर पद के लिए ओम बिरला को उम्मीदवार बनाया है. वहीं कांग्रेस ने के सुरेश को उम्मीदवार घोषित किया है.

  15. एनडीए ने स्पीकर पद के लिए ओम बिरला को बनाया उम्मीदवार, कांग्रेस ने के सुरेश को मैदान में उतारा

    लोकसभा में स्पीकर पद के लिए एनडीए की तरफ से ओम बिरला उम्मीदवार होंगे. ओम बिरला 17वीं लोकसभा में भी स्पीकर रहे हैं.

    एनडीए के पास 292 सांसदों का समर्थन है.

    केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा है कि एनडीए की तरफ से ओम बिरला ने स्पीकर पद का नामांकन दाखिल किया है.

    वहीं कांग्रेस पार्टी ने के सुरेश को स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है. के सुरेश 8वीं बार सांसद चुने गए हैं.

    इंडिया गठबंधन के पास 234 सांसदों का समर्थन है.

    कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- हमने अपनी तरफ से के सुरेश को स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है.

    ओम बिरला राजस्थान की कोटा बूंदी लोकसभा सीट से तीसरी बार सांसद चुने गए हैं.

    भारतीय संसद के इतिहास में पहली बार स्पीकर पद के लिए चुनाव होगा. स्पीकर के नाम पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आम सहमति नहीं बन पाई.

  16. अखिलेश यादव बोले- डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिले

    समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा में डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए.

    अखिलेश यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "सब कुछ अभी साफ हो जाएगा. विपक्ष की मांग यही है कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष का होना चाहिए."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मांग की है कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए.

    राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्ष स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करने को तैयार है, लेकिन डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए.

    इंडिया गठबंधन की ओर से अभी तक स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार के नाम का एलान नहीं किया गया है.

  17. स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने पर राहुल गांधी क्या बोले

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्ष स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करने को तैयार है, लेकिन डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए.

    राहुल गांधी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "राजनाथ सिंह का खड़गे जी के पास कल शाम फोन आया था. उन्होंने अपील की है कि विपक्ष स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार के नाम का समर्थन करें."

    "खड़गे जी ने साफ कहा कि हम उनके उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए तैयार हैं. लेकिन डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए. राजनाथ सिंह ने कल शाम कहा था कि वो दोबारा फोन करेंगे. अभी तक राजनाथ सिंह ने दोबारा कॉल नहीं किया है."

    राहुल गांधी ने कहा, "हमारे नेता का आदर नहीं किया जा रहा है. उनकी नीयत साफ नहीं है. परपंरा है कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष का होना चाहिए."

    स्पीकर पद के लिए अभी तक इंडिया गठबंधन ने उम्मीदवार उतारने का एलान नहीं किया है.

  18. बांग्लादेश को हराकर टी-20 वर्ल्डकप के सेमीफ़ाइनल में पहुंची अफ़ग़ानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया बाहर

    आईसीसी टी20 विश्वकप के सुपर 8 के मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान ने बांग्लादेश को 8 रनों से हरा दिया है.

    इस जीत के साथ ही अफ़ग़ानिस्तान टी20 विश्वकप के सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया है. ये पहला मौका है जब अफ़गानिस्तान किसी आईसीसी ट्रॉफ़ी ईवेंट के सेमीफ़ाइनल में पहुंचा है. इसके अलावा बड़ी खबर ये भी है कि ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.

    मैच की बात करें तो टॉस जीतकर अफ़गानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया था. 20 ओवर में 5 विकेट खोकर अफ़गानिस्तान ने 115 रन ही बनाए थे. बांग्लादेश की तरफ से सबसे ज़्यादा रिशाद होसेन ने 3 विकेट लिए.

    बारिश के कारण बांग्लादेश के लिए डकवर्थ ल्यूइस के हिसाब से 19 ओवर में 114 रनों का टारगेट तय किया गया. बांग्लादेश की टीम 105 रनों पर ही सिमट गई. अफ़गानिस्तान के नवीन उल हक और राशिद खान ने चार-चार विकेट अपने नाम किए.

    लिटन दास 54 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन उनकी पारी टीम को हार से बचा नहीं पाई.

    पहला सेमीफाइनल 26 जुलाई और दूसरा सेमीफाइनल 27 जुलाई को खेला जाएगा. पहले सेमीफ़ाइनल मुकाबले में अफ़गानिस्तान का सामना दक्षिण अफ़्रीका से होगा. वहीं भारत और इंग्लैड के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा.

    29 जून ब्रिजटाउन में आईसीसी टी20 विश्वकप का फ़ाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

  19. जूलियन असांज केस में अमेरिका ने ऐसे अपना रुख़ बदला

    नोमिया इकबाल

    बीबीसी न्यूज़, वॉशिंगटन

    अमेरिका के बाइडन प्रशासन पर लंबे वक्त से जूलियन असांज मामले को सुलझाने का दबाव था.

    अप्रैल महीने में ही राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि उनके करीबी सहयोगी ऑस्ट्रेलिया ने जूलियन असांज के प्रत्यर्पण केस और कानूनी मसलों को खत्म करने के लिए अनुरोध किया है.

    ये उस घटना से बिल्कुल ही अलग है जब तीन साल पहले अमेरिका के न्याय विभाग ने प्रत्यर्पण का केस चलाने का फैसला किया था.

    साल 2019 में इक्वाडोरियन दूतावास को छोड़ने के बाद जूलियन असांज ब्रिटेन में गिरफ़्तार हुए थे, उस वक्त हिलेरी क्लिंटन समेत कई डेमोक्रेट नेताओं ने कहा था कि ''उन्होंने(असांज ने) जो किया है उसका जवाब देना होगा.''

    जूलियन असांज पर अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री और कई अन्य नेताओं ने ये आरोप लगाया था कि उन्होंने साल 2016 के राष्ट्रपति चुनावों में रूस के साथ मिलकर हेरा फेरी की.

    लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर ही कई प्रगतिशील नेताओं ने इसे अलग नज़रिए से देखा था. उनका कहना था कि एक ऑस्ट्रेलियन नागरिक के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने का मतलब फ़्री स्पीच का उल्लंघन होगा, बतौर पत्रकार असांज इसके हकदार हैं.

    अब इस मामले में अमेरिका का ये कदम उसके शुरुआती स्टैंड से बिलकुल उलट दिखाई देता है.

  20. आम आदमी पार्टी ने बताया- आतिशी अस्पताल में भर्ती

    दिल्ली सरकार में जल मंत्री आतिशी अस्पताल में भर्ती हो गई हैं. आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी है.

    पार्टी ने कहा है कि बीते 5 दिनों से आतिशी ने कुछ भी नहीं खाया है और अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं.

    आम आदमी पार्टी ने कहा, ''जल मंत्री आतिशी के स्वास्थ्य में गिरावट. उनके खून में शुगर लेवल गिरकर 43 पर आ गया और रात 3 बजे ये 36 पर आ गया था. इसके बाद एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने भर्ती करने की सलाह दी.''

    ''उन्होंने बीते पांच दिनों से कुछ भी नहीं खाया है और वो हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का पानी मांगने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं. वो एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं.''

    दिल्ली जल संकट के बीच दिल्ली की सरकार ने हरियाणा पर पानी न देने के आरोप लगाए हैं. वहीं हरियाणा की सरकार का कहना है कि पहले के मुकाबले दिल्ली को ज़्यादा पानी दिया जा रहा है लेकिन दिल्ली की सरकार व्यवस्था नहीं बना पा रही है.

    पानी की मांग को लेकर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया था. अब उनकी तबीयत खराब हो गई है. आतिशी ने इससे पहले एक वीडियो मैसेज भी जारी किया था.

    इस वीडियो में आतिशी ने कहा था, ''दिल्ली का सारा पानी पड़ोसी राज्यों से आता है. हरियाणा की बीजेपी सरकार ने दिल्ली के हक का 100 एमजीडी यानी कि 46 करोड़ लीटर से ज़्यादा पानी रोक रखा है. यह एक दिन में 28 लाख से ज़्यादा लोगों के काम आता है.''

    ''जब तक हरियाणा सरकार इन 28 लाख लोगों के हक़ का पानी नहीं छोड़ देती है. मेरा स्वास्थ्य कितना भी बिगड़ जाए लेकिन मैं दिल्लीवालों को उनके हक़ का पानी दिलाकर रहूँगी''