You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पहलगाम हमले की ईरान और यूएई ने की कड़ी निंदा, कहा- हम भारत के साथ

मसूद पेज़ेश्कियान के साथ बातचीत में मोदी ने ईरान के बंदरगाह बांदर अब्बास में हुए विस्फोट में मारे जाने वालों के लिए दुख जताया

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और दीपक मंडल

  1. जल शक्ति मंत्री बोले- भारत से पानी की एक भी बूंद पाकिस्तान में न जाने पाये

    केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि 'सरकार इस रणनीति पर काम कर रही है कि भारत से पानी की एक भी बूंद पाकिस्तान में न जाने पाये.'

    उन्होंने ये टिप्पणी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद की.

    पाटिल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई निर्देश जारी किए हैं.

    मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी.

    इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी बॉर्डर को बंद करने सहित कई फ़ैसले लिए थे.

    इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी कई क़दम उठाए हैें.

    सिंधु जल संधि के तहत भारत को ब्यास, रावी और सतलुज नदियों के पानी पर अधिकार दिया गया था, जबकि तीन पश्चिमी नदियों सिंधु, चिनाब और झेलम के पानी पर पाकिस्तान को अधिकार दिया गया था.

    हालांकि इस संधि के तहत इन तीनों नदियों (सिंधु, चिनाब, झेलम) के पानी का भी 20 फ़ीसदी पानी भारत के पास है.

    ये भी पढ़ें-

  2. पुतिन के सहयोगी ने बताया अमेरिकी दूत और रूसी राष्ट्रपति के बीच कैसी रही बात?

    अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बातचीत 'रचनात्मक' और 'उपयोगी' रही है. पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने ये जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि पुतिन और स्टीव विटकॉफ़ की बैठक क़रीब तीन घंटे तक चली.

    अमेरिका ने स्टीव विटकॉफ़ और पुतिन की बैठक के दौरान हुई चर्चा का विवरण तो जारी नहीं किया. हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता कराने का प्रयास 'सफलतापूर्वक' चल रहा है.

    इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात अपने वीडियो संबोधन में कहा, "रूस के बिना शर्त युद्धविराम स्वीकार करने के लिए वास्तविक दबाव डालना ज़रूरी है."

    ख़बरें है कि अमेरिका शांति प्रस्ताव के तहत यूक्रेन से रूस द्वारा कब्ज़ा किए गए अपने बड़े हिस्से के क्षेत्र को छोड़ने के लिए कह सकता है.

    डोनाल्ड ट्रंप जब से अमेरिका के राष्ट्रपति फिर से बने हैं तब से वो यूक्रेन और रूस के बीच शांति प्रस्ताव कराने का प्रयास कर रहे हैं.

    रूस ने यूक्रेन पर फरवरी 2022 में हमला किया था. अभी रूस का यूक्रेन के 20 फ़ीसदी हिस्सों पर कब्ज़ा है.

  3. कश्मीर का ज़िक्र कर भारत और पाकिस्तान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप क्या बोले?

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच फिर तनाव बढ़ने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मैं भारत के भी बहुत क़रीब हूं और पाकिस्तान के भी बहुत क़रीब हूं. वे कश्मीर को लेकर हज़ारों सालों से लड़ रहे हैं. कश्मीर का मुद्दा हज़ारों सालों से चल रहा है और शायद उससे भी ज़्यादा समय से."

    उन्होंने कहा, "एक बुरा हमला (पहलगाम में हुआ चरमपंथी हमला) था और उस सीमा पर 1500 सालों से तनाव है. यह ऐसा ही रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि वे इसे किसी ना किसी तरह से सुलझा लेंगे. मैं दोनों नेताओं को जानता हूं. पाकिस्तान और भारत के बीच बहुत तनाव है, लेकिन हमेशा से रहा है."

    दरअसल, ब्रिटिश राज से 1947 में आज़ादी मिलने के साथ ही भारत का विभाजन भी हुआ था. भारत को दो स्वतंत्र राष्ट्रों, भारत और पाकिस्तान में विभाजित कर दिया गया.

    इसके बाद से दोनों देशों के बीच कश्मीर को लेकर विवाद चल रहा है.

    मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी.

    इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी बॉर्डर को बंद करने सहित कई फ़ैसले लिए थे.

    इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी कई क़दम उठाए हैें.

    ये भी पढ़ें-

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.