डोनाल्ड ट्रंप बोले- अमेरिका और ईरान के बीच नए परमाणु समझौते के लिए होगी सीधी बातचीत

अमेरिकी राष्टपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान एक संभावित नए परमाणु समझौते को लेकर शनिवार को "सीधी बातचीत" करेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत, अश्वनी पासवान और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बीच किन मुद्दों पर बात हुई?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने राष्ट्रपति ट्रंप को एक अच्छा साझेदार बताया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाकात की.

    इस दौरान दोनों नेताओं के बीच ईरान, टैरिफ़ और हमास द्वारा बंधक बनाए गए इसराइली नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई.

    इस बीच, जब राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा गया कि क्या टैरिफ़ लगाने पर कोई रोक लगाई जाएगी?

    तो उन्होंने कहा, “हम ऐसा नहीं सोच रहे हैं. कई देश हमारे साथ व्यापारिक समझौते करने आ रहे हैं, लेकिन ये सौदे निष्पक्ष होंगे.”

    इस मामले पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा, “हम अमेरिका के साथ व्यापार घाटे को खत्म कर देंगे. हमारा इरादा है कि इसे बहुत जल्द किया जाए. हमें लगता है कि यह सही क़दम है और हम व्यापार में आने वाली रुकावटों को भी ख़त्म करेंगे.”

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पहले अंतरराष्ट्रीय नेता हैं, जिन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ़ लगाने की घोषणा करने के बाद उनसे मुलाकात की.

  2. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 26/11 मुंबई हमलों के अभियुक्त तहव्वुर राना की भारत न भेजने की अपील ख़ारिज की

    तहव्वुर हुसैन राना (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तहव्वुर हुसैन राना (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 26/11 मुंबई हमले के अभियुक्त तहव्वुर राना की उस अपील को ख़ारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने भारत भेजे जाने पर रोक लगाने की मांग की थी.

    इसी के साथ अब तहव्वुर राना को भारतीय अधिकारियों को सौंपे जाने की प्रक्रिया एक क़दम और आगे बढ़ गई है ताकि राना को भारत लाया जा सके.

    पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक 64 वर्षीय तहव्वुर इस समय अमेरिका के लॉस एंजेलिस के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद हैं.

    अमेरिका में तहव्वुर राना को साल 2013 में अपने दोस्त डेविड कोलमैन हेडली के साथ मुंबई के हमले को अंजाम देने और डेनमार्क में हमले की योजना बनाने के आरोप में दोषी पाया गया था.

    इन मामलों में तहव्वुर हुसैन राना को अमेरिकी अदालत ने 14 साल जेल की सज़ा सुनाई थी.

    तहव्वुर हुसैन राना का जन्म पाकिस्तान में हुआ और वहीं परवरिश हुई. मेडिकल डिग्री हासिल करने के बाद वो पाकिस्तानी सेना के मेडिकल कोर में शामिल हो गए थे.

  3. ट्रंप की चीन पर नए टैरिफ़ की चेतावनी के बावजूद एशियाई बाज़ार बढ़त के साथ खुले

    शेयर बाज़ार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोमवार को एशियाई बाज़ार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी

    सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर नए टैरिफ़ लगाने की चेतावनी दी थी. इसके बावजूद मंगलवार सुबह जापान और दक्षिण कोरिया के शेयर बाज़ारों में थोड़ी बढ़त देखने को मिली.

    सोमवार को इन दोनों देशों के बाज़ार भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे.

    ट्रंप ने कहा था कि अगर चीन ने अमेरिका पर लगाए गए 34 फ़ीसदी के जवाबी टैरिफ़ वापस नहीं लिए, तो वे मंगलवार से चीन पर नए टैरिफ़ लागू कर देंगे.

    मंगलवार को जापान के निक्केई 225 सूचकांक और दक्षिण कोरिया के सूचकांक कोस्पी में सोमवार की तुलना में लगभग 2 फ़ीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया का शेयर बाज़ार एएसएक्स 200 भी हल्की बढ़त के साथ खुला.

    सोमवार को ट्रंप के टैरिफ़ संबंधी बयान का असर दुनियाभर के शेयर बाज़ारों पर देखा गया था. एशिया और यूरोप के बाज़ारों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी.

    भारतीय शेयर बाज़ार भी इससे अछूते नहीं रहे. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ़्टी सवा तीन फ़ीसदी गिरा, जबकि सेंसेक्स में लगभग तीन फ़ीसदी की गिरावट आई थी.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरें आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.