डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर दी यह अहम जानकारी, पाकिस्तान पर भी बोले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर एक के बाद एक, कई पोस्ट कर अहम बातें कही हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, सुमंत सिंह

  1. क़तर ने लेबनान में संघर्षविराम की घोषणा का स्वागत किया

    लेबनान में जश्न मनाते लोग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के साथ संघर्षविराम के बाद लेबनान में लोगों ने जश्न मनाया

    क़तर ने लेबनान में हुए संघर्षविराम का स्वागत किया है और इसे तनाव कम करने की दिशा में एक कदम बताया है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आग्रह किया, “शांति बनाए रखने और क्षेत्र में आगे ज़्यादा तनाव बढ़ने से रोकने के लिए इस समझौते का पूरी तरह से और तत्काल पालन किया जाना चाहिए.”

    इसमें आगे कहा गया है, “विदेश मंत्रालय अपने मित्र अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों के लिए क़तर की ओर से उनकी सराहना करता है, जिन्होंने इस समझौते तक पहुँचने में योगदान दिया."

    इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की थी कि लेबनान और इसराइल 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं.

    यह युद्धविराम भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार सुबह तड़के 2:30 बजे लागू हो गया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हथियारबंद समूह हिज़्बुल्लाह से अपील की है कि वो इसराइल के साथ लागू हुए संघर्षविराम का पालन करे.

  2. लेबनान के साथ संघर्षविराम के बाद इसराइल में लोग क्यों हैं हैरान, लूसी विलियम्सन, मध्य पूर्व संवाददाता, यरूशलम

    नेतन्याहू और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसराइल और लेबनान के बीच दस दिनों के संघर्षविराम की घोषणा की (फ़ाइल फ़ोटो)

    लेबनान के साथ युद्धविराम की ख़बरें आने के बाद इसराइल के उत्तरी इलाक़ों में तीन बार सायरन बजे, जो लेबनान से आने वाले रॉकेटों की चेतावनी दे रहे थे.

    उत्तरी शहर नाहरिया के ऊपर आसमान में इसराइल के हवाई सुरक्षा इंटरसेप्टर ने उन्हें रोका, जिससे ज़ोरदार धमाके हुए.

    एम्बुलेंस कर्मचारियों ने बताया कि संघर्षविराम लागू होने से कुछ घंटे पहले, रॉकेट के टुकड़ों से कम से कम तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.

    यहाँ ज़मीनी स्तर पर इस बात को लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि इसराइल के नेता ने इस सीज़फ़ायर समझौते पर हस्ताक्षर क्यों किए.

    नाहरिया में रहने वाले एक छात्र गैल ने कहा, "मुझे लगता है कि सरकार ने हमसे झूठ बोला है. उन्होंने वादा किया था कि इस बार इसका अंत अलग तरह से होगा, लेकिन ऐसा लगता है कि हम एक बार फिर ऐसे युद्धविराम समझौते की ओर बढ़ रहे हैं जिससे किसी भी समस्या का कोई समाधान नहीं निकलता."

    32 साल के ट्रक ड्राइवर माओर ने कहा, "हमने लेबनान सरकार को एक मौक़ा दिया था, लेकिन वे समझौते का पालन करने में नाकाम रहे. उन्होंने हिज़्बुल्लाह के हथियार ख़त्म नहीं किए."

    पिछले साल माओर के घर पर एक रॉकेट गिरा था.

    उन्होंने कहा, "अगर हम यह काम नहीं करेंगे, तो कोई और नहीं करेगा. यह शर्म की बात है कि उन्होंने इसे रोक दिया."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की थी कि लेबनान और इसराइल 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं.

    युद्धविराम की घोषणा वाले अपने पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की.

    तकनीकी तौर पर यह संघर्षविराम इसराइल और लेबनान के बीच है, जो हिज़्बुल्लाह का ठिकाना है.

    इस समझौते के बाद लेबनान में बड़ी संख्या में विस्थापित लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं.

  3. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने परमाणु कार्यक्रम के बारे में अब ये कहा

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, @drpezeshkian

    इमेज कैप्शन, मसूद पेज़ेश्कियान ने दुनिया के कई नेताओं पर आरोप लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने देश के परमाणु कार्यक्रम पर एक ताज़ा बयान दिया है.

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में पेज़ेश्कियान ने लिखा, “एक शासन के लिए परमाणु हथियार, लेकिन एक पूरे राष्ट्र के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम की वजह से उसके ख़िलाफ़ जंग? ईरान, इराक़ और सीरिया में वैज्ञानिकों की हत्याएं, मिनाब में बच्चों की जान लेना. क्या दुनिया के कुछ नेताओं की मानवीय अंतरात्मा मर चुकी है?”

    उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “पिछले साल यूएनजीए में मैंने इस्लाम, ईसाई धर्म, यहूदी धर्म और मानवीय अंतरात्मा के गोल्डन रूल पर लौटने का आग्रह किया था- "दूसरों के साथ वैसा व्यवहार न करें, जैसा आप अपने साथ नहीं चाहते."

    उन्होंने आरोप लगाया है कि इसराइल खुलेआम इस सिद्धांत का उल्लंघन कर रहा है.

  4. लेबनानी सेना का आरोप, सीज़फ़ायर के बावजूद इसराइल ने कई हमले किए

    जश्न में चमक रही रोशनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    लेबनानी सेना ने कहा है कि इसराइल के साथ हुए सीज़फ़ायर समझौते का कई बार उल्लंघन हो चुका है.

    सोशल मीडिया एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट पर एक पोस्ट में सेना ने कहा कि उसने लेबनानी गांवों पर इसराइल के कई हमलों को रिकॉर्ड किया है.

    लेबनानी सेना ने कहा है कि इसराइल की ओर से रुक-रुककर कई बार गोलीबारी भी की गई.

    सेना ने विस्थापित लोगों से आग्रह किया है कि वे दक्षिणी कस्बों में लौटते समय सावधानी बरतें और ख़तरनाक इलाकों से दूर रहें.

    इसराइल के साथ संघर्षविराम की घोषणा के बाद हमलों की वजह से लेबनान में विस्थापित हुए लोग अब अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं.

    इस संघर्षविराम के बाद लेबनान में कई लोगों जश्न भी मनाया है.

    संयुक्त राष्ट्र के रिफ़्यूजी चीफ़ ने लेबनान में दस लाख लोगों के विस्थापित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ‘फौरन मदद’ की अपील की है.

    ख़बर लिखे जाने तक इसराइल या उसकी सेना ‘आईडीएफ़’ की ओर से इन आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं आई है.

    हालाँकि लेबनान के साथ समझौते के बाद इसराइल ने कहा था कि वह केवल हिज़्बुल्लाह के हमलों के जवाब में सैन्य कार्रवाई करेगा.

  5. ट्रंप ने कहा, 'ईरान युद्ध बहुत जल्द ख़त्म होना चाहिए'

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सेना की भी प्रशंसा की है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के नेवादा में टैक्स डे राउंडटेबल के दौरान ईरान युद्ध के मुद्दे पर भी बात की है. ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध 'बहुत जल्द ख़त्म हो जाना चाहिए.'

    उन्होंने कहा, "मैं कहूंगा कि ईरान में युद्ध से जुड़ा मुद्दा अच्छी प्रगति कर रहा है." और यह "बहुत जल्द ख़त्म हो जाना चाहिए."

    इससे पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से ईरान के साथ शांति वार्ता के बारे में ट्रंप ने कहा कि, ‘पाकिस्तान बहुत अच्छा कर रहा है. मैं इस्लामाबाद जा सकता हूं. अगर पाकिस्तान में डील साइन होती है तो मैं इस्लामाबाद जा सकता हूं.’

    पिछले सप्ताह इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच काफ़ी लंबी बातचीत हुई थी. हालाँकि यह बातचीत बेनतीजा रही थी.

    व्हाइट हाउस का कहना है कि शांति वार्ता के दूसरे राउंड के बारे में बातचीत "चल रही है" लेकिन अभी इसका समय या जगह तय नहीं हुई है.

  6. इसराइल के साथ संघर्षविराम के बाद लेबनान में जश्न - तस्वीरों में

    लेबननान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल-लेबनान समझौते के बाद ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनई की तस्वीर वाले झंडे के साथ जश्न मनाते लोग. इसराइली हमलों की वजह से लेबनान में विस्थापित हुए लोग अब अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं.
    इसराइल-लेबनान समझौते के बाद लेबनान में जश्न मनाते युवा.

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, लेबनान में जश्न मनाते युवा. संयुक्त राष्ट्र के रिफ़्यूजी चीफ़ ने लेबनान में दस लाख लोगों के विस्थापित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ‘फौरन मदद’ की अपील की है.
    लेबनान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, लेबनान और इसराइल के बीच क़रीब 33 साल बाद पहली कूटनीतिक बातचीत हुई है. इसी के नतीजे में यह संघर्षविराम हुआ है. इसराइल और लेबनान के बीच कोई कूटनीतिक संबंध नहीं है. उनके बीच आखिरी उच्च-स्तरीय प्रत्यक्ष बातचीत साल 1993 में हुई थी.
    लेबनान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एक शख़्स के हाथ में हिज़्बुल्लाह के पूर्व प्रमुख हसन नसरल्लाह की फ़ोटो है. 2 मार्च को लेबनान में इसराइली सेना के ऑपरेशन शुरू होने के बाद से अब तक दो हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.
  7. इसराइल-लेबनान समझौते के बाद ट्रंप ने हिज़्बुल्लाह से शांति बनाए रखने की अपील की

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने संघर्षविराम के दौरान हिज़्बुल्लाह से ''अच्छे बर्ताव'' की उम्मीद की है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हथियारबंद समूह हिज़्बुल्लाह से अपील की है कि वो इसराइल के साथ लागू हुए संघर्षविराम का पालन करे.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "मुझे उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण समय के दौरान हिज़्बुल्लाह अच्छा और उचित बर्ताव करेगा."

    ट्रंप ने आगे लिखा, "अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह उनके लिए एक 'महान' समय होगा अब और कोई हत्या नहीं होगी. आखिरकार शांति होनी ही चाहिए."

    इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की थी कि लेबनान और इसराइल 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं.

    यह युद्धविराम भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 2:30 बजे शुरू हो गया.

    युद्धविराम की घोषणा वाले अपने पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की.

    तकनीकी तौर पर यह संघर्षविराम इसराइल और लेबनान के बीच है, जो हिज़्बुल्लाह का ठिकाना है.

    एक इसराइली अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि संघर्षविराम के दौरान इसराइल केवल "हिज़्बुल्लाह की तरफ़ से किए हमलों" का ही सैन्य जवाब देगा.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि एक अधिक स्थायी शांति समझौते के लिए यह ज़रूरी होगा कि ईरान समर्थित इस समूह के हथियार ख़त्म किए जाएं.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें-