मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के बारे में पुलिस ने दी नई जानकारी

इमेज स्रोत, ANI
विकासशील इंसान पार्टी के संरक्षक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या के बारे में पुलिस ने नई जानकारी दी है.
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बुधवार देर शाम प्रेस काॅफ्रेंस करके बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त गांव के ही काज़िम अंसारी हैं.
अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसने जीतन सहनी से डेढ़ लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसे वो चुका नहीं पा रहा था. कर्ज़ के बदले अंसारी के कुछ ज़मीन जीतन सहनी के पास गिरवी रखी हुई थी जिसे वो छुड़ाना चाहता था.
पुलिस ने बताया कि घटना की रात करीब डेढ़ बजे काज़िम अपने साथियों के साथ जीतन सहनी के घर के पीछे के दरवाजे में अंदर गया. इसके बाद जीतन सहनी को उठाकर डराया-धमकाया और जमीन के कागजात मांगे.
अंसारी ने पुलिस को बताया कि जीतन में उन्हें गालियां दीं, जिसके बाद अंसारी ने जीतन सहनी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए.
हत्या करने के बाद सभी ने कागजात वाली आलमारी से जमीन के कागज़ात का बक्सा निकाला, लेकिन उन्हें चाबी नहीं मिली, इसलिए बक्से को एक गढ्ढे में फेंक दिया.
एसएसपी ने बताया कि अंसारी ने इस घटना में शामिल जिन-जिन साथियों के नाम बताए हैं, पुलिस उनकी खोजबीन कर रही है.
इसी सप्ताह सोमवार को जीतन सहनी की दरभंगा के बिरौल बाज़ार स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी.
इस मामले की जांच के लिए दरभंगा (ग्रामीण) की पुलिस अधीक्षक (एसपी) काम्या मिश्रा की अगुआई में एक कमिटी गठित की गई थी.



















