You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी सरकार बढ़े हुए टैरिफ़ दरों को लेकर कई देशों को भेजेगी पत्र

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार एक अगस्त से लागू होने वाले बढ़े हुए टैरिफ़ रेट के विवरण के साथ संबंधित देशों को पत्र भेजना शुरू करेगी.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अमेरिकी सरकार बढ़े हुए टैरिफ़ दरों को लेकर कई देशों को भेजेगी पत्र

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार एक अगस्त से लागू होने वाले बढ़े हुए टैरिफ़ रेट के विवरण के साथ संबंधित देशों को पत्र भेजना शुरू करेगी.

    राष्ट्रपति ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार को 10 से 12 पत्र भेजे जाएंगे और आने वाले दिनों में और भी पत्र भेजे जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि, "आयात शुल्क 60 फ़ीसदी या 70 फ़ीसदी से लेकर 10 फ़ीसदी से 20 फ़ीसदी तक होंगे."

    इससे पहले उन्होंने कहा था, "कई देशों पर 10 फ़ीसदी से लेकर अधिकतम 50 फ़ीसदी तक का बेसलाइन टैरिफ़ होगा."

    ट्रंप ने आयात शुल्क दरों पर बातचीत के लिए 9 जुलाई की समय सीमा तय की है.

    ट्रंप ने यह नहीं बताया कि किन देशों के सामानों पर अमेरिकी कर लगेगा, या क्या दरें केवल कुछ सामानों पर ही लागू होंगी.

  3. एजबेस्टन टेस्ट: इंग्लैंड 407 रन पर ऑल आउट, मोहम्मद सिराज ने लिए 6 विकेट

    एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 407 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इस तरह से भारत को पहली पारी के आधार पर 180 रन की बढ़त मिली.

    भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 70 रन देकर 6 विकेट लिए.

    टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार शुरुआत की और एक समय इंग्लैंड की आधी टीम 84 रनों पर आउट हो चुकी थी.

    लेकिन फिर हैरी ब्रुक और जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए तूफ़ानी ढंग से खेलते हुए 311 रनों की पार्टनरशिप की और इंग्लैंड की पारी को संभाल लिया.

    जेमी स्मिथ ने 207 गेंदों पर 21 चौके और चार छक्कों की मदद से 184 रन बनाए.

    हैरी ब्रुक ने 17 चौके और एक छक्के की मदद से 158 रन बनाए.

    भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे, जिसमें कप्तान शुभमन गिल ने 269 रन बनाए थे.

    सिरीज़ का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीत लिया था.

  4. चुनाव आयोग को लेकर बोले तेजस्वी- 'हम सब जानते हैं कि उनके निर्णय कौन ले रहे हैं'

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग से मुलाक़ात की है.

    मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से उन्होंने कहा, "हम लोगों की चिंता है कि मतदाताओं के नाम पहले वोटर लिस्ट से, फिर राशन लिस्ट से और फिर पेंशन लिस्ट से हटाए जाएंगे."

    उन्होंने बताया कि हमने चुनाव आयोग के सामने कई सवाल रखे हैं.

    तेजस्वी यादव ने कहा, "अभी भी बारिश हो रही है, कई जगहों पर नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, मानसून है, हमने टाइमिंग को लेकर सवाल उठाए हैं कि 25 दिनों में ये संभव नहीं है."

    उन्होंने कहा, "बाहर रहने वाले 4-5 करोड़ बिहारियों के लिए आप क्या करेंगे? हमने चुनाव आयोग से मांग की है कि दस्तावेजों को और सरल बनाया जाए, जैसे आधार कार्ड, जॉब कार्ड, मनरेगा कार्ड शामिल करें, जो दस्तावेज मांगे गए हैं वो बिहारियों के पास नहीं हैं."

    आरजेडी नेता ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "बिहार के चुनाव आयोग को कोई भी निर्णय लेने का अधिकार नहीं है. निर्णय लेने का अधिकार दिल्ली वालों को है और हम सब जानते हैं कि उनके निर्णय कौन ले रहे हैं."

    बिहार में इस साल कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं.

    इससे पहले पिछले महीने 24 जून को निर्वाचन आयोग ने बिहार में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का निर्देश दिया था.

    इसके तहत बिहार में वोटर लिस्ट में संशोधन किया जाएगा. इसके लिए घर-घर जाकर नागरिकों की जांच की जाएगी और वैध दस्तावेज़ों के आधार पर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा.

  5. 'मोदी 42 देश गए लेकिन मणिपुर क्यों नहीं जाते'- मल्लिकार्जुन खड़गे

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.

    मणिपुर में शुरू हुई हिंसा पूरी तरह शांत नहीं हो पाई है और राज्य से रह-रहकर हिंसा की ख़बरें आती हैं.

    इसी साल फरवरी महीने में बीजेपी के एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है.

    खड़गे ने शुक्रवार को तेलंगाना में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "इस दुनिया में वह (पीएम मोदी) 42 राष्ट्रों में गए हैं, लेकिन उन्होंने मणिपुर का दौरा नहीं किया, जहां लोग मर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मुझे हैरानी होती है कि मोदी जी मणिपुर के बारे में चुप क्यों बैठे हैं. मणिपुर एक ऐसा मुल्क है, जो हमारे देश के महत्वपूर्ण हिस्से में है."

    कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "वहां हम भी गए, राहुल गांधी जी भी गए, लेकिन मोदी उधर झांक के भी नहीं देखें. क्या वो हमारे नागरिक नहीं हैं? क्या वे लोग हमारे नहीं हैं?"

    उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "ये हर देश में जाकर वहां के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को गले लगाते फिरते हैं, पहले अपने लोगों से मिलो और उनके दुख दर्द को सुनो."

  6. अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल- 'भारत अपनी शर्तों पर चर्चा करता है'

    केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बारे में सवाल पूछे जाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    पीयूष गोयल ने पत्रकारों से कहा, "भारत अपनी शर्तों पर चर्चा करता है. यूरोपीय संघ, न्यूज़ीलैंड, ओमान, अमेरिका, चिली, पेरू, कई देशों के साथ समझौते पर बातचीत चल रही है."

    उन्होंने कहा, "फ़्री ट्रेड समझौता तभी संभव होता है जब दो तरफ़ा फ़ायदा हो. भारत के हित को सुरक्षित रखते हुए अगर अच्छी डील होती है तो भारत विकसित देशों के साथ डील करने के लिए कभी भी तैयार है."

    वाणिज्य एंव उद्योग मंत्री ने कहा, "भारत कभी कोई ट्रेड डील समय सीमा के आधार पर नहीं करता है. जब डील अच्छी बन जाए और देश हित में हो तब उसको हम स्वीकार करते हैं."

    इससे पहले भारत के विदेश मंत्री ने कहा था कि, "उम्मीद है कि 9 जुलाई को रेसिप्रोकल टैरिफ़ पर 90 दिन की रोक ख़त्म होने से पहले अमेरिका के साथ व्यापार समझौता हो जाएगा."

  7. दलाई लामा पर भारत का बयान, 'हम धार्मिक स्वतंत्रता के पक्षधर'

    तिब्बती बौद्ध धर्म के सबसे बड़े आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने दलाई लामा की ओर से दलाई लामा संस्था की निरंतरता को लेकर दिए गए बयान से जुड़ी रिपोर्ट्स देखी हैं."

    उन्होंने कहा, "भारत सरकार आस्था और धर्म से जुड़े विश्वासों और परंपराओं पर कोई रुख़ नहीं अपनाती और न ही इस पर कोई टिप्पणी करती है."

    बयान में आगे कहा गया, "सरकार ने हमेशा भारत में सभी के लिए धार्मिक स्वतंत्रता का समर्थन किया है और आगे भी ऐसा करती रहेगी."

    दलाई लामा ने बुधवार को कहा था कि दलाई लामा की संस्था जारी रहेगी.

    इस बात का सीधा मतलब यह है कि मौजूदा दलाई लामा की मृत्यु के बाद भी उनका उत्तराधिकारी होगा.

    लेकिन दलाई लामा के उत्तराधिकारी के मुद्दे पर चीन ने कड़ा ऐतराज़ जताया है.

    दलाई लामा के संदेश को ख़ारिज करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उनके पुनर्जन्म को चीनी सरकार की मंज़ूरी की ज़रूरत है.

    साथ ही चीन ने कहा कि दलाई लामा के उत्तराधिकार की प्रक्रिया में चीन के क़ानूनों और नियमों के साथ-साथ 'धार्मिक अनुष्ठानों और ऐतिहासिक परंपराओं' का पालन होना चाहिए.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान केवल लॉटरी सिस्टम के माध्यम से की जा सकती है - जहां नाम एक सुनहरे कलश से निकाले जाते हैं.

  8. महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस बोले, 'भाषा की वजह से अगर कोई गुंडागर्दी करेगा तो हम नहीं सहने वाले'

    महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोगों से जबरन मराठी बोलने के लिए कहा जा रहा है.

    कुछ मामलों में मारपीट भी हुई है. ऐसे में इन विवादों पर अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है.

    सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से कहा, "मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में बताना चाहता हूं, महाराष्ट्र में मराठी भाषा का अभिमान रखना कोई ग़लत बात नहीं है."

    "लेकिन भाषा की वजह से अगर कोई गुंडागर्दी करेगा, तो इसे हम सहन नहीं करने वाले. कोई अगर भाषा के आधार पर मारपीट करेगा तो यह सहन नहीं किया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "जिस प्रकार की घटना हुई है उस पर पुलिस ने कार्रवाई भी की है और आगे भी अगर कोई इस तरह भाषा को लेकर विवाद करेगा तो उस पर कार्रवाई होगी."

    देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "भारत की किसी भी भाषा के साथ इस प्रकार से अन्याय नहीं किया जा सकता. मुझे तो कभी-कभी आश्चर्य होता है कि ये लोग अंग्रेज़ी को गले लगाते हैं और हिंदी के ऊपर विवाद करते हैं."

  9. कर्नाटक: बाघिन और उसके चार शावकों की ज़हर से मौत का मामला, चार अधिकारियों को निलंबित करने की सिफ़ारिश, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक में एक बाघिन और उसके चार शावकों को ज़हर देने की घटना की जांच के लिए बनी उच्चस्तरीय समिति ने अपनी रिपोर्ट में लापरवाही और कर्तव्य में चूक के लिए उप वन संरक्षक (डीसीएफ़) और तीन अन्य अधिकारियों को निलंबित करने की सिफारिश की है.

    समिति ने अपनी शुरुआती जांच में पाया कि माले महादेश्वर हिल्स वाइल्डलाइफ सेंचुरी में गश्त करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को अधिकारी समय पर वेतन नहीं दे सके. .

    वेतन अप्रैल में जारी किया गया था, लेकिन कर्मचारियों को जून में भी भुगतान नहीं किया गया.

    राज्य के वन मंत्री ईश्वर खांदरे की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "यह साफ़ है कि वेतन का भुगतान न होने के कारण फ्रंटलाइन कर्मचारी ड्यूटी से बच रहे थे."

    खांदरे ने रिपोर्ट लेने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उसकी समीक्षा की और इसके बाद संबंधित अधिकारियों के निलंबन की सिफ़ारिश की और फिर डीसीएफ चक्रपाणि के ख़िलाफ़ विभागीय जांच के आदेश दिए.

    बाघिन ने सेंचुरी के अंदर एक किसान की गाय को मार डाला था और कुछ दिनों बाद अपने चार शावकों के साथ शव को खाने के लिए वापस लौटी थी.

    किसान और दो अन्य लोगों ने शव पर एक शक्तिशाली कीटनाशक (कीटों को नियंत्रित करने या मारने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रसायन) का छिड़काव किया था, जिसके कारण बाघिन और शावकों की मौत हो गई थी.

    गश्त की कमी तब साफ़ दिखाई दी जब मृत बाघिन और उसके शावकों के शव दो दिन से ज़्यादा समय तक एंटी-पोचिंग सेंटर से सिर्फ़ 800 मीटर की दूरी पर पड़े रहे.

  10. बिहार: चिराग पासवान ने ओवैसी की पार्टी और आरजेडी पर क्या कहा?

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एआईएमआईएम के बिहार अध्यक्ष की ओर से एआईएमआईएम को महागठबंधन में शामिल करने के लिए लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया दी है.

    एआईएमआईएम बिहार अध्यक्ष अख्त़रुल ईमान ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू यादव को एआईएमआईएम को महागठबंधन में शामिल करने के लिए पत्र लिखा है.

    इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "पत्र लिखा है या पत्र लिखवाया गया है मुझे नहीं पता. मुसलमान वोट, जिस पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता अपना आधिपत्य मानते हैं, उसमें बिखराव देखने को मिल रहा है."

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, "पिछले विधानसभा चुनाव में अगर बिखराव नहीं होता, तो ओवैसी जी की पार्टी कैसे जीती. वो बात अलग है कि बाद में वो विधायक कहां गए और नहीं गए."

    चिराग पासवान ने कहा, "हक़ीक़त है कि आज की तारीख में जिस एमवाई (मुस्लिम और यादव) समीकरण पर राष्ट्रीय जनता दल सांप्रदायिकता और जातिवाद को बढ़ावा देकर आगे बढ़ रही थी, आज की तारीख में उसी समाज के लोग इस बात को समझ रह हैं कि उन्हें सिर्फ़ वोट बैंक बनाया जा रहा है."

    "मुसलमान वोटों में हो रहे बिखराव को रोकने की सोच के साथ उनको आमंत्रित किया गया है. "

  11. हमास ने ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े अमेरिकी प्रस्ताव पर क्या कहा?

    हमास ने कहा है कि वह ग़ज़ा में अमेरिका की ओर से पेश किए गए युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े नए प्रस्ताव पर आधिकारिक जवाब देने से पहले अन्य फ़लस्तीनी गुटों से विचार-विमर्श कर रहा है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार सुबह कहा था कि उन्हें 24 घंटे में पता चल जाएगा कि हमास उनकी योजना पर सहमत हुआ या नहीं.

    इससे पहले ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि इसराइल ने ग़ज़ा में 60 दिन के युद्धविराम को अंतिम रूप देने के लिए ज़रूरी शर्तों पर अपनी सहमति दे दी है.

    इस बीच, इसराइली सेना की ओर से ग़ज़ा पट्टी में कई ठिकानों पर बमबारी जारी है.

    बचावकर्मियों का कहना है​ कि गुरुवार को इसराइली गोलीबारी से ग़ज़ा में कम से कम 69 लोगों की मौत हो गई है.

    हमास की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक़, ग़ज़ा में विस्थापित परिवारों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास हवाई हमले में 15 लोग मारे गए. इसमें ज़्यादातर महिलाएं और बच्चे थे.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने वहां स्थित एक 'प्रमुख' हमास कार्यकर्ता को निशाना बनाया था.

    सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमला किया था. इसमें करीब 1,200 लोग मारे गए थे. इसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा में सैन्य अभियान शुरू किया.

  12. मथुरा कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की याचिका ख़ारिज की

    उत्तर प्रदेश के मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में शुक्रवार को इलाहबाद हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग वाली एक याचिका को ख़ारिज कर दिया है.

    हिंदू पक्ष ने मांग की थी कि 'शाही ईदगाह मस्जिद' शब्द की जगह 'विवादित ढांचा' शब्द का इस्तेमाल किया जाए.

    लेकिन अदालत ने हिंदू पक्ष की इस मांग वाली याचिका को ख़ारिज कर दिया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्रा की पीठ ने मौखिक रूप से कहा कि, "यह अर्जी इस स्तर पर ख़ारिज की जा रही है."

    कुछ लोगों का दावा है कि, 'मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद, भगवान कृष्ण के जन्मस्थल पर बनाई गई है.'

  13. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से 69 लोगों की मौत

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में हालिया बारिश की वजह से क़रीब 69 लोगों की मौत हो गई है.

    सीएम के मुताबिक़, 37 लोग लापता हैं, 110 लोग घायल हुए हैं और तक़रीबन 700 करोड़ रुपये तक का नुक़सान हो चुका है.

    सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि, "भारी बारिश के कारण सड़क, पानी की परियोजनाओं को सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है."

    साथ ही उन्होंने बताया कि बिजली की तारें और खंभे उखड़ने से भी बहुत अधिक नुक़सान हुआ है.

    उन्होंने जानकारी दी है कि, "इस आपदा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से मेरी बात हुई है और गृह मंत्री ने कहा है कि वे हमें पूरी सहायता उपलब्ध करवाएंगे और आज नुक़सान का जायज़ा लेने के लिए केंद्रीय टीम भी हिमाचल प्रदेश आ रही है."

    उन्होंने कहा कि, "आपदा प्रभावित परिवारों के साथ हिमाचल प्रदेश सरकार खड़ी है. हमने फै़सला लिया है कि पीड़ित परिवारों को 5 हज़ार रुपये किराए के मकान में रहने के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे."

    वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश के मद्देनजर गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की."

    उन्होंने लिखा, "ज़रूरतमंद लोगों की मदद के लिए इन राज्यों में एनडीआरएफ की पर्याप्त टीमें तैनात की गई हैं, और ज़रूरत पड़ने पर और टीमें भेजी जा सकती हैं.केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है."

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रूस का ड्रोन हमला

    यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रात भर हुए रूस के भीषण हमलों के बाद शुक्रवार की सुबह कीएव में धुएं का गुबार छा गया.

    यूक्रेन ने कहा है कि अंधेरा होते ही एयर डिफेंस गन और ड्रोन की गड़गड़ाहट और बड़े विस्फोटों की आवाज गूंजने लगी. रूस ने रात भर में 550 ड्रोन हमला किया और 11 मिसाइलें दागीं.

    यूक्रेन पर हुआ यह हमला अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फ़ोन पर हुई वार्ता के कुछ घंटों बाद हुआ.

    इस वार्ता के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस बात से "निराश" हैं कि पुतिन यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं.

    गुरुवार को पुतिन के साथ बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा कि लड़ाई समाप्त करने की दिशा में "कोई प्रगति" नहीं हुई है. अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस में एक महिला की मौत हो गई.

  16. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़, अब तक 43 लोगों की मौत

    हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के विशेष सचिव डीसी राणा ने बीबीसी से बातचीत करते हुए बताया है कि भारी बारिश से अब तक 43 लोगों की मौत हो गई है और 37 लोग लापता हैं.

    डीसी राणा ने बताया, "19 जून को हिमाचल प्रदेश में मॉनसून आया था. इसके बाद लगातार बारिश हो रही है. कई जगहों से बादल फटने के कारण काफ़ी नुक़सान हुआ है."

    डीसी राणा ने बताया कि मॉनसून के दौरान सड़क दुर्घटना के कारण भी 26 लोगों की मौत हुई है.

    उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक अनुमान के मुताबिक़ 500 करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति का नुक़सान हुआ है.

    बारिश का सबसे ज़्यादा असर मंड़ी जिले पर पड़ा है. इस जिले में 20 मौत हुई है और 80 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

    हिमाचल प्रदेश के मंडी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ब्यास नदी में बाढ़ आई हुई. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सात जुलाई तक अलर्ट जारी किया है.

    हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने एक्स पर लिखा है," हिमाचल प्रदेश में लगभग हर साल बाढ़ से होने वाली तबाही को देखना दिल दहला देने वाला है. मैंने मंडी के सिराज और अन्य क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रतीक्षा करने की सलाह दी है. मंडी डीसी ने आज भी रेड अलर्ट जारी किया है.वहां जल्द से जल्द पहुंचने के लिए हम अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं."

  17. बाली में नाव डूबने से छह लोगों की मौत, कई लोग लापता

    इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने बताया है कि बाली के पास एक नाव डूब जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं.

    बचाव एजेंसी ने बताया कि नाव पर 53 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. यह नाव बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात 11:20 बजे उस समय डूब गई, जब यह जावा द्वीप के पूर्वी तट पर बान्यूवांगी से बाली जा रही थी.

    एजेंसी का कहना है कि 31 लोगों को बचा लिया गया है. हालांकि, कई रिपोर्ट्स से संकेत मिलते हैं कि नाव में आधिकारिक सूची में बताए गए यात्रियों से ज़्यादा लोग सवार हो सकते हैं.

    अधिकारी नाव डूबने के कारणों की जांच कर रहे हैं.

    बीबीसी ने पीड़ितों के परिवारों से बात की है, उन्होंने बताया कि उनके रिश्तेदारों के नाम आधिकारिक यात्री सूची में सूचीबद्ध 65 लोगों में शामिल नहीं किया गया है.

    नाव में सवार बान्यूवांगी निवासी इमरोन ने बताया कि नाव तीन बार तेज़ी से झुकने के बाद पलट गई. उन्होंने बताया, "तीसरी बार तक समुद्र का पानी यात्री केबिन में घुस चुका था."

    नाव पलटने के बाद इमरोन एक छेद से तैरकर समुद्र में आ गया और फिर यहां उसे जीवन रक्षक जैकेट मिल गई. इसके बाद उसे एक मुछआरे ने बचा लिया.

  18. कर्नाटक: बांदीपुर टाइगर रिजर्व में 20 बंदरों की मौत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के बांदीपुर टाइगर रिजर्व में बंदरों (बोनेट मैकाक) की ज़हर से मौत हो गई है. इससे पहले महादेश्वर हिल्स वन्यजीव अभयारण्य में एक बाघिन और उसके चार शावकों की मौत कीटनाशक से हो गई थी.

    चामराजनगर ज़िले के गुंडलुपेट तालुक में 20 बंदर बोरे में भरकर फेंके गए थे. इसमें दो बंदर जीवित थे, जिन्हें वन अधिकारी ने उपचार के लिए गुंडलुपेट के सरकारी पशु चिकित्सालय भेज दिया.

    कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खांद्रे ने बंदरों की मौत को लेकर बांदीपुर टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक और क्षेत्रीय निदेशक एस प्रभाकरण को जांच करने का आदेश दिया है.

    प्रभाकरण ने बीबीसी हिंदी से बातचीत करते हुए कहा, "पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है. आरंभिक रिपोर्ट से यह बात सामने आ रही है कि यह मौत ज़हर से हुई है. हम किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "यह किसने किया? इसकी अभी जांच चल रही है." एमएम हिल्स वन्यजीव अभयारण्य में शिकारियों ने एक तेंदुए का भी शिकार किया था. कर्नाटक के वन मंत्री ने इसकी जांच का भी आदेश दिया है.

  19. अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार को लेकर रूस ने किया अहम फ़ैसला

    रूस अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान शासन को औपचारिक रूप से मान्यता देने वाला पहला देश बन गया है. अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्ताक़ी ने इसे एक "साहसिक" निर्णय बताया है.

    आमिर ख़ान मुत्ताक़ी ने गुरुवार को काबुल में रूस के राजदूत दिमित्री ज़िरनोव से मुलाक़ात की. ज़िरनोव ने अफ़ग़ानिस्तान के इस्लामी अमीरात को मान्यता देने के अपनी सरकार के फ़ैसले से आधिकारिक रूप से जानकारी दी.

    मुत्ताक़ी ने कहा कि यह "सकारात्मक संबंधों, पारस्परिक सम्मान और रचनात्मक भागीदारी का एक नया चरण" है और यह बदलाव अन्य देशों के लिए "एक उदाहरण" बनेगा.

    अगस्त 2021 में सत्ता में लौटने के बाद से तालिबान ने मानवाधिकारों के बढ़ते उल्लंघन की रिपोर्टों के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मान्यता और निवेश की मांग की है.

    रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हमारा मानना ​​है कि अफ़ग़ानिस्तान के इस्लामी अमीरात की सरकार को आधिकारिक मान्यता देने से हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विकास को बढ़ावा मिलेगा."

    इसमें कहा गया है कि रूस "ऊर्जा, परिवहन, कृषि और बुनियादी ढांचे" में "व्यावसायिक और आर्थिक" सहयोग की संभावना देखता है, और वह आतंकवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खतरों से लड़ने में काबुल की मदद करना जारी रखेगा.

    रूस उन बहुत कम देशों में से एक था, जिसने 2021 में अफ़ग़ानिस्तान में अपना दूतावास बंद नहीं किया.

    साल 2022 में तालिबान के साथ अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला भी पहला देश रूस ही था. इस समझौते के तहत वह अफ़ग़ानिस्तान को तेल, गैस और गेहूं की आपूर्ति करने पर सहमत हुआ था.

    रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस साल अप्रैल में तालिबान को रूस की आतंकवादी संगठनों की सूची से हटा दिया गया था.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी पिछले वर्ष जुलाई में आतंकवाद से लड़ने में तालिबान को एक "सहयोगी" बताया था.

    तालिबान के प्रतिनिधि 2018 की शुरुआत में वार्ता के लिए रूस की राजधानी मास्को गए थे.

    हालांकि दोनों देशों का इतिहास बहुत ही जटिल है. साल 1979 में सोवियत संघ ने अफ़ग़ानिस्तान पर आक्रमण किया और नौ साल तक युद्ध लड़ा.

    इस युद्ध में सोवियत संघ के 15 हज़ार सैनिक मारे गए और अंत में फरवरी 1989 में वह अफ़ग़ानिस्तान से वापस चले गए.

  20. शिकागो में एक नाइट क्लब के बाहर गोलीबारी, चार लोगों की मौत और 14 घायल

    पुलिस ने बताया है शिकागो के एक नाइट क्लब के बाहर हुई गोलीबारी में कम से कम चार लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हैं.

    शिकागो पुलिस ने बताया कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात क़रीब 11 बजे एक गहरे रंग की कार क्लब के पास से गुज़री, तभी उसमें सवार बंदूकधारियों ने बाहर मौजूद लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं.

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, रैपर मेलो बकज़ की एल्बम रिलीज पार्टी के बाद नाइट क्लब से लोगों की भीड़ बाहर निकल रही थी.

    पुलिस ने बताया कि वाहन तुरंत घटनास्थल से भाग गया और अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है.

    गोलीबारी में घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है. पुलिस ने बताया कि 24 और 25 साल के दो पुरुषों और 26 और 27 साल की दो महिलाओं की मौत हो गई है.

    अस्पताल में भर्ती कम से कम चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गोलीबारी में घायलों और मृतकों की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है.