यति नरसिंहानंद के पैग़ंबर मोहम्मद पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर मायावती क्या बोलीं?
यूपी के ग़ाज़ियाबाद में डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के पैग़ंबर मोहम्मद पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर अब राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है.
उन्होंने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “यूपी के ग़ाज़ियाबाद में डासना देवी मन्दिर के महंत द्वारा इस्लाम मज़हब के ख़िलाफ़ फिर से नफ़रती बयानबाज़ी की गयी, जिससे उस पूरे इलाक़े में और देश के कई हिस्सों में भी अशान्ति और तनाव की स्थिति पैदा हुई है. पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ तो कार्रवाई की गयी लेकिन असली गुनहगार को नहीं पकड़ा गया.”
पूर्व सीएम ने यह भी लिखा कि भारतीय संविधान धर्मनिरपेक्षता यानी सभी धर्मों का बराबर आदर-सम्मान की गारंटी सुनिश्चित करता है. इसीलिए केन्द्र और राज्य सरकारों की ज़िम्मेदारी है कि वे इसका उल्लंघन करने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करें.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में यति नरसिंहानंद पैग़ंबर मोहम्मद के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक बयान देते दिखाई दिए थे.
उनकी इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद भी काफ़ी बढ़ गया है और देशभर के कई इलाकों में उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग हो रही है.
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ़्रेंस से लेकर हैदाराबाद में असदुद्दीन ओवैसी ने इस मामले पर सख़्त कार्रवाई की मांग की है.
नरसिंहानंद के बयान के ख़िलाफ़ देशभर में कई इलाक़ों में प्रदर्शन भी हुए हैं.