बिल गेट्स एआई समिट में नहीं देंगे अपना भाषण, बयान में क्या कहा

इमेज स्रोत, Stefan JERREVANG / TT News Agency / AFP via Getty
गेट्स फ़ाउंडेशन ने एक बयान जारी कर कहा है कि भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट में बिल गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे.
गेट्स फ़ाउंडेशन इंडिया ने अपने बयान में कहा, "सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद और एआई समिट की मुख्य प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए बिल गेट्स अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे."
बयान में यह भी बताया गया कि गेट्स फ़ाउंडेशन का प्रतिनिधित्व अफ़्रीका और भारत कार्यालयों के उसके अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे. वह आज समिट को संबोधित करेंगे.
एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने के बाद बिल गेट्स पर कई तरह के आरोप लगे हैं. हालांकि, उनके प्रवक्ता ने इन आरोपों को "पूरी तरह से बेतुका और सरासर झूठा" बताया था.
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भारत सरकार एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने के बाद भी बिल गेट्स पर नरम रुख अपना रही है. कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की ओर से बिल गेट्स का स्वागत किए जाने पर सवाल उठाए थे.
बीते दिनों यह भी ख़बर आई थी कि एपस्टीन फ़ाइल्स विवाद की वजह से एआई समिट में वक्ताओं की सूची से बिल गेट्स का नाम हटा दिया गया है.




