वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकन एयरलाइंस का एक विमान हवा में ही एक हेलीकॉप्टर से टकरा गया. यह जानकारी फ़ेडरल
एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने दी.
इस मामले की जांच की जा रही है. यह दुर्घटना स्थानीय
समयानुसार रात नौ बजे रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास हुई.
जब हेलीकॉप्टर से टकराने के बाद विमान पोटोमैक नदी में गिर गया. रीगन एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स
पर लिखा कि फिलहाल सभी उड़ानों को रोक दिया गया है.
अमेरिकन एयरलाइंस ने इस
बात की पुष्टि की कि विमान में 60 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे. एयरलाइंस ने बताया,'' हम उन सभी के
लिए चिंतित हैं. हम अधिकारियों के साथ सतत संपर्क में हैं. आपातकालीन टीम की सहायता कर रहे हैं.''
वॉशिंगटन डीसी का आपातकालीन
बचाव दल रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर पहुंच गया है. वहां कई एंबुलेंस और आग बुझाने
वाले ट्रकों को देखा जा सकता है.
डीसी फायर एंड ईएमएस
विभाग के अनुसार, यह विमान हेलीकॉप्टर से टकराने के बाद पोटोमैक नदी में गिर गया. विभाग ने एक्स पर लिखा
कि फायरबोट नदी की तलाशी ले रहे हैं.
फेडरल एविएशन
एडमिनिस्ट्रेशन ने अपने बयान में कहा, "एक पीएसए एयरलाइंस
बॉम्बार्डियर सीआरजे700 रीजनल जेट रीगन वॉशिंगटन
नेशनल एयरपोर्ट पर रनवे 33 के पास जाते समय सिकोरस्की एच-60 हेलीकॉप्टर से टकरा
गया."
"यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार करीब नौ बजे हुई.पीएसए एयरलाइंस
बॉम्बार्डियर सीआरजे700 क्षेत्रीय जेट स्थानीय समयानुसार लगभग 21:00 बजे (02:00
जीएमटी) रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे 33 के पास जाते समय हवा में
सिकोरस्की एच-60 हेलीकॉप्टर से टकरा गया"
एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा "पीएसए अमेरिकन
एयरलाइंस के लिए फ्लाइट 5342 के रूप में काम कर रहा था. यह विचिटा, कंसास
से रवाना हुआ था. एफएए और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन
सेफ़्टी बोर्ड इस मामले में की जांच करेंगे. एनटीएसबी इस जांच का नेतृत्व करेगा.जैसे ही जानकारी
आएगी, हम अपडेट देंगे."