अमेरिकी विमान हादसे पर प्रेस ब्रीफ़िंग में क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?
अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी के पास अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान की हवा में ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से हुई टक्कर को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कांफ़्रेंस की. इस हादसे में सभी 64 लोगों की मौत हो गई.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि हादसे की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं, “इस दुर्घटना का असल कारण अभी नहीं मालूम है लेकिन हम जल्द इसका पता लगा लेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि दोबारा ऐसा न हो.”
उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि ‘पूरा अमेरिका शोक’ मना रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हेलीकॉप्टर ग़लत समय पर ग़लत जगह था.”
उन्होंने इस भीषण हादसे के लिए पिछली बाइडन सरकार के डीईआई प्रोग्राम (डायवर्सिटी, इक्विटी और इन्क्लूशन) को ज़िम्मेदार ठहराया और कथित रूप से इस प्रोग्राम के तहत, एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर के तौर पर अपंगता और मानसिक रूप से समस्याग्रस्त लोगों को भर्ती करने का आरोप लगाया.
उन्होंने ओबामा और बाइडन प्रशासन पर एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल में औसत लोगों को भर्ती करने का आरोप लगाया.
हालांकि इन दावों को लेकर उन्होंने कोई साक्ष्य नहीं दिए.
ट्रंप ने अपने कार्यकारी आदेशों में से एक का हवाला दिया जोकि एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल में उच्च मानदंड स्थापित करने के बारे में था.
बॉम्बिर्डियर कंपनी का ये सीआरजे 700 विमान कैंसस से वॉशिंगटन की ओर जा रहा था.
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ टक्कर के बाद विमान हवा में ही दो हिस्सों में टूटकर पोटोमैक नदी में गिर गया. इसके बाद नदी में तलाश और बचाव अभियान चलाया गया.