महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री पथराव में घायल, पार्टी ने कहा- हुआ हमला

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के आख़िरी दिन राज्य के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी (शरद पवार गुट) नेता अनिल देशमुख घर लौटते वक्त घायल हुए हैं.

सारांश

  • आम आदमी पार्टी से इस्तीफ़ा देने के बाद कैलाश गहलोत बीजेपी में हुए शामिल
  • पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद को पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का वनडे और टी20 का अंतरिम हेड कोच नियुक्त किया गया है.
  • सुप्रीम कोर्ट ने किया राष्ट्रपति से अनुरोध- बलवंत सिंह की दया याचिका पर दो हफ़्ते में करें विचार
  • यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की अमेरिकी मंज़ूरी के बाद वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने प्रतिक्रिया दी
  • इसराइली हवाई हमले में हिज़्बुल्लाह के मीडिया प्रमुख की मौत हुई
  • दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) 4 प्रतिबंध आज से लागू हो गए हैं

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान,कीर्ति रावत

  1. हिज़्बुल्लाह ने कहा- लेबनान में इसराइली हवाई हमले में उसके मीडिया प्रमुख की मौत

    हिज़्बुल्लाह के मीडिया चीफ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिज़्बुल्लाह के मीडिया चीफ मोहम्मद अफीफ की मौत हो गई

    लेबनान के बेरूत शहर में किए गए इसराइल के हवाई हमले में हिज़्बुल्लाह के मीडिया चीफ मोहम्मद अफीफ की मौत हो गई है. हिज़्बुल्लाह ने इसकी पुष्टि की है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसराइल के हमले में चार लोगों की मौत हो गई, लेकिन मंत्रालय ने ये नहीं बताया है कि ये लोग कौन हैं.

    हिज़्बुल्लाह के मोहम्मद अफीफ उन चंद लोगों में शामिल थे जो कि सार्वजनिक रूप से दिखाई देते थे. अफीफ को आखिरी बार पिछले सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान देखा गया था.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसराइली हमले में 14 लोग घायल भी हुए हैं.

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्स (आईडीएफ) ने रविवार को कहा था कि उसने लेबनान के दक्षिण उपनगर में मौजूद हिज़्बुल्लाह के छह ठिकानों पर हमला किए हैं.

    इसराइल पिछले सप्ताह से अपने हमले तेज कर चुका है. इससे पहले हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह की भी इसराइली हमले में मौत हुई थी.

  2. दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, पहले नंबर पर कौन?

    दिल्ली में वायु प्रदूषण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है

    दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूाई) 441 रहा.

    न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस कारण दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा के बहादुरगढ़ में सबसे अधिक 445 एक्यूआई रहा, इसके बाद दिल्ली में 441, हरियाणा के भिवानी में 415 और राजस्थान के बीकानेर में 404 एक्यूआई दर्ज किया गया.

    दिल्ली के आनंद विहार में सोमवार सुबह 7 बजे एक्यूआई 487 दर्ज किया गया है, जबकि आईजीआई एयरपोर्ट के टी-3 पर एक्यूआई 494 पाया गया है.

    इस एक्यूआई को 'गंभीर' श्रेणी का माना जाता है.

    दिल्ली-में वायु की ख़राब हो रही गुणवत्ता के कारण आज से ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) का चौथा चरण लागू हो रहा है.

    जीआरएपी के तहत वायु की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई तरह के प्रतिबंध लागू किए जाते हैं.

  3. 'शेख़ हसीना को भारत से बांग्लादेश भेजने की करेंगे मांग'- मोहम्मद यूनुस

    मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शेख़ हसीना पर मोहम्मद यूनुस ने बयान दिया है

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर राष्ट्र के नाम संबोधन में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना का ज़िक्र किया है.

    मोहम्मद यूनुस ने कहा कि वो भारत से शेख़ हसीना को बांग्लादेश भेजने की मांग करेंगे. शेख़ हसीना अपनी सरकार के ख़िलाफ़ आरक्षण को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद भारत आ गई थीं.

    आठ अगस्त से बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की अगुवाई मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं. हाल ही में बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता तौफ़ीक हसन ने कहा था कि शेख़ हसीना अक्सर राजनीतिक बयानबाज़ी करती रहती हैं.

    हसन ने कहा कि इस बारे में भारतीय उच्चायुक्त और भारत सरकार को सूचित कर दिया गया है कि बांग्लादेश भारत में रह रहीं शेख़ हसीना के राजनीतिक बयान देने के पक्ष में नहीं है.

    शेख़ हसीना के भारत में रहते हुए 100 दिन से ज़्यादा हो गए हैं.

  4. नमस्कार!

    आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    मणिपुर फिर हिंसा की चपेट में, दोबारा क्यों सुलग रहा है पूर्वोत्तर का यह राज्य. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    कैलाश गहलोत ने मंत्री पद से दिया इस्तीफ़ा और छोड़ी आम आदमी पार्टी, बीजेपी-कांग्रेस क्या बोली? इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    झांसी: अब अपनी संतानों की तलाश में परेशान हैं माँ-बाप. ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    कर्नाटक वक़्फ़ बोर्ड का मामला क्या बीजेपी को राष्ट्रीय स्तर पर फ़ायदा पहुंचा सकता है? पूरा मामले जानने के लिए यहां क्लिक करें.