रेलवे ने ट्रेनों के किराए में की बढ़ोतरी, एक जुलाई से नया किराया लागू

रेलवे के मुताबिक़ बढ़ा किराया एक जुलाई और इसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा

सारांश

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. रेलवे ने ट्रेनों के किराए में की बढ़ोतरी, एक जुलाई से नया किराया लागू, चंदन कुमार जजवाड़े, बीबीसी संवाददाता

    रेल किराया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रेलवे ने ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की घोषणा की है

    रेल मंत्रालय ने सोमवार को एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की घोषणा की है.

    ट्रेनों में नया किराया एक जुलाई से लागू हो रहा है. इसके तहत जनरल (सेकेंड क्लास), स्लीपर और एसी क्लास के किराए में बढ़ोतरी की गई है.

    रेल मंत्रालय के प्रवक्ता (ईडीआईपी) दिलीप कुमार ने बीबीसी को बताया है कि नया किराया पहले से बुक किए गए टिकटों पर लागू नहीं होगा, बल्कि एक जुलाई 2025 और इसके बाद बुक होने वाले टिकटों पर लागू होगा.

    उन्होंने बताया है कि किराए में यह बढ़ोतरी 500 किलोमीटर से कम की यात्रा पर लागू नहीं होगी.

    दिलीप कुमार ने बताया, "जनरल (सेकेंड) क्लास के किराए में आधे पैसे प्रति किलोमीटर, स्लीपर क्लास के किराए में 1 पैसे प्रति किलोमीटर और एसी क्लास के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है."

    पीआईबी यानी भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय ने रेल किराए में बढ़ोतरी की विस्तृत जानकारी देते हुए एक प्रेस रिलीज़ जारी की है.

    इसके मुताबिक़ सबअर्बन ट्रेनों के कराए में बढ़ोतरी नहीं की गई है.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. ईरान पर इसराइल के हमलों को इराक़ ने क्यों नहीं रोका?

    इराक़ के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, इराक़ के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान और इसराइल के बीच हाल ही में 12 दिनों तक चले युद्ध के बाद इराक़ के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने कहा है कि इराक़ी हवाई क्षेत्र का इसराइल की ओर से इस्तेमाल एक स्वतंत्र देश की संप्रभुता का उल्लंघन है.

    बीबीसी फ़ारसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "हम इसराइली लड़ाकू विमानों को ईरान पर हमला करने के लिए इराक़ी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने से इसलिए नहीं रोक पाए क्योंकि हमारे पास उपयुक्त एयर डिफेंस सिस्टम नहीं था."

    उन्होंने कहा, "युद्ध शुरू होने से लगभग 48 घंटे पहले, सभी सुरक्षा, राजनीतिक और यहां तक ​​कि मीडिया अनुमानों ने संकेत दिया था कि सैन्य कार्रवाई होने वाली है."

    जब इराक़ी प्रधानमंत्री से सवाल किया गया कि हवाई क्षेत्र के उल्लंघन को रोकने के लिए क्या कदम उठाए?

    जिसके जवाब में उन्होंने कहा, "इराक़ी हवाई क्षेत्र का इसराइल की ओर से इस्तेमाल एक स्वतंत्र देश की संप्रभुता का उल्लंघन है जो संयुक्त राष्ट्र का सदस्य है. ये संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय संधियों का उल्लंघन है और इराक़ी सेना और देश के निवासियों के लिए ख़तरा है."

  4. इसराइल ने ग़ज़ा के मशहूर कैफ़े पर किया हमला, कम से कम 20 लोगों की मौत

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Majdi Fathi/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने जिस कैफ़े पर हमला किया है, वहां अक्सर कार्यकर्ता, पत्रकार और स्थानीय लोग आते थे

    इसराइल ने ग़ज़ा के एक कैफ़े पर हवाई हमला किया है, जिसमें कम से कम 20 फ़लस्तीनियों के मारे जाने की ख़बर है.

    स्वास्थ्य कर्मियों और चश्मदीदों के मुताबिक़, इसराइल ने उस कैफ़े पर हमला किया जो पश्चिमी ग़ज़ा के समुद्र किनारे था.

    चश्मदीदों ने बताया कि इस कैफ़े में अक्सर कार्यकर्ता, पत्रकार और स्थानीय लोग आते थे.

    हमास की ओर से संचालित नागरिक सुरक्षा के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि बचाव दलों ने अल-बक़ा कैफे़ से 20 शवों और दर्जनों घायलों को बाहर निकाला है.

    उन्होंने कहा कि आपातकालीन टीमें अब भी विस्फोट से बने गहरे गड्ढे में लोगों को तलाश रही हैं.

    एक स्थानीय प्रोडक्शन कंपनी के कैमरामैन अज़ीज़ अल-अफ़ीफ़ी ने बीबीसी को बताया, "मैं इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए कैफे़ की ओर जा रहा था, तभी वहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर एक बड़ा विस्फोट हुआ."

    इसराइली सेना ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, ग़ज़ा में 7 अक्तूबर 2023 के बाद से अब तक 56 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं

  5. चंद्रशेखर आज़ाद को नज़रबंद करने से नाराज़ कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प, अब तक क्या पता चला है, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    प्रयागराज

    इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar

    इमेज कैप्शन, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई है

    आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को प्रयागराज सर्किट हाउस में रविवार को रोके जाने के बाद काफी हंगामा हुआ.

    पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच इस दौरान झड़प भी हुई. भीड़ ने पुलिस की तीन गाड़ियों समेत कई दो पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया.

    झड़प में कई पुलिसकर्मियों और राहगीरों को भी चोटें आई हैं. हालांकि आज़ाद समाज पार्टी ने करछना में घटी इस घटना को एक साजिश बताया है.

    चंद्रशेखर को प्रयागराज हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया. चंद्रशेखर कौशांबी जा रहे थे. यहां एक बच्ची के साथ बलात्कार की ख़बर आई थी और वो उस बच्ची के परिवार से मिलने जा रहे थे.

    इसके अलावा उन्हें प्रयागराज ज़िले के करछना में देवी शंकर के परिवार से मुलाक़ात करनी थी. देवी शंकर की हाल ही में हत्या कर दी गई थी.

    लेकिन पुलिस ने प्रयागराज के बमरौली हवाई अड्डे पर ही चंद्रशेखर को रोक लिया और सीधा सर्किट हाउस लेकर पहुंच गई, जहां चंद्रशेखर रावण ने लगभग तीन घंटे कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर विरोध किया.

    जिसके बाद करछना में मौजूद हज़ारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ इकट्ठा हो गई और वहां पथराव हुआ.

    आज़ाद समाज पार्टी के प्रयागराज यमुनापार ज़िलाध्यक्ष दिनेश चौधरी ने अराजक तत्वों द्वारा भीड़ को भड़काने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने बीबीसी को बताया, "चंद्रशेखर रविवार की दोपहर प्रयागराज पहुंचे थे उन्हें पुलिस घंटों तक एयरपोर्ट पर रोका और वहां से लाकर सर्किट हाउस में नजरबंद कर दिया गया. लाख कहने के बाद भी पीड़ित परिवारों से हमारे नेता को मिलने नहीं दिया गया."

    दिनेश चौधरी ने कहा, "करछना में भीड़ को उकसाया गया और उकसाने वालों के नेतृत्वकर्ता सामंती लोग थे. कई वीडियो और फुटेज हमारे पास मौजूद हैं. इस मामले में सिर्फ़ दलित युवाओं को गिरफ़्तार कर जेल भेजा जा रहा है, ताकि दलित समाज डर जाए."

    डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने बीबीसी को बताया, "रविवार को तोड़-फोड़ और आगजनी के मामले में अभी तक कुल 65 लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है. इनपर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई होगी और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने वालों से भरपाई भी करवाई जाएगी."

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और अदिति से..

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. मणिपुर में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में चार लोगों की मौत, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मणिपुर

    इमेज स्रोत, JJ

    इमेज कैप्शन, मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है

    मणिपुर के चुराचांदपुर ज़िले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक 60 वर्षीय महिला समेत कम से कम चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है.

    चुराचांदपुर ज़िले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया,"यह हमला सोमवार को दोपहर क़रीब 2 बजे चुराचांदपुर शहर से क़रीब 7 किलोमीटर दूर मोंगजांग गांव के पास हुआ, जब पीड़ित एक कार में सवार होकर आ रहे थे."

    इस बीच इलाके़ में सक्रिय यूकेएनए यानी यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी नामक एक चरमपंथी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

    इस संगठन ने स्थानीय मीडिया के सामने एक बयान जारी किया है.

    वहीं हमले में मारे गए तीनों युवक कुकी नेशनल आर्मी नामक (केएनए) एक अलग चरमपंथी संगठन के सदस्य बताए जा रहे हैं.

    इस हमले में मारे गए लोगों की पहचान केएनए के कमांडर थापी हाओकिप और उनके दो सहयोगियों के रूप में की गई है.

    जबकि महिला के बारे में कहा जा रहा है कि वो कथित तौर पर गोलीबारी में फंस गई थी.

    पुलिस ने घटनास्थल से 12 से ज़्यादा खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. हमले के बाद समूचे इलाके़ में पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तादाद बढ़ा दी गई है और कई जगह नाकाबंदी कर हमलावरों को तलाशा जा रहा है.

    इस समय कुकी जनजाति के क़रीब सभी चरमपंथी संगठन भारत सरकार के साथ सस्पेंशन ऑफ़ ऑपरेशन समझौते में है.

    लेकिन इस हमले की ज़िम्मेवारी लेने वाला संगठन यूकेएनए ने ऐसा कोई समझौता नहीं किया है. वहीं केएनए सरकार के साथ समझौते में शामिल है.

  8. बांग्लादेश में महिला के यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल, लोगों में भारी गुस्सा

    बांग्लादेश में महिला के साथ यौन उत्पीड़न

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चेतावनी: इस कहानी में कुछ ऐसे विवरण हैं जो कुछ पाठकों को परेशान कर सकते हैं

    बांग्लादेश में एक महिला के यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में भारी गुस्सा और हंगामा मच गया है.

    स्थानीय मीडिया के साथ इंटरव्यू में महिला ने बताया कि पिछले गुरुवार को उसके पिता के घर पर उसके साथ बलात्कार किया गया. शेयर किए जा रहे वीडियो में घटनास्थल पर कई लोग दिखाई दे रहे हैं.

    पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है, इनमें वो अभियुक्त भी शामिल है जिस पर रेप का आरोप है. अधिकारियों ने कहा है कि वे इस मामले की जांच 'पूरी गंभीरता से' करेंगे.

    वीडियो के वायरल होने के बाद सप्ताहांत में पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और कई मानवाधिकार संगठनों ने इसमें शामिल लोगों को कड़ी सज़ा देने की मांग की है.

    पुलिस के मुताबिक़, महिला बांग्लादेश के कुमिला ज़िले में अपने पिता के घर गई थी, तभी एक पड़ोसी ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया.

    हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाली महिला ने कई स्थानीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि आरोपी 'बुरी नीयत से घर में घुसे और उन्हें प्रताड़ित किया'.

    पुलिस ने मुख्य संदिग्ध का नाम फज़ोर अली बताया है और कहा है कि घटना की रात लोगों ने अभियुक्त की पिटाई की, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    पुलिस ने बताया कि रेप अभियुक्त के हाथ और पैर में चोटें आईं, जिसके कारण वह रविवार को अदालत में पेश नहीं हो सका.

    साथ ही पुलिस ने बताया कि अन्य चार लोगों को यौन हमले का वीडियो बनाने और इसे फैलाने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

  9. अमरनाथ यात्रा के बारे में जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने क्या बताया?

    अमरनाथ यात्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर कहा है कि हम यात्रियों के आने का इंतज़ार कर रहे हैं, उनका स्वागत किया जाएगा.

    जम्मू-कश्मीर की सरकार लोगों से लगातार अपील कर रही है कि इस यात्रा में ज़्यादा तादाद में लोग आएं.

    उमर अब्दुल्लाह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हम उम्मीद और दुआ करते हैं कि यात्रा कामयाब हो. अच्छी तादाद में यात्री आएं, दर्शन करें और सही सलामत घर वापस जाएं."

    उन्होंने कहा, "इसके लिए सरकार को जो भी इंतज़ाम करने थे उसकी हमने तैयारी की है."

    सीएम ने जानकारी देते हुए कहा, "उपराज्यपाल ने दो बैठकें रखीं, एक राजनीतिक दलों के साथ और एक सिविल सोसायटी के साथ. और उस बैठक में यक़ीन दिलाया गया है कि सभी सुरक्षा व्यवस्था की गई हैं और हम यात्रियों के आने का इंतज़ार कर रहे हैं."

  10. टी राजा सिंह ने बीजेपी से किस बात पर नाराज़ होकर दिया इस्तीफ़ा

    टी राजा सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, TigerRajaSingh/X

    इमेज कैप्शन, टी राजा हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक हैं

    हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी राजा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी. टी राजा सिंह ने एक बयान जारी कर बीजेपी से नाराज़गी जाहिर की है.

    उन्होंने अपने बयान में कहा, "मैं यह पत्र भारी मन और गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, रामचंद्र राव को तेलंगाना के लिए बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है."

    "यह निर्णय न केवल मेरे लिए बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं, नेताओं और मतदाताओं के लिए भी एक सदमा है और निराशा की बात है."

    टी राजा ने कहा, "हमारे राज्य में कई योग्य वरिष्ठ नेता, विधायक और सांसद हैं, जिन्होंने बीजेपी के विकास के लिए बिना थके काम किया है और जिनके पास पार्टी को आगे ले जाने के लिए ताक़त, विश्वसनीयता और संपर्क है."

    "दुर्भाग्य से, ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ व्यक्तियों ने, निजी हितों से प्रेरित होकर, केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह किया है और पर्दे के पीछे से शो चलाकर निर्णय लिए हैं."

    टी राजा ने कहा, "लेकिन आज, मेरे लिए चुप रहना या यह दिखावा करना कठिन हो रहा है कि सब कुछ ठीक है. बड़े दुःख के साथ मैंने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है."

  11. इसराइल के लगातार हमलों के बीच ग़ज़ा छोड़ रहे हैं लोग, देखिए तस्वीरें

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Hatem Khaled/ Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने ग़ज़ा में कई हवाई हमले किए हैं, जिनमें कई लोगों के मारे जाने की ख़बर है

    ग़ज़ा में जारी इसराइली हवाई हमलों के बीच लोग वहां से दूसरी जगह जा रहे हैं.

    चश्मदीदों का कहना है कि इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी पर कई हवाई हमले किए हैं, जिसके कारण सैकड़ों फ़लस्तीनी परिवारों को बड़े पैमाने पर विस्थापित होना पड़ा है.

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Mahmoud Issa/ Reuters

    इमेज कैप्शन, यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पर युद्धविराम समझौते तक पहुंचने के प्रयासों पर दोबारा ध्यान केंद्रित करने का दबाव बढ़ रहा है.
    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Mahmoud Issa/ Reuters

    इमेज कैप्शन, स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक़, बचाव दल ने पांच लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि दर्जनों घायल नागरिकों को ग़ज़ा के अल-अहली अस्पताल में पहुंचाया गया है.
    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Mahmoud Issa/ Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने पहले ही लोगों को उत्तरी ग़ज़ा के एक बड़े हिस्से को छोड़ने का आदेश दिया था
  12. कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने के सवाल क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष?

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक में अक्तूबर में मुख्यमंत्री बदले जाने के सवाल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि ये ''पार्टी हाईकमान के हाथ में है.''

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इस सवाल के जवाब में कहा, ''यहां कोई नहीं कह सकता कि हाईकमान में क्या चल रहा है. यह पूरी तरह हाईकमान पर निर्भर है, उनके पास आगे का फ़ैसला लेने की ताकत है. लेकिन बेवजह किसी को समस्या नहीं खड़ी करनी चाहिए."

    दूसरी तरफ़ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मैसूर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते नज़र आए.

    इस दौरान सिद्धारमैया ने कहा, "हमारी सरकार चट्टान की तरह 5 साल चलेगी."

    ये चर्चा ऐसे समय चल रही है जब कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला आज कर्नाटक पहुंचे हैं, वो पार्टी विधायकों से मुलाकात करेंगे.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, हैदराबाद: केमिकल फ़ैक्ट्री में धमाका, 12 लोगों की मौत की आशंका और कम से कम 35 घायल

    केमिकल फ़ैक्ट्री में धमाका

    इमेज स्रोत, UGC

    इमेज कैप्शन, केमिकल फ़ैक्ट्री में धमाके से कई हताहत हुए हैं

    तेंलगाना में संगारेड्डी ज़िले के पासामईलरम के औद्योगिक क्षेत्र में एक रिएक्टर में विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई है.

    बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना वहां के सिगाची केमिकल्स फैक्ट्री में हुई, हादसे में क़रीब 35 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

    मीडिया ख़बरों के मुताबिक़, इस हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है, जिसमें कई लोग बिहार के बताए जा रहे हैं.

    इस बीच बिहार सरकार ने घोषणा की है कि बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हज़ार रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता अभय कुमार सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. बीजेपी की 'फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग टीम' कोलकाता पहुंची, कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक लाभ लेने का आरोप

    शमा मोहम्मद

    इमेज स्रोत, SHAMA MOHAMED/X

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने बीजेपी के क़दम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है

    कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में छात्रा से बलात्कार के मामले में बीजेपी की एक 'फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग टीम' आज दोपहर कोलकाता पहुंची है.

    राज्य की दूसरी विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस मामले में राज्य सरकार पर आरोप लगा रही है. साथ ही पार्टी ने बीजेपी के इस क़दम को राजनीति से प्रेरित बताया है.

    कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा है कि बीजेपी को इस मामले पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है.

    उन्होंने कहा, ''बीजेपी को फ़ैक्ट-फ़ाइंडिंग टीम भेजने का कोई हक़ नहीं है. हाल ही में मध्य प्रदेश और ओडिशा में बलात्कार की घटनाएं सामने आई थीं, और महाराष्ट्र के बदलापुर में एक स्कूल के अंदर भी बलात्कार की घटना हुई थी. तो इन मामलों में फ़ैक्ट-फ़ाइंडिंग टीमें कहां गईं?''

    बता दें कि बीजेपी की इस टीम में सत्यपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, बिप्लब कुमार देब और मनन कुमार मिश्रा शामिल हैं.

    दूसरी तरफ़ कोलकाता पहुंचीं बीजेपी नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि उनकी टीम आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल सरकार के साथ संपर्क में नहीं है.

    एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, ''मैं पक्षपाती हुए बिना सरकार से यह निवेदन करती हूं कि यह जनता का मुद्दा है, जिसे सुलझाने में हम लोग भी मदद कर सकते हैं. आप (पश्चिम बंगाल सरकार) एक बार हमसे बात करें, सुनें और मिलें ताकि अगर हम कुछ सहयोग कर सकें तो हम करना चाहेंगे... आधिकारिक रूप से हमारा अभी उनके (पश्चिम बंगाल सरकार) साथ कोई संपर्क नहीं है.''

    ये भी पढ़ें:

  16. चीन ने जापानी सीफ़ूड पर प्रतिबंध आंशिक रूप से हटाया, क्यों लगाया था बैन?

    जापान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जापान के 10 प्रांतों पर अब भी जारी रहेगा प्रतिबंध (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    चीन ने जापान के ज़्यादातर क्षेत्रों से सीफ़ूड के आयात पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया है. ये बैन दो साल पहले फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से उपचारित दूषित जल छोड़े जाने की चिंता की वजह से लगाया गया था.

    बीजिंग ने कहा कि वह जापान से आयात को 'शर्तों के साथ फिर से शुरू' करेगा, लेकिन यह जापान के 47 में से 10 प्रांतों पर लागू नहीं होगा, जिसमें टोक्यो और फुकुशिमा शामिल हैं.

    चीन के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम्स ने 29 जून को लिखा कि फुकुशिमा के प्रदूषित पानी की लंबे समय तक निगरानी के दौरान लिए गए नमूनों में कोई गड़बड़ी नहीं मिली.

    बता दें कि 2011 में आई एक सुनामी ने जापान के उत्तर-पूर्व में स्थित फुकुशिमा संयंत्र के तीन रिएक्टरों को डुबो दिया था, जिसे चेर्नोबिल के बाद दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु दुर्घटना माना जाता है.

    फुकुशिमा संयंत्र के छह में से तीन परमाणु रिएक्टर 2011 की सुनामी के दौरान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे. इन सालों में वहां एक मिलियन टन से ज़्यादा उपचारित दूषित जल जमा हो गया.

    2023 में जापान ने इस उपचारित दूषित जल को समुद्र में छोड़ना शुरू किया था.

    ये भी पढ़िए:

  17. 'तीन भाषा' नीति पर पीछे हटी महाराष्ट्र सरकार, उद्धव ठाकरे पर लगे आरोप पर क्या बोले संजय राउत?

    संजय राउत
    इमेज कैप्शन, संजय राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आरोप का जवाब दिया है (फाइल फोटो)

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'तीन भाषा' नीति पर जारी सरकारी आदेश को रद्द करने की घोषणा की है.

    इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में इस नीति को लागू करने के लिए डॉ. रघुनाथ माशेलकर समिति की सिफ़ारिशें स्वीकार की गई थीं.

    फडणवीस के इस बयान पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "भारतीय जनता पार्टी की नेशनल पॉलिसी झूठ बोलने की है. अगर उद्धव ठाकरे ने माशेलकर समिति की कोई रिपोर्ट बनाई है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए. हम बार-बार कह रहे हैं कि इसे सामने लाया जाना चाहिए."

    फडणवीस ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 'तीन भाषा' नीति पर जारी आदेश को रद्द करने का फ़ैसला लिया गया है. साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अब डॉ. नरेंद्र जाधव की अध्यक्षता में एक नई समिति गठित की जाएगी, जो तय करेगी कि यह नीति किस कक्षा से लागू हो.

    इस निर्णय पर उद्धव ठाकरे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मराठी लोगों की ताकत के सामने सरकार की हार है.

  18. कनाडा ने अमेरिकी टेक कंपनियों पर डिजिटल सर्विस टैक्स लगाने की योजना वापस ली, ट्रंप से फिर होगी बातचीत

    मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस कदम को दोनों देशों के रिश्ते सुधारने वाला माना जा रहा है

    कनाडा ने अमेरिकी टेक कंपनियों पर डिजिटल टैक्स लगाने की योजना वापस ले ली है. अब अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड को लेकर दोबारा बातचीत शुरू होगी.

    कनाडा के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अब प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मुद्दे पर दोबारा बातचीत के लिए सहमत हो गए हैं.

    इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने कनाडा पर आरोप लगाया था कि वह बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों पर टैक्स लगाने की तैयारी कर रहा है, इसलिए अमेरिका व्यापार वार्ता रोक रहा है.

    गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया था और एक-दूसरे के सामान पर टैरिफ लगाए गए थे.

    कनाडा सरकार के बयान में कहा गया है, "डिजिटल सर्विस टैक्स इसलिए प्रस्तावित किया गया था क्योंकि कई बड़ी टेक कंपनियां कनाडा में होने वाली कमाई पर टैक्स नहीं देतीं. कनाडा की प्राथमिकता हमेशा एक अंतरराष्ट्रीय समझौता रही है, ताकि हर देश का अलग-अलग टैक्स ढांचा ख़त्म किया जा सके."

    बयान के अनुसार, कनाडा अमेरिका समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर एक साझा डिजिटल टैक्स फ्रेमवर्क तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है.

  19. लॉ कॉलेज में छात्रा से बलात्कार मामले की जांच के लिए बीजेपी ने चार सदस्यों की 'फैक्ट फाइंडिंग टीम' को कोलकाता भेजा

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    इमेज स्रोत, SAMIR JANA/HINDUSTAN TIMES VIA GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में छात्रा से बलात्कार की घटना ने शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

    इस मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार विपक्ष के निशाने पर है.

    इस बीच बीजेपी ने चार सदस्यों की 'फैक्ट फाइंडिंग टीम' गठित की है, जिसमें सत्यपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, बिप्लब कुमार देब और मनन कुमार मिश्रा शामिल हैं.

    यह टीम सोमवार सुबह कोलकाता के लिए दिल्ली से निकली है.

    घटना के बाद आरोप लगे थे कि अभियुक्तों का संबंध सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से है, जो अब स्पष्ट हो गया है कि उनका संबंध तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद से था.

    पुलिस ने इस मामले में दो मौजूदा छात्रों, एक पूर्व छात्र और कॉलेज के एक गार्ड को गिरफ़्तार किया है.

  20. महाराष्ट्र सरकार ने ‘तीन भाषा’ नीति पर सरकारी आदेश रद्द किया, उद्धव ठाकरे क्या बोले?

    देवेंद्र फडणवीस

    इमेज स्रोत, X/@Dev_Fadnavis

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र सरकार के फ़ैसले पर विपक्ष ने आपत्ति जताई थी

    महाराष्ट्र के स्कूलों में पहली कक्षा से हिंदी भाषा को शामिल करने वाली ‘तीन भाषा’ नीति पर जारी सरकारी आदेश को राज्य मंत्रिमंडल ने रद्द कर दिया है.

    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की. इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद थे.

    मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से डॉ. नरेंद्र जाधव की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाएगी, जो तय करेगी कि ‘तीन भाषा’ नीति किस कक्षा से लागू की जाए. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, समिति ने इस पर अध्ययन कर रिपोर्ट देने के लिए तीन महीने का समय मांगा है.

    इस फैसले पर उद्धव ठाकरे ने कहा, "यह मराठी लोगों की ताकत के सामने सरकार की हार है."

    घोषणा के तुरंत बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने 5 जुलाई को होने वाला विरोध मार्च रद्द कर दिया.

    हालांकि उद्धव ठाकरे ने कहा कि 5 जुलाई को एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.