You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रेलवे ने ट्रेनों के किराए में की बढ़ोतरी, एक जुलाई से नया किराया लागू

रेलवे के मुताबिक़ बढ़ा किराया एक जुलाई और इसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा

सारांश

लाइव कवरेज

अभय कुमार सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. ईरान के मंत्री ने कहा, बातचीत से पहले अमेरिका भरोसा दिलाए कि आगे कोई हमला नहीं होगा

    ईरान के उप विदेश मंत्री ने बीबीसी से कहा कि अगर अमेरिका फिर से बातचीत शुरू करना चाहता है, तो उसे ईरान पर आगे किसी भी हमले की संभावना से साफ़ इनकार करना होगा.

    मजीद तख़्त-रवांची ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने मध्यस्थों के ज़रिए ईरान को बताया है कि वह बातचीत में लौटना चाहता है. लेकिन वार्ता के दौरान और हमले नहीं करने के अहम मुद्दे पर अमेरिका ने अभी तक अपना रुख़ साफ़ नहीं किया है.

    13 जून को ईरान के ख़िलाफ़ इसराइल की सैन्य कार्रवाई शुरू हुई थी, जिससे मस्कट में दो दिन बाद होने वाली अप्रत्यक्ष बातचीत का छठा दौर रुक गया.

    पिछले हफ्ते अमेरिका सीधे इसराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में तब शामिल हुआ, जब उसने बमबारी कर ईरान के तीन परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया.

    तख़्त-रवांची ने यह भी कहा कि ईरान यूरेनियम संवर्धन पर 'ज़ोर देता रहेगा'. उन्होंने परमाणु बम बनाने की तैयारी के आरोपों को ख़ारिज कर दिया.

  2. अमेरिका के आइडहो में आग बुझाने पहुंचे दो लोगों की गोली मारकर हत्या

    अमेरिका के आइडहो में झाड़ियों में लगी आग बुझाने पहुंचे दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

    स्थानीय शेरिफ रॉबर्ट नॉरिस ने बताया कि कोउर डी'एलीन शहर में कम से कम एक व्यक्ति राइफल से पुलिस पर फायरिंग कर रहा था.

    शेरिफ ने कहा, "हमें नहीं पता कि वहां एक, दो, तीन या चार शूटर हैं."

    अधिकारियों ने बताया कि कई दिशाओं से गोलियां चल रही थीं. लोगों से उस इलाके से दूर रहने के लिए कहा गया है.

    एफबीआई के डिप्टी डायरेक्टर डैन बोंजीनो ने कहा कि एजेंट मौके पर पहुंचकर 'टैक्टिकल और ऑपरेशनल मदद' दे रहे हैं.

    आइडहो के गवर्नर ब्रैड लिटिल ने एक्स पर लिखा, "कई बहादुर फायरफाइटरों पर हमला हुआ है."

    गवर्नर ने कहा, "यह हमारे बहादुर लोगों पर सीधा और घिनौना हमला है. मैं सभी से अपील करता हूं कि वे उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें, जब तक हमें और जानकारी नहीं मिलती."

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अभय कुमार सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.

    ओडिशा के पुरी में हुई भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई. इसके बाद कांग्रेस और बीजू जनता दल ने राज्य की बीजेपी सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत देश की सशस्त्र सेनाएं आधिकारिक तौर पर लैंडमाइंस का इस्तेमाल कर सकेंगी.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अदालत से इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ चल रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को हटाने की मांग की है.