रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मोनिटरी कमिटी की समीक्षा बैठक के बाद रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
लाइव कवरेज
आनंद मणि त्रिपाठी, सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अमेरिका: जॉर्जिया के एक मिलिट्री बेस पर गोलीबारी, पांच सैनिक घायल
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में स्थित एक मिलिट्री बेस पर गोलीबारी की ख़बर आ रही है.
अटलांटा से क़रीब 386 किलोमीटर की दूरी पर स्थित फ़ोर्ट स्टुअर्ट मिलिट्री बेस पर हुई शूटिंग के बाद वहां लॉकडाउन लगा दिया गया है और संदिग्ध शूटर को हिरासत में ले लिया गया है.
इस घटना में पांच सैनिक घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये घटना स्थानीय समयानुसार बुधवार क़रीब 11 बजे (भारत के रात 9 बजे) हुई.
फ़्रांस: जंगल की आग में 13 हज़ार हेक्टेयर खाक, एक महिला की मौत
इमेज स्रोत, French Civil Security/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़्रांस का एक बड़ा क्षेत्र आग की चपेट में आया है
दक्षिणी फ़्रांस के कुछ हिस्सों में लगी जंगल की आग में एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई है. वहीं एक व्यक्ति को लापता बताया जा रहा है.
ये आग मंगलवार को औड क्षेत्र के ला रिबाउटे गांव के पास लगी थी. जंगल की इस आग में अब तक 13 हज़ार हेक्टेयर (50 वर्ग मील) से अधिक क्षेत्र जल चुका है.
इमेज स्रोत, French Civil Security/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, आग पर काबू पाने के उपाय किए जा रहे हैं
इसमें कई घर खाक हो गए हैं और हज़ारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है. इलाक़े में 1,800 से ज़्यादा दमकलकर्मी और 500 वाहन तैनात किए गए हैं.
अधिकारियों ने बताया कि बुज़ुर्ग महिला की मौत उनके घर में हुई.
धुएं से दम घुटने के कारण सात दमकलकर्मियों का इलाज किया गया है. दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है.
अमेरिका की ओर से भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ़ लगाए जाने पर ये बोले शशि थरूर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि हमें इस अनुभव से सबक लेना होगा
अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाए जाने की घोषणा की है. इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है.
शशि थरूर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "ये हमारे लिए अच्छा नहीं है. इससे हमारा कुल टैरिफ़ 50 प्रतिशत हो जाएगा और हमारी चीज़ें अमेरिका में बहुत से लोगों के लिए महंगी हो जाएंगी."
थरूर ने कहा कि इसका मतलब है, अब हमें बहुत गंभीरता से दूसरे देशों और बाज़ारों की तरफ रुख़ करना होगा.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की वजह भारत का रूस से तेल आयात करना बताया है.
शशि थरूर ने कहा, "यूरेनियम, पैलेडियम, ऐसी कई चीजें हैं जो वे (अमेरिका) रूस से आयात कर रहे हैं. इसमें एक तरह का दोहरा मापदंड शामिल है. उन्होंने चीन को 90 दिनों की मोहलत दी है, लेकिन चीन हमसे कहीं ज़्यादा रूसी तेल आयात कर रहा है."
उन्होंने कहा, "हमें इस अनुभव से सबक लेना होगा. मुझे लगता है कि निश्चित रूप से इस बात की संभावना है कि अब भारत में भी अमेरिका से आने वाली चीज़ों पर तुलनात्मक पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ़) लगाने का दबाव होगा."
अमेरिका में और 100 अरब डॉलर का निवेश करेगी एपल: व्हाइट हाउस
इमेज स्रोत, Getty Images
व्हाइट हाउस का कहना है कि टेक कंपनी एपल ने अमेरिका में अतिरिक्त 100 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है.
यह टेक कंपनी पहले ही आने वाले चार वर्षों में 500 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा कर चुकी है.
इस बारे में औपचारिक एलान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में आज बाद में होने वाले एक कार्यक्रम में किया जाएगा.
राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी कंपनियों पर दबाव डाल रहे हैं कि वे अपना अधिक से अधिक उत्पादन अमेरिका में शिफ़्ट करें ताकि यहां रोज़गार बढ़े.
रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिले डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत
इमेज स्रोत, Kremlin Press Office /Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ की मुलाक़ात
यूक्रेन में युद्धविराम पर रूस की सहमति के लिए शुक्रवार की डेडलाइन से पहले अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की.
स्टीव विटकॉफ़ बुधवार सुबह रूस पहुंचे. रूसी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ पुतिन और विटकॉफ़ की बातचीत तीन घंटे चली.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ पुतिन के एक सहयोगी ने इस मुलाक़ात को "उपयोगी और रचनात्मक" बताया है.
रिपोर्ट के मुताबिक़ क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि रूस और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग विकसित करने की संभावना पर चर्चा हुई.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि अगर रूस ने यूक्रेन के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए कदम नहीं उठाए, तो उसे भारी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.
इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस के साथ व्यापार करने वाले देशों पर भी प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है.
उत्तरकाशी में सीएम धामी का दौरा, हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गई राहत सामग्री
इमेज स्रोत, X/@pushkardhami
इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धराली दौरा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र का दौरा किया और आपदा से प्रभावित लोगों से मुलाक़ात की.
सीएम धामी ने कहा है कि धराली में राहत और बचाव अभियान की निगरानी के लिए वे आज उत्तरकाशी में ही रहेंगे.
सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, "धराली में राहत एवं बचाव कार्यों की सघन निगरानी हेतु आज उत्तरकाशी में ही प्रवास करूँगा. अधिकारियों के साथ बैठक कर रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार समीक्षा भी कर रहा हूँ."
"सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरी तत्परता के साथ बचाव अभियान चलाया जा रहा है."
सीएम धामी के दौरे की जानकारी देते हुए उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने कहा, "राहत कार्यों को गति देने के उद्देश्य से दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आवश्यक खाद्य सामग्री और राहत सामग्री धराली क्षेत्र में पहुंचाई गई है."
विभाग की ओर से कहा गया, "भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर से भारी मशीनरी भी पहुंचाई जा रही है, जिससे मार्गों की मरम्मत, मलबा हटाने और अन्य आवश्यक कार्यों को शीघ्रता से अंजाम दिया जा सके."
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसराइली सेना पर 24 घंटों में 138 लोगों की हत्या का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, Dawoud Abo Alkas/Anadolu via Getty Images
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटों में ग़ज़ा में इसराइली सेना की कार्रवाई में 138 लोगों की मौत हुई है.
मंत्रालय के मुताबिक़ जंग शुरू होने के बाद से मृतकों की कुल संख्या 61,158 हो गई है.
मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटे में ग़ज़ा के अस्पतालों में 771 घायल पहुंचे हैं. वहीं कई लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हैं, जिन तक एंबुलेंस और ग़ज़ा की नागरिक सुरक्षा टीमों की मदद नहीं पहुंच सकी है.
मंत्रालय ने अपने लेटेस्ट अपडेट में राहत सामग्री पाने की कोशिश के दौरान मरने वाले और घायल होने वाले लोगों की भी संख्या बताई है.
मंत्रालय ने कहा कि सहायता पाने की कोशिश करते हुए 87 लोग मारे गए और 570 अन्य घायल हुए हैं.
राज्यसभा के उप सभापति को खड़गे का ख़त, इस मुद्दे पर की तुरंत चर्चा की मांग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (फ़ाइल फ़ोटो)
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश को ख़त लिखकर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर चर्चा की मांग की है.
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने अपने एक्स अकाउंट पर भी ये ख़त शेयर किया है.
उन्होंने पोस्ट किया, "राज्यसभा के माननीय उप सभापति को मेरा ख़त, जिसमें स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (एसआईआर) पर तुरंत चर्चा की मांग की गई है."
खड़गे ने लिखा, "चुनाव आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सबसे पहले बिहार में शुरू की गई है. ये प्रक्रिया इसके बाद पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों में भी शुरू की जाएगी. विपक्ष के सांसद मौजूदा सत्र के पहले दिन से ही सदन में इस पर चर्चा की मांग कर रहे रहे हैं."
उन्होंने लिखा, "इसलिए, मैं अपनी ओर से और राज्यसभा में विपक्षी दलों की ओर से आपसे अनुरोध करता हूं कि इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मंज़ूरी दी जाए, जो करोड़ों मतदाताओं, विशेषकर समाज के कमज़ोर वर्गों के लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है."
ग़ज़ा में खाना लेकर जा रहा ट्रक भीड़ पर पलटा, 20 फ़लस्तीनियों की मौत
इमेज स्रोत, Ramez Habboub / GocherImagery/Future Publishing via Getty Images
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ मई के अंत से अब तक खाने की तलाश में 1,300 से अधिक फ़लस्तीनियों की मौत हुई है
हमास के नियंत्रण वाले मीडिया ऑफ़िस का कहना है कि ग़ज़ा में खाना ले जा रहे एक ट्रक के भीड़ पर पलटने के कारण 20 फ़लस्तीनियों की मौत हो गई.
इस हादसे में दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं. हमास संचालित नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बस्सल ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि यह घटना मध्य ग़ज़ा पट्टी में एक शरणार्थी शिविर के पास आधी रात में हुई.
इसराइली सेना ने एएफ़पी को बताया कि वो इन रिपोर्टों की जांच कर रही है.
वहीं बीबीसी ने ग़ज़ा में राहत सामग्री के प्रवेश की निगरानी करने वाली इसराइली सैन्य इकाई कोगाट (कोऑर्डिनेटर ऑफ़ गवर्नमेंट एक्टिविटीज़ इन द टेरिटरीज़) से भी इस मामले में टिप्पणी मांगी है.
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक़ मई के अंत से अब तक खाने की तलाश में 1,300 से अधिक फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.
इसराइली सरकार अंतरराष्ट्रीय समाचार संगठनों जिनमें बीबीसी भी शामिल है, को ग़ज़ा में जाकर वहां के हालात की स्वतंत्र रिपोर्टिंग की मंज़ूरी नहीं देती है.
सांप के ज़हर से जुड़े केस में एल्विश यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूट्यूबर एल्विश यादव
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को यूट्यूबर एल्विश यादव के ख़िलाफ़ निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर रोक लगा दी.
एल्विश पर एक वीडियो बनाने के लिए सांपों और उनके ज़हर का दुरुपयोग करने का मुक़दमा चल रहा है.
केस के मुताबिक़, यादव रेव पार्टियों के आयोजन में शामिल थे, जहां विदेशी लोगों ने कथित तौर पर सांप का ज़हर और अन्य ड्रग्स उपलब्ध कराए.
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ एक नोटिस जारी किया.
एल्विश यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुक्ता गुप्ता ने इस बीच अंतरिम रोक लगाने का अनुरोध किया था.
मुक्ता गुप्ता की दलील थी कि यादव के ख़िलाफ़ एनडीपीएस एक्ट का मामला नहीं बनता और इस केस में वैधानिक प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
उत्तरकाशी में बादल फटने से अब तक पांच लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Uttarakhand Govt
उत्तराखंड के धराली में बादल फटने की घटना के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी है.
इसमें पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, आईटीबीपी और सेना की टीमें शामिल हैं.
आपदा कंट्रोल रूम से भी स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है. इस घटना में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है.
उत्तरकाशी पुलिस के मुताबिक़, “हर्षिल, धराली में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. रेस्क्यू टीमों द्वारा आपदा स्थल से 135 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया है.”
“धराली के पास (गंगोत्री की तरफ) से लगभग 100 लोग और हर्षिल आर्मी गेट से नीचे की तरफ 35 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. आज धराली निवासी एक व्यक्ति का शव मिला है.”
पुलिस के अनुसार,“जिलाधिकारी उत्तरकाशी, प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, सरिता डोबाल द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है.”
“अतिरिक्त कार्यबल को आपदाग्रस्त क्षेत्र में भेजने की कवायद जारी है.”
बलूचिस्तान में बम धमाका, पाकिस्तानी सेना के मेजर समेत तीन की मौत
इमेज स्रोत, BBC World Service
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग ज़िले में मंगलवार देर रात एक बम धमाके में पाकिस्तानी सेना के एक मेजर समेत कम से कम तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई.
घटना कुर्दगाप तहसील में काली पसंद खान के पास हुई.
बीबीसी उर्दू से बात करते हुए एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि "यहां अज्ञात हथियारबंद लोगों ने विस्फोटक लगा रखे थे."
उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के वाहन जब वहां से गुजर रहे थे, तभी विस्फोट हुआ. एक सैन्य वाहन धमाके की चपेट में आ गया, जिसमें सवार सेना के एक मेजर और दो अन्य जवानों की मौत हो गई. हादसे में तीन अन्य घायल हुए हैं.
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने अब तक इस हमले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
इस हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली है.
ग़ज़ा में इसराइल के विस्तार की योजना 'बेहद चिंताजनक': संयुक्त राष्ट्र
इमेज स्रोत, Getty Images
संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ने ग़ज़ा में अपने सैन्य अभियान का विस्तार किया तो इसके परिणाम "विनाशकारी" होंगे.
यह चेतावनी ऐसी खबरों के बीच दी गई है, जब इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ग़ज़ा पर पूर्ण कब्ज़े की योजना बना रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र के सहायक महासचिव मिरोस्लाव जेन्का ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया कि ऐसा कदम "बेहद चिंताजनक" होगा. इससे और अधिक फ़लस्तीनियों के साथ-साथ हमास के पास इसराइली बंधकों की ज़िंदगी भी ख़तरे में पड़ सकती है.
इसराइली मीडिया ने बताया कि नेतन्याहू गुरुवार को इसराइल के सुरक्षा मंत्रिमंडल से मिलने की योजना बना रहे हैं.
एक वरिष्ठ इसराइली अधिकारी के हवाले से कहा गया, "शर्तें तय हो चुकी हैं. हम ग़ज़ा पट्टी पर जीतने और हमास को हराने के लिए प्रयासरत हैं."
इसराइली सुरक्षा कैबिनेट की बैठक गुरुवार को होने जा रही है. इस बैठक में ग़ज़ा में सैन्य कार्रवाई की मंजूरी दी जा सकती है.
उत्तरकाशी में बादल फटने से 100 से अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका: एनडीआरएफ़
इमेज स्रोत, Uttarakhand Govt
इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के धराली में बादल फटने के कारण हुई तबाही में चार लोगों की मौत हो गई है.
उत्तराखंड के धराली में बादल फटने की घटना के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी है.
इसमें पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, आईटीबीपी और भारतीय सेना की टीमें शामिल हैं.
आपदा कंट्रोल रूम से भी स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर से घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण किया है.
डीआईजी एनडीआरएफ़ मोहसेन शाहेदी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बताया है, "शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. चार लोगों की मौत हो गई है और 100 से अधिक लोग हताहत हो सकते हैं, मिसिंग हैं."
डीआईजी शाहेदी ने कहा है कि हालांकि अभी तक स्थानीय प्रसाशन ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
उन्होंने बताया कि घटनास्थल के लिए एनडीआरएफ़ की तीन टीमें रास्ते में हैं.
ट्रंप के बहाने राहुल गांधी ने फिर साधा पीएम मोदी पर निशाना
इमेज स्रोत, Getty Images
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को लेकर एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, "राष्ट्रपति ट्रंप की धमकियों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी उनके सामने खड़े नहीं हो पा रहे हैं. इसका कारण अदानी के ख़िलाफ़ अमेरिका में चल रही जांच है."
उन्होंने लिखा, "इससे एक ख़तरा यह भी है कि मोदी, एए और रूस के बीच हुई ऑयल डील के तार आपस में जुड़ जाएंगे."
"राहुल गांधी ने यह भी लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी के हाथ बंधे हुए हैं."
रेपो रेट पर आरबीआई ने लिया ये फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मोनिटरी कमिटी की समीक्षा बैठक हुई.
इस बैठक के बाद रिज़र्व बैंक ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है.
गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया, "मौद्रिक नीति समिति की 4, 5 और 6 अगस्त को बैठक हुई. इस बैठक में नीतिगत रेपो रेट पर विचार-विमर्श और निर्णय लिया गया."
उन्होंने कहा, " व्यापक आर्थिक और वित्तीय घटनाक्रमों और संभावनाओं के विस्तृत आकलन के बाद सर्वसम्मति से नीतिगत रेपो रेट को 5.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का निर्णय लिया."
रेपो रेट वह दर है जिस पर आरबीआई बैंकों को लोन देता है. रेपो रेट बढ़ने और घटने से होम लोन, पर्सनल लोन समेत दूसरे लोन पर असर पड़ता है.
बिहार में एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला
बिहार में चुनाव आयोग के विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए कांग्रेस पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.
वहीं कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने "चुनावी प्रक्रियाओं की अखंडता" पर चिंता जाहिर करते हुए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन का नोटिस दिया है."
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं.
उत्तरकाशी में बादल फटने से तबाही, भारतीय सेना के नौ जवान अब भी लापता, आसिफ़ अली,बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Pro Defence lieutenant colonel Manish Srivastava
इमेज कैप्शन, उत्तरकाशी में बादल फटने से चार लोगों की मौत और 50 से ज़्यादा लोगों के लापता होने की जानकारी है.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में मंगलवार को बादल फटने की घटना में भारतीय सेना के नौ जवानों के लापता होने की जानकारी सामने आ रही है.
भारतीय सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बीबीसी हिंदी को बताया, “धराली के खीर गंगा में आए विनाशकारी मलबे से मची तबाही के बाद भारतीय सेना राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई है.”
“हालांकि कर्नल हर्षवर्धन की यूनिट भी भारी बारिश से प्रभावित हुई है और उनके नौ जवान अब भी लापता हैं. भारतीय सेना के ये जवान उस समय लापता हुए थे जब सेना के हर्षिल स्थित कैंप में पानी घुसा था.”
उन्होंने बताया कि दरअसल कैंप में पानी घुसने के बाद कुल 11 सैनिक लापता हो गए थे लेकिन बाद में दो जवान सुरक्षित मिल गए. बाक़ी के नौ जवान अभी भी मिसिंग हैं. इनकी तलाश जारी है.
मनीष श्रीवास्तव ने बताया, “भारतीय सेना की यह टीम नागरिकों को बचाने के लिए मुस्तैदी से ऑपरेशन में जुटी है. इस टीम ने अभी तक 20 लोगों को सुरक्षित बचाया भी है. राहत कार्यों में तेज़ी लाने के लिए अतिरिक्त टुकड़ियां भी भेजी जा रही हैं.”