You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पटना: नीतीश कुमार के साथ रोड शो में बोले पीएम मोदी- पिछली बार एक सीट हारे थे, इस बार शायद एक भी नहीं हारेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मिलकर रविवार शाम को रोड शो किया है.

सारांश

  • पटना: नीतीश के साथ रोड शो में बोले पीएम मोदी- पिछली बार एक सीट हारे थे, इस बार शायद एक भी नहीं हारेंगे
  • दिल्ली: केजरीवाल बोले- झाड़ू का बटन ज़ोर से दबाया तो मुझे वापस जेल नहीं जाना पड़ेगा
  • आईपीएल: चेन्नई सुपरकिंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया, प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीद बरकरार
  • सरकार पर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव बोले- 'पुलिस वोट ना डालने दे तो धरने पर बैठ जाएं'
  • ब्रितानी विदेश मंत्री बोले- इसराइल को हथियार ना देने से ग़ज़ा में मज़बूत होगा हमास.
  • सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में कनाडा पुलिस ने चौथे भारतीय नागरिक को गिरफ़्तार करने का दावा किया

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. कनाडा पुलिस का दावा- हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में चौथा भारतीय गिरफ़्तार

    सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में कनाडा पुलिस ने चौथे भारतीय नागरिक को गिरफ़्तार करने का दावा किया है.

    22 साल के अमरदीप सिंह पर हत्या करने और हत्या की साज़िश रचने के आरोप लगाए गए हैं.

    हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में जांच कर रही टीम ने इस बारे में बयान जारी किया है.

    जांच कर रही टीम ने कहा, ''अमरदीप सिंह को हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में 11 मई को गिरफ़्तार किया गया.''

    कनाडा पुलिस ने हाल ही में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ़्तार किया था.

    पहले गिरफ़्तार किए गए करण बरार, कमलप्रीत सिंह और करणप्रीत सिंह पर भी हत्या करने और हत्या की साज़िश रचने के आरोप लगाए गए हैं.

    45 साल के हरदीप सिंह निज्जर की पिछले साल जून में कनाडा के वैंकूवर के नज़दीक नकाबपोश बंदूक़धारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.

    तब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस हत्या में भारत के शामिल होने का आरोप लगाया था और साथ ही कहा था कि उनके पास इसके लिए भरोसेमंद सुबूत हैं.

    हालांकि भारत ने इन आरोपों का खंडन किया था.

  2. अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी इलाक़ों में बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों की मौत

    अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी इलाक़ों में बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है.

    बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई जा रही है.

    तालिबान के अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ की वजह से 150 लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं मानवीय संगठन वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम के मुताबिक़ बाढ़ के चलते 300 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई है.

    शुक्रवार रात से ही बगलान प्रांत के पांच ज़िले बाढ़ की चपेट में हैं.

    इन घरों को नुक़सान पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

    वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम के मुताबिक़- 2,011 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं. इसके अतिरिक्त 2,800 घरों को नुक़सान पहुंचा है.

    तीन मस्जिद और चार स्कूलों को भी बाढ़ की वजह से नुक़सान पहुंचा है.

    अधिकारियों का कहना है कि उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान को काबुल से जोड़ने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है.

  3. चुनाव आयोग ने तीसरे चरण की वोटिंग का डेटा जारी किया, इतने फ़ीसदी वोट पड़े

    भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक़ तीसरे चरण में 65.68 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    तीसरे चरण में सात मई को 11 राज्यों की 93 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए थे.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ तीसरे चरण में 66.98 फ़ीसदी पुरुषों, 64.41 फ़ीसदी महिलाओं और 25.2 फ़ीसदी थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

    चुनाव आयोग ने चार दिन की देरी के बाद तीसरे चरण का वोटिंग डेटा जारी किया है.

    पहले चरण के मतदान का डेटा 11 दिन की देरी के बाद जारी हुआ था, जबकि दूसरे चरण का डेटा आने में भी चार दिन का वक़्त लगा था.

    चुनाव आयोग के देरी से डेटा जारी करने पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों द्वारा सवाल भी उठाए जा रहे हैं.

    पहले चरण में 102 संसदीय सीटों पर 66.14 प्रतिशत और दूसरे चरण में 88 सीटों पर 66.71 प्रतिशत वोट पड़े.

  4. बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    11 मई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.