आईपीएल 2025: आरसीबी नौ साल बाद फ़ाइनल में पहुंची, पंजाब को आठ विकेट से हराया

पंजाब किंग्स के अजमतुल्लाह उमरजई को आउट करने के बाद टीम के साथी विराट कोहली के साथ जश्न मनाते हुए

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. डिफेंस प्रोजेक्ट वक़्त पर पूरे न होने पर क्या बोले वायु सेना प्रमुख?

    एयर चीफ़ मार्शल अमरप्रीत सिंह

    इमेज स्रोत, @IAF_MCC

    इमेज कैप्शन, एयर चीफ़ मार्शल अमरप्रीत सिंह (फ़ाइल फोटो)

    एयर चीफ़ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने गुरुवार को डिफेंस सिस्टम की खरीद और डिलीवरी में हो रही देरी पर कहा कि ऐसा एक भी प्रोजेक्ट नहीं है, जो समय पर पूरा हुआ हो.

    एयर मार्शल ने ये भी बताया कि कैसे भारत धीरे धीरे आगे बढ़ रहा है.

    एयर मार्शल ने कहा, हमें डील पर साइन करते वक़्त ही ये पता होता है कि वो चीजें समय पर कभी नहीं आएंगी. समय सीमा एक बड़ा मुद्दा है और मुझे तो ये लगता है कि एक भी परियोजना अपने तयशुदा समय पर पूरी नहीं हुई है. हम ऐसा वादा क्यों करें जो पूरा नहीं हो सकता?"

    दिल्ली में हुए सीआईआई एनुअल बिजनेस समिट में उन्‍होंने कहा कि हम सिर्फ ‘मेक इन इंडिया’ की बात नहीं कर सकते.अब वक्त है ‘डिजाइन इन इंडिया’ का भी.

    भारत सरकार स्वदेशी हथियार विकसित करने की कोशिश में लगी है. लेकिन अभी भी भारत के हथियारों बड़ा हिस्सा विदेश से आता है. कई बार इनकी ख़रीद के फ़ैसले और डिलीवरी में देरी हो जाती है. एयर चीफ़ मार्शल इसी संदर्भ में बात कर रहे थे.

  3. आईपीएल 2025: आरसीबी नौ साल बाद फ़ाइनल में पहुंची, पंजाब को आठ विकेट से हराया

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पंजाब किंग्स के अजमतुल्लाह उमरजई को आउट करने के बाद टीम के साथी विराट कोहली के साथ जश्न मनाते हुए

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले क्वालीफ़ायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), पंजाब किंग्स को हराकर फ़ाइनल में पहुंच गई है.

    पंजाब ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दस विकेट के नुक़सान पर 101 रन बनाए थे. पंजाब की तरफ़ से मार्कस स्‍टोइनिस ने सबसे ज़्यादा 26 रन बनाए.

    जवाब में बेंगलुरु की टीम ने दो विकेट खोकर दस ओवर में 106 रन बनाकर टारगेट हासिल कर लिया. फ़िल सॉल्ट ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए नाबाद 55 रन बनाए. वहीं, विराट कोहली सिर्फ़ 12 रन बना पाए.

    इससे पहले बेंगलुरु के लिए स्पिन गेंदबाज़ सुयश शर्मा और तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड ने तीन-तीन विकेट लिए थे.

    अब पंजाब का क्वालीफ़ायर-2 में एलिमिनेटर मुक़ाबला जीतने वाली टीम के साथ मुक़ाबला होगा. तीन जून को आईपीएल का फ़ाइनल खेला जाएगा.

  4. पीएम मोदी बताएं कि पाकिस्तान ने कितने रफ़ाल मार गिराए: सीएम रेवंत रेड्डी

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (फ़ाइल फोटो)

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान रफ़ाल विमान के कथित नुक़सान को लेकर सवाल पूछा है.

    गुरुवार को सीएम रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ भारतीयों को बताएं कि हाल ही में हुए संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सेना ने कितने रफ़ाल विमान मार गिराए?

    हैदराबाद में 'जय हिंद' रैली को संबोधित करते हुए सीएम रेड्डी ने यह भी पूछा कि प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ युद्ध शुरू करने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, लेकिन पड़ोसी देश के साथ युद्ध रोकने से पहले उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया?

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि '140 करोड़ भारतीयों की इच्छा के बावजूद मोदी बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर नियंत्रण करने में विफल रहे.'

    भारतीय सेना ने 6 और 7 मई की दरमियानी रात को 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च कर पाकिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे.

    इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत पर ड्रोन हमले का दावा किया. भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सशस्त्र संघर्ष के बाद आपसी सहमति से सीजफायर का एलान किया गया था.

  5. आईपीएल क्वालीफ़ायर 1: पंजाब की पारी 101 रनों पर सिमटी, सुयश शर्मा और हेज़लवुड ने तीन-तीन विकेट झटके

    गेंदबाज़ सुयश शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का पहला क्वालीफ़ायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है.

    पंजाब किंग्स की पारी 101 रनों पर सिमट गई.

    पंजाब की तरफ़ से मार्कस स्‍टोइनिस ने सबसे ज़्यादा 26 रन बनाए. पंजाब के आठ बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए.

    बेंगलुरु के लिए स्पिन गेंदबाज़ सुयश शर्मा और तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड ने तीन-तीन विकेट चटकाए. दोनों के इस प्रदर्शन की बदौलत बेंगलुरु को 102 रनों का लक्ष्य मिला है.

    इस मुक़ाबले को जीतने वाली टीम सीधे फ़ाइनल में पहुंच जाएगी. क्वालीफ़ायर-1 में हारने वाली टीम क्वालीफ़ायर-2 में एलिमिनेटर मुक़ाबला जीतने वाली टीम के ख़िलाफ़ खेलेगी.

    तीन जून को आईपीएल का फ़ाइनल खेला जाएगा.

  6. केसी त्यागी क्यों बोले- जयराम रमेश कांग्रेस पार्टी के विनाश पर आमादा हैं

    जेडी(यू) नेता केसी त्यागी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जेडी(यू) नेता केसी त्यागी (फ़ाइल फोटो)

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश के 'सांसद घूम रहे हैं, आतंकवादी भी घूम रहे हैं' वाले बयान पर जेडी (यू) नेता केसी त्यागी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा," श्री जयराम रमेश कांग्रेस पार्टी के विनाश पर आमादा हैं."

    जेडी (यू) नेता ने कहा, "आतंकियों के सफाए के लिए पहलगाम के बाद सेना के पराक्रम और शौर्य का जो सफल आयोजन हुआ था, उसको भी कम आंकने पर लगे हुए हैं."

    "जब सभी दलों का एक दल विदेश में पाकिस्तान की नापाक हरकतों का खुलासा करने के लिए गया हुआ है, उस समय ऐसे सवाल उठा कर वो किसकी मदद करना चाहते हैं?"

    "25 जून भारत के इतिहास में एक काला दिन है, जब देश के सभी शीर्षस्थ नेता बगैर किसी कारण के जेल भेजे गए थे. नागरिक आज़ादी समाप्त थी. पत्रकारों पर अंकुश था तो विशेष सत्र बुलाकर कर उन काले कारनामों को उजागर किया जाएगा. ये कोई बुरी बात नहीं है."

  7. इसराइल वेस्ट बैंक में 22 यहूदी बस्तियां बसाएगा, फ़लस्तीन की तीखी प्रतिक्रिया

    इसराइली चौकी

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, इसराइली मंत्रियों ने कहा कि होमेश की चौकी को पहले की तारीख़ से वैध कर दिया जाएगा (मई 2023 की तस्वीर)

    इसराइली मंत्रियों ने कहा है कि कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक पर 22 नई यहूदी बस्तियों को मंजूरी दी गई है. यह पिछले कई दशकों में सबसे बड़ा विस्तार है.

    रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज और वित्त मंत्री बेजेल स्मोट्रिच ने बताया कि इनमें से कई पहले से ही बिना सरकारी अनुमति के ही बनाई जा चुकी हैं, लेकिन अब इन्हें इसराइली कानून के तहत वैध बना दिया जाएगा. इसके अलावा बाकी बस्तियां पूरी तरह से नई हैं.

    अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत बस्तियां बसाना कानूनन अवैध माना जाता है लेकिन इसराइल इस पर विवाद करता है. इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच यह सबसे विवादास्पद मुद्दों में से एक है.

    काट्ज़ ने कहा कि यह कदम "फ़लस्तीनी राज्य की स्थापना को रोकता है जो इसराइल के लिए ख़तरा पैदा करेगा", जबकि फ़लस्तीनी राष्ट्रपति ने इसे "ख़तरनाक बढ़ोतरी" कहा है.

    इसराइली बस्ती विरोधी निगरानी संस्था पीस नाउ ने इसे 30 वर्षों से अधिक समय में "अपनी तरह का सबसे बड़ा कदम" बताया और चेतावनी दी कि यह "पश्चिमी तट को नया स्वरूप देगा तथा कब्ज़े को और भी मजबूत करेगा."

  8. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  9. प्रशांत किशोर ने पीएम के भाषण पर पूछा सवाल 'बिहार चुनाव में पाकिस्तान से क्या लेना-देना"

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना में रोड शो को लेकर टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा, "यहां बिहार का चुनाव है पाकिस्तान से क्या लेना देना है?"

    प्रशांत किशोर ने कहा, "चुनाव बिहार का है.चुनाव भारत-पाकिस्तान का नहीं है. लोगों को बेवकूफ़ मत बनाइए."

    प्रशांत किशोर ने कहा, "पाकिस्तान से निपटने के लिए लड़ने के लिए आपको प्रधानमंत्री बनाया गया है. संसद में बैठिए वहां से चीन को मारिए, पाकिस्तान को मारिए, देश उसके साथ खड़ा है."

    उन्होंने कहा, "लेकिन अभी चुनाव बिहार का है. लोग यह चाहते हैं कि बिहार में पढ़ाई कब होगा? बिहार में लड़कों को रोजगार कब मिलेगा? हम लोगों का पलायन कब बंद होगा?"

  10. पीएम मोदी को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने क्या लिखा?

    लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित हुए गुरुद्वारे के प्रांगण में राहुल गांधी (फ़ाइल फोटो)

    लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने पुंछ सहित पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित हुए लोगों के लिए पुनर्वास पैकेज की मांग की है.

    उन्होंने इस पत्र में लिखा है, "मैंने हाल ही में पुंछ का दौरा किया, जहां पाकिस्तनी गोलाबारी में चार बच्चों सहित 14 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं."

    "इस अचानक और अंधाधुंध हमले ने आम इलाकों में भारी तबाही मचाई है. सैकड़ों घर, दुकानें, स्कूल और धार्मिक स्थल बुरी तरह से तबाह हो गए हैं. कई पीड़ितों ने बताया कि उनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो गई."

    "पुंछ और सीमा से लगे अन्य क्षेत्रों के लोग दशकों से शांति और भाईचारे के साथ रह रहे हैं. आज जब वे इस गहरे संकट से गुजर रहे हैं, तो हमारा कर्तव्य है कि हम उनके दुख को समझें और उनके जीवन को फिर से संवारने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करें."

    "मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित पुंछ और अन्य सभी इलाकों के लिए एक ठोस और उदारता से भरा राहत और पुनर्वास पैकेज तैयार किया जाए."

  11. पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ़ के 'भारत के साथ बातचीत' के बयान पर क्या बोला भारत?

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ़ ने भारत के साथ आतंकवाद रोकने साहित अन्य मुद्दों पर बातचीत की इच्छा जताई थी. इसे लेकर भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जवाब दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंध को लेकर हमारा पक्ष और हमारा रवैया बड़ा साफ है. उन्होंने कहा, "हम यह दोहराना चाहते हैं कि आतंकवाद और बातचीत दोनों साथ-साथ नहीं चल सकते हैं."

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "जहां तक ​​आतंकवाद का सवाल है, पाकिस्तान से अब बात इस मुद्दे पर होगी कि जो हम लोगों ने कुछ साल पहले आतंकियों की सूची दी थी, उन्हें हमारे हवाले करें."

    उन्होंने कहा, "जहां तक सवाल जम्मू-कश्मीर का है. इस पर द्विपक्षीय बातचीत सिर्फ इस मसले पर होगी कि पाकिस्तान पीओके को कब खाली करेगा जोकि वह अवैध रूप से कब्ज़ा करके बैठा हुआ है."

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ ने बुधवार को अजरबैजान के लाचिन शहर में पाकिस्तान, तुर्की और अजरबैजान की त्रिपक्षीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "हम कल भी शांति चाहते थे, आज भी चाहते हैं और भविष्य में भी हम शांति को प्राथमिकता देंगे."

    इसके बाद एक और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान सभी मुद्दों को बातचीत की मेज पर सुलझाना चाहता है.

    उन्होंने कहा कि भारत ने बिना सबूत के पाकिस्तान पर आरोप लगाया और पहलगाम घटना के संबंध में कोई सबूत नहीं दिया.

    उन्होंने कहा, "हमने भारत को उसकी जांच में सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की, हालाँकि, भारत ने इसे अस्वीकार कर दिया."

  12. ईरान में लापता 3 भारतीयों के मामले पर विदेश मंत्रालय ने दी ये जानकारी

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    ईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफ़िंग में जानकारी दी है.

    उन्होंने कहा, "कुछ समय पहले ईरान के तेहरान में उतरे तीन भारतीय नागरिक लापता हैं. हम उनका पता लगाने, उनकी सुरक्षा और उनके घर वापसी के लिए ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं. हमें ईरानी पक्ष से अच्छा सहयोग मिल रहा है और हम लापता लोगों के परिवारों के संपर्क में भी हैं. हम हर संभव कोशिश कर रहे हैं."

    आपको बता दें कि पंजाब के तीन युवक पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के लिए घर से निकले थे, लेकिन अब वे अपने परिवारों से संपर्क में नहीं हैं.

    संगरूर, होशियारपुर और नवांशहर के रहने वाले इन युवकों के परिवारों का आरोप है कि ईरान में उनका अपहरण कर लिया गया है.

    ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "तीन भारतीय नागरिकों के परिवारों ने भारतीय दूतावास को सूचित किया है कि ईरान पहुँचे उनके रिश्तेदार लापता हो गए हैं."

    "दूतावास ने ईरानी अधिकारियों के सामने इस मामले को ज़ोरदार तरीके से उठाया है. हमने अनुरोध किया है कि लापता भारतीयों का तुरंत पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए."

    "हम दूतावास के प्रयासों के बारे में परिवार के सदस्यों को नियमित रूप से जानकारी दे रहे हैं."

  13. पीएम मोदी ने गिनाए पश्चिम बंगाल के 5 संकट, ममता ने क्या दिया जवाब

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला. वह गुरुवार को सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखने के लिए अलीपुरद्वार पहुंचे थे.

    उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को "हिंसा, तुष्टिकरण, दंगों और भ्रष्टाचार की राजनीति" से मुक्ति की जरूरत है और अब लोग "भाजपा के विकास मॉडल" की ओर देख रहे हैं.

    उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा पश्चिम बंगाल एक साथ कई संकटों से घिरा हुआ है.

    उन्होंने कहा, "पहला संकट समाज में फैल रही हिंसा और अराजकता का है. दूसरा संकट हमारी माताओं-बहनों की असुरक्षा का है, जिनके साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं. तीसरा संकट युवाओं में फैल रही अत्यधिक निराशा और व्यापक बेरोजगारी का है. चौथा संकट व्यवस्था में लगातार कम होते भरोसे का है. पांचवां संकट सत्ताधारी दल की स्वार्थी राजनीति का है, जो गरीबों के अधिकारों को छीनती है."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भ्रष्टाचार का सबसे बुरा असर युवा और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है. पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो रही है."

    पीएम मोदी मुर्शिदाबाद और मालदा में हिंसा को लेकर टीएमसी सरकार पर हमलावर रहे.

    उन्होंने कहा, "मुर्शिदाबाद और मालदा में जो कुछ भी हुआ, वह यहां सरकार की निर्दयता का उदाहरण है. तुष्टिकरण के नाम पर गुंडागर्दी को खुली छूट दी गई. कल्पना कीजिए कि जब सरकार चलाने वाली पार्टी के लोग लोगों के घरों की पहचान करके उन्हें जला दें और पुलिस मूकदर्शक बनी रहे, तो स्थिति कितनी भयावह होगी."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं बंगाल के गरीब लोगों से पूछता हूं कि क्या सरकार ऐसे चलती है? यहां हर मुद्दे पर अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ता है. अन्यथा, कुछ भी हल नहीं होता. बंगाल के लोगों को अब टीएमसी सरकार पर भरोसा नहीं है. 'बंगाल में मची चीख पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार'."

    पीएम के भाषण पर ममता बनर्जी ने क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "पीएम मोदी ने आज जो कहा, उससे हम न केवल स्तब्ध हैं, बल्कि यह सुनना दुर्भाग्यपूर्ण भी है."

    उन्होंने कहा, "क्या पीएम मोदी की उपस्थिति में उनके नेताओं के लिए यह कहने का समय आ गया है कि वे 'ऑपरेशन सिंदूर' की तरह ही 'ऑपरेशन बंगाल' करेंगे."

    ममता बनर्जी ने कहा, "मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो कल चुनाव में उतरें. मैं भी तैयार हूं और बंगाल भी तैयार है"

  14. दक्षिण अफ्रीका में छह साल की बेटी की तस्करी के मामले में मां को आजीवन कारावास की सज़ा

    केली स्मिथ

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, केली स्मिथ ने छह सप्ताह तक चले मुकदमे में गवाही देने से इनकार कर दिया

    दक्षिण अफ्रीका की एक महिला और उसके दो साथियों को छह साल की बच्ची के अपहरण और मानव तस्करी के मामले में आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई है.

    सज़ा पाने वालों में बच्ची की मां रेक्केल केली स्मिथ भी शामिल है.

    रेक्केल "केली" स्मिथ, उसके प्रेमी जैक्केन एपोलिस और उसके मित्र स्टीवेना वान राइन को यह सज़ा घटना के एक वर्ष से अधिक समय के बाद सुनाई गई है, जब जोशलिन स्मिथ केपटाउन के निकट साल्दान्हा खाड़ी में अपने घर के बाहर से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई थी.

    फ़रवरी 2024 में गायब हुई जोशलिन स्मिथ काफ़ी प्रचार प्रसार और खोजबीन के बाद भी अभी तक नहीं मिली है.

    तीनों को यह सज़ा दक्षिण अफ्रीका के छह सप्ताह तक चले मुकदमे के बाद सुनाई गई है. इसमें गवाहों और अभियोजकों ने कई चौंकाने वाले आरोप लगाए थे.

    सज़ा सुनाते समय न्यायाधीश नाथन इरास्मस ने कहा कि उन्होंने तीनों के बीच "कोई भेदभाव नहीं किया".

  15. राष्ट्रपति की टैरिफ़ से जुड़ी शक्तियों को उनके पूर्व सलाहकार ने बताया ख़तरनाक, क्या बोले

    स्टीफन मूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टीफन मूर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल में उनके वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार रहे हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक पूर्व वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार ने कहा है कि किसी भी राष्ट्रपति को कांग्रेस की मंजूरी के बिना टैरिफ़ दरें निर्धारित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए.

    ट्रंप के पहले कार्यकाल में आर्थिक सलाहकार रहे स्टीफन मूर ने बीबीसी रेडियो 4 के टुडे कार्यक्रम में कहा, "कांग्रेस वह संस्था है जो कानून बनाती है और कर नीतियों में बदलाव करती है."

    उन्होंने स्वीकार किया कि यह निर्णय यूरोपीय संघ के साथ व्यापार वार्ता में अमेरिका के लिए हानिकारक हो सकता है.

    उन्होंने कहा कि वे ट्रंप के बड़े समर्थक हैं, लेकिन "मुझे लगता है कि किसी भी राष्ट्रपति द्वारा अमेरिकी नागरिकों पर कर लगाने के अधिकार का दावा करना देश के लिए ख़तरनाक है."

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति के पास इस प्रकार का एकतरफ़ा अधिकार होना अच्छी बात नहीं है."

    ब्रिटेन-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में पूछे जाने पर मूर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि किएर स्टार्मर "इस समझौते के साथ आगे बढ़ेंगे, जिस पर सहमति बनी है."

  16. अमेरिकी राष्ट्रपति ने आपातकालीन शक्ति का दुरुपयोग किया- रेफील्ड

    इमारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओरेगन के अटॉर्नी जनरल का मानना ​​है कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा सकता है

    अमेरिका का ओरेगन उन राज्यों में से एक है जिसने टैरिफ़ के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कराया है. ओरेगन के अटॉर्नी जनरल डैन रेफील्ड ने बीबीसी रेडियो 4 के टुडे कार्यक्रम में बात की.

    उन्होंने कहा कि अदालत के निर्णय का आधार यह है कि "राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) ने आपातकालीन शक्ति का दुरुपयोग किया है. इसका उपयोग अमेरिका के इतिहास में किसी भी राष्ट्रपति ने टैरिफ़ लागू करने के लिए नहीं किया है."

    उन्होंने कहा कि यह निर्णय "बहुत महत्वपूर्ण" है, क्योंकि तीनों न्यायाधीशों ने सर्वसम्मति से सरकार के ख़िलाफ़ निर्णय दिया.

    अगले चरण में मामला वॉशिंगटन डीसी के संघीय सर्किट न्यायालय में ले जाया जाएगा. रेफील्ड ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो सरकार सर्वोच्च न्यायालय तक अपील करेगी.

    उनका कहना है कि वह यह मुकदमा करने के लिए इसलिए बाध्य हुए क्योंकि "इसका प्रभाव सभी पर पड़ेगा."

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में 10 साल से चल रही योजनाओं को बंद करने का लगाया आरोप

    आतिशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर दिल्ली में चल रही योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया है

    आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर '10 साल से चलती हुई दिल्ली की व्यवस्थाओं को 100 दिन अंदर ठप' करने का आरोप लगाया है.

    दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, "आज आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी के 100 दिन के फेलियर्स का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है. ये रिपोर्ट कार्ड हम दिल्ली वालों के घर घर लेकर जाएंगे."

    आतिशी ने कहा, "दिल्ली में 10 साल से अरविंद केजरीवाल ने 24 घंटे बिना पावरकट के बिजली दी. लेकिन पिछले 100 दिन में बिजली की चलती हुई व्यवस्था ठप हो गई और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लगातार लंबे पावर कट हो रहे हैं."

    पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिस दिन से बीजेपी की सरकार आई है, प्राइवेट स्कूलों ने बेलगाम तरीके़ से 40 फ़ीसदी से लेकर 80 फ़ीसदी फीस बढ़ा दी गई है.

    उन्होंने कहा, "दिल्ली में आज जगह-जगह पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है. जिन इलाक़ों में लगातार पानी आ रहा था वहां पानी आना बंद हो गया है."

    "आज दिल्ली में जगह-जगह सीवर का गंदा पानी नल से आ रहा है, ना केवल पानी बल्कि हवा भी गंदी है. दिल्ली के इतिहास में पहली बार गर्मियों में प्रदूषण का स्तर यानी एक्यूआई 500 पार कर गया."

    आतिशी ने बीजेपी पर दिल्ली में चली आ रहीं जनहित की योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा, "जो खुद के उनके(भाजपा) दो सबसे बड़े वादे थे, मार्च तक सभी महिलाओं के खातों में 2500 रुपये देना और होली- दिवाली पर 500 रुपये का सिलेंडर देना, वे वादे भी पूरे नहीं हुए हैं. 100 दिनों के कार्यकाल में भाजपा हर पक्ष पर फ़ेल है."

  19. तेज प्रताप और ऐश्वर्या के तलाक़ मामले की सुनवाई में आज क्या हुआ, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    तेज प्रताप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है

    तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक़ मामले की अगली सुनवाई अब 21 जून को होगी. पटना की प्रिंसिपल फैमिली कोर्ट ने सुनवाई की नई तारीख़ दी है.

    ऐश्वर्या राय की तरफ से पेश वकील राजकुमार श्रीवास्तव ने बीबीसी को बताया, "हमारी तरफ़ से सीनियर वकील आज आ नहीं पाए थे, जिसके बाद हमने कोर्ट से समय माँगा था. केस में दोनों ही पक्ष के फिजिकल प्रेसेंस की ज़रूरत नहीं थी."

    वहीं तेज प्रताप यादव की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील जगन्नाथ सिंह ने बताया, "ऐश्वर्या राय की तरफ से समय माँगा गया था, जिसके बाद कोर्ट ने वक़्त दिया."

    क्या हाल के दिनों में तेज प्रताप को लेकर मीडिया में प्रसारित फोटो या पोस्ट का असर केस पर पड़ेगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा, " ये सब मीडिया में चल रहा है. केस पर कोई असर नहीं पड़ेगा."

    ऐश्वर्या राय और तेज प्रताप की शादी साल 2018 में हुई थी. लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही तेज प्रताप की तरफ़ से तलाक़ की अर्ज़ी कोर्ट में डाल दी गयी थी.

    बीते 24 मई को तेज प्रताप के एक फेसबुक पोस्ट के बाद राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था. साथ ही घोषणा की थी कि तेज प्रताप की परिवार में कोई भूमिका नहीं रहेगी.

  20. प्रशांत किशोर ने बिहार जा रहे पीएम मोदी से पूछा- कौन होगा बिहार का अगला सीएम?

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बीजेपी को घेरा है

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है.

    प्रशांत किशोर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "अगर नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा हैं तो ये बात सिर्फ़ दो ही व्यक्ति को कहना चाहिए, या तो मोदी जी या अमित शाह जी, क्योंकि सभी जानते हैं कि किसी तीसरे के कहने का कोई महत्व नहीं है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर प्रशांत किशोर ने कहा, "आज मोदी जी आ रहे हैं उन्हें घोषणा कर देना चाहिए कि 2025 के बाद भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे."

    उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये बिहार के लाडले मुख्यमंत्री हैं, लेकिन ये नहीं कहा कि 2025 के बाद यही आगे मुख्यमंत्री बनेंगे. घोषणा करके देख लें, जनता बता देगी कि लाडले हैं या नहीं."

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक ने आगे कहा, "बिहार की जनता जानना चाहती है कि अगर एनडीए की सरकार बनती है तो बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा."

    पीएम नरेंद् मोदी आज बिहार में होंगे और वह एक रोड शो करेंगे.