भारत और पाकिस्तान के मैच पर ओवैसी बोले- 'जब ख़ून और पानी एक साथ नहीं बह सकते तो...'

इमेज स्रोत, ANI
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर एआईएमआईएम के नेता और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है.
ओवैसी ने कहा, "असम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मेरा एक ही सवाल है कि जिस पाकिस्तान ने पहलगाम में हमारे 26 लोगों को मज़हब पूछकर गोली मारी, तुम में इतनी ताक़त नहीं है कि तुम उस पाकिस्तान से क्रिकेट मैच नहीं खेल सकते."
उन्होंने कहा, "मैं भारत के प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि जब आपने कहा कि ख़ून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं हो सकते, तो एक क्रिकेट मैच से बीसीसीआई को कितने पैसे आएंगे, दो हज़ार करोड़? तीन हज़ार करोड़?"
ओवैसी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि 26 लोगों की जान की क़ीमत ज़्यादा है या पैसे ज़्यादा ज़रूरी हैं. उन्होंने कहा कि वह पहलगाम में जान गंवाने वाले 26 लोगों के परिवारों के साथ खड़े हैं.
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में मैच खेला जाएगा. पहलगाम हमले के बाद पहली बार भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी.
कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिवसेना समेत कई विपक्षी दल पाकिस्तान के साथ भारत के मैच का विरोध कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी इस मैच के बहिष्कार की मांग की जा रही है.
संबंधित कहानियां:


