दोहा में अरब-इस्लामिक देशों की बैठक, इसराइल पर साधा निशाना

क़तर की राजधानी दोहा में इसराइली हमलों के बाद अरब और इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हो रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. दोहा में अरब-इस्लामिक देशों की बैठक, इसराइल पर साधा निशाना

    अरब-इस्लामिक देश

    इमेज स्रोत, @MFATurkiye

    इमेज कैप्शन, मंगलवार को दोहा में हुए इसराइली हमले के बाद यह बैठक हो रही है

    क़तर की राजधानी दोहा में इसराइली हमलों के बाद अरब और इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हो रही है.

    यह बैठक सोमवार को 15 सितंबर को होने वाले आपातकालीन अरब-इस्लामिक शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत बुलाई गई है.

    बीते मंगलवार को इसराइल ने दोहा में एक घर में मौजूद हमास नेताओं को निशाना बनाया था. फ़लस्तीनी संगठन हमास का कहना है कि इस हमले में उसके पांच सदस्य और क़तर के एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई. इसे लेकर अरब-इस्लामिक देशों में ग़ुस्सा है.

    दोहा न्यूज़ के मुताबिक़, क़तर के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री शेख़ मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि क़तर पर हुए हवाई हमले के लिए इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया जाए.

    अरब लीग ने कहा है कि दोहा की बैठक से अरब-इस्लामिक सहयोग का स्पष्ट संदेश जाना चाहिए.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “हम अपने मित्रवत और स्वायत्त राष्ट्र पर इसराइल के एक और अवैध हमले पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं.”

    15 सितंबर को होने वाला आपातकालीन शिखर सम्मेलन क़तर के साथ एकजुटता दिखाने के लिए बुलाया गया है.

    इस बैठक में क़तर की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन पर चर्चा होगी और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए साझा रणनीति बनाने की कोशिश की जाएगी.

  2. सबिता भंडारी बनीं नेपाल की पहली महिला अटॉर्नी जनरल

    nepal

    इमेज स्रोत, Sabita Bhandari/ Facebook

    इमेज कैप्शन, सबिता भंडारी नेपाल की पहली महिला अटॉर्नी जनरल बनी हैं

    नेपाल के राष्ट्रपति ने अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफारिश पर वरिष्ठ अधिवक्ता सबिता भंडारी को देश का नया अटॉर्नी जनरल नियुक्त किया है.

    बीबीसी नेपाली के मुताबिक़ वो नेपाल के इतिहास में पहली महिला अटॉर्नी जनरल बन गई है. अटॉर्नी जनरल भंडारी प्रधानमंत्री की कानूनी सलाहकार के रूप में काम करेंगी.

    इस बीच नेपाल पुलिस की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) ने आम जनता को चेतावनी दी है कि वे पिछले सप्ताह के विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी के दौरान चोरी और लूटी गई मूल्यवान वस्तुओं की खरीद या बिक्री न करें.

    nepal

    इमेज स्रोत, CIB

    इमेज कैप्शन, नेपाल पुलिस की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है

    बीबीसी नेपाली के मुताबिक़ सीआईबी ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी चीजें खरीदते, बेचते पाया गया या उसके पास ऐसी कोई भी चीज मिली तो उसके ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    सीआईबी ने जनता से यह भी आग्रह किया है कि यदि उन्हें कोई चोरी या लूटा हुआ ऐतिहासिक दस्तावेज, हथियार या अन्य महत्वपूर्ण सामान मिले या उनके बारे में कोई जानकारी हो तो वे निकटतम सुरक्षा एजेंसी को इसकी सूचना दें.

  3. एशिया कप: भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की ख़राब शुरुआत

    cricket

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हार्दिक पंड्या ने पहले ही ओवर में पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया

    दुबई में खेले जा रहे एशिया कप टी-20 मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की शुरुआत काफ़ी ख़राब रही है.

    पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर मैच में पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया, लेकिन दो ओवर में ही उसके दो बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए.

    मैच के पहले ओवर में हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज़ सईम अयूब को बुमराह के हाथों कैच आउट कराया. अयूब अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

    इसके बाद मैच के दूसरे ओवर में पाकिस्तानी बल्लेबाज़ मोहम्मद हारिस को बुमराह ने आउट किया. संयोग से इस बार कैच लेने की बारी हार्दिक पंड्या की थी और उन्होंने इसमें कोई ग़लती नहीं की.

    इस तरह से पाकिस्तान के 6 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए.

    पाकिस्तान का तीसरा विकेट 45 रन के स्कोर पर गिरा. फ़ख़र ज़मान को अक्षर पटेल ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया. फ़ख़र ज़मान ने 17 रन बनाए.

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान को दूसरा झटका जसप्रीत बुमराह ने दिया

    दोनों टीमें इस तरह हैं:

    भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.

    पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस, फ़ख़र ज़मान, आग़ा सलमान (कप्तान), हसन नवाज़, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, शाहीन शाह अफ़रीदी, सुफ़ियान मकीम, अबरार अहमद.

  4. पोलैंड के बाद अब रोमानिया ने रूस पर हवाई क्षेत्र के उल्लंघन का आरोप लगाया, इयान कैसी, बीबीसी न्यूज़

    रूस यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के साथ लगी सीमा की निगरानी करते हुए एफ़-16 लड़ाकू विमान ने रोमानिया के हवाई क्षेत्र में रूसी ड्रोन को देखा (सांकेतिक तस्वीर)

    रोमानिया ने कहा कि एक रूसी ड्रोन ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है. यह दूसरा नेटो देश है जिसने इस तरह की घुसपैठ की जानकारी दी है.

    रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “ रोमानियाई वायुसेना के लड़ाकू विमान शनिवार को यूक्रेन पर रूसी हमले की निगरानी के लिए उड़ान भर रहे थे और उन्होंने यूक्रेन की दक्षिणी सीमा के पास उस ड्रोन को ट्रैक किया.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह घुसपैठ ग़लती नहीं हो सकती – यह रूस की तरफ से युद्ध के "स्पष्ट विस्तार" का संकेत है. रोमानिया के दावे पर रूस ने कोई टिप्पणी नहीं की है.

    बुधवार को पोलैंड ने कहा था कि उसने कम से कम तीन रूसी ड्रोन गिराए हैं जो उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे.

  5. एशिया कप: भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस साल भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 में पहली बार आमने-सामने हैं

    एशिया कप 2025 में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. टी-20 का यह मैच दुबई में खेला जा रहा है.

    इस मैच की चर्चा पूर्व क्रिकेटर्स और क्रिकेट फ़ैन्स के बीच ही नहीं अंतरराष्ट्रीय मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हो रही है.

    भारत में ज़्यादातर विपक्षी दलों ने पाकिस्तान के साथ हो रहे इस मैच का विरोध किया है.

    पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले और उसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद दोनों देशों की क्रिकेट टीमें पहली बार आपस में मैच खेल रही हैं.

    क्रिकेट
    इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान के बीच इस मैच को लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है

    दोनों टीमें इस तरह हैं-

    भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

    पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस, फ़ख़र ज़मान, आग़ा सलमान (कप्तान), हसन नवाज़, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, शाहीन शाह अफ़रीदी, सुफ़ियान मकीम, अबरार अहमद

  6. असम समेत कई पूर्वोत्तर राज्यों में भूकंप के झटके

    भूकंप

    इमेज स्रोत, https://seismo.gov.in/

    इमेज कैप्शन, इस भूकंप से अब तक नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है

    भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के कई इलाक़ों में भूकंप के झटके महसूस किए गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अधिकारियों ने बताया है कि इस भूकंप की तीव्रता 5.8 थी.

    इस भूकंप में अब तक किसी तरह के नुक़सान की कोई ख़बर नहीं आई है.

    अधिकारियों के मुताबिक़ यह भूकंप रविवार शाम 4:41 बजे महसूस किया गया और इसका केंद्र असम का उदलगुरी ज़िला था.

  7. पूर्व बॉक्सिंग चैंपियन रिकी हैटन का शव उनके घर में मिला

    रिकी हैटन

    इमेज स्रोत, Action Images/Reuters

    इमेज कैप्शन, रिकी हैटन के आक्रमक स्टाइल ने उन्हें दुनिया के सबसे लोकप्रिय बॉक्सरों में शामिल करा दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    वर्ल्ड बॉक्सिंग के पूर्व चैंपियन रिकी हैटन का 46 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    पुलिस के मुताबिक़ 46 साल के हैटन का शव आज सुबह हाइड, टेमसाइड (ग्रेटर मैनचेस्टर) के उनके घर में मिला.

    फ़िलहाल पुलिस उनकी मौत को संदिग्ध नहीं मान रही है.

    ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने अपने बयान में कहा, "आज सुबह (स्थानीय समय के मुताबिक़) 6:45 बजे बाउलएकर रोड, हाइड, टेमसाइड पर एक व्यक्ति की सूचना के बाद पुलिस पहुंची. वहां 46 साल के एक शख्स का शव मिला. फिलहाल घटना को संदिग्ध नहीं माना जा रहा है."

    हैटन का शानदार करियर रिकॉर्ड में दो वेट कैटेगरी में वर्ल्ड टाइटल हासिल करना शामिल है. इनमें लाइट-वेल्टरवेट और वेल्टरवेट टाइटल शामिल हैं.

    ‘द हिटमैन’ के नाम से मशहूर हैटन की आक्रामक फाइटिंग स्टाइल ने उन्हें 21वीं सदी के शुरुआती दस साल के सबसे लोकप्रिय बॉक्सरों में शामिल कर दिया था.

  8. उत्तर प्रदेश: सोनभद्र ज़िले में जांच के दौरान खनन सर्वेक्षक पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, सैयद मोज़िज इमाम, बीबीसी संवाददाता

    सोनभद्र

    इमेज स्रोत, Saiyed Moziz Imam

    इमेज कैप्शन, वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसवाले ट्रकों को रोकने के लिए उनपर पत्थर चला रहे हैं

    उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले में अवैध खनन की जांच के दौरान खनन सर्वेक्षक योगेश शुक्ला पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई.

    आरोप है कि यह घटना उस समय हुई जब बिना परमिट खनिज लदी गाड़ियों को रोकने की कोशिश की जा रही थी.

    राबर्ट्सगंज क्षेत्राधिकारी (सीओ) रणधीर मिश्रा ने बताया कि यह घटना राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी खनन बैरियर की है.

    उन्होंने बताया, “तीन गाड़ियां बहुत तेज़ी से आ रही थीं. इन्हें रोकने का प्रयास खनन सर्वेक्षक योगेश शुक्ला और पुलिस टीम ने किया, लेकिन गाड़ियां नहीं रुकीं और योगेश शुक्ला पर जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई.”

    इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं. जांच में पुलिस की तरफ़ से गाड़ियों को रोकने का तरीका सही नहीं पाया गया, जिस पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

    सोनभद्र

    इमेज स्रोत, Saiyed Moziz Imam

    इमेज कैप्शन, राबर्ट्सगंज के सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया है कि यह मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी खनन बैरियर का है

    खनन सर्वेक्षक योगेश शुक्ला की तहरीर पर राबर्ट्सगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.

    वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी ट्रकों को रोकने की कोशिश करते हुए उन पर पत्थर फेंक रहे हैं.

  9. 'बंधकों की घर वापसी में पीएम नेतन्याहू ही सबसे बड़ी बाधा', यांग तियान, बीबीसी न्यूज़

    इसराइल हमास

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर इसराइल में कई बार प्रदर्शन हुए हैं (फ़ाइल फोटो)

    हमास के कब्जे में मौजूद इसराइली बंधकों के परिजनों ने कहा है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ही बंधकों की वापसी और शांति समझौते में सबसे बड़ी बाधा हैं.

    होस्टेजेज़ और मिसिंग फ़ैमिलीज़ फ़ोरम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पिछले हफ़्ते क़तर की राजधानी दोहा में इसराइल का हमला दिखाता है कि “जब भी कोई समझौता होता दिखता है, तभी नेतन्याहू उसे बिगाड़ देते हैं.”

    मंगलवार को इसराइल ने क़तर की राजधानी दोहा में एक घर में मीटिंग कर रहे हमास के वरिष्ठ नेताओं पर हमला किया था. फ़लस्तीनी हथियारबंद संगठन हमास ने कहा कि इस हमले में उसके पांच सदस्य और क़तर के एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हुई.

    हालांकि शनिवार को इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि क़तर में हमास नेताओं को खत्म करना "बंधकों की रिहाई और युद्ध खत्म करने की प्रमुख अड़चन को दूर कर देगा."

    ग़ज़ा में 7 अक्तूबर 2023 को हुए हमास के इसराइल पर हुए हमलों में क़रीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था. इनमें से कई बंधक अब भी हमास के क़ब्जे में हैं.

  10. नेपाल: अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने इन तीन अहम मुद्दों पर की बात

    नेपाल

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, सुशीला कार्की ने कहा कि नष्ट इमारतों को दोबारा बनवाया जा सकता है, लेकिन नष्ट दस्तावेज़ वापस नहीं आ सकते

    नेपाल की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (एनएसए) ने एक पुलिस प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि सोमवार और मंगलवार को हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान उपजे हालात में देश भर की अलग-अलग जेलों से भागे दस हज़ार से ज़्यादा क़ैदी अभी भी फ़रार हैं.

    बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़ एनएसए ने बताया है कि ऐसे क़रीब 4 हज़ार क़ैदियों को गिरफ़्तार भी कर लिया गया है.

    इस बीच नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने पदभार ग्रहण करने के बाद तीन अहम मुद्दों पर बात की है.

    1. जान-माल का व्यापक नुक़सान

    बीबीसी नेपाली के मुताबिक़ प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि आगजनी की घटना में तराई इलाक़े के सभी जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय के साथ ही सिंह दरबार और सर्वोच्च न्यायालय तक, जलकर खाक हो गए और इन जगहों पर रखी सभी फाइलें नष्ट हो गईं.

    उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त होने पर इमारतों को फिर से बनवाया जा सकता है, लेकिन दस्तावेज वापस नहीं लाए जा सकते हैं.

    प्रधानमंत्री कार्की ने कहा, "रिकॉर्ड, पुरानी फाइलें और विवरण सब नष्ट कर दिए गए हैं और अब हम शून्य पर हैं."

    2. पीड़ितों के लिए मुआवजा

    प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि 'जेन ज़ी' आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों को शहीद घोषित किया जाएगा. मारे गए लोगों के परिवारों और घायलों को ज़रूरी मुआवजा दिया जाएगा. इसके तहत सरकार हर मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवज़ा देगी.

    3. निर्धारित समय के अंदर चुनाव

    नेपाल की महिला मुख्य न्यायाधीश बनकर इतिहास रचने वाली कार्की ने बताया कि अब उन्होंने हालात की वजह से यह नई भूमिका संभाली है.

    उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपनी इच्छा से नहीं बल्कि हर जगह से प्रभारी बनाने की मांग की वजह से झुकना पड़ा.

    कार्की ने कहा, "मैं सत्ता या पद का सुख भोगने नहीं आई हूं और मेरी उम्र भी ऐसी नहीं है."

    उन्होंने छह महीने के अंदर नई निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंपने की बात दोहराई है.

  11. भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर आप सांसद संजय सिंह ने उठाए सवाल

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाए हैं

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में होने वाले क्रिकेट मैच पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    संजय सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “पहलगाम में हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया. भारत सरकार ने कहा कि पाकिस्तान के आतंकवादियों ने आकर घटना को अंजाम दिया. उसके बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हुआ, जिसमें हमारे जवान शहीद हुए, आम नागरिक मारे गए..”

    एशिया कप 2025 में आज यानी रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुक़ाबला होना है.

    संजय सिंह ने कहा है, “आपने ख़ुद कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी ख़त्म नहीं हुआ है. ये मेरा बयान नहीं है, ये भारत की सरकार का बयान है. ‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता’, ये मेरा बयान नहीं है, भारत के प्रधानमंत्री का बयान है. ‘टेरर और ट्रेड एक साथ नहीं चल सकता’ ये मेरा बयान नहीं है भारत के प्रधानमंत्री का बयान है .. तो खून और खेल कैसे एक साथ चल सकता है?”

  12. भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच पर अभिनेता सुनील शेट्टी ने ये कहा

    सुनील शेट्टी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुनील शेट्टी ने कहा है कि मैच के लिए क्रिकेटरों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता है

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में होने वाले क्रिकेट मैच पर अभिनेता सुनील शेट्टी ने प्रतिक्रिया दी है.

    सुनील शेट्टी ने इस मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, "यह एक अंतरराष्ट्रीय खेल है. आप उनके नियमों से बंधे होते हैं. भारतीय होने के नाते यह हमारा व्यक्तिगत फैसला है कि हमें यह मैच देखना है या नहीं, हमें मैच देखने जाना है या नहीं. यह फ़ैसला भारत को लेना है, लेकिन आप क्रिकेटरों को खेलने के लिए दोष नहीं दे सकते.

    एशिया कप 2025 में आज यानी रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुक़ाबला होना है.

    उन्होंने कहा, “वे खिलाड़ी हैं और उनसे उम्मीद की जाती है कि वे देश का प्रतिनिधित्व करें. मुझे लगता है यह फैसला हमें ही करना होगा. अगर मैं इसे नहीं देखना चाहता तो नहीं देखूंगा. यह आपके ऊपर है कि आप क्या करना चाहते हैं.”

    सुनील शेट्टी के मुताबिक़ यह बीसीसीआई के हाथ में नहीं है, यह आयोजन एक अंतरराष्ट्रीय खेल संगठन का है और आप किसी को दोष नहीं दे सकते.

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी में होने वाले बदलावों पर क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी रविवार को असम दौरे पर हैं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी (गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स) में होने वाले बदलावों पर कहा कि आने वाले दिनों में जीएसटी की दरें बहुत कम हो जाएंगी, जिससे रोज़मर्रा की चीज़ें सस्ती हो जाएंगी.

    पीएम मोदी रविवार को असम दौरे पर हैं. दरंग में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी में नेक्स्ट जेनरेशन रिफ़ॉर्म होगा.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "आज मैं इस रिफ़ॉर्म की ख़ुशख़बरी के साथ आपके बीच आया हूं. आज से ठीक नौ दिन बाद नवरात्रि का पहला दिन होगा, जीएसटी की दरें बहुत कम हो जाएंगी. इससे असम के, देश के हर परिवार को फ़ायदा होगा. रोज़मर्रा की बहुत सारी चीज़ें और सस्ती हो जाएंगी."

    उन्होंने कहा, "अनेक दवाएं सस्ती हो जाएंगी. बीमा कराना सस्ता हो जाएगा. और जिन नौजवानों को मोटर साइकिल लेनी है या नई कार ख़रीदनी है, वो भी सस्ती हो जाएंगी. माताओं, बहनों, नौजवानों, किसानों, दुकानदारों, सबका फ़ायदा होने वाला है."

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीन सितंबर की रात घोषणा की थी कि जीएसटी की 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दिया गया है. इनकी जगह पर 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी की दो नई दरों को लेकर आम सहमति बनी है.

    संबंधित ख़बर:

  15. नेपाल: सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री बनने पर चीन ने क्या कहा?

    सुशीला कार्की

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सुशीला कार्की नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की चीफ़ जस्टिस भी रही हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुशीला कार्की के नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री बनने पर चीन ने बयान जारी कर उन्हें बधाई दी है. साथ ही चीन ने कहा है कि वह नेपाल की जनता की ओर से चुने गए रास्ते का सम्मान करता है.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री बनने पर चीन, सुशीला कार्की को बधाई देता है. चीन और नेपाल के बीच लंबे समय से दोस्ताना संबंध रहे हैं."

    बयान में कहा गया, "नेपाल की जनता की ओर से स्वतंत्र रूप से चुने गए विकास पथ का चीन हमेशा की तरह सम्मान करता है. हम नेपाल के साथ मिलकर शांति के पांच सिद्धांतों को बढ़ावा देने, विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को मज़बूत करने और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं."

    नेपाल में हाल ही में हुए हिंसक आंदोलन के बाद अंतरिम सरकार का गठन हुआ है. इसकी प्रधानमंत्री सुशीला कार्की बनी हैं.

    'जेन ज़ी' आंदोलन के दौरान नेपाल की संसद समेत कई सरकारी इमारतों में आगज़नी की तस्वीरें सामने आई थीं.

    जनता के गुस्से को देखते हुए केपी शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था और किसी गोपनीय जगह चले गए थे.

    संबंधित कहानियां:

  16. हिन्दी दिवस पर पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि विश्व पटल पर हिन्दी का बढ़ता सम्मान गर्व और प्रेरणा का विषय है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिन्दी दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए हिन्दी को 'पहचान और संस्कारों की धरोहर' बताया है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "आप सभी को हिन्दी दिवस की अनंत शुभकामनाएं. हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संस्कारों की जीवंत धरोहर है."

    पीएम मोदी ने कहा, "इस अवसर पर आइए, हम सब मिलकर हिन्दी सहित सभी भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक गर्व के साथ पहुंचाने का संकल्प लें. विश्व पटल पर हिन्दी का बढ़ता सम्मान हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है."

    वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हिन्दी भाषा देश की भाषाओं-बोलियों के बीच सेतु का काम कर रही है और यह अब तकनीक, विज्ञान और अनुसंधान की भाषा बन रही है.

    अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "आज़ादी के आंदोलन से लेकर आपातकाल के मुश्किल दिनों तक, हिन्दी ने देशवासियों को एक सूत्र में बांधने में अहम भूमिका निभाई है. हिन्दी सभी भाषाओं को साथ लेकर 'विकसित' और भाषाई रूप से 'आत्मनिर्भर' भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाती रहेगी."

    तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर हिन्दी भाषा के लिए पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से किए गए कार्यों के बारे में बताया.

  17. नेपाल: सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिका ने जारी किया बयान

    डीन थोम्पसन

    इमेज स्रोत, X/@USAmbNepal

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राजदूत ने नेपाल में हुई हिंसा के दौरान सेना की भूमिका की तारीफ़ की है

    सुशीला कार्की के नेपाल के प्रधानमंत्री बनने और हाल ही में हुई हिंसा पर नेपाल में अमेरिका के राजदूत डीन थॉम्पसन ने बयान जारी किया है.

    अमेरिकी राजदूत ने कहा, "सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है. हम पिछले हफ़्ते हुई दुखद घटनाओं के बाद शांति बहाल होने और शांतिपूर्ण समाधान निकालने का स्वागत करते हैं."

    उन्होंने कहा, "हम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और युवा नेताओं की लोकतांत्रिक समाधान के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं. साथ ही नेपाल में हुए नुक़सान पर संवेदना भी व्यक्त करते हैं."

    अमेरिकी राजदूत ने नेपाल में हुई हिंसा के दौरान सेना की भूमिका की तारीफ़ की है.

    उन्होंने कहा, "हम नेपाल की सेना और सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल की क़ानून-व्यवस्था बहाल करने और सरकार के शांतिपूर्ण बदलाव को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना करते हैं."

    हाल ही में नेपाल में हुए 'जेन ज़ी' आंदोलन के दौरान भारी हिंसा हुई थी. इस बीच केपी ओली ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    सुशीला कार्की ने इसी हफ़्ते अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री के तौर पर ज़िम्मेदारी संभाली है. वह नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश भी रह चुकी हैं.

    संबंधित कहानियां:

  18. भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर विपक्षी दलों के सवाल पर बीजेपी नेता ने दिया यह जवाब

    दिलीप घोष

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिलीप घोष ने कहा है कि भारत मैच खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. इसे बीजेपी नेता दिलीप घोष ने 'राजनीति' बताया है.

    दिलीप घोष ने कहा, "मैच तो कांग्रेस के ज़माने में भी होता था. कुछ लोग क्रिकेट के साथ राजनीति करते हैं. पाकिस्तान के साथ क्रिकेट होता है तो उनका देशप्रेम जाग जाता है."

    उन्होंने कहा, "यहां पर सालों-साल पाकिस्तान के कलाकार आकर नाच-गाना करते रहे, पैसा कमाते रहे, तब कोई कुछ नहीं बोला. ये लोग पाकिस्तान घूमकर आए. उस समय ख़ूब दोस्ती थी, तब कुछ नहीं बोले. आज अचानक क्यों?"

    दिलीप घोष ने कहा कि भारत, पाकिस्तान में खेलने नहीं जाएगा, वर्ल्ड कप में भी नहीं गया था, ये हमारा स्टैंड है.

    भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में मैच खेला जाना है. पहलगाम हमले के बाद पहली बार दोनों देशों की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी.

    कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम और शिवसेना समेत कई विपक्षी दलों ने इस मैच का विरोध किया है.

    संबंधित कहानियां:

  19. बांग्लादेश: छात्र संघ चुनाव में एक हफ़्ते के भीतर इस्लामी संगठन की दूसरी बड़ी जीत

    बांग्लादेश में छात्र संघ चुनाव

    इमेज स्रोत, NAZMUL HUDA

    इमेज कैप्शन, आईसीएस ने ढाका यूनिवर्सिटी में भी जीत हासिल की है

    बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी की छात्र इकाई इस्लामी छात्र शिबिर (आईसीएस) ने शनिवार को जहांगीरनगर यूनिवर्सिटी (जेयू) के केंद्रीय छात्र संघ चुनाव में जीत हासिल की. एक हफ़्ते के अंदर आईसीएस के लिए यह दूसरी जीत है.

    इससे पहले आईसीएस ने ढाका यूनिवर्सिटी में भी जीत हासिल की थी.

    आधिकारिक घोषणा के मुताबिक़, आईसीएस ने जेयू सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन (जेयूसीएसयू) की 25 में से 20 सीटें जीतीं. इस संगठन पर लगभग 35 सालों तक प्रतिबंध लगा हुआ था.

    पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी बीएनपी की छात्र इकाई जेसीडी कोई भी सीट नहीं जीत सकी. यह वही संगठन है, जिसे शेख़ हसीना की अवामी लीग की ग़ैर-मौजूदगी में मुख्य छात्र संगठन माना जा रहा था.

    पिछले साल जिस आंदोलन के दबाव में शेख़ हसीना की सरकार गिरी, उसकी अगुवाई करने वाले स्टूडेंट्स अगेंस्ट डिस्क्रिमिनेशन (एसएडी) पैनल को केवल दो सीटें ही मिलीं.

    प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पिछले साल अवामी लीग की छात्र इकाई बांग्लादेश छात्र लीग (बीसीएल) को "आतंकी संगठन" क़रार दिया था.

    इसके बाद इस संगठन को चुनाव के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था.

  20. लंदन की सड़कों पर जुटे 1.5 लाख लोग, झड़पों में दर्जनों पुलिसकर्मी घायल, थॉमस मैकिन्टॉश, बीबीसी न्यूज़

    टॉमी रॉबिन्सन की रैली

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, टॉमी रॉबिन्सन की ओर से आयोजित रैली के लिए लंदन में भारी सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे

    धुर दक्षिणपंथी कार्यकर्ता टॉमी रॉबिन्सन की ओर से शनिवार को लंदन में आयोजित रैली के दौरान हिंसा भड़क गई. इस रैली में क़रीब 1.5 लाख लोग शामिल हुए.

    पुलिस के मुताबिक़, 'यूनाइट द किंगडम' नाम से आयोजित इस रैली के दौरान कुछ लोगों ने बोतल और अन्य सामान पुलिस पर फेंका, जिससे 26 पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    सोशल मीडिया कंपनी एक्स के मालिक एलन मस्क ने व्हाइटहॉल पर जुटे लोगों को वीडियो लिंक के ज़रिए संबोधित किया.

    वहीं दूसरी ओर, इस रैली के विरोध में 'स्टैंड अप टू रेसिज़्म' की ओर से प्रदर्शन किया गया. इसमें लगभग 5 हज़ार लोग शामिल हुए.

    टॉमी रॉबिन्सन की रैली
    इमेज कैप्शन, रैली में क़रीब 1.5 लाख लोग शामिल हुए

    पुलिस के अनुसार, अब तक 25 लोगों को अलग-अलग अपराधों के तहत गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस ने हिंसा को "पूरी तरह अस्वीकार्य" बताया है.

    इस रैली को देखते हुए लंदन में भारी सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे. रॉबिन्सन के समर्थकों को पीछे धकेलने के लिए जब पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो झड़पें शुरू हो गईं.

    टॉमी रॉबिन्सन का असली नाम स्टीफ़न याक्सली-लेनन है. उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए नेताओं की आलोचना की.

    उन्होंने यह भी दावा किया कि ब्रिटेन की अदालतों ने फ़ैसला दिया है कि बिना दस्तावेज़ वाले प्रवासियों के अधिकार "स्थानीय समुदाय" के अधिकारों से ऊपर हैं.

    पिछले महीने 'कोर्ट ऑफ़ अपील' ने उस आदेश को ख़ारिज कर दिया था जिसमें एसेक्स के एपिंग स्थित द बेल होटल में शरणार्थियों को रखने पर रोक लगाई गई थी.