You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लेबनान के पीएम नजीब मिकाती ने इसराइली हमले को लेकर कहा- ये जनसंहार है

लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने शनिवार को इसराइल के हमले को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्पष्ट रुख़ अपनाने की अपील की है. उन्होंने इसे जनसंहार करार दिया है.

सारांश

  • ग़ज़ा में स्कूल पर इसराइली हमले में 13 लोगों की मौत
  • आतिशी ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
  • प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी की
  • एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह होंगे अगले वायुसेना प्रमुख
  • तिरुपति मंदिर के प्रसाद में जानवरों की चर्बी मिलने के दावे पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रतिक्रिया दी

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. भारत ने 432 रनों की बनाई बढ़त, गिल-पंत शतक के करीब

    भारत-बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत की स्थिति और भी मज़बूत हो गई है.

    तीसरे दिन के पहले सत्र में बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने बिना विकेट गंवाए 124 रन बनाए. इसी के साथ भारत ने बांग्लादेश पर 432 रनों की बढ़त बना ली है.

    दूसरी पारी में भारत का स्कोर तीन विकेट पर 205 रन है. भारतीय बल्लेबाज़ शुभमन गिल और ऋषभ पंत अभी भी क्रीज़ पर मौजूद हैं. दोनों ने क्रमशः 86 और 82 रनों की पारी खेली है.

    इससे पहले भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक तीन विकेट पर 81 रन बनाए थे.

    बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद, नाहिद राना और मेहंदी हसन मिराज को एक-एक विकेट मिले हैं.

  2. तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद विवाद को लेकर क्या बोले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी?

    तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद को लेकर हो रहे विवाद पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "तिरुपति लड्डू के बारे में जो कुछ भी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है वह बहुत ही गंभीर मामला है. इसकी जांच होनी चाहिए."

    उन्होंने कहा, "लैब रिपोर्ट और मामले में जो कुछ भी बाहर आया है, वह बहुत ही ख़तरनाक है. करोड़ों लोगों की श्रद्धा का विषय है. चंद्रबाबू नायडू जी ने जो लैब रिपोर्ट पब्लिक किया है उसके बारे में पूरे तरीके से जांच होना चाहिए. अगर यह सच निकलता है तो कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए."

    सीबीआई से इस मामले की जांच कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "चंद्रबाबू नायडू यह डिसाइड करेंगे कि मामले को सीबीआई को देना है या एसआईटी गठित करनी है. इसका प्रदेश सरकार निर्णय करेगा."

    वहीं इस पर समाजवादी पार्टी के नेता फ़ख़रुल हसन चंद ने कहा, "आस्था और धर्म से जुड़े विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. यह गंभीर विषय है. इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए."

    उन्होंने कहा, "आस्था और धर्म से जुड़े विषय पर राजनीति करने का अधिकार किसी भी दल को नहीं है. किसी को भी किसी की आस्था से खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है."

  3. लेबनान में पेजर और वॉकी-टॉकी धमाकों पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

    संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने चेतावनी दी है कि मध्य-पूर्व में चल रहा संघर्ष अब तक की देखी गई तबाही को 'बौना' साबित कर सकता है.

    संयुक्त राष्ट्र के राजनीतिक मामलों के प्रमुख रोज़मेरी डिकार्लो ने यह बयान सुरक्षा परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए दिया, जिसमें वो हिज़्बुल्लाह द्वारा पेजर और वॉकी टॉकी के इस्तेमाल करने के बारे में बात कर रही थीं.

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा, "इसराइल पर व्यापक रूप से लगे हमले के आरोप युद्ध अपराध के बराबर हो सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र में इसराइली दूत डैनी डैनन ने विस्फोटों का ज़िक्र नहीं किया है, लेकिन उन्होंने कहा है कि उनका देश अपनी रक्षा के लिए जो भी ज़रूरत होगा वह करेगा."

    हिज़्बुल्लाह में पेजर और वॉकी टॉकी में हुए विस्फोटों के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मध्य-पूर्व के संकट पर चर्चा करने के लिए बैठक की है.

    जहां संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा, "संचार उपकरणों में विस्फोट के माध्यम से लेबनान के लोगों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है."

    हिज़्बुल्लाह ने यह स्वीकार किया है कि उसके वरिष्ठ सैन्य कमांडर इब्राहिम अकील शुक्रवार को बेरूत में हुए इसराइली एयरस्ट्राइक में मारे गए हैं. इससे पहले इसराइल ने कहा था कि हिज़्बुल्लाह के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वो भी मारे गए हैं.

    वहीं इस हमले को लेकर लेबनान के अधिकारियों ने कहा, "ईरान समर्थित समूह के गढ़, दहिह क्षेत्र की घनी आबादी वाले इलाके में हुए हमले में कम से कम 14 लोग मारे गए हैं."

    शुक्रवार को बेरूत पर हुआ इसराइली हमला जुलाई के बाद पहला हमला था. पिछली बार हुए हमले में हिज़्बुल्लाह के सैन्य प्रमुख फुआद शुक्र की मौत हो गई थी.

  4. राष्ट्रपति विक्रमसिंघे वोट डालने के बाद बोले- यह श्रीलंका के लिए बदलाव का समय

    श्रीलंका में हो रहे राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने कोलंबो में अपना मतदान किया.

    इसके बाद उन्होंने कहा, "यह श्रीलंका के लिए बदलाव और पारंपरिक राजनीति से दूर होने का समय है, जिसने देश को और देश की पारंपरिक अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया."

    उन्होंने कहा, "देश को एक नई सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था की ज़रूरत है."

    विक्रमसिंघे ने कहा, "हमने सरकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्थिर किया है. अब हम ऐसी स्थिति में हैं कि लोग अपने भविष्य के लिए मताधिकार का प्रयोग कर सकें."

    उन्होंने कहा, "यह ज़रूरी है कि हम लोकतंत्र की रक्षा करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को टूटने ना दें. मुझे खुशी है कि मैं इसमें बड़ा योगदान दे पाया हूं."

    75 साल के श्रीलंकाई राष्ट्रपति विक्रमसिंघे इस बार स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं.

  5. उत्तर कोरिया भागने वाले अमेरिकी सैनिक को एक साल की जेल और सेना से किया गया बर्ख़ास्त

    पिछले साल अमेरिका वापस लौटने से पहले दक्षिण कोरिया से उत्तर कोरिया भागने वाले अमेरिकी सेना के सैनिक ट्रैविस किंग को एक साल की क़ैद की सज़ा सुनाई गई है.

    इसके साथ ही उन्हें सेना से निकाल दिया गया है.

    जुलाई 2023 में ट्रैविस पर एक गैर-कमीशन अधिकारी पर हमला करने और सेना का परित्याग करने के आरोप लगे थे.

    लेकिन उनके वकील ने बीबीसी को बताया कि उनकी सेवाओं और अच्छे व्यवहार की वजह से उन्हें रिहा कर दिया गया था.

    शुक्रवार को टेक्सास के फोर्ट ब्लिस में हुई सुनवाई के दौरान उन पर लगे 14 आरोपों में से पांच पर उन्हें दोषी ठहराया गया, जबकि अन्य आरोपों को खारिज कर दिया गया है.

    ट्रैविस किंग जनवरी 2021 में अमेरिकी सेना में शामिल हुए थे. उन्हें यूनिट रोटेशन के तहत दक्षिण कोरिया में तैनात किया गया था, जहां से वो उत्तर कोरिया भाग गए थे.

  6. पीएम मोदी अमेरिका दौरे पर हुए रवाना, क्वाड देशों के नेताओं से करेंगे मुलाक़ात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार तड़के अमेरिका के लिए रवाना हो गए हैं. इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी छठी क्वाड लीडर्स समिट में हिस्सा लेंगे.

    इसके अलावा वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 'समिट ऑफ द फ्यूचर' की बैठक में शामिल होंगे.

    पीएम मोदी ने अमेरिका रवाना होने से पहले कहा, "मैं क्वाड समिट में राष्ट्रपति बाइडन, प्रधानमंत्री अल्बनीज़ और प्रधानमंत्री किशिदा से मिलने के लिए उत्सुक हूं."

    उन्होंने कहा, "यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने वाले समान विचारधारा वाले देशों के एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है."

    भारत-अमेरिका द्विपक्षीय वार्ता को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "राष्ट्रपति बाइडन के साथ मेरी बैठक अपने लोगों के फायदे और वैश्विक भलाई के लिए भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को बेहतर बनाने पर ज़ोर देगी."

    अमेरिका दौरे के दौरान पीएम मोदी भारतीय प्रवासियों और अमेरिकी बिज़नेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे.

  7. अफ़ग़ानिस्तान ने लगातार दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराकर सिरीज़ पर किया क़ब्ज़ा

    यूएई में हो रही तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 177 रनों से मात दे दी है. इसी के साथ अफ़ग़ानिस्तान ने इस सिरीज़ को भी जीत लिया है.

    अफ़ग़ानिस्तान के लिए इस बड़ी जीत के हीरो राशिद खान रहे. उन्होंने 9 ओवरों में मात्र 19 रन देकर 5 विकेट झटके. राशिद खान को प्लेयर ऑफ़ द मैच अवार्ड दिया गया.

    इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने शतकीय पारी खेलते हुए 105 रन बनाए.

    अफ़ग़ानिस्तान ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 314 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. गुरबाज़ की शतकीय पारी के अलावा अज़मतुल्लाह उमरज़ई और रहमत शाह ने अर्द्ध-शतकीय पारी खेली.

    उमरज़ई ने टीम के लिए 86 रन जोड़े, जबकि रहमत शाह ने 50 रन बनाए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी रही. हालांकि, इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और मात्र 134 रन पर ऑलआउट हो गई.

    दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान तेंबा बावुमा ने सबसे ज़्यादा 38 रन बनाए.

  8. गोटाबाया राजपक्षे के भागने के बाद श्रीलंका में पहला चुनाव आज

    श्रीलंका में आज यानि शनिवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है. साल 2022 में आए आर्थिक संकट के बाद यह पहला चुनाव है.

    उस वक्त श्रीलंका में व्यापक पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. जिसके बाद तत्कालीन राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को देश छोड़कर भागना पड़ा था, जबकि प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

    इसके बाद रानिल विक्रमसिंघे श्रीलंका के राष्ट्रपति बने थे.

    शनिवार को होने वाले चुनाव को देश में आर्थिक सुधार लाने के रूप में देखा जा रहा है. देश में अभी भी टैक्स बढ़ोतरी, सब्सिडी और कल्याणकारी योजनाओं में कटौती के कारण कई लोगों को समस्याएं हो रही हैं.

    कई विश्लेषकों का मानना है कि इस बार के चुनाव में मतदाताओं के मन में आर्थिक सुधार को लेकर चिंताएं रहेंगी, जिसकी वजह से चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है.

  9. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    तिरुपति के लड्डू प्रसाद में जानवरों की चर्बी होने का दावा, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी गुरुवार को कहा, ''पिछली सरकार के दौरान तिरुमला लड्डू को बनाने में शुद्ध घी की बजाय जानवरों की चर्बी वाला घी इस्तेमाल किया जाता था”. क्या है पूरा मामला जानने लिए यहां क्लिक करें.

    मोसाद: इसराइली जासूसी एजेंसी की बड़ी कामयाबियां और कुछ नाकाम ऑपरेशन. इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बिहार के नवादा में महादलितों के 34 घर जलाए जाने का क्या है मामला? बीती 18 सितंबर की शाम को घटी इस घटना में दबंगों ने मांझी और रविदास समुदाय से आने वाले कुल 34 परिवार के घर जला दिए थे.- ग्राउंड रिपोर्ट यहां पढ़ें.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को श्रीनगर और जम्मू के कटरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अपनी सरकार के कामों को गिनाने के अलावा विपक्षी दलों पर निशाना साधा है. पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में तीन सियासी परिवारों पर साधा निशाना, क्या है वजह? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    शुक्रवार के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.