You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तस्वीरों में: युद्धविराम के बाद ग़ज़ा पट्टी में कैसे हैं हालात

हमास और इसराइल के बीच युद्धविराम के बाद ग़ज़ा में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं और ज़रूरी सामान जुटाने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, संदीप राय

  1. पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की कई चौकियां तबाह करने का दावा किया, आज भी हुई सशस्त्र झड़प

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीमा पर झड़प की खबरें एक बार फिर मिल रही हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक, ‘पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि मंगलवार शाम को अफगान तालिबान और टीटीपी ने सीमा पार से पाकिस्तान के कुर्रम जिले में “बिना उकसावे की गोलीबारी” की, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की और तालिबान चौकियों को गंभीर नुकसान पहुंचाया.’

    पीटीवी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना के अभियान के परिणामस्वरूप अफगानिस्तान के प्रांत खोस्त में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. हालांकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने इन झड़पों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    ‘टोलो न्यूज’ से बात करते हुए खोस्त के गवर्नर मुस्तगफर गुरबाज ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे खोस्त के ‘पलूचा’ इलाके को पाकिस्तानी सैनिकों ने निशाना बनाया.

    अफगानिस्तान में सूचना विभाग के प्रमुख अली मोहम्मद ने 'टोलो न्यूज' को बताया कि झड़पों में हल्के और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की गोलाबारी से नागरिकों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों को क्षेत्र से बाहर निकाल दिया गया है.

    उधर, पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के सीमावर्ती इलाक़ों में चल रही इन कार्रवाइयों के बारे में लोअर कुर्रम के वली चीना गांव के एक प्रमुख व्यक्ति इनायत ख़ान ने बीबीसी संवाददाता अज़ीज़ुल्लाह ख़ान को बताया कि, "मंगलवार शाम करीब सात बजे भारी गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई देने लगीं. इससे इलाक़े में दहशत और भय का माहौल पैदा हो गया.”

    शुक्रवार को भी हुई थी सशस्त्र झड़प

    इससे पहले शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि को भी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सशस्त्र झड़पें हुई थीं.

    पाकिस्तानी सेना की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने दावा किया है कि इन झड़पों में 200 से अधिक तालिबानी जवान मारे गए हैं और कई चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है.

    इसके साथ ही सुरक्षाकर्मियों सहित 23 पाकिस्तानियों की मौत की भी पुष्टि की है.

    दूसरी ओर, अफगान तालिबान के केंद्रीय प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि इन अभियानों में 58 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए.

  2. बिहार चुनाव: आज जारी होगी जेडीयू की पहली सूची, कल से नीतीश कुमार करेंगे प्रचार

    बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के चुनाव (6 नवंबर) के लिए नामांकन की आख़िरी तारीख़ 17 अक्तूबर है. जेडीयू आज पहले चरण के लिए सूची जारी करेगी.

    जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने बताया, "जेडीयू की पहली सूची आज दोपहर तक जारी कर दी जाएगी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चुनाव प्रचार अभियान कल समस्तीपुर और दरभंगा से शुरू होगा."

    उन्होंने बताया,"मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थिति की पूरी समीक्षा के बाद पहली सूची जारी करने का निर्णय लिया है. हमारी दूसरी सूची भी अगले कुछ दिनों में जारी की जाएगी."

    उन्होंने कहा कि विपक्ष अब तक सीट बंटवारे पर कोई निर्णय नहीं ले सका है. एनडीए एकजुट है और हमारा उद्देश्य नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाना है.

    उन्होंने कहा, "दिल्ली की अदालत में हाल के घटनाक्रमों से हम सभी परिचित हैं. जब मुख्यमंत्री कल से अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे, तो एक अलग माहौल दिखाई देगा."

    बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी है. बीजेपी 101, जेडीयू 101 और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

    वहीं अन्य सहयोगी दल जैसे- जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम पार्टी (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के हिस्से में छह-छह सीटें आई हैं.

  3. पुतिन से नाराज़गी जताते हुए ट्रंप ने क्यों किया भारत-पाकिस्तान का ज़िक्र

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच 'सीज़फ़ायर' कराया.

    अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के साथ व्हाइट हाउस में लंच के दौरान ट्रंप ने कहा, "पुतिन अब भी लड़ाई जारी रखे हुए हैं. मैं बहुत निराश हूं क्योंकि पुतिन और मेरा बहुत अच्छा रिश्ता था. शायद अभी भी है. मुझे नहीं पता कि वह इस युद्ध को क्यों जारी रखे हुए हैं."

    ‘यह युद्ध उनके लिए भी बहुत बुरा रहा है. वह चार साल से चल रहे युद्ध में फंसे हैं, जिसे एक हफ्ते में खत्म हो जाना चाहिए था.’

    ट्रंप ने आगे कहा कि पुतिन ने करीब 10 लाख से ज्यादा सैनिक खो दिए हैं. मौत के लिहाज से देखें तो द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद यह सबसे बड़ा युद्ध है.

    उन्होंने एक बार फिर से दावा करते हुए कहा, 'भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध से बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता था, जिसे हमने रोक दिया.'

  4. ब्रिटेन ने सख्त किए वीज़ा नियम, यहां आने वाले इन लोगों के लिए 'ए-लेवल' की अंग्रेज़ी बोलना अनिवार्य

    ब्रिटेन की सरकार जल्द नए कड़े नियम लागू करने जा रही है, जिनके तहत कुछ प्रवासियों को देश में प्रवेश पाने के लिए अंग्रेज़ी भाषा में ‘ए-लेवल’ (उच्च माध्यमिक स्तर) की दक्षता अनिवार्य होगी.

    ये बदलाव 8 जनवरी 2026 से लागू होंगे. इसका असर कुछ ग्रेजुएट आवेदकों और उन लोगों पर पड़ेगा जो ‘स्किल्ड वर्कर’ या ‘स्केल-अप’ वीज़ा के लिए आवेदन करते हैं.

    सरकार ने कहा कि ये नए नियम ब्रिटेन में आव्रजन की संख्या घटाने की व्यापक योजना का हिस्सा हैं, जिसकी रूपरेखा मई में जारी श्वेत पत्र में दी गई थी.

    गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा, "अगर आप इस देश में आते हैं, तो आपको हमारी भाषा सीखनी होगी और समाज में अपना योगदान देना होगा."

    उन्होंने आगे कहा, "यह देश हमेशा उन लोगों का स्वागत करता आया है जो यहां आकर योगदान देते हैं. लेकिन यह स्वीकार्य नहीं है कि प्रवासी हमारी भाषा सीखे बिना यहां आएं और हमारे राष्ट्रीय जीवन में योगदान देने में असमर्थ हों."

  5. गोवा के मंत्री रवि नाइक का निधन, दो बार सीएम भी रह चुके थे

    गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘गोवा सरकार में मंत्री रवि नाइक के निधन से दुखी हूं. वे एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक थे, जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया. वे विशेष रूप से वंचित और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित थे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों और समर्थकों के साथ हैं.’

    समाचार एजेंसी पीटीआई को परिजनों ने बताया है कि 79 वर्षीय नाइक को पणजी से करीब 30 किलोमीटर दूर उनके गृहनगर में कार्डियक अरेस्ट आया.

    इसके बाद उन्हें तुरंत पोंडा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 1 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    रवि नाइक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बहू और तीन पोते-पोतियों को छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 3 बजे किया जाएगा.

  6. राजस्थान: जैसलमेर बस हादसे में 20 यात्रियों की मौत, पीएम मोदी ने मुआवजे की घोषणा की, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के जैसलमेर से जोधपुर आ रही एसी बस में अचानक आग लगने से 20 यात्रियों की मौत हो गई है.

    हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ मौक़े पर पहुंचे विधायक प्रताप पुरी ने मीडिया से कहा कि बस से 19 शव निकाले गए हैं. जोधपुर रेफर किए गए एक घायल की भी मौत हो गई है.

    इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘राजस्थान के जैसलमेर में हुई दुर्घटना में जनहानि से दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’

    इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि देने की भी घोषणा की.

    मंगलवार दोपहर जैसलमेर से जोधपुर आ रही एक निजी एसी बस में अचानक़ आग लगने से कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए थे. इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर से जोधपुर रेफर किया गया था.

    इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गई थी.

  7. बांग्लादेश में कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग, कम से कम 16 लोगों की मौत

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके में एक कपड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों का कहना है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है.

    दमकल विभाग ने बताया कि अब तक मिले 16 शव इतने जल चुके हैं कि इनकी पहचान करना मुश्किल है.

    चार मंज़िला इमारत में आग लगने के बाद दमकलकर्मियों को इसे काबू में करने में तीन घंटे से ज़्यादा समय लगा. आग पास के एक केमिकल गोदाम तक भी फैल गई, जहां से रात तक लपटें उठती रहीं.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार रात 9 बजे (स्थानीय समय) तक गोदाम में लगी आग पूरी तरह नहीं बुझी थी.

  8. हमास ने चार और बंधकों के शव लौटाए: इसराइली सेना

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने पुष्टि की है कि हमास ने चार और इसराइली बंधकों के शव लौटा दिए हैं.

    अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस के प्रतिनिधियों ने मंगलवार देर रात इन शवों को ताबूतों में रखकर इसराइली अधिकारियों को सौंपा.

    यह अदला-बदली ऐसे समय पर हुई है जब इसराइल ने चेतावनी दी थी कि यदि हमास सभी 28 बंधकों के शव नहीं लौटाता है, तो ग़ज़ा में भेजी जा रही मानवीय सहायता को रोका जा सकता है.

    हमास ने सोमवार को भी 20 जीवित बंधकों के साथ चार बंधकों के शव सौंपे थे.

    रेड क्रॉस ने बताया कि मंगलवार को इसराइल की हिरासत में रखे गए 45 फ़लस्तीनी नागरिकों के शव भी ग़ज़ा प्रशासन को सौंपे गए हैं.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.