नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेने के बाद क्या बोले?

दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने राज्य को देश के सबसे ज़्यादा विकसित राज्यों में शामिल करने का वादा किया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेने के बाद क्या बोले?

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने राज्य को देश के सबसे ज़्यादा विकसित राज्यों में शामिल करने का वादा किया.

    एक्स पर उन्होंने लिखा, “आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार की नवनिर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस विशेष अवसर पर बिहार के लोगों को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद.”

    उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों से आए मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त किया.

    उन्होंने लिखा, “बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में एनडीए की सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी."

    "मुझे विश्वास है कि बिहार के लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से हम बिहार को देश के सबसे ज़्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करेंगे.”

  3. ज़ोहरान ममदानी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच शुक्रवार को होगी मुलाक़ात, मैडलिन हैलपर्ट, बीबीसी

    ट्रंप और ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images/Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर ज़ोहरान ममदानी के बीच काफ़ी नोकझोंक हो चुकी है.

    न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर ज़ोहरान ममदानी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में शुक्रवार को मुलाक़ात करने जा रहे हैं.

    शहर के हालिया चुनाव के दौरान महीनों तक दोनों की ओर से एक-दूसरे पर तीख़ी टिप्पणियां की गई थीं.

    34 साल के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ममदानी ने इस महीने की शुरुआत में न्यूयॉर्क सिटी मेयर का चुनाव जीता था.

    चुनाव से पहले वे न्यूयॉर्क के बाहर ज़्यादा चर्चित नहीं थे, लेकिन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं.

    ट्रंप ने एक बयान में कहा कि 'कम्युनिस्ट मेयर' ने इस मुलाक़ात का अनुरोध किया था, जो ओवल ऑफिस में होगी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने न्यूयॉर्क को मिलने वाले अरबों डॉलर की केंद्रीय मदद रोकने की धमकी दी थी.

    मतदान के कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने ममदानी के प्रतिद्वंद्वी स्वतंत्र उम्मीदवार कुओमो का समर्थन किया था.

    जीत के बाद अपने विजय भाषण में, ममदानी ने ट्रंप पर टिप्पणी करते हुए उन्हें अपनी टीवी की आवाज़ 'थोड़ी और बढ़ाने' को कहा था.

  4. अपने विदाई भाषण में सीजेआई बीआर गवई बोले- 'मैं सच्चा सेक्युलर हूं'

    सीजेआई बीआर गवई

    इमेज स्रोत, Getty

    इमेज कैप्शन, सीजेआई जस्टिस बीआर गवई

    अपने विदाई समारोह में बोलते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने धर्म को लेकर अपने नज़रिए के बारे में बताया.

    उन्होंने कहा कि वह बौद्ध धर्म का पालन करते हैं, "लेकिन मुझे किसी भी धार्मिक अध्ययन का गहरा ज्ञान नहीं है. मैं वास्तव में एक धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति हूं. मैं सभी धर्मों में विश्वास करता हूं, हिंदू धर्म, बौद्ध धर्म, सिख धर्म और इस्लाम."

    बीते अक्तूबर में उन पर हमले की कोशिश हुई थी. हमला करने वाले व्यक्ति ने उनपर 'सनातन धर्म का अपमान करने' का आरोप लगाया था.

    दरअसल, 16 सितंबर को सीजेआई बीआर गवई और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने मध्य प्रदेश में स्थित खजुराहो के एक मंदिर में भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति की मरम्मत और रखरखाव की अर्ज़ी खारिज कर दी थी.

    याचिका ख़ारिज करते हुए बेंच ने याचिकाकर्ता से कहा था कि 'वह भगवान विष्णु के बड़े भक्त हैं तो फिर उन्हीं से प्रार्थना करें और थोड़ा ध्यान लगाएं.'

    इसके बाद विवाद बढ़ गया और विश्व हिंदू परिषद ने सीजेआई को नसीहत दी थी.

    हालांकि बाद में जस्टिस गवई ने कहा था "मैं सभी धर्मों में विश्वास रखता हूं और सभी धर्मों का सम्मान करता हूं."

    जस्टिस बीआर गवई देश के दूसरे दलित मुख्य न्यायाधीश थे. उनसे पहले जस्टिस केजी बालाकृष्णन 2007 में पहले दलित सीजेआई बने थे.

    नए सीजेआई कौन हैं?

    जस्टिस बीआर गवई की जगह जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को भारत के 53वें सीजेआई का पदभार ग्रहण करेंगे.

    उनका कार्यकाल हाल के कुछ मुख्य न्यायाधीशों से भी लंबा, क़रीब 15 महीने का होगा और वो फ़रवरी 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे.

  5. ईडी ने अनिल अंबानी ग्रुप से जुड़ी 1,452 करोड़ रुपये की संपत्तियों को किया अटैच

    अनिल अंबानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अब तक रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप की 8,997 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं.

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप की 1452.51 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच किया है.

    एक्स पर जानकारी देते हुए ईडी ने कहा है, "रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के बैंक धोखाधड़ी मामलों से जुड़े प्रकरण में नवी मुंबई स्थित धीरूभाई अंबानी नॉलेज सिटी और मिलेनियम बिजनेस पार्क की कई इमारतों को अटैच किया है."

    "साथ ही पुणे, चेन्नई और भुवनेश्वर में स्थित जमीन और इमारतों को पीएमएलए, 2002 के तहत अस्थायी रूप से अटैच किया है.

    इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 1452.51 करोड़ रुपये है.

    इन मामलों में अब तक लगभग 8,997 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं.

  6. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः 10वीं बार सीएम बने नीतीश की चुनौतियां क्या? LIVE

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. वर्ल्ड बॉक्सिंग कप: भारत की स्टार बॉक्सर निख़त ज़रीन ने भी जीता गोल्ड मेडल

    भारत की स्टार बॉक्सर निख़त ज़रीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में चल रहे वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फ़ाइनल्स में गुरुवार को भारत की स्टार बॉक्सर निख़त ज़रीन ने गोल्ड मेडल जीता.

    वीमेंस 51 किलोग्राम कैटेगरी में उनका सामना चीनी ताइपे की गुओ यि शुआन से था, जिसे उन्होंने 5-1 से हराया.

    बुधवार को निख़त ज़रीन ने उज़्बेकिस्तान की गनीवा ग्लूसेवर को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

    निख़त के अलावा मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में, प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम और नूपुर श्योराण ने 80+ किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है.

    आज के फ़ाइनल में भारत की आठ महिलाएं और सात पुरुष बॉक्सर हिस्सा ले रहे हैं.

  8. नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण में विपक्ष की ग़ैरमौजूदगी पर शांभवी चौधरी ने कहा- 'आने का मतलब भी नहीं था'

    शांभवी चौधरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शांभवी चौधरी, एलजेपी (आरवी) की सांसद हैं.

    नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के शामिल न होने पर एलजेपी (आरवी) की सांसद शांभवी चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "यह उनका नज़रिया है. क़ायदे से क्या ही करते वो आकर."

    उन्होंने कहा, "अभी वो अपनी रणनीति ठीक करें ये ज़्यादा ज़रूरी है. मुझे लगता है कि इतना बड़ा जनादेश है कि आने का कोई मतलब भी नहीं था."

    शांभवी चौधरी ने कहा, “पूर्ण बहुमत से सरकार बनी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दसवीं बार शपथ ली है. पूरे बिहार में उत्साह और उमंग है. सिर्फ़ कार्यकर्ताओं ही नहीं, बिहार की आम जनता के चेहरे पर भी खुशी है कि नीतीश कुमार एक बार फ़िर से बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं.”

    गुरुवार को नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर दसवीं बार शपथ ली.

    पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विशाल शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था और इसमें एनडीए के बड़े बड़े नेता शामिल हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद थे.

    लेकिन इस समारोह में विपक्षी नेता नदारद थे.

    हालांकि तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेताओं ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी है.

  9. चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर और विपक्षी नेताओं पर लगाया 'अहंकार की हद पार' करने का आरोप

    चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गुरुवार को बिहार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी समेत एनडीए के कई नेता भी मौजूद थे.

    एलजेपी (आरवी) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, प्रशांत किशोर और अन्य विपक्षी नेता 'अहंकार की हद' पार कर गए थे.

    बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार के गठन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “यह बहुत बड़ी जीत है. हमारे नेता और पिता रामविलास पासवान ने पार्टी को जिस ऊंचाई तक पहुंचाने का सपना देखा था, उसके पहले पड़ाव पर आज पार्टी पहुंची है.”

    उन्होंने कहा, “यह पहली बार है कि हम लोग बिहार सरकार का मजबूत हिस्सा बने हैं...हमारे दो विधायक मंत्री की भूमिका में हैं. बिहार को विकसित राज्य बनाने के सपने के साथ मेरे पिता ने इस पार्टी की नींव रखी थी. मैं समझता हूं कि वो जहां कहीं भी होंगे, ख़ुश होंगे.”

    उन्होंने कहा, “अगले पांच साल, बिहार के लिए स्वर्णिम काल की तरह होंगे. जहां एक तरफ़ हमारे प्रधानमंत्री जी की सोच है वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अनुभव है.”

    उन्होंने विपक्ष पर अहंकार का आरोप लगाया और कहा, “जो विपक्षी नेता अहंकार की पराकाष्ठा को पार करते हुए जनादेश का इंतज़ार किए बिना, 18 तारीख़ को शपथ ले रहे थे उन्हें जनता ने जवाब दे दिया है.”

  10. कार्टून: एंटी इनकंबेंसी का दर्द

    बिहार में नीतीश कुमार के दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर आज का कार्टून.

    कार्टून
  11. दिल्ली ब्लास्ट: एनआईए ने यूपी और जम्मू कश्मीर से चार और अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया

    दिल्ली धमाका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 10 नवंबर को दिल्ली के लाल क़िले के सामने एक कार में विस्फोट हो गया था जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए थे.

    नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए ने दिल्ली में लाल क़िला के पास हुए धमाके के संबंध में चार अन्य मुख्य संदिग्धों को गिरफ़्तार करने का दावा किया है.

    एजेंसी ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “इसके साथ ही, दिल्ली धमाका मामले में गिरफ़्तार होने वालों की संख्या 6 हो गई है.”

    एनआईए ने कहा, “गिरफ़्तार किए गए लोगों में पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) के डॉ. मुजम्मिल शकील गनाई, अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) के डॉ. अदील अहमद राथर, लखनऊ (यूपी) के डॉ. शाहीन सईद और शोपियां (जम्मू-कश्मीर) के मुफ़्ती इरफ़ान अहमद वागे शामिल हैं.

    एजेंसी ने कहा कि उसकी जांच के अनुसार, “इस टेरर अटैक में इन लोगों ने अहम भूमिका निभाई थी.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, चारों अभियुक्तों को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें 10 दिन की हिरासत में भेज दिया गया.

    इससे पहले दो अन्य लोगों को एनआईए ने गिरफ़्तार किया था, जिनमें एक हैं राशिद अली, जिनके नाम पर उस कार का रजिस्ट्रेशन था जिसमें धमाका हुआ और दूसरे हैं जसीर बिलाल वानी जिन पर टेक्निकल मदद देने का आरोप है.

    एनआईए के अनुसार, दिल्ली धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 32 लोग घायल हुए.

  12. वर्ल्ड बॉक्सिंग कप: भारत की प्रीति पवार और नूपुर श्योराण ने जीता गोल्ड मेडल

    भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार और नूपुर श्योराण

    इमेज स्रोत, Boxing federation of India

    इमेज कैप्शन, भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार और नूपुर श्योराण (दाएं)

    ग्रेटर नोएडा में हो रही वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम इवेंट और नूपुर श्योराण ने 80+ किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है.

    प्रीति पवार ने इटली की सिरिन चराबी पर 5-0 की एकतरफ़ा जीत हासिल की. जबकि नूपुर श्योराण ने उज़्बेकिस्तान की ओल्टिनोय सोतिम्बोएवा को हराया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, युवा मुक्केबाज़ प्रीति ने कहा कि यह जीत उनके लिए ख़ास है क्योंकि इससे उनकी अंतरराष्ट्रीय मंच पर वापसी हुई है.

    प्रीति ने कहा, "मैंने दोबारा वापसी की है और मैं पहले से ज़्यादा मजबूत हो गई हूं. आगे भी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी."

    उन्होंने कहा, "अगले साल एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ गेम्स हैं, और 2026 में फिर एशियाई खेल होंगे."

    प्रीति इस प्रतियोगिता में गुरुवार को गोल्ड मेडल जीतने वाली दूसरी और नूपुर श्योराण तीसरी भारतीय खिलाड़ी हैं.

    इससे पहले मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड जीता था. प्रीति और मीनाक्षी दोनों ही हरियाणा की हैं.

    ओलंपिक डॉट कॉम के अनुसार, 23 अक्तूबर, 2003 को हरियाणा के भिवानी में जन्मीं प्रीति पवार ने 14 साल की उम्र में बॉक्सिंग शुरू की थी.

    उनके चाचा, विनोद एक पूर्व राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता थे और उन्होंने उन्हें बॉक्सिंग से रूबरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

    विनोद ने प्रीति को अपनी देख-रेख में ले लिया और उन्हें कोचिंग देना शुरू कर दिया.

    प्रीति के पिता हरियाणा पुलिस में अधिकारी हैं.

  13. नीतीश कुमार की सेहत को लेकर उनके बेटे निशांत कुमार ने क्या बताया

    निशांत कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर उनके बेटे निशांत कुमार ने प्रतिक्रिया दी है.

    गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में हुए शपथ ग्रहण के बाद निशांत कुमार ने बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी से कहा, “पिता जी को बधाई देता हूं, 10वीं बार सीएम हुए हैं. जनता को बहुत बहुत धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने भारी बहुमत से जिताया.”

    उन्होंने कहा, “आगे भी मेरी उम्मीद रहेगी कि जिस तरह पहले भी उन्होंने विकास किया, आगे भी जारी रखेंगे.”

    स्वास्थ्य के सवाल पर निशांत कुमार ने कहा, “सब नॉर्मल है. स्वास्थ्य एकदम ठीक है. जनता ने जनादेश दिया है, सब ठीक है.”

    गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने राज्य 10वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

    शपथ पढ़ते वक़्त भी वो कुछ लड़खड़ाए थे.

  14. वर्ल्ड बॉक्सिंग कप: भारत की मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में जीता गोल्ड मेडल

    मीनाक्षी हुड्डा

    इमेज स्रोत, Boxing federation of India

    ग्रेटर नोएडा में हो रही वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है.

    उन्होंने उज़्बेकिस्तान की बॉक्सर फ़ोज़िलोवा को 5-0 से हराया.

    दो महीने पहले सितंबर में मीनाक्षी ने लिवरपूल में हुई महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था.

    हरियाणा के रोहतक में रुरकी किलोरी गांव से ताल्लुक रखने वाली मीनाक्षी बहुत ही साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता श्रीकृष्ण ऑटो चलाते हैं.

    बीते सितंबर में मुकाबला जीतने के बाद मीनाक्षी ने बताया था कि 'उन्होंने साल 2021 में भारतीय अर्द्धसैनिक बल आईटीबीपी को ज्वाइन किया था और वह खेल में उनकी पूरी मदद करती है.'

  15. विधानसभाओं में पास हुए विधेयकों पर राष्ट्रपति या राज्यपाल के लिए कोई समय सीमा नहीं- सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राज्यों के मामले में राज्यपाल और राष्ट्रपति की भूमिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अपने ही एक अहम फ़ैसले को पलट दिया.

    क़ानूनी मामलों की वेबसाइट बार एंड बेंच के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अपने फ़ैसले में कहा कि 'आठ अप्रैल के उसके आदेश में राष्ट्रपति और राज्यपाल के लिए विधेयकों पर सहमति देने की तय समयसीमा ग़लत थी और यह संविधान और शक्तियों के विभाजन के ख़िलाफ़ थी.'

    मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ ने कहा कि पहले के फैसले में तय समयसीमा और उस समयसीमा का पालन न होने पर राष्ट्रपति या राज्यपाल की ओर से “मानी हुई सहमति” का सिद्धांत लागू करना अदालत की ओर से राष्ट्रपति या राज्यपाल की शक्तियों में हस्तक्षेप होगा, जो स्वीकार्य नहीं है.

    फ़ैसले के मुख्य बिंदु

    • राज्य विधानसभा से पास विधेयकों पर राष्ट्रपति या राज्यपाल के लिए कोई तय समयसीमा नहीं बनाई जा सकती.
    • तय समय में राष्ट्रपति या राज्यपाल की ओर से काम न करने पर मानी हुई सहमति लागू नहीं हो सकती
    • किसी विधेयक पर राष्ट्रपति या राज्यपाल की कार्रवाई को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती
    • अगर राज्यपाल अनुच्छेद 200 के तहत उचित समय में कार्रवाई नहीं करते, तो समीक्षा की जा सकती है. अदालत राज्यपाल को सिर्फ इतना निर्देश दे सकती है कि वे अनुच्छेद 200 के तहत उचित समय में निर्णय लें, लेकिन उनके विवेक के गुण-दोष पर टिप्पणी नहीं कर सकती

    क्या है मामला

    यह फैसला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से संविधान के अनुच्छेद 143(1) के तहत भेजे गए संदर्भ पर दिया गया.

    यह अनुच्छेद राष्ट्रपति को किसी महत्वपूर्ण क़ानूनी या सार्वजनिक मसले पर सुप्रीम कोर्ट की राय लेने का अधिकार देता है.

    इस संदर्भ में तमिलनाडु बनाम तमिलनाडु के राज्यपाल मामले में दिए गए फ़ैसले पर सवाल उठाया गया था.

    उस फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि राज्यपालों को उचित समय में निर्णय लेना चाहिए और संवैधानिक चुप्पी का इस्तेमाल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोके रखने के लिए नहीं किया जा सकता.

  16. नीतीश कुमार के फिर से मुख्यमंत्री बनने पर तेजस्वी यादव ने क्या कहा

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव

    नीतीश कुमार के बिहार के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के बाद बधाइयों का तांता लगा हुआ है.

    राज्य में मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बधाई दी है.

    एक्स पर लिखे बधाई संदेश में उन्होंने लिखा, “आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई. मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं.”

    “आशा है नई सरकार ज़िम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर कर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी और बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी.”

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. नीतीश कुमार के नए कार्यकाल पर ये बोले पीएम मोदी

    पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी ने शिरकत की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एनडीए की नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने नीतीश को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई. वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं. राज्य में सुशासन का उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है. नए कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं!"

    सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के लिए पीएम मोदी ने लिखा, "सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बिहार के उप मुख्यमंत्री बनने पर ढेरों बधाई. जमीनी स्तर पर दोनों नेताओं के पास जनसेवा का लंबा अनुभव है."

    बिहार में एनडीए की नई सरकार

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    बिहार सरकार के अन्य मंत्रियों के लिए पीएम मोदी ने पोस्ट किया, "बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को मेरी हार्दिक बधाई. समर्पित नेताओं की यह एक ऐसी शानदार टीम है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी."

  19. नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण वाले दिन प्रशांत किशोर का उपवास

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, X/@jansuraajonline

    इमेज कैप्शन, भितिहरवा के गांधी आश्रम में प्रशांत किशोर

    नीतीश कुमार जब गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की दसवीं बार शपथ ले रहे थे तो दूसरी तरफ़ जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर मौन उपवास पर बैठे थे.

    प्रशांत किशोर ने आज मौन व्रत रखा है. जनसुराज पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर प्रशांत किशोर की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "गांधी आश्रम, भितिहरवा (पश्चिम चंपारण) में एक दिन का मौन उपवास के साथ बिहार में बदलाव की नई शुरुआत..."

    चुनावी नतीजे आने के बाद प्रशांत किशोर ने मौन व्रत की घोषणा की थी. बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी.

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, X/@jansuraajonline

    इमेज कैप्शन, गांधी आश्रम, भितिहरवा

    18 नवंबर को प्रशांत किशोर ने मीडिया के सामने अपनी पार्टी की हार को स्वीकार किया था.

    आज बिहार में एनडीए की नई सरकार का गठन हुआ है. नीतीश कुमार के साथ 26 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई है.

  20. नीतीश की शपथ पर कांग्रेस ने कहा- उम्मीद है, उनके साथ धोखा नहीं होगा

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

    बिहार में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार को बधाई दी है.

    हालांकि, नीतीश कुमार को बधाई देने के साथ ही पवन खेड़ा ने कहा, "उम्मीद करते हैं उनके साथ धोखा न हो, वो अपना कार्यकाल पूरा कर पाएं और बिहार के लिए जो पिछले 20 साल में नहीं हुआ, उसमें से कम से कम कुछ तो कर पाएं."

    नीतीश कुमार ने आज 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. सीएम नीतीश के साथ एनडीए की नई सरकार में 26 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है.