You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेने के बाद क्या बोले?

दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने राज्य को देश के सबसे ज़्यादा विकसित राज्यों में शामिल करने का वादा किया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, जानिए किसने-किसने ली मंत्री पद की शपथ

    नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. नीतीश कुमार के बाद बीजेपी के सम्राट चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली.

    पटना के गांधी मैदान में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए नेतागण और कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.

    सम्राट चौधरी के बाद विजय कुमार सिन्हा ने शपथ लिया.

    बिहार की नई सरकार में विजय कुमार चौधरी, विजयेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली.

    इनके बाद राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने लेशी सिंह, नितिन नवीन, मदन सहनी, राम कृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन और सुनील कुमार ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

    इनके बाद मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद को शपथ दिलाई गई.

    अंत में लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, डॉ प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश के शपथ लेने के साथ ही ये समारोह संपन्न हो गया.

  2. बिहार शपथ ग्रहण समारोह: मंच पर पहुंचे पीएम मोदी और नीतीश कुमार

    बिहार में आज एनडीए की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना के गांधी मैदान पहुंच चुके हैं.

    पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मंच पर नज़र आए.

    कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए पहुंच चुके हैं. पटना पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने नीतीश कुमार को बधाई दी.

    समारोह में पहुंचे आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "हम बहुत खुश हैं. एनडीए ने चुनावों में जीत हासिल की है...बिहार भी भविष्य में बहुत तरक्की करेगा."

    उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "मैं नीतीश कुमार और मंत्रिमंडल में सभी लोगों को बधाई देता हूं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार बनी है."

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश के लोगों की तरफ़ से मैं बिहार में नई सरकार को बधाई देने आया हूं. आज हम यहां जो देख रहे हैं, वो नीतीश कुमार के अनुभव और डबल इंजन सरकार के सार्थक प्रयासों का नतीजा है."

    "मैं नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और आज शपथ लेने वाली नई कैबिनेट को बधाई देता हूं."

  3. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कितने लोग शपथ लेंगे? पार्टी के सांसद ने बताया

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा ने बताया है कि उनकी पार्टी से कितने लोग आज एनडीए की नई सरकार में शपथ में लेंगे.

    उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, "हमारी पार्टी से दो लोग इस शपथ ग्रहण में शामिल होंगे. ये दोनों पार्टी के पुराने साथी हैं, जो लंबे समय से पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं, वो लोग होंगे."

    "हम लोग बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने ने एक बड़ा जनमत देकर बिहार में एनडीए की सरकार बनाई...हमारी बड़ी जवाबदेही भी है. उस जवाबदेही को पूरा करने का संकल्प भी गांधी मैदान लिया जाएगा."

    केंद्र में मंत्री चिराग पासपान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इस चुनाव में 19 सीटों पर जीत हासिल की है.

  4. बिहार: तस्वीरों में देखिए शपथ ग्रहण समारोह की झलक

    बिहार में आज एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कुछ देर में शुरू होने वाला है.

    नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए बिहार के लोग गांधी मैदान में जुटने लगे हैं.

    बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं और मंत्रिमंडल पद का भी शपथ ग्रहण होगा."

  5. बिहार की नई सरकार में बीजेपी के पास क्या होगा के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष का जवाब

    बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि राज्य की नई सरकार के गठन में किसी विभाग को लेकर कोई मुद्दा नहीं है.

    उन्होंने कहा, "बिहार की जनता ने एनडीए को बहुमत दिया और नीतीश कुमार ने विकास के काम को धरातल पर उतारने का जो लगातार प्रयास किया है, बिहार की जनता ने उस पर विश्नास किया."

    "पीएम मोदी का लगातार बिहार के लिए विशेष पैकेज देना और बिहार की तरक्की के लिए सकारात्मक और सार्थक प्रयास करना, आज (यहां एनडीए की) सरकार बनने का मुख्य कारण है."

    बीजेपी कौन-कौन से पद अपने पास रखना चाहती है? इस सवाल के जवाब में दिलीप जायसवाल ने कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है. हम लोगों ने शुरू से कहा है कि ये एनडीए की सरकार है. मंत्रालय किसी के पास भी हो, इस बार एनडीए चट्टानी एकता के साथ आगे बढ़ रहा है. सरकार में भी किसी विभाग को लेकर कोई मुद्दा नहीं है."

    नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने ज़ोहरान ममदानी को लेकर जताई ये सहमति

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया है कि न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने उनसे मिलने का समय मांगा है.

    ट्रंप ने लिखा, "न्यूयॉर्क के कम्युनिस्ट मेयर, ज़ोहरान ममदानी ने मिलने के लिए कहा है. हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि यह मीटिंग शुक्रवार, 21 नवंबर को ओवल ऑफ़िस में होगी. आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी!"

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेयर चुनाव से पहले ज़ोहरान ममदानी को वोट न करने की अपील की थी. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर न्यूयॉर्क ने ममदानी को चुना, तो वे शहर की फ़ंडिंग घटा देंगे.

    वहीं मेयर चुनाव में जीत के बाद ममदानी ने अपने भाषण में कैमरे की तरफ़ देखकर राष्ट्रपति ट्रंप को चुनौती दी थी.

    उन्होंने कहा था, "डोनाल्ड ट्रंप, मुझे पता है आप देख रहे हैं, मेरे पास आपके लिए चार शब्द हैं- टर्न द वॉल्यूम अप."

    ममदानी की जीत के अगले दिन ट्रंप ने कहा था कि लोग "न्यूयॉर्क छोड़कर भागेंगे".

  7. एपस्टीन की फ़ाइलें जारी करने से जुड़े विधेयक पर ट्रंप ने हस्ताक्षर किया, साक्षी वेंकटरमन, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने जेफ़्री एपस्टीन से जुड़ी सभी फ़ाइलें जारी करने का आदेश देने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिया है.

    इस विधेयक के मुताबिक़ जस्टिस डिपार्टमेंट को जेफ़्री एपस्टीन के मामले की जांच से जुड़ी जानकारी 30 दिनों के अंदर "सर्च और डाउनलोड किए जा सकने वाले फ़ॉर्मेट में" जारी करनी होगी.

    यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी क़रार दिए गए जेफ़्री एपस्टीन की साल 2019 में मौत हो गई थी.

    ट्रंप ने पहले इन फ़ाइलों को जारी करने का विरोध किया था, लेकिन एपस्टीन मामले के पीड़ितों और अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद पिछले हफ़्ते उन्होंने अपना फ़ैसला बदल दिया था.

    ट्रंप ने अपनी पार्टी के सदस्यों से जेफ़्री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलें जारी करने के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स में रिपब्लिकन पार्टी के लोगों को ऐसा करना चाहिए "क्योंकि हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है".

    मंगलवार को यह विधेयक कांग्रेस के दोनों सदनों, हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स और सीनेट से पास हो गया.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने फ़ाइलें जारी करने के पक्ष में 427-1 से मतदान किया और सीनेट ने बिना किसी औपचारिक मतदान के सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया.

    बुधवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाया कि वे उनके प्रशासन की कामयाबियों से ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे को हवा दे रहे हैं.

    ट्रंप ने आरोप लगाया कि कई जाने-माने डेमोक्रेट्स का जेफ़्री एपस्टीन से संबंध था.

    उन्होंने लिखा, "शायद इन डेमोक्रेट्स के जेफ़्री एपस्टीन के साथ रिश्तों की सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी, क्योंकि मैंने अभी एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइल जारी करने के विधेयक पर हस्ताक्षर किया है!"

    हाल ही में अमेरिकी सदन की हाउस ओवरसाइट कमिटी ने 20,000 से अधिक पन्नों वाले दस्तावेज़ जारी किए. इनमें से कुछ में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम है.

    ट्रंप और एपस्टीन के बीच कई सालों तक दोस्ताना संबंध थे, लेकिन ट्रंप का कहना है कि उन्होंने 2000 के दशक की शुरुआत में एपस्टीन से संबंध तोड़ लिए थे.

  8. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- ग़ज़ा में इसराइली हमले में 25 फ़लस्तीनियों की मौत, रुश्दी अबुलौफ़ और डेविड ग्रिटन, बीबीसी न्यूज़

    हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ग़ज़ा में इसराइली हमलों में कम से कम 25 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    बचाव कर्मियों के मुताबिक़, ग़ज़ा शहर के ज़ेतून इलाके में एक बिल्डिंग पर हमला होने से एक महिला और एक बच्ची सहित दस लोगों की मौत हो गई.

    वहीं इसराइली सेना ने कहा कि उसने "हमास के आतंकवादी ठिकानों" पर हमला किया.

    इसराइली सेना ने कहा कि कुछ बंदूकधारियों ने दक्षिणी शहर ख़ान यूनिस में उस इलाके की ओर गोलीबारी की जहां उसके सैनिक काम कर रहे थे, यह पांच हफ़्ते पुराने सीज़फ़ायर समझौते का उल्लंघन है.

    हमास की ओर से अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

    ग़ज़ा में हमास की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बस्सल ने बीबीसी को बताया कि बुधवार शाम को ग़ज़ा शहर और ख़ान यूनिस में कई जगहों पर इसराइली हमले हुए.

    उन्होंने कहा कि कई दिनों की शांति के बाद ये हमले तेज़ी से बढ़े हैं.

  9. नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार लेंगे सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

    जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता नीतीश कुमार आज 10वीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे.

    बुधवार को एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने शाम को राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान से मुलाक़ात की.

    एनडीए के अन्य नेताओं के साथ नीतीश कुमार ने बिहार में सरकार बनाने का दावा पेश किया.

    बिहार में नई एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.

    वहीं गृह मंत्री अमित शाह बुधवार शाम को ही पटना पहुंच चुके हैं.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.