अंतरधार्मिक जोड़े पर चर्चा में क्यों है इलाहाबाद हाई कोर्ट का ये फ़ैसला

अदालत ने कहा कि इस जोड़े को पुलिस सुरक्षा में अलीगढ़ पहुंचाया जाए और इसके बाद भी उनकी पुलिस सुरक्षा जारी रखी जाए.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और दीपक मंडल

  1. अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा, पाकिस्तानी हमले में तीन खिलाड़ियों की मौत

    अफ़ग़ान खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, X/@ACBofficials

    इमेज कैप्शन, अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक़, इस हमले में तीन खिलाड़ियों- क़बीर, सिबग़तुल्लाह और हारून के अलावा पांच अन्य नागरिकों की मौत हुई है

    अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने कहा है कि पक्तिका प्रांत में हुए पाकिस्तानी हमले में तीन खिलाड़ियों की मौत हुई है. एसीबी ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है.

    इसके साथ ही उसने पाकिस्तान के साथ नवंबर महीने में होने वाली त्रिकोणीय टी20 सिरीज़ से पीछे हटने का फ़ैसला किया है.

    एसीबी ने तीनों खिलाड़ियों की तस्वीर साझा करते हुए कहा, "शुक्रवार शाम पाकिस्तान की ओर से हुए हमले में इन खिलाड़ियों को निशाना बनाया गया."

    अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक़, इस हमले में तीन खिलाड़ियों- क़बीर, सिबग़तुल्लाह और हारून के अलावा पांच अन्य नागरिकों की मौत हुई है.

    बोर्ड ने कहा, "खिलाड़ियों के सम्मान और इस दुखद घटना की प्रतिक्रिया के रूप में अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आगामी नवंबर महीने के अंत में पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी20 सिरीज़ से हटने का फ़ैसला लिया है."

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ़ से इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    यह टी20 सिरीज़ पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली जानी थी. इसके मैच 17 से 29 नवंबर के बीच लाहौर और रावलपिंडी में होने थे.

    संबंधित कहानियां:

  2. ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल पर क्यों नहीं बनी बात

    ट्रंप और ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने संकेत दिया कि वह यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल नहीं देने वाले हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के बीच शुक्रवार को व्हाइट हाउस में मुलाक़ात हुई. इस बैठक का मुद्दा रूस-यूक्रेन जंग था.

    माना जा रहा था कि इस मुलाक़ात में ज़ेलेंस्की अमेरिका से टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल की मांग करेंगे लेकिन उन्हें ख़ाली हाथ लौटना पड़ रहा है. ज़ेलेंस्की, यूक्रेन के एयर डिफ़ेंस को मज़बूत करने पर ज़ोर देते रहे हैं.

    ट्रंप ने संकेत दिया कि वह यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइल नहीं देने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने भविष्य में यह मिसाइल यूक्रेन को देने की संभावना से भी इनकार नहीं किया.

    ट्रंप ने कहा, "उम्मीद है कि उन्हें इसकी ज़रूरत नहीं पड़ेगी. उम्मीद है कि हम टॉमहॉक के बारे में सोचे बिना ही जंग ख़त्म कर देंगे."

    उन्होंने कहा कि मिसाइलें भेजना "तनाव को बढ़ाना होगा लेकिन हम इस बारे में बात करेंगे."

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनके और ट्रंप के बीच लंबी दूरी की मिसाइलों के बारे में बात हुई है. लेकिन इस मुद्दे पर बयान नहीं देने का फ़ैसला हुआ है, क्योंकि 'अमेरिका तनाव नहीं बढ़ाना चाहता'.

    दोनों नेताओं की मुलाक़ात के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया के ज़रिए रूस और यूक्रेन से अपील की कि दोनों देश 'जहां पर हैं, वहीं रुक जाएं' और जंग ख़त्म करें.

    इससे एक दिन पहले ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फ़ोन पर बात हुई. दोनों नेताओं ने हंगरी में मिलने पर सहमति जताई है.

    संबंधित कहानियां:

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.