You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान में तीन ट्रांसजेंडर के शव मिले, पुलिस ने क्या बताया?

पाकिस्तान में कराची पुलिस ने कहा है कि शहर में सड़क किनारे तीन ट्रांसजेंडर के शव मिले हैं. यह ट्रांसजेंडर समुदाय के ख़िलाफ़ हिंसा की एक और घटना है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. दादासाहेब फाल्के पुरस्कार की घोषणा पर अभिनेता मोहनलाल ने क्या कहा

    मशहूर अभिनेता मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. अवॉर्ड की घोषणा के बाद मोहनलाल ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.

    मोहनलाल ने एक्स पर लिखा, "दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड पाकर मैं बहुत विनम्र महसूस कर रहा हूं. यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, यह हर उस व्यक्ति का है जिसने इस यात्रा में मेरा साथ दिया."

    उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा, "मैं इस सम्मान को गहरी कृतज्ञता और पूरे दिल से स्वीकार करता हूं."

    मोहनलाल ने एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया. शनिवार को पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी थी.

    मोहनलाल को साल 2023 के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलेगा. उन्हें यह अवॉर्ड 23 सितंबर 2025 को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा.

    मोहनलाल को पद्म श्री (2001) और पद्म भूषण (2019) से भी सम्मानित किया जा चुका है.

    मोहनलाल मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे हैं. उन्होंने हिन्दी, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फ़िल्मों में भी काम किया है.

  2. ब्रिटेन आज कर सकता है फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देने की घोषणा, हैरी फ़ार्ले और जेसिका रॉन्स्ले, बीबीसी न्यूज़

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर रविवार को फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देने का एलान कर सकते हैं. इसे ब्रिटेन की विदेश नीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

    बीते जुलाई महीने में स्टार्मर ने कहा था कि अगर इसराइल ग़ज़ा में युद्धविराम, शांति समझौता और दो-राष्ट्र समाधान से जुड़ी शर्तों को नहीं मानता है तो सितंबर में ब्रिटेन अपना रुख़ बदल देगा.

    ब्रिटेन के इस क़दम की इसराइली सरकार, बंधकों के परिवारों और कुछ कंज़र्वेटिव नेताओं ने कड़ी आलोचना की है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पहले ही कह चुके हैं कि ऐसा क़दम "आतंकवाद को इनाम" देता है.

    हालांकि, ब्रिटेन के मंत्रियों का कहना है कि लंबे समय तक टिकने वाले शांति समझौते की उम्मीद ज़िंदा रखने के लिए कार्रवाई करना एक नैतिक ज़िम्मेदारी है.

    सरकारी सूत्रों ने बताया है कि पिछले कुछ हफ़्तों में ज़मीनी हालात काफ़ी बिगड़ गए हैं.

    उन्होंने ग़ज़ा में भुखमरी और हिंसा दिखाने वाली तस्वीरों का हवाला दिया, जिन्हें प्रधानमंत्री स्टार्मर पहले ही "असहनीय" बता चुके हैं.

    संबंधित कहानियां:

  3. ट्रंप की अफ़ग़ानिस्तान को धमकी- 'अगर बगराम एयरबेस नहीं दिया तो..'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफ़ग़ानिस्तान को धमकी दी है कि अगर उसने अमेरिका को बगराम एयरबेस नहीं दिया तो बुरे परिणाम भुगतने होंगे.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर अफ़ग़ानिस्तान बगराम एयरबेस को उसके निर्माता यानी अमेरिका को वापस नहीं करता, तो बहुत बुरा होगा."

    इससे पहले भी ट्रंप बगराम एयरबेस पर क़ब्ज़ा करने की ख़्वाहिश जता चुके हैं.

    बीते दिनों ट्रंप ने अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान कहा कि उनकी सरकार अफ़ग़ानिस्तान में बगराम एयरबेस को फिर से हासिल करने की कोशिश कर रही है.

    उनके इस बयान पर तालिबान ने कहा था, "इतिहास गवाह रहा है कि विदेशी ताक़तों को हमारी ज़मीन पर कभी स्वीकार नहीं किया गया है."

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.