अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तान में कराची पुलिस ने कहा है कि शहर में सड़क किनारे तीन ट्रांसजेंडर के शव मिले हैं. यह ट्रांसजेंडर समुदाय के ख़िलाफ़ हिंसा की एक और घटना है.
सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पाकिस्तान में कराची पुलिस ने कहा है कि शहर में सड़क किनारे तीन ट्रांसजेंडर के शव मिले हैं. यह ट्रांसजेंडर समुदाय के ख़िलाफ़ हिंसा की एक और घटना है.
पुलिस के अनुसार, उन्हें अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी और फिर मेमन गोठ इलाके़ में उनके शव पाए गए.
कराची पुलिस के अधिकारी जावेद अहमद अबरो ने न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी को बताया, "हाइवे पर तीन ट्रांसजेंडर महिलाओं की शव मिले हैं, जिन्हें गोलियां लगी थीं."
अधिकारियों ने बताया कि अभी उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है और हत्या का कारण सामने नहीं आया है.
मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि पाकिस्तान में ट्रांसजेंडरों के ख़िलाफ़ हिंसा में चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है.
उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती परीक्षा करवाने वाले उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर सवाल किए जा रहे हैं.
रविवार को परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर लीक का आरोप लगाया जाने लगा.
रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे सोशल मीडिया पर कथित परीक्षा पेपर के स्क्रीनशॉट वायरल हुए. इसके बाद अभ्यर्थियों में नाराज़गी बढ़ गई.
आयोग के चेयरमैन गणेश मर्तोलिया ने इस मामले पर कहा, "प्रश्न पत्र से जुड़े तीन पन्ने बाहर आए हैं. परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, जिससे यह सवाल उठता है कि सुरक्षा उपायों के बावजूद ये पन्ने बाहर कैसे आए."
उन्होंने कहा, "पूरे मामले की जांच के लिए आयोग स्तर पर बैठक चल रही है और विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की जा रही है."
इधर स्थानीय बेरोज़गार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, "इतनी सतर्कता के बावजूद पेपर बाहर आना सरकार और आयोग की नाकामी है."
इस मामले में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने धामी सरकार को लेकर टिप्पणी की. उन्होंने कहा, "यह घटना प्रदेश के लाखों बेरोज़गार युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ निर्मम मज़ाक है."
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "पेपर के तीन पेज का स्क्रीन शॉट साजिश के तहत किसी के द्वारा परीक्षा शुरू होने के 35 मिनट बाद बाहर निकला गया है. यह जांच का विषय है.”
अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने लगभग आठ महीने तक एक ब्रिटिश दंपती को हिरासत में रखा था, अब रिहा होने के बाद दंपती ब्रिटेन लौट आए हैं.
शनिवार को यह जोड़ा क़तर से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचा.
80 साल के पीटर रेनॉल्ड्स और 76 साल की उनकी पत्नी बार्बी लगभग दो दशक से अफ़ग़ानिस्तान में रह रहे थे.
ब्रिटेन पहुंचने से पहले उन्होंने क़तर की राजधानी दोहा में अपनी बेटी से भी मुलाक़ात की.
दंपती के बेटे जोनाथन रेनॉल्ड्स ने बीबीसी को बताया कि वह "बेहद ख़ुश हैं और उन लोगों के प्रति बहुत आभारी" हैं जिन्होंने उनकी मदद की.
तालिबान ने एक फ़रवरी से इस दंपती को हिरासत में रखा था. उसका कहना है कि दंपती ने अफ़ग़ानिस्तान का क़ानून तोड़ा था.
अब न्यायिक प्रक्रियाओं के बाद उन्हें रिहा किया गया.
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का सुपर 4 का मुक़ाबला जारी है. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 21 रन के स्कोर पर फ़ख़र ज़मां के रूप में पहला विकेट गिरा. फ़ख़र ज़मां को हार्दिक पंड्या ने आउट किया.
इसके बावजूद पाकिस्तान के ओपनर साहिबज़ादा फ़रहान ने आक्रामक बल्लेबाज़ी की और अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है.
पाकिस्तान ने 11 ओवर के बाद दो विकेट खोकर 97 रन लिए हैं. अभी साहिबज़ादा फ़रहान और हुसैन तलत बल्लेबाज़ी कर रहे हैं.
इस मैच में भारत की तरफ़ से ख़राब फील्डिंग देखने को मिली. भारत ने तीन कैच छोड़े हैं.
पिछले मैच की तरह, टॉस के समय इस मैच में भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा के बीच 'हैंडशेक' नहीं हुआ.
इसराइल ने ब्रिटेन के फ़लस्तीन को एक देश के तौर पर मान्यता देने वाले फ़ैसले को 'हमास के लिए इनाम' देना बताया है.
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देना "जिहादी हमास के लिए इनाम के अलावा कुछ नहीं है."
विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "हमास के नेता ख़ुद खुले तौर पर मानते हैं कि यह मान्यता सीधे सात अक्तूबर के नरसंहार का नतीजा है."
ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को औपचारिक रूप से फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता दी है है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पहले ही कह चुके हैं कि ऐसा क़दम "आतंकवाद को इनाम" देने जैसा है.
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुक़ाबले में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है. यह मैच दुबई में खेला जा रहा है.
इससे पहले 14 सितंबर को दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था.
पिछले मैच की तरह, टॉस के समय इस मैच में भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा के बीच 'हैंडशेक' नहीं हुआ.
14 सितंबर को खेले गए मैच में भी दोनों देशों के कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया था. इसे लेकर बाद में मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक काफी चर्चा हुई थी.
दोनों देशों में कई लोगों ने भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का विरोध किया था.
पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले और उसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद दोनों देशों की क्रिकेट टीमें दूसरी बार आपस में मैच खेल रही हैं.
दोनों टीमें इस तरह हैं-
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फ़ख़र ज़मां, सलमान आग़ा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, शाहीन शाह अफ़रीदी, हारिस रउफ़, अबरार अहमद
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने रविवार को फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देने की घोषणा कर दी है.
इससे पहले कनाडा पहला जी7 देश बन गया जिसने फ़लस्तीन को देश के तौर मान्यता दी. वहीं ऑस्ट्रेलिया ने भी फ़लस्तीन को मान्यता दे दी है.
इसकी घोषणा करते हुए किएर स्टार्मर ने कहा, "आज, फ़लस्तीनियों और इसराइली लोगों के लिए शांति की उम्मीद और दो-देश समाधान को जीवित करने के लिए, यूनाइटेड किंगडम औपचारिक रूप से फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता देता है."
बीते जुलाई महीने में स्टार्मर ने कहा था कि अगर इसराइल ग़ज़ा में युद्धविराम, शांति समझौता और दो-राष्ट्र समाधान से जुड़ी शर्तों को नहीं मानता है तो सितंबर में ब्रिटेन अपना रुख़ बदल देगा.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पहले ही कह चुके हैं कि ऐसा क़दम "आतंकवाद को इनाम" देने जैसा है.
अमेरिका के एच-1बी वीज़ा से जुड़े नए फ़ैसले को लेकर बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर का कहना है कि भारतीय उद्योग केवल एच-1बी वीज़ा पर निर्भर नहीं करता.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि, "आज तकनीक और इनोवेशन पूरी दुनिया में फैल चुका है और अमेरिकी और भारतीय इनोवेशन का बड़ा हिस्सा इस पर निर्भर करता है कि देशों के बीच आसानी से टैलेंट आ-जा सके."
बीजेपी नेता ने कहा कि कई साल पहले उन्होंने खुद एच-1बी वीज़ा का इस्तेमाल किया था.
उन्होंने कहा कि वो मानते हैं कि अमेरिकी सरकार का ताज़ा फ़ैसला अमेरिकी तकनीक के लिए सही रास्ता नहीं है.
राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "अमेरिकी तकनीक बहुत हद तक भारतीय प्रतिभा पर निर्भर करती है."
उनका कहना है कि अमेरिका समझेगा कि भविष्य में तकनीक के क्षेत्र में ज़्यादा से ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय सहयोग और प्रतिभा सहयोग की ज़रूरत होगी.
बीजेपी नेता ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए बहुत समझदारी भरा विचार है, लेकिन यह अमेरिका का अधिकार है."
राजीव चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि भारतीय उद्योग अब इतना बड़ा और मज़बूत हो गया है कि वह केवल अमेरिका के एच-1बी वीज़ा पर निर्भर नहीं करता.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस आदेश पर दस्तख़्त कर दिये थे जिसमें एच-1बी वीज़ा की आवेदन फ़ीस बढ़ाकर सालाना एक लाख डॉलर यानी लगभग 88 लाख रुपये कर दी गई है.
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरजेडी की रैली से जुड़े एक वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है.
बीजेपी का दावा है कि इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के ख़िलाफ़ अपमानजनक बातें कही गई हैं.
इस मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा, "जिन लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी या उनकी मां को अपशब्द कहे, या जिन्हें बीजेपी अपशब्द कह रही है, उनके लिए चुनाव के दौरान यह एक फिक्स मैच है."
उन्होंने कहा, "मोदी जी और राहुल गांधी एक-दूसरे पर अपशब्द कहेंगे और जनता इसमें उलझ जाएगी. लेकिन उनमें से कोई भी इस बारे में बात नहीं करेगा कि महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु में बिहार के लड़कों को जो कहा जा रहा है, वह कैसे रुके."
मामला क्या है?
रविवार को बीजेपी ने आरोप लगाया था कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' के दौरान कुछ आरजेडी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणी की.
हालांकि आरजेडी ने इस आरोप को ख़ारिज कर दिया. पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो 'संपादित' है.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने आरजेडी की एक रैली से जुड़े वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है.
रविवार को बीजेपी ने आरोप लगाया था कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' के दौरान कुछ आरजेडी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणी की थी.
आरजेडी ने इस आरोप को ख़ारिज किया है. पार्टी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 'संपादित' है.
पत्रकारों ने जब इस मुद्दे पर तेज प्रताप यादव से सवाल किया तो उन्होंने कहा. "जिन लोगों ने मां पर उंगली उठाई है, उनके ख़िलाफ़ सिर्फ़ एफ़आईआर ही नहीं होनी चाहिए. बल्कि उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा. "हम बिहार सरकार और केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि जिन लोगों ने 'मां' शब्द का अपमान किया है, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए."
तेज प्रताप यादव ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ मंगलवार से न्यूयॉर्क में शुरू हो रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की बहस में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ महासभा सत्र से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य मुस्लिम देशों के नेताओं से मुलाक़ात करेंगे.
बताया जा रहा है कि इस मुलाक़ात के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और सुरक्षा पर चर्चा होगी.
इस यात्रा में प्रधानमंत्री के साथ पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार भी मौजूद रहेंगे.
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस दौरान पीएम शहबाज़ शरीफ़ इसराइल-ग़ज़ा संघर्ष को सुलझाने की ज़रूरत पर ज़ोर देंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे. इसको लेकर कांग्रेस ने उन पर तंज कसा है.
कांग्रेस का कहना है कि संबोधन में पीएम मोदी "क्या राष्ट्रपति ट्रंप के दावों पर प्रतिक्रिया देंगे?"
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं वाशिंगटन डीसी में उनके अच्छे दोस्त ने एक बार फिर उनकी सुर्खियां छीन ली हैं और 42वीं बार दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापार का फ़ायदा उठाकर ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया."
जयराम रमेश का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप यह दावा केवल अमेरिका में ही नहीं बल्कि सऊदी अरब, क़तर और ब्रिटेन में भी कर चुके हैं.
उन्होंने सवाल उठाया, "क्या प्रधानमंत्री इन दावों पर प्रतिक्रिया देंगे और भारत-अमेरिका के लगातार बिगड़ते रिश्तों पर बोलेंगे? क्या वे लाखों भारतीय एच-1बी वीज़ा धारकों की चिंताओं का समाधान करेंगे? क्या वे उन करोड़ों किसानों और मज़दूरों को कोई भरोसा देंगे, जिनकी आजीविका उनके मित्र द्वारा लगाए गए टैरिफ़ की वजह से ख़तरे में है?"
कांग्रेस नेता ने कहा, "या फिर वे नई जीएसटी दरों के बारे में वही दोहराएंगे, जो हम सभी जानते हैं."
हालांकि, पीएम मोदी किस मुद्दे पर देश को संबोधित करेंगे, अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि इस हफ़्ते रूस ने यूक्रेन पर 1500 से अधिक ड्रोन हमले किए हैं.
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि जंग में रूस की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे हथियारों में यूरोप, अमेरिका, चीन, जापान और अन्य देशों में बने पुर्जे़ शामिल हैं.
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रविवार को एक्स पर पोस्ट किया, "केवल इस हफ़्ते ही 1500 से अधिक ड्रोन हमले, 1280 से अधिक हवाई बम, और विभिन्न प्रकार की 50 मिसाइलें दागी गईं."
ज़ेलेंस्की ने कहा, "इन हथियारों में 132,000 से ज़्यादा विदेशी पुर्जे़ बरामद हुए हैं, जो कि यूरोप, अमेरिका, चीन, जापान, और दर्जनों अन्य देशों के हैं."
उन्होंने कहा, "ये तकनीकें रूस को बड़े पैमाने पर हथियार बनाने में मदद करती हैं. अगर रूस को रोका नहीं गया, तो यह निश्चित तौर पर यूरोप और इंडो-पैसिफ़िक देशों के लिए भी ख़तरा बन जाएगा."
ज़ेलेंस्की ने एक बार फिर रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने पर ज़ोर दिया, जिससे कि सीज़फ़ायर के लिए उस पर दबाव बनाया जा सके.
इससे पहले अगस्त महीने में ज़ेलेंस्की ने दावा किया था कि चीन, ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान, पाकिस्तान और अफ़्रीकी देशों के भाड़े के सैनिक यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग लड़ रहे हैं.
हालांकि, पाकिस्तान ने ज़ेलेंस्की के इस दावे को ख़ारिज कर दिया था.
अक्तूबर 2024 में सामने आई रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उत्तर कोरिया के सैनिकों को यूक्रेन में रूस की सेना की मदद के लिए तैनात किया गया है.
संबंधित कहानियां:
जस्टिस पवनकुमार भीमप्पा बजंथरी ने रविवार को पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली.
उन्हें राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने शपथ दिलाई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे.
अब तक जस्टिस बजंथरी पटना हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे.
शनिवार को उन्हें मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया था. केंद्रीय विधि और न्याय मंत्रालय ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे.
हालांकि, पीएम मोदी किस मुद्दे पर देश को संबोधित करेंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है. उनका यह संबोधन नवरात्रि की शुरुआत से एक दिन पहले होगा.
दरअसल, नवरात्रि के पहले दिन यानी कि 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू होंगी. माना जा रहा है कि इससे बड़ी संख्या में उत्पादों की क़ीमतों में कमी आएगी.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि जीएसटी काउंसिल की बैठक में दो दरों वाली जीएसटी व्यवस्था पर सहमति बनी है.
वित्त मंत्री के अनुसार, बैठक में 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दो नई दरों 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी पर सहमति बनी थी.
संबंधित कहानियां:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नोबेल पुरस्कार की बात की है. इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच मई महीने में हुए संघर्ष का भी ज़िक्र किया.
शनिवार रात (अमेरिकी समयानुसार) ट्रंप ने एक कार्यक्रम में कहा, "टैरिफ़ और ट्रेड की वजह से हम सात अलग-अलग युद्धों को रोकने में कामयाब रहे हैं... हमने भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोका."
"अर्मीनिया और अज़रबैजान कई सालों से लड़ रहे थे... भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को व्यापार के ज़रिए रोका. वे व्यापार करना चाहते थे."
ट्रंप ने आगे कहा, "भारत-पाकिस्तान, थाईलैंड-कंबोडिया, अर्मीनिया-अज़रबैजान, कोसोवो-सर्बिया, इसराइल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया और रवांडा-कांगो, हमने इन सभी को रोका. इनमें से 60 फ़ीसदी देश व्यापार की वजह से रुके. जैसे कि हमने भारत से कहा कि अगर युद्ध होगा तो हम व्यापार नहीं करेंगे."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने नोबेल पुरस्कार का ज़िक्र कर कहा, "इसके बाद मुझे कहा गया कि अगर आप रूस और यूक्रेन जंग को रोक देंगे तो आपको नोबेल प्राइज़ मिलना चाहिए. मैंने कहा, बाकी सात के बारे में क्या, जिन युद्धों को मैंने रोका है. मुझे हर एक के लिए नोबेल प्राइज़ मिलना चाहिए."
ट्रंप इससे पहले भी कई बार भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने का दावा कर चुके हैं. हालांकि, भारत ने हर बार उनके दावे को ख़ारिज किया है.
संबंधित कहानियां:
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि पोलैंड में आयोजित नेटो एयर डिफ़ेंस मिशन में ब्रिटिश लड़ाकू विमान भी शामिल हुए हैं. पोलैंड की हवाई सीमा में रूसी ड्रोन की घुसपैठ के बाद नेटो की यह प्रतिक्रिया आई है.
आरएएफ़ टाइफ़ून लड़ाकू विमानों को शुक्रवार रात पोलैंड के ऊपर तैनात किया गया था. यह मिशन सैन्य गठबंधन की ओर से पूर्वी सीमा को मज़बूत करने की पहल का हिस्सा है.
इस महीने नेटो देशों की हवाई सीमा का रूस की ओर से बार-बार उल्लंघनों के बाद तनाव बढ़ गया है.
बीते दिनों रोमानिया के ऊपर एक ड्रोन देखा गया और फिर पोलैंड में घुसपैठ के बाद एस्टोनिया की हवाई सीमा में रूसी लड़ाकू विमान घुसे.
रूस ने इन देशों की हवाई सीमा के उल्लंघनों से इनकार किया है या उन्हें कम महत्व दिया है.
पोलैंड की हवाई सीमा में 19 ड्रोन घुसपैठ की घटनाओं के बाद नेटो ने 10 सितंबर को इस मिशन की घोषणा की थी, जिसे 'ईस्टर्न सेंट्री' नाम दिया गया है.
संबंधित कहानियां:
सिंगर ज़ुबिन गर्ग का शव रविवार सुबह गुवाहाटी एयरपोर्ट पर पहुंच गया. एयरपोर्ट पर हज़ारों प्रशंसक ज़ुबिन गर्ग को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ज़ुबिन की पत्नी गरिमा गर्ग और राज्य सरकार के अधिकारी शव को लेने के लिए मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ज़ुबिन की अंतिम यात्रा का वीडियो शेयर किया है. ज़ुबिन के शव को रिसीव करने वह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे थे.
शव को दिल्ली से असम ले जाने में कुछ परेशानियां भी आईं. सीएम हिमंत ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "ज़ुबिन गर्ग के शव को जिस ताबूत में रखा गया था वह इतना बड़ा था कि दो घंटे से अधिक समय तक हमारे निरंतर प्रयासों के बावजूद उसे किसी भी चार्टर्ड विमान में नहीं रखा जा सका. उनका पार्थिव शरीर अब एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 1197 से गुवाहाटी लाया जा रहा है."
ज़ुबिन गर्ग का निधन, शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुर्घटना में हुआ था. वह असम के जाने-माने सिंगर थे.
'पूर्वोत्तर के रॉकस्टार' नाम से मशहूर ज़ुबिन गर्ग तीन दशकों से भी ज़्यादा समय से सक्रिय रहे. वह असमिया और बॉलीवुड की सबसे प्रभावशाली आवाज़ों में से एक थे.