डॉलर के मुक़ाबले रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में 28 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर 90.43 पर पहुंच गया.
इसी के साथ एक अमेरिकी डॉलर का भाव 90 रुपये के पार पहुंच गया है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फॉरेक्स ट्रेडरों का कहना है कि मौद्रिक नीति समिति के अहम फैसले से पहले केंद्रीय बैंक के सीमित हस्तक्षेप और आयातकों की डॉलर की ऊंची मांग के कारण रुपये पर लगातार दबाव बना हुआ है.
इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाज़ार में रुपया 90.36 पर खुला. शुरुआती सौदों में यह और कमज़ोर होकर 90.43 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले भाव से 28 पैसे की गिरावट है.
वहीं इस गिरावट पर विपक्ष केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर है.
कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व सीईओ उदय कोटक ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बुधवार को लिखा, “रुपया अब 90 पर है. इसकी मुख्य वजह भारतीय शेयर बाज़ार में विदेशी बिकवाली है, चाहे वो एफपीआई हो या फिर एफडीआई के तहत प्राइवेट इक्विटी.”
उन्होंने कहा, “भारतीय निवेशक ख़रीदारी कर रहे हैं. वक़्त बताएगा कि कौन ज़्यादा समझदार है. फिलहाल तो विदेशी निवेशक ही ज़्यादा समझदार दिख रहे हैं. एक साल में निफ़्टी का डॉलर रिटर्न शून्य रहा है. लेकिन यह एक लंबा खेल है. अब समय है कि भारतीय कारोबारी अपने आराम क्षेत्र से बाहर निकलें.”




