ग़ज़ा में शांति पर तुर्की में होगी बैठक, पाकिस्तान समेत कई देशों को भेजा गया निमंत्रण

तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने बताया कि तुर्की सोमवार को मुस्लिम देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करेगा, जिसमें ग़ज़ा के लिए अमेरिका की शांति योजना पर चर्चा की जाएगी.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. नमस्कार!

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ज़ा में शांति पर तुर्की में होगी बैठक, पाकिस्तान समेत कई देशों को भेजा गया निमंत्रण

    तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने ग़ज़ा को लेकर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पर आरोप लगाया है

    तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने बताया कि तुर्की सोमवार को मुस्लिम देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करेगा, जिसमें ग़ज़ा के लिए अमेरिका की शांति योजना पर चर्चा की जाएगी.

    फिदान ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि तुर्की में होने वाली यह बैठक 'अब तक हुई प्रगति का मूल्यांकन करेगी और अगले चरण में हम मिलकर क्या कर सकते हैं, इस पर चर्चा करेगी'.

    विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता के मुताबिक़, इस बैठक के लिए मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, पाकिस्तान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में फिदान ने कहा, "एक उम्मीद की किरण दिखी है, जो सबके लिए आशा लेकर आई है."

    उन्होंने कहा कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें 'इस योजना को लागू करने में क्या अड़चनें हैं? किन चुनौतियों का सामना करना होगा? आगे के क़दम क्या होंगे? हम अपने पश्चिमी सहयोगियों से किन बातों पर चर्चा करेंगे? और अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं के लिए कितना समर्थन उपलब्ध है?"

    फिदान ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पर आरोप लगाया कि वे 'ग़ज़ा में संघर्षविराम तोड़ने और पूरे विश्व की आंखों के सामने फिर से नरसंहार शुरू करने के बहाने तलाश रहे हैं'.

  3. बिहार: मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने क्या बताया?

    दुलारचंद यादव की हत्या पर पुलिस का बयान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे इलाके़ में तनाव है

    बिहार के मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या पर पटना एसपी ग्रामीण विक्रम सिहाग ने जानकारी दी है.

    विक्रम सिहाग ने बताया, "अब तक इस मामले में कुल तीन एफ़आईआर दर्ज हुई हैं. पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के तीन डॉक्टरों ने किया है."

    पटना एसपी ग्रामीण ने कहा, "पहली एफ़आईआर जो मृतक के पोते की ओर से की गई है, उसमें कुल 5 अभियुक्त बनाए गए हैं. दूसरी तरफ़ से जो आवेदन दिया गया, उसमें 6 अभियुक्त बनाए गए हैं."

    पुलिस का कहना है कि शुक्रवार दोपहर तक मामले में कुल दो गिरफ़्तारियां हुई हैं.

    विक्रम सिहाग ने बताया, "वीडियो जो हमें मिल रहे हैं, उनके आधार पर जांच की जा रही है."

    पुलिस का कहना है कि जल्दी ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी और उसमें सच सामने आएगा कि मौत कैसे हुई.

    बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार को दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी.

    दुलारचंद यादव जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.

  4. कथित ड्रग नौकाओं पर अमेरिकी हमले क़ानून का उल्लंघन: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख

    प्रमुख वोल्कर तुर्क

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क

    संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख ने कैरेबियन और प्रशांत महासागर में नशीले पदार्थ ले जाने वाले कथित नौकाओं पर अमेरिका की ओर से किए गए सैन्य हमलों की निंदा की है.

    उन्होंने कहा कि ये घातक हमले अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन हैं और 'बिना न्यायिक प्रक्रिया के हत्या' के बराबर हैं.

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने शुक्रवार को कहा कि सितंबर की शुरुआत से अब तक अमेरिकी हमलों में 60 से ज़्यादा लोगों की मौत होने की ख़बर है.

    उन्होंने इन हमलों को 'अस्वीकार्य' बताते हुए कहा कि अमेरिका को इन्हें तुरंत रोकना चाहिए और स्वतंत्र, पारदर्शी और त्वरित जांच करानी चाहिए.

    अमेरिका ने अपने क़दम का बचाव किया है.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ये हमले अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए ज़रूरी हैं और उन्हें इंटरनेशनल वाटर में ऐसे जहाज़ों पर बमबारी करने का क़ानूनी अधिकार है.

  5. शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा पर जेपी नड्डा का तंज, आरजेडी पर कही यह बात

    बीजेपी नेता जेपी नड्डा

    इमेज स्रोत, BJP/X

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने आरजेडी पर निशाना साधा है

    बिहार के मनेर निर्वाचन क्षेत्र के एक जनसभा में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा, "मेरा जन्म बिहार में हुआ है. मैंने बिहार में इसका (शहाबुद्दीन) ख़ौफ़ देखा है. मैंने देखा है सिवान से लेकर चंपारण तक किस तरह का ख़ौफ़ था."

    जेपी नड्डा ने कहा, "शहाबुद्दीन लालू के बगल में बैठा करते थे और इसके आतंक से सिवान के एसपी को भागकर जान बचानी पड़ी थी."

    31 साल के ओसामा सिवान के विधानसभा क्षेत्र रघुनाथपुर से आरजेडी के उम्मीदवार हैं. उन पर जेपी नड्डा ने कहा, "लालू के बेटे तेजस्वी ने शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को टिकट दिया है यानी ये सुधरने वाले नहीं हैं."

    उन्होंने कहा, "इनको वही तरीक़े याद हैं और ये इसी तरीक़े से राज करते आए हैं. आरजेडी क्या है, आर का मतलब रंगदारी, ज का मतलब जंगलराज और द का मतलब दादागीरी."

    ये भी पढ़ें:

  6. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर आज का कार्टून

    बीबीसी का कार्टून
  7. 'हमले का पूरी ताक़त से देंगे जवाब' - पाकिस्तान ने फिर दी अफ़ग़ानिस्तान को चेतावनी

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान के साथ और ज़्यादा तनाव नहीं चाहता, लेकिन भविष्य में किसी भी आक्रमण का पूरी ताक़त से जवाब दिया जाएगा.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफ़िग में कहा कि पाकिस्तान ने शांति वार्ता में बहुत सकारात्मक तरीके़ से हिस्सा लिया.

    उन्होंने क़तर में पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच युद्ध विराम के संबंध में हुई वार्ता का भी ज़िक्र किया.

    बयान के अनुसार, युद्धविराम को लागू करने के नियम और शर्तें 6 नवंबर से तुर्की में होने वाली वार्ता में निर्धारित की जाएंगी.

    प्रवक्ता ने कहा, "पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान शासन के बीच दूसरे दौर की वार्ता गुरुवार शाम ख़त्म हो गई. अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल आतंकवाद या पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किसी भी तरह के उकसावे के लिए नहीं होने दिया जाना चाहिए."

    प्रवक्ता ने कहा, "पाकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान में शांति चाहता है. उम्मीद है कि अफ़ग़ानिस्तान अपनी ज़मीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नहीं होने देगा."

    ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान क़तर और तुर्की का आभारी है, जो मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे हैं.

  8. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 मैच में भारत को चार विकेट से हराया

    भारत और ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से हर्षित राणा और अभिषेक शर्मा को छोड़ दिया जाए, तो किसी बल्लेबाज़ ने 7 रन से ज़्यादा नहीं बनाए

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने 6.4 ओवर बाकी रहते 4 विकेट से हरा दिया है.

    ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फै़सला किया था, जो पूरी तरह से उनके पक्ष में रहा.

    भारत के बल्लेबाज़ ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जॉश हेज़लवुड के सामने टिक नहीं पाए और शुरुआत के पांच ओवर में ही 4 विकेट खो दिए.

    हालांकि, सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक ने शुरू से लेकर अख़िर तक पारी को संभाले रखा और 37 गेंदों पर 68 रन बनाए. अभिषेक के अलावा हर्षित राणा ने भी 33 गेंदों पर 35 रन बनाए.

    भारतीय टीम 18.4 ओवर में 125 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जॉश हेज़लवुड ने 13 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

    ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से कप्तान मिशेल मार्श ने 26 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 46 रन बनाए.

    मुक़ाबला जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.

    भारत: 125 ऑल आउट (18.4 ओवर)

    ऑस्ट्रेलिया: 126-6 (13.2 ओवर)

    भारत की बल्लेबाज़ी

    अभिषेक शर्मा (37 गेंद 68 रन)

    हर्षित राणा (33 गेंद 35 रन)

    भारत की गेंदबाज़ी

    जसप्रीत बुमराह (4 ओवर, 26 रन, 2 विकेट)

    वरुण चक्रवर्ती (4 ओवर, 23 रन, 2 विकेट)

    कुलदीप यादव (3.2 ओवर, 45 रन, 2 विकेट)

    ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी

    मिशेल मार्श (26 गेंद 46 रन)

    ट्रैविस हेड (15 गेंद 28 रन)

    ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज़ी

    जॉश हेज़लवुड (4 ओवर, 13 रन, 3 विकेट)

    जेवियर बार्टलेट (4 ओवर, 39 रन, 2 विकेट)

    नेथन एलिस (3.4 ओवर, 21 रन, 2 विकेट)

  9. शरजील इमाम समेत छह अभियुक्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज क्या हुआ? वकीलों ने ये बताया, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    उमर ख़ालिद (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अदालत ज़मानत याचिकाओं पर सुनवाई सोमवार को फिर जारी रखेगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाओं पर चल रही सुनवाई के दौरान शुक्रवार को गुलफ़िशा फ़ातिमा, शरजील इमाम और उमर ख़ालिद के वकीलों ने अपनी दलीलें पूरी कर लीं.

    सुप्रीम कोर्ट छह अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है. इनकी ज़मानत याचिका हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने ख़ारिज कर दी थी.

    वकीलों ने दलील दी कि अभियुक्तों को जेल में पांच साल से ज़्यादा हो गए हैं और वे जिन अन्य मामलों में अभियुक्त थे, उनमें ज़मानत मिल चुकी है.

    उनका कहना है कि मुक़दमे की सुनवाई जल्द पूरी होने की संभावना नहीं है, जो ज़मानत का एक वैध आधार है.

    वकीलों ने क्या दलीलें दीं?

    गुलफ़िशा फ़ातिमा की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि इस मामले में वह एकमात्र महिला हैं जो अब भी जेल में हैं.

    उन्होंने बताया कि मामले में 800 से ज़्यादा गवाह हैं, लेकिन अब तक किसी की भी गवाही नहीं हुई है. उन्होंने दलील दी कि फ़ातिमा को सख्त शर्तों के साथ ज़मानत दी जा सकती है.

    सिंघवी ने यह भी कहा कि 2021 में तीन अन्य अभियुक्तों को ज़मानत मिल चुकी है, जबकि फ़ातिमा की भूमिका सीएए विरोध प्रदर्शन में उनसे कम थी.

    उमर ख़ालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि मुक़दमे में देरी अभियुक्तों की वजह से नहीं हुई है.

    उन्होंने बताया कि ट्रायल कोर्ट में कई बार सुनवाई स्थगित हुई क्योंकि या तो विशेष लोक अभियोजक मौजूद नहीं थे, या जज और अदालत के स्टाफ़ अनुपस्थित थे.

    सिब्बल ने कहा कि दंगों से जुड़ी 750 से अधिक एफ़आईआर में उमर ख़ालिद केवल एक मामले में अभियुक्त हैं.

    शरजील इमाम के वकील सिद्धार्थ दवे ने कहा कि इमाम जनवरी 2020 से जेल में हैं. उन्होंने कहा कि जिन भाषणों के आधार पर उन्हें अभियुक्त बनाया गया, वे दिसंबर 2019 के हैं, जबकि दंगे फ़रवरी 2020 में हुए, इसलिए उनका उनसे सीधा संबंध नहीं हो सकता.

    तीनों वकीलों ने यह भी ज़ोर देकर कहा कि किसी भी आरोपी से कोई हथियार या असलहा बरामद नहीं हुआ है.

  10. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ऑल आउट हुआ भारत, अभिषेक शर्मा ने बनाए 68 रन

    अभिषेक शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा ने अकेले अच्छा प्रदर्शन किया है

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई, और 18.4 ओवर में ऑल आउट हो गई.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ख़राब शुरुआत के बावजूद भारत ने 126 रनों का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा है.

    भारत की ओर से अकेले अभिषेक शर्मा ने पारी संभाली और 37 गेंदों पर 68 रन बनाए.

    वहीं सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक के अलावा हर्षित राणा ने भी 33 गेंदों पर 35 रन बनाए.

    अगर हर्षित और अभिषेक को छोड़ दिया जाए, तो किसी बल्लेबाज़ ने 7 रन से ज़्यादा नहीं बनाए.

    ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जॉश हेज़लवुड ने भारत के टॉप ऑर्डर को आउट करते हुए अपने 4 ओवर के स्पेल में 3 विकेट लिए हैं.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया का पहला टी-20 मुक़ाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था.

  11. भारत और अमेरिका के बीच रक्षा मुद्दे पर हुआ समझौता, राजनाथ सिंह ने ये बताया

    राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, Rajnath Singh/X

    इमेज कैप्शन, भारत और अमेरिका के बीच रक्षा क्षेत्र में 10 साल के लिए एक समझौता हुआ है

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाक़ात कर भारत और अमेरिका के बीच 10 साल की प्रमुख रक्षा साझेदारी के फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर किए हैं.

    दोनों मंत्रियों के बीच यह समझौता मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में हुआ है.

    राजनाथ सिंह ने इस समझौते के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, “यह हमारी पहले से ही मज़बूत रक्षा साझेदारी में एक नए युग की शुरुआत करेगा. रक्षा हमारे द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख स्तंभ बना रहेगा. एक आज़ाद, खुले और नियमों से बंधे हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए हमारी साझेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है.

    राजनाथ सिंह ने कहा है कि यह डिफ़ेंस फ्रेमवर्क भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों के सभी आयामों को नीतियों के लिहाज से दिशा देगा. उन्होंने इस साझेदारी को दोनों देशों के बीच एक नए दशक की शुरुआत बताया है.

  12. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत की ख़राब शुरुआत, आधी टीम ढेर

    भारत और ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी-20 मुक़ाबला मेलबर्न में खेला जा रहा है, जहां भारत ने ख़राब शुरुआत की है.

    ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग चुनी और 5 ओवरों के अंदर भारत के चार विकेट गिरा दिए. अब भारत का पांचवा विकेट भी गिर चुका है.

    भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा को छोड़कर सभी ने अब तक ख़राब शुरुआत की है.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से जॉश हेज़लवुड ने 3 विकेट हासिल किए हैं.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया का पहला टी-20 मुक़ाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था.

    इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ जीता था.

  13. बिहार चुनाव: प्रशांत किशोर ने दुलारचंद यादव का जन सुराज पार्टी से ये संबंध बताया

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर ने कहा है कि दुलारचंद की हत्या प्रशासन की नाकामी है

    बिहार के मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है.

    प्रशांत किशोर ने कहा, "जिन सज्जन की हत्या हुई है वो आधिकारिक तौर पर जन सुराज के सदस्य नहीं हैं. वो जन सुराज के आधिकारिक उम्मीदवार पीयूष जी का समर्थन कर रहे थे. ये दिखाता है कि बिहार में जिस जंगलराज की बात होती थी कि चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा होती थी, ये कहीं न कहीं उसी को दिखता है."

    उन्होंने कहा, “मतभेद होना, आरोप-प्रत्यारोप लोकतंत्र का हिस्सा है. लेकिन किसी की हत्या हो जाना.. वो आदमी सही है या ग़लत है, उसने क्या किया है यह बहस का मुद्दा हो सकता है. लेकिन लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है. किसी की हत्या प्रशासन के लोगों की ज़िम्मेदारी है, और यह उनकी नाकामी है.”

    बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार को दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी. दुलारचंद यादव जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.

    कभी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ रहे दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे इलाके़ में तनाव है.

    मोकामा बिहार विधानसभा की हॉट सीट है. यहां से अनंत सिंह चुनाव जीतते रहे हैं.

    अबकी बार भी जेडीयू ने अनंत सिंह को यहां से टिकट दिया है, जबकि आरजेडी ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है. दुलारचंद के परिजनों और जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने इस हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगाया है.

  14. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने ली तेलंगाना सरकार में मंत्री पद की शपथ

    अज़हर

    इमेज स्रोत, @azharflicks

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद अज़हरुद्दीन कांग्रेस के सांसद भी रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन को तेलंगाना सरकार में मंत्री बनाया गया है. अज़हरुद्दीन को तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ दिलाई है.

    इस मौक़े पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समेत अन्य मंत्री भी राजभवन के दरबार हॉल में मौजूद रहे.

    तेलंगाना सरकार की वेबसाइट के मुताबिक़ मौजूदा सरकार में मंत्री के तौर पर अज़हर से पहले कोई मुस्लिम चेहरा नहीं था.

    विपक्ष ने अज़हरुद्दीन को मंत्री बनाए जाने को तेलंगाना में होने वाले जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव से भी जोड़ा है.

    मोहम्मद अज़हरुद्दीन क्रिकेट के मैदान में अपनी शानदार फ़ील्डिंग और बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते थे. उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की है.

    अज़हर ने 99 टेस्ट मैचों में 45 से ज़्यादा की औसत से 6215 रन बनाए थे. अज़हर ने 334 वनडे मैच खेलकर क़रीब 37 की औसत से 9378 रन बनाए.

    क्रिकेट छोड़ने के बाद अज़हरुद्दीन ने राजनीति के मैदान में किस्मत आज़माई. वो उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद सीट से कांग्रेस के टिकट पर साल 2009 में सांसद भी निर्वाचित हुए थे.

  16. विराट कोहली ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी, ये कहा

    कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोहली ने भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों को बधाई दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत पर बधाई दी है.

    विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया जैसे मज़बूत विपक्षी पर हमारी टीम की शानदार जीत. महिला खिलाड़ियों ने शानदार तरीके से रनों का पीछा किया और जेमिमा ने एक बड़े मैच में शानदार प्रदर्शन किया.

    कोहली ने लिखा, “दृढ़ता, भरोसे और जुनून का असल प्रदर्शन. शाबाश, टीम इंडिया.”

    महिला वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिले 339 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

    भारत की जीत की हीरो जेमिमा रहीं, जिन्होंने 127 रनों की नाबाद पारी खेली. भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रनों की पारी खेली.

  17. बिहार चुनाव: एनडीए के संकल्प पत्र में एक करोड़ नौकरी और रोज़गार का वादा

    संकल्प पत्र

    इमेज स्रोत, @JPNadda

    बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है. इसमें चुनाव से पहले बिहार के लिए कई तरह के वादे किए गए हैं.

    बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी में पटना में यह संकल्प पत्र जारी किया गया है.

    संकल्प पत्र की प्रमुख बातों का ज़िक्र करें तो:-

    • बिहार में एक करोड़ से ज़्यादा सरकारी नौकरी और रोज़गार देने का वादा किया गया है.
    • साथ ही राज्य के हर ज़िले में फ़ैक्टरी और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाने का वादा भी इसमें शामिल है.

    इसके अलावा संकल्प पत्र में:-

    • महिला रोज़गार योजनाओं से महिलाओं को 2 लाख रुपये की सहायता राशि का वादा
    • किसान सम्मान निधि को 6 हज़ार रुपये से बढ़ाकर 9 हज़ार रुपए करने का वादा
    • 50 लाख नए पक्के मकान, मुफ़्त राशन और 125 यूनिट मुफ़्त बिजली का वादा
    • हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा
    • चार नए शहरो में मेट्रो ट्रेन चलाने का वादा और
    • ईबीसी वर्ग की जातियों को 10 लाख रुपये तक की सहायता का वादा किया गया है.
  18. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बिहार के बेलछी का यूं किया ज़िक्र

    सोनिया और राहुल

    इमेज स्रोत, @kharge

    कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं ने ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “लाखों भारतीय आयरन लेडी, श्रीमती इंदिरा गांधी, के जीवन से हमेशा प्रेरणा पाते रहेंगे, जो साहस और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक थीं."

    इंदिरा गांधी

    इमेज स्रोत, @Jairam_Ramesh

    इमेज कैप्शन, बेलछी गांव जाने के लिए हाथी पर सवार इंदिरा गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

    वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “आज, राष्ट्र अदम्य साहसी इंदिरा गांधी को याद करता है और उनकी शहादत की 41वीं वर्षगांठ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है.”

    जयराम रमेश ने इंदिरा गांधी की पुरानी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, "वो असाधारण साहस, दृढ़ता की धनी थीं. 13 अगस्त, 1977 की बरसात में वो पहले कार, फिर जीप और फिर ट्रैक्टर और हाथी पर सवार होकर बिहार के दूरदराज के इलाक़े में बेलछी गांव पहुंची थीं.”

    27 मई, 1977 को हुआ बेलछी हत्याकांड बिहार में काफ़ी सुर्खियों में रहा था, जिसमें कई दलितों की हत्या कर दी गई थी.

  19. राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई अन्य नेताओं ने दी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि, जानिए क्या कहा

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI/DD News

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने सरदार पटेल की जयंती पर गुजरात में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सरदार पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, वे भारत के एकीकरण के प्रमुख सूत्रधार थे, जिन्होंने देश के शुरुआती वर्षों में उसकी दिशा तय की. सरदार पटेल की राष्ट्रीय एकता, सुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट निष्ठा आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है."

    पीएम मोदी ने गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौक़े पर सीआरपीएफ़ और बीएसएफ़ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

    राष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, @rashtrapatibhvn

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के पटेल चौक पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

    गृह मंत्री अमित शाह ने भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने आरोप लगाया, "कांग्रेस ने सरदार पटेल को उचित सम्मान नहीं दिया. पीएम मोदी ने उनकी याद में केवड़िया में विशाल स्मारक बनवाया."

    साल 2018 में गुजरात में सरदार सरोवर बांध के पास केवड़िया में सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी' का लोकार्पण हुआ था.

    वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें याद किया है.

    राजनाथ सिंह ने कहा, "भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. इस दिन को हम राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाते हैं. उन्होंने न केवल भारत की सीमाओं को बल्कि भारत की आत्मा को भी जोड़ा."

  20. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सांसद को यौन अपराधों के लिए पांच साल से अधिक की सज़ा

    वार्ड

    इमेज स्रोत, ABC News/Justin Huntsdale

    इमेज कैप्शन, पूर्व सांसद गैरेथ वार्ड जुलाई महीने से जेल में हैं

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व राजनेता गैरेथ वार्ड को दो युवकों के साथ यौन शोषण के मामले में पांच साल नौ महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है. ये दोनों युवक उनसे काम के सिलसिले में मिले थे.

    44 साल के वार्ड जुलाई महीने से जेल में हैं. जूरी ने उन्हें साल 2013 और 2015 की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक के साथ बलात्कार और दूसरे के साथ अश्लील हरकत करने का दोषी पाया था.

    वार्ड साल 2011 से न्यू साउथ वेल्स में तटीय कस्बे कियामा का प्रतिनिधित्व करते थे. साल 2021 में आरोप लगने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, लेकिन वो सांसद बने रहे और साल 2023 में फिर से निर्वाचित हुए.

    वार्ड को सज़ा सुनाने वाले जज ने कहा कि इस मामले में ‘क़ैद के अलावा कोई अन्य सज़ा उपयुक्त नहीं है.’