You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

70 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को भी मिलेगा 'आयुष्मान भारत' का लाभ, पीएम मोदी क्या बोले?

केंद्रीय कैबिनेट ने 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुज़ुर्गों को 'आयुष्मान भारत' योजना में शामिल करने का फ़ैसला लिया है. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ये हमारी प्रतिबद्धता है.

सारांश

  • 'आयुष्मान भारत' योजना का अब 70 साल से ज़्यादा उम्र वाले लोगों को भी मिलेगा लाभ
  • अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के पिता की सातवीं मंज़िल से गिरने मौत हो गई
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव: जननायक जनता पार्टी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने तीसरी सूची जारी की
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने पांचवीं सूची की जारी, नौ लोगों को दिया टिकट
  • अमित शाह ने कांग्रेस पर आरक्षण ख़त्म करने की मंशा का आरोप लगाया
  • अमेरिका: प्रेसिडेंशियल डिबेट में कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच तीखी बहस

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, संदीप राय, अदिति शर्मा और सुमंत सिंह

  1. प्रेसिडेंशियल डिबेट ख़त्म, अंत में ट्रंप और कमला हैरिस ने क्या कहा, एंथनी ज़र्चर, बीबीसी उत्तरी अमेरिका संवाददाता

    क़रीब 90 मिनट तक चली प्रेसिडेंशियल डिबेट में कमला हैरिस और ट्रंप ने एक दूसरे की नीतियों की जमकर आलोचना की.

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' के समापन पर हैरिस ने कहा कि अमेरिका के भविष्य को लेकर उनका और ट्रंप का नज़रिया बिल्कुल अलग है.

    हैरिस ने कहा कि उनका फ़ोकस भविष्य पर है, वहीं ट्रंप अतीत में अटके हैं. ट्रंप ने कहा कि हैरिस की नीतियों का कोई मतलब नहीं है क्योंकि बीते चार सालों में उन्होंने कुछ हासिल नहीं किया है.

    ट्रंप ने कहा, "हमारा देश बर्बादी के रास्ते पर है. पूरा विश्व हम पर हँस रहा है."

    उन्होंने दावा किया कि 'अगर नवंबर में हैरिस चुनाव में जीत जाती हैं तो तीसरा विश्व युद्ध संभव है.'

    हैरिस ने कई बार पूर्व राष्ट्रपति को असमंजस में डाला और छह जनवरी को यूएस कैपिटल हिल पर हमले का बचाव करने का आरोप लगाया.

    अगर इस बहस में मुद्दों को बेहतर उठाने, वोटरों को संदेश देने और अपने कमज़ोर पक्षों का बेहतर तरीके से बचाव करने की बात हो तो उप राष्ट्रपति अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे दिखीं.

    जैसे जैसे बहस आगे बढ़ी, हैरिस ने ट्रंप को रक्षात्मक होने पर मजबूर किया. उनके तंज और आरोपों को वो जवाब देने पर ट्रंप मजबूर हुए. हैरिस ने ट्रंप को 'कमज़ोर' बताया.

    उन्होंने कहा कि 'विदेशी नेता उन पर हंसते हैं. उन्होंने कहा कि ट्रंप की रैली में लोग 'थक कर और ऊब कर' बीच में ही चले जाते हैं.'

    हैरिस जब डिबेट में हिस्सा लेने आ रही थीं तो अधिकांश अमेरिकियों के मन में था कि वो महंगाई, आप्रवासन और अफ़ग़ानिस्तान से वापसी के मुद्दे पर कमज़ोर दिखेंगी.

    लेकिन डिबेट के अधिकांश हिस्से में ट्रंप अपनी जुमलेबाज़ी का असर छोड़ने में नाकम रहे और आने वाले दिनों में हो सकता है कि उन्हें इस मौके के चूकने का अफसोस होगा.

    पांच नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं.

  2. प्रेसिडेंशियल डिबेटः कमला हैरिस पर नस्लीय टिप्पणी को लेकर ट्रंप क्या बोले

    द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान कमला हैरिस और ट्रंप ने एक दूसरे पर व्यक्तिगत हमले किए.

    हैरिस ने ट्रंप पर चल रहे मुकदमों और 2020 के चुनाव में ट्रंप का अपनी हार ना स्वीकारने को लेकर हमला किया.

    जब डिबेट के दौरान मॉडरेटर्स ने ट्रंप से हैरिस की नस्लीय पहचान के बारे में उनकी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर सवाल किया तो ट्रंप इस सवाल को टालते नज़र आए.

    ट्रंप ने कहा, “मुझे फ़र्क नहीं पड़ता कि वो क्या हैं.”

    हैरिस ने कहा, “मुझे लगता है ये एक त्रासदी है. वो व्यक्ति राष्ट्रपति बनना चाहता है जिसने हमेशा अमेरिका को नस्लीय आधार पर बाँटने की कोशिश की है.”

  3. प्रेसिडेंशियल डिबेट: कमला हैरिस ने पुतिन पर क्या कहा

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' के दौरान रूस-यूक्रेन यूद्ध को लेकर बहस हुई.

    डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि "क्या वो यह चाहते हैं कि यूक्रेन युद्ध जीते?"

    इस पर ट्रंप ने कहा, ''मैं चाहता हूं कि वॉर रुक जाए."

    यूक्रेन-रूस युद्ध की वजह से अमेरिका पर पड़ने वाले असर पर ट्रंप ने दावा किया कि इस युद्ध में यूरोप को अमेरिका की तुलना में बहुत कम कीमत चुकानी पड़ रही है.

    उन्होंने कहा कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दोनों को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं.

    ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की आलोचना करते हुए उन्हें एक अनुपस्थित राष्ट्रपति कहा.

    जिसपर कमला हैरिस ने पलटवार किया.

    हैरिस ने कहा, "आप बाइडन के ख़िलाफ़ नहीं लड़ रहे हैं, आप मेरे ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं."

    वहीं यूक्रेन युद्ध के सवाल पर हैरिस ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ उनके मजबूत रिश्ते हैं.

    उन्होंने ट्रंप से कहा, "हमारे नेटो सहयोगी बहुत आभारी हैं कि आप अब राष्ट्रपति नहीं हैं. नहीं तो पुतिन कीव में बैठे होते और यूरोप के बाकी हिस्सों पर उनकी नज़र होती."

    हैरिस ने कहा, "पुतिन एक तानाशाह हैं.''

    इस पर ट्रंप ने कमला हैरिस को अब तक की सबसे ख़राब वाइस प्रेसिडेंट कहा.

    उन्होंने दावा किया कि वो आक्रमण से पहले यूक्रेन और रूस के बीच बातचीत करके युद्ध को रोकने में असफल रहीं.

  4. प्रेसिडेंशियल डिबेटः ट्रंप ने कहा- जीते तो ओबामाकेयर को बदल देंगे

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर वो जीते तो ओबामाकेयर को बदल देंगे.

    असल में अमेरिका में सस्ती स्वास्थ्य बीमा क़ानून अफ़ोर्डेबल केयर एक्ट, जिसे ओबामाकेयर के नाम से भी जाना जाता है. इसके बारे में ट्रंप से पूछा गया था.

    ट्रंप ने ओबामाकेयर के बारे में कहा, "आज यह बहुत बेहतर नहीं है. हम इसकी जगह कुछ और लेकर आएंगे और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं."

    ट्रंप ने डेमोक्रेट पार्टी पर ओबामाकेयर को रद्द करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया.

    उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वो उन्होंने सही किया था और वो इस विचार और विकल्पों का मूल्यांकन करना जारी रखेंगे.

    हालांकि इसकी जगह वो क्या लेकर आएंगे, इस बारे में कुछ ख़ास नहीं बताया.

    ट्रंप ने कहा, "अगर हम एक ऐसी योजना लेकर आते हैं जो हमारी जनता, आबादी पर ओबामाकेयर के मुकाबले कम भार बनने वाला है तो मैं बिल्कुल ये करूंगा. तब तक मैं ये जितना भी काम का है, उसे चलाता रहूंगा."

  5. प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रंप बोले, ‘अगर हैरिस आती हैं तो दो सालों में इसराइल का वजूद ख़त्म हो जाएगा’

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' में इसराइल-गज़ा के मुद्दे पर कमला हैरिस ने पुरानी बात ही दोहराई.

    उन्होंने कहा, ''इसराइल को अपनी सुरक्षा का अधिकार है, लेकिन ये भी मायने रखता है कि इसराइल ये कैसे कर रहा है.''

    हैरिस कहती हैं- ''ये युद्ध तुरंत खत्म होना चाहिए.'' साथ ही उन्होंने संघर्ष विराम और द्वि-राष्ट्रीय समाधान की बात की.

    ट्रंप ने कहा- ''ये संघर्ष शुरू ही नहीं होता अगर वो राष्ट्रपति होते.''

    ट्रंप ने कहा, "हैरिस इसराइल से नफ़रत करती हैं. अगर हैरिस राष्ट्रपति बनती हैं तो दो साल में इसराइल का कोई अस्तित्व नहीं बचेगा."

    उन्होंने कहा, "मैं इस समस्या का तेजी से समाधान करूंगा."

    साथ ही उन्होंने कहा कि 'अगर वो दोबारा चुने जाते हैं तो रूस और यूक्रेन युद्ध को भी ख़त्म करेंगे."

    हैरिस ने भी इसराइल की सुरक्षा का समर्थन करने के दावे को बार बार दोहराया और ट्रंप के दावे को ख़ारिज करते हुए कहा कि वो "सच्चाई से ध्यान भटकाना और बांटना" चाहते हैं.

    उन्होंने कहा, “सभी जानते हैं कि वो तानाशाहों को पसंद करते हैं और पहले दिन से ही वो खुद तानाशाह बनना चाहते हैं.”

    इसके कुछ ही देर बाद हैरिस ने दावा किया कि सैन्य नेताओं ने ट्रंप को ‘शर्मनाक’ बताया है.

    पेन्सिल्वेनिया के फिलाडेल्फिया में हो रहे इस डिबेट के शुरू होने के ठीक पहले फ़लस्तीनी समर्थक जमा हो गए.

  6. हैरिस ने बॉर्डर से जुड़ी समस्याओं को लेकर ट्रंप को जिम्मेदार ठहराया

    प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान कमला हैरिस ने कहा- अब हम आप्रवासन (इमिग्रेशन) की ओर वापस आ गए हैं.

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' के दौरान कहा, ''वे मंच पर इकलौती ऐसी हैं जो तस्करों पर मुकदमा चलाने के लिए काम कर रही हैं.''

    कमला हैरिस ने इससे पहले भी बाई पार्टिशन बॉर्डर सिक्योरिटी बिल को लेकर डोनाल्ड ट्रंप को घेरा है.

    इस बिल का डेमोक्रेट्स ने विरोध किया है.

    हैरिस ने कहा, "आप जानते हैं क्या हुआ? डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस में कुछ लोगों को फोन किया और कहा कि बिल को ख़त्म करो. क्यों? क्योंकि उन्होंने किसी समस्या को ठीक करने की बजाय समस्या के साथ चलना पसंद किया."

  7. प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान ट्रंप और कमला हैरिस का हाव भाव कैसा, कर्टनी सुब्रमण्यम

    प्रेसिडेंशियल डिबेट के ज़्यादातर हिस्से में जब ट्रंप कोई जवाब दे रहे हैं, तब हैरिस उन्हें सीधा देखते हुए असहमति में अपना सिर हिला रही हैं या मुस्कुरा रही हैं.

    'द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट' के दौरान जब ट्रंप ने हैरिस को 'मार्क्सवादी' कहकर संबोधित किया, तब हैरिस ने अपना हाथ ठुड्डी पर रखकर ये इशारा किया कि उन्हें बात समझ नहीं आई.

    पर अर्थव्यवस्था या अबॉर्शन जैसै मुद्दे पर हैरिस सीधे कैमरे में देख रही हैं, मानो वो वोटर्स से बात कर रही हों.

    वहीं ट्रंप पूरी डिबेट में हैरिस से आंख मिलाने से बच रहे हैं.

    वो हैरिस के सवालों पर उनकी ओर उंगली दिखा कर बात करते दिखे.

    अबॉर्शन के मुद्दे पर डिबेट के दौरान ट्रंप काफी भड़क गए थे.

  8. कैपिटल हिल दंगे पर आपको पछतावा है? डिबेट में पूछे इस सवाल का ट्रंप ने दिया जवाब

    द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान कैपिटल हिल में हुए दंगों को लेकर सवाल जवाब हुए.

    इन दंगों में ट्रंप से उनकी भूमिका के बारे में पूछा गया कि उन्होंने हमले से पहले व्हाइट हाउस में अपने भाषण में अपने समर्थकों से कैपिटल तक मार्च करने के लिए कहा और टीवी पर हमले को देखा.

    साथ ही उन्होंने एक ट्वीट कर दंगाइयों को चले जाने को कहा.

    इस पर ट्रंप ने कहा, "मैंने अपने भाषण के दौरान शांतिपूर्वक ढंग और देशभक्ति से कहा, बाद में नहीं."

    उन्होंने कहा कि उनके भाषण में हिंसा का कोई आह्वान नहीं किया गया था.

    इस पर मॉडरेटर ने उसने पूछा, "आपने उस दिन जो किया उसके लिए क्या आपको कोई पछतावा है?"

    ट्रंप ने पलटवार करते हुए कहा, "मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं था, सिवाय इसके कि उन्होंने मुझसे भाषण देने के लिए कहा था."

    उन्होंने इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं करने के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की लीडर नैंसी पेलोसी को जिम्मेदार ठहराया.

    6 जनवरी 2021 को डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने यूएस कैपिटल पर धावा बोल दिया था.

    ट्रंप पर कैपिटल में दंगा भड़काने को लेकर आरोप हैं, लेकिन यह मामला अभी लंबित है.

    इस मामले में 1,200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और सैकड़ों लोगों ने अपना गुनाह स्वीकार किया.

  9. प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रंप का आरोप- प्रवासी पालतू कुत्तों को खाते हैं, कमला ने दिया ये जवाब

    प्रेसिडेंशियल डिबेट में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवासियों पर कुछ ऐसे आरोप लगाए, जिसको मॉडरेटर ने ही ग़लत बताया.

    प्रवासियों को लेकर ट्रंप ने बेतुके दावे किए कि वे ‘पालतू जानवरों को खाते हैं.’

    ट्रंप ने कहा, “वे कुत्तों को खाते हैं. वे लोगों के पालतू जानवरों को खाते हैं.”

    द एबीसी प्रेसिडेंशियल डिबेट के मॉडरेटर डेविड मुइर ने कहा कि ‘स्प्रिंगफ़ील्ड के सिटी मैनेजर ने कहा है कि इस तरह का कोई सबूत नहीं है.’

    ट्रंप ने कहा, “मैंने टीवी पर ये कहते हुए लोगों को सुना कि मेरे कुत्ते को चुरा कर खा लिया गया.”

    इस पर कमला हैरिस ने कहा कि ट्रंप ‘बहुत बढ़ा-चढ़ाकर बातें’ करते हैं.

    स्प्रिंगफ़ील्ड के अधिकारियों ने बीबीसी वेरिफ़ाई को बताया कि इस तरह की कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं है कि ऐसा वाक़ई हुआ है.

  10. अमेरिकी प्रेसिडेंशियल डिबेटः अबॉर्शन के मुद्दे पर कमला हैरिस और ट्रंप के बीच तीखी बहस

    अमेरिकी प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस पर अबॉर्शन को लेकर नियम बदलने की मंशा रखने का आरोप लगाया.

    "द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट'' में ट्रंप ने कहा, "डेमोक्रेट्स 9वें महीने में गर्भपात का अधिकार देना चाहते हैं."

    ट्रंप ने दावा किया कि 'कमला हैरिस की उपराष्ट्रपति की पसंद टिम वॉल्ट्ज़ 9वें महीने में गर्भपात के अधिकार का समर्थन कर चुके हैं.'

    ट्रंप की इस बात पर कि सरकार 'बच्चे को जन्म के बाद मार देने का अधिकार देना चाहती है'- हैरिस ने जवाब दिया कि ऐसा कोई राज्य नहीं है, जहां इस तरह का कोई क़ानून हो.

    हैरिस ने ये भी नोट किया कि ट्रंप ने ऐसे तीन सुप्रीम कोर्ट जस्टिस की नियुक्ति की जिन्होंने दो साल पहले अबॉर्शन के अधिकार को पलट दिया था.

    कमला हैरिस ने कहा- ''ट्रंप के अबॉर्शन बैन में कोई अपवाद नहीं है, बलात्कार के मामले में भी नहीं.''

    हैरिस कहती हैं, "आप कह रहे हैं कि लोग ये चाह रहे हैं?"

    हैरिस उन महिलाओं का ज़िक्र करती हैं जो गर्भपात की वजह से मुश्किलों का सामना करती हैं.

    वो कहती हैं, "लोग ये नहीं चाहते हैं"

  11. प्रेसिडेंशियल डिबेटः कमला हैरिस ने आर्थिक मोर्चे पर ट्रंप को घेरा

    अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप प्रेसिडेंशियल डिबेट में आमने-सामने हैं. दोनों के बीच यह पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट है.

    डिबेट की शुरुआत करते हुए कमला हैरिस ने ट्रंप की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा.

    "द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट'' में ट्रंप ने कमला हैरिस से पूछा कि 'क्या आपको लगता है कि अमेरिका चार साल पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में है?'

    इस पर कमला हैरिस ने कहा कि वह एक अवसर वाली अर्थव्यवस्था बनाने का प्लान कर रही हैं.

    हैरिस ने कहा, 'ट्रंप पिछली बार की तरह ही अरबपतियों और व्यापारियों को टैक्स में छूट देने की योजना बना रहे हैं.'

    उन्होंने कहा, ''ट्रंप जो कहते हैं, उसकी आलोचना 16 नोबल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री कर चुके हैं और उनका मानना है कि अगर इन्हें लागू किया गया तो अगले साल मंदी आ जाएगी.''

    हैरिस ने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप ने हमें महामंदी के बाद के दौर का सबसे बदतर बेरोज़गारी में छोड़ गए थे. हमें डोनाल्ड ट्रंप की फैलाई अव्यवस्था को साफ़ करना पड़ा."

    हैरिस ने 'प्रोजेक्ट 2025' को ख़तरनाक योजना बताया और कहा कि अगर ट्रंप आते हैं तो वो इसे लागू कर देंगे.

  12. कमला हैरिस और ट्रंप के बीच प्रेसिडेंशियल डिबेट शुरू, जानिए ख़ास बातें

    अमेरिका में इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस के बीच एबीसी प्रेसिडेंशियल डिबेट शुरू हो गई है.

    "द एबीसी न्यूज़ प्रेसिडेंशियल डिबेट" करीब 90 मिनट तक चलेगी.

    यह डिबेट भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे से शुरू हुई है जो 8:00 बजे तक चलेगी.

    प्रेसिडेंशियल डिबेट के लिए कुछ नियम भी बनाए गए हैं.

    इन नियमों के मुताबिक़ डिबेट के दौरान दो ब्रेक लिए जाएंगे, जिनमें दोनों उम्मीदवार अपने सहयोगियों या कर्मचारियों से बात नहीं कर सकते हैं.

    डिबेट के लिए कोई प्री नोट्स यानी लिखित सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है.

    डिबेट से पहले एक टॉस किया गया है, जिसके माध्यम से यह तय हो चुका है कि दोनों उम्मीदवार किस ओर बैठेंगे और आख़िरी में कौन बोलेगा.

    इस डिबेट में डोनाल्ड ट्रंप अंत में बोलेंगे.

  13. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता अदिति शर्मा, सुमंत सिंह और संदीप राय आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हैं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    पांच नवंबर को अमेरिका में मतदाता अपने अगले राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए मतदान में हिस्सा लेंगे.सर्वे में बाइडन के राष्ट्रपति पद की दौड़ से अपना हाथ खींचने से पहले, उन्हें ट्रंप से पिछड़ता दिखाया जा रहा था.लेकिन ताज़ा सर्वे में कमला ने बढ़त बना ली है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    अमेरिका दौरे पर गए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी कई कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं. उनके इन कार्यक्रमों में दिए गए बयान लगातार सुर्ख़ियां बन रहे हैं और उस पर सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं के बयान भी आ रहे हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    यौन शोषण करने वालों से बचने के लिए कुछ ने थप्पड़ जड़ा, कुछ चिल्लाईं तो कुछ की चीख़ें निकलीं और कुछ ने मदद मांगने के लिए आवाज़ लगाई. मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री को लेकर पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हरियाणा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलग-अलग लड़ने का असर क्या होगा? ये जानने के लिए यहां क्लिक करिए.

    बीसीसीआई यानी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है. टीम में तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल को भी मौक़ा मिला है. पूरी रिपोर्ट के लिए यहां क्लिक करें.

    मंगलवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.