ईरान के विदेश मंत्री ने 'युद्धविराम' के मुद्दे पर चीन को क्या बताया?
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से बात की है. इस दौरान अराग़ची ने कहा है कि ईरान युद्धविराम के लिए तैयार है, लेकिन सिर्फ़ अस्थायी तौर पर नहीं.
ट्रंप के दावों पर ईरान की प्रतिक्रिया के बाद कच्चे तेल के दाम फिर बढ़े
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, कच्चे तेल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी हुई है
सोमवार को भारी गिरावट के बाद, ब्रेंट क्रूड की कीमत फिर से 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुँच गई है.
मंगलवार सुबह एशिया में, ब्रेंट क्रूड 3.75% बढ़कर 103.69 अमेरिकी डॉलर पर पहुँच गया.
इससे पहले, सोमवार को ब्रेंट की कीमत में 10% से ज़्यादा की गिरावट आई थी, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए हमलों को टालने की घोषणा की थी.
ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ जल्द ही कोई शांति समझौता हो सकता है.
हालांकि बाद में ईरान ने ट्रंप के इन दावों को नकार दिया और उसके बाद तेल की कीमतों में फिर से बढोतरी देखी जा रही है.
कोलंबिया में सेना का विमान हुआ क्रैश, कम से कम 66 लोगों की मौत, इयन वेल्स, दक्षिण अमेरिका संवाददाता और बुशलुतर, लैटिन अमेरिका संपादक, न्यूज़ ऑनलाइन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कोलंबिया में पेरू की सीमा के पास बड़ा विमान हादसा हुआ है
कोलंबिया में अधिकारियों ने बताया है कि देश के दक्षिणी हिस्से में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वायु सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए.
वायु सेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा रुएडा ने बताया कि विमान में सेना के 114 जवान और 11 क्रू मेंबर सवार थे.
यह अमेरिका में बना सी-130 हरक्यूलिस विमान था और जिसका इस्तेमाल सैनिकों को लाने-ले जाने के लिए किया जाता है.
यह विमान पुटुमायो प्रांत के प्यूर्तो लेगुइज़ामो शहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
इलाक़े में भेजे गए आपातकालीन बचावकर्मी विमान के मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं.
कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेद्रो सांचेज़ ने कहा कि लॉकहीड मार्टिन का बनाया गया हरक्यूलिस सी-130 ट्रांसपोर्ट विमान "प्यूर्तो लेगुइज़ामो से उड़ान भरते समय एक दुखद दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें हमारी सुरक्षा बलों की टुकड़ियों को ले जाया जा रहा था."
उन्होंने पेरू की सीमा के पास हुई इस घटना को "देश के लिए बेहद दुखद" बताया.
सांचेज़ ने बाद में बताया कि विमान में आग लगने के कारण उसमें रखा हुआ गोला-बारूद फट गया.
इमेज स्रोत, GE
इमेज कैप्शन, हादसे का शिकार हुए विमान में सैनिक सवार थे
एक सैन्य सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि हादसे में कुल 66 लोगों की मौत हो गई है.
यह घटना कोलंबियाई वायु सेना के हालिया इतिहास की सबसे घातक दुर्घटनाओं में से एक है. स्थानीय समाचार माध्यमों में यह भी दिख रहा है कि स्थानीय लोग घायल सैनिकों को दुर्घटनास्थल से छोटे-छोटे मोटरसाइकिलों पर लादकर अस्पतालों तक पहुंचा रहे हैं.
राष्ट्रपति गुस्तावो प्यूत्रो ने एक्स पर लिखा कि "यह भयानक दुर्घटना..नहीं होनी चाहिए थी."
अपनी लंबी पोस्ट में, उन्होंने सशस्त्र बलों के उपकरणों और विमानों के आधुनिकीकरण की अपनी योजनाओं में हो रही देरी के लिए "नौकरशाही संबंधी समस्याओं" को भी दोषी ठहराया.
उन्होंने लिखा, "मैं अब और देरी बर्दाश्त नहीं करूंगा. हमारे युवाओं की जान दांव पर लगी है."
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि दुर्घटना का कारण क्या हो सकता है.
सेना ने अपनी पोस्ट में कई तस्वीरें शेयर की हैं और बताया है कि घायलों को विशेष उपचार के लिए ले जाया जा रहा है.
सेना ने कहा, "हम पूरे कोलंबिया की एकजुटता और उन संस्थाओं के सहयोग के लिए भी आभारी हैं जो लोगों को सुरक्षित निकालने, बचाने और राहत कार्य में योगदान दे रहे हैं."
कुवैत और बहरीन ने जारी की हमले की चेतावनी, लोगों को दिए निर्देश
इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान की ओर से सोमवार रात को इसराइल की तरफ मिसाइलें दाग़ी गईं. खाड़ी के कई देशों ने इस तरह के हमलों की सूचना दी है
मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच खाड़ी के कई देशों से लगातार हमले की सूचना आ रही है.
बहरीन के गृह मंत्रालय ने हमलों को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है.
गृह मंत्रालय ने कुछ देर पहले एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “सायरन सक्रिय कर दिए गए हैं. लोगों से अनुरोध है कि वे शांत रहें और क़रीबी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.”
गृह मंत्रालय ने कहा है कि सभी लोग आधिकारिक माध्यमों से दी जाने वाली सूचना का पालन करें.
इसके साथ ही कुवैत की सेना ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक एक्स पर पोस्ट में देश पर कई बार मिसाइल और ड्रोन हमलों की जानकारी दी है.
सेना ने एक एक्स पोस्ट के ज़रिए कुछ ही देर पहले जानकारी दी है, "कुवैती एयर डिफेंस अभी दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं."
"आर्मी के जनरल स्टाफ ने बताया है कि अगर धमाके की आवाज़ें सुनाई देती हैं, तो वे एयर डिफेंस सिस्टम के दुश्मन के हमलों को रोकने का नतीजा हैं."
सेना ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे संबंधित अधिकारियों की तरफ से सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों का पालन करें.
कुवैत ने यह भी बताया है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के बाद उनका मलबा गिरने से इलेक्ट्रिक ग्रिड को नुक़सान हुआ है और इससे बिजली की सप्लाई बाधित हुई है.
ट्रंप के दावों के बीच बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, 'इसराइल के हमले जारी'
इमेज स्रोत, @netanyahu
इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू ने ईरान युद्ध के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत की है
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक्स पर एक वीडियो बयान जारी किया है.
नेतन्याहू ने कहा, ''राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ हमने जो ज़बरदस्त कामयाबी हासिल की है, उसका फ़ायदा उठाकर समझौते में युद्ध के मक़सद को पूरा करने का एक मौक़ा है. एक ऐसा समझौता जो हमारे ज़रूरी हितों की रक्षा करेगा.''
नेतन्याहू ने कहा, ''साथ ही हम ईरान और लेबनान दोनों जगह हमला करना जारी रखे हुए हैं. हम (ईरान के) मिसाइल और न्यूक्लियर प्रोग्राम को ख़त्म कर रहे हैं, और हिज़्बुल्लाह पर लगातार बड़े हमले कर रहे हैं.''
उन्होंने कहा, “कुछ ही दिन पहले, हमने दो और न्यूक्लियर साइंटिस्ट को मार दिया. हम किसी भी हालत में अपने ज़रूरी हितों की रक्षा करेंगे."
व्हाइट हाउस ने कहा, 'ईरान के साथ बातचीत को लेकर लगाए जा रहे कयासों को अंतिम न माना जाए'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में मध्य पूर्व में टकराव के पूरी तरह समाधान को लेकर बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है
अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने ईरान के साथ 'संभावित बातचीत' को लेकर लगाए जा रहे कयासों को शांत करने की कोशिश की है.
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि दोनों पक्ष समझौते की दिशा में "बड़ी" प्रगति कर रहे हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मध्य पूर्व में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि 'पूरी तरह समाधान' के मुद्दे पर 'सकारात्मक बातचीत' हुई है.
हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बातचीत वाले बयान को नकार दिया है.
इस बीच ईरान युद्ध के मुद्दे पर अलग-अलग नेताओं की तरफ से आ रहे बयानों के बीच ऐसी ख़बरें भी सामने आने लगीं कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में इस बातचीत में शामिल हो सकते हैं.
लेकिन व्हाइट हाउस का कहना है फ़िलहाल हालात "अस्थिर" है. उसने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के किसी भी शीर्ष नेता के बीच किसी औपचारिक बैठक की घोषणा नहीं की गई है.
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने बीबीसी को दिए एक बयान में कहा, "ये संवेदनशील कूटनीतिक चर्चाएं हैं और अमेरिका प्रेस के माध्यम से बातचीत नहीं करेगा."
लेविट ने कहा, "यह एक अस्थिर स्थिति है, और बैठकों को लेकर लगाए जा रहे कयासों को तब तक अंतिम नहीं माना जाना चाहिए जब तक कि व्हाइट हाउस इसकी औपचारिक घोषणा न कर दे."
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.