इसराइल के हमलों पर सीरिया ने कहा- 'ये इसराइल की जीत नहीं है'

इसराइल ने बुधवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित सीरियाई सेना के मुख्यालय पर हमला किया है. सीरिया के सूचना मंत्री ने इन हमलों को लेकर कहा है कि दमिश्क पर इसराइली बमबारी 'कोई जीत नहीं है'.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और इफ़्तेख़ार अली

  1. सीडीएस जनरल चौहान ने कहा- आज की जंग में जीत कल के हथियारों से संभव नहीं

    अनिल चौहान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान

    भारत के चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि आज के जटिल युद्ध में कल के हथियारों से जीत संभव नहीं है.

    उन्होंने कहा है कि अगर भारत को युद्ध क्षेत्र में बढ़त बनाकर रखनी है, तो हमें ‘भविष्य की तकनीक’ से लैस होना होगा.

    जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि आज का युद्ध ‘कल की तकनीक’ से नहीं लड़ा जा सकता. हमें अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अपनी तकनीकी क्षमता को स्वदेशी बनाना होगा.

    दिल्ली में ‘यूएवी और काउंटर-यूएएस’ पर आयोजित प्रदर्शनी में सीडीएस चौहान ने कहा है कि भारत अब महत्वपूर्ण रक्षा तकनीकों के लिए विदेशी स्रोतों पर निर्भर नहीं रह सकता.

    उन्होंने कहा, "जो टेक्नोलॉजी हमारे मिशन के लिए अहम है, उस पर विदेशी निर्भरता हमारी तैयारी को कमज़ोर करती है."

    'ऑपरेशन सिंदूर' का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान ने इस दौरान अनआर्म्ड और आर्म्ड दोनों तरह के ड्रोन्स का इस्तेमाल किया और इनमें से अधिकतर को मार गिराया गया. उन्होंने कहा, "हमें भविष्य में लड़ाई में ड्रोन्स के इस्तेमाल पर फोकस करना चाहिए"

    अपने भाषण में उन्होंने पुराने युद्धों पर भी बात की और बताया कि कैसे हथियार और युद्ध प्रणाली समय के साथ अधिक हल्की, प्रभावशाली, किफायती और बहुपर्यायी हो गई हैं.

    जनरल चौहान ने कहा, "कभी भारी-भरकम राइफल्स होती थीं, जो अब हल्की, लंबी दूरी तक मार करने वाली और रात में भी कारगर हैं. टैंक और एयरक्राफ्ट अब हल्के, तेज़ और ज़्यादा सुरक्षित हो गए हैं. उसी तरह, ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीक में भी हमें खुद को अपग्रेड करना होगा."

  2. ओडिशा में कॉलेज छात्रा की मौत के बाद राहुल गांधी ने की उनके पिता से बात

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

    ओडिशा में कॉलेज छात्रा की मौत के बाद उनके पिता से कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बात की.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ओडिशा के बालेश्वर में इंसाफ की लड़ाई में जान गंवाने वाली बहादुर बेटी के पिता से बात की. उनकी आवाज़ में बेटी का दर्द, सपना और संघर्ष सब महसूस किया."

    राहुल गांधी ने बताया है कि उन्होंने छात्रा के पिता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी और वो हर कदम पर उनके साथ हैं.

    उन्होंने कहा, "जो हुआ वह अमानवीय और शर्मनाक ही नहीं, पूरे समाज का ज़ख्म है."

    ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत हो गई है.

    छात्रा ने यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने से शनिवार को आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.

    छात्रा ने ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक विभाग के विभागाध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

    सोमवार को पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को गिरफ़्तार किया था. मामले में अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    ये भी पढ़ें-

  3. मॉस्को पर हमले के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने अब क्या कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन को मॉस्को पर हमला नहीं करना चाहिए.

    ट्रंप का ये बयान ऐसे समय में आया है जब फ़ाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा गया था कि ट्रंप ने चार जुलाई को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को रूस की राजधानी मॉस्को पर हमले तेज़ करने को कहा था.

    फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा था कि ट्रंप ने यह भी पूछा था कि अगर अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार देगा तो क्या वह मॉस्को पर हमला कर सकता है.

    ट्रंप ने सोमवार को यूक्रेन को हथियार देने की योजना का एलान किया था और चेतावनी दी कि अगर 50 दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ, तो रूस पर भारी टैक्स (टैरिफ़) लगाए जाएंगे.

  4. ओड‍िशा: छात्रा की मौत पर बीजेडी का बंद का आह्वान, बालासोर में दिखा असर, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए

    बीजू जनता दल के कार्य़कर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Biswambar Das

    इमेज कैप्शन, बीजू जनता दल के कार्य़कर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

    ओडिशा में कॉलेज छात्रा की मौत के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (बीजेडी) ने आठ घंटे बंद का आह्वान किया है.

    बंद का असर बालासोर में बुधवार की सुबह देखने को मिला है. दुकानें, प्रतिष्ठान और बाज़ार बंद हैं. इसके अलावा सड़कों पर भी बेहद कम गाड़ियां दिख रही हैं.

    हालांकि, एंबुलेंस और दूसरी आपातकालीन सेवा जारी हैं.

    बीजू जनता दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे हैं.

    ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत के बाद बीजू जनता दल बीजेपी को घेर रही है.

    छात्रा ने यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने से शनिवार को आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर में भर्ती करवाया गया था.

    छात्रा ने ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक विभाग के विभागाध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

    सोमवार को पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को गिरफ़्तार किया था. मामले में अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    ये भी पढ़ें-

  5. युद्धविराम करने को लेकर ट्रंप की चेतावनी पर रूस ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की '50 दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ तो रूस पर भारी टैक्स (टैरिफ़) लगाने वाली' टिप्पणी पर रूसी विदेश मंत्री ने प्रतिक्रिया दी है.

    रूस की सरकारी न्यूज़ एजेंसी तास के मुताबिक़, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा है कि रूस यह जानना चाहेगा कि 50 दिन का समय देने से ट्रंप का क्या मतलब है.

    उन्होंने कहा, "50 दिनों वाले इस बयान के पीछे का क्या अर्थ है. इससे पहले भी 24 घंटे और 100 दिन की डेडलाइन दी गई थीं. हमने यह सब देखा है और वास्तव में अमेरिकी राष्ट्रपति की मंशा को समझना चाहेंगे."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही चेतावनी दी है कि अगर 50 दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ तो रूस पर भारी टैरिफ़ लगाए जाएंगे.

    लावरोफ़ ने दावा किया है कि ट्रंप पर यूरोपीय संघ और नेटो का दबाव है. यूरोपीय संघ और नेटो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की मांगों का समर्थन कर रहे हैं और उसे लगातार हथियार दे रहे हैं. इसका खामियाजा पश्चिमी देशों के टैक्सपेयर को बढ़ते नुक़सान के रूप में भुगतना पड़ रहा है.

    लावरोफ़ ने कहा है कि रूस पहले से ही ‘अभूतपूर्व प्रतिबंधों’ का सामना कर रहा है. उन्होंने किसी भी नए प्रतिबंध से निपटने का भरोसा जताया है.

  6. ईरान के लिए भारत ने जारी की एडवाइज़री, ग़ैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह

    ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से सुरक्षित निकाले गए भारतीयों की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत ईरान से सुरक्षित निकाले गए भारतीय

    ईरान में भारतीय दूतावास ने एडवाइज़री जारी करते हुए कहा है कि पिछले कई हफ्तों में सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से पहले वहां के बदलते हालात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.

    दूतावास ने लोगों से अपील की है कि वे क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर नज़र बनाए रखें और एडवाइज़री का पालन करें.

    एडवाइज़री में दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से कहा है कि अगर वे भारत लौटना चाहते हैं तो उन्हें उपलब्ध हवाई या जलमार्ग का इस्तेमाल करना चाहिए.

    ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की

    इमेज स्रोत, @India_in_Iran/ X

    इमेज कैप्शन, ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की

    इसराइल और ईरान के बीच 13 जून को हुआ संघर्ष के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू किया था. इस अभियान के तहत भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को वहां से निकाला था.

    इसराइल ने 13 जून को ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों पर हमला किया था. इसके जवाब में ईरान ने इसराइल पर हमला किया था.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.