इसराइल के हमलों पर सीरिया ने कहा- 'ये इसराइल की जीत नहीं है'
इसराइल ने बुधवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित सीरियाई सेना के मुख्यालय पर हमला किया है. सीरिया के सूचना मंत्री ने इन हमलों को लेकर कहा है कि दमिश्क पर इसराइली बमबारी 'कोई जीत नहीं है'.
ग़ज़ा में सहायता सामग्री वितरण स्थल पर भगदड़, 20 लोगों की मौत
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए तीन अहम फ़ैसलों की जानकारी दी
इसराइल के हमलों पर सीरिया ने कहा- 'ये इसराइल की जीत नहीं है'
इमेज स्रोत, Reuters
इसराइल ने बुधवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित सीरियाई सेना के मुख्यालय पर हमला किया है. सीरिया के सूचना मंत्री ने इन हमलों को लेकर कहा है कि दमिश्क पर इसराइली बमबारी 'कोई जीत नहीं है'.
सूचना मंत्री हमज़ा अल-मुस्तफ़ा का कहना है कि इसराइली हमले कोई जीत नहीं हैं, बल्कि "उनकी सरकार पर बने आंतरिक दबावों से बचने की कोशिश हैं."
सीरियाई सरकारी मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि "सुवेदा प्रांत के लोग सीरिया का एक बुनियादी स्तंभ हैं, और वे इस मातृभूमि का हिस्सा हैं."
सीरियाई स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइली हमलों में अब तक तीन की मौत और 34 लोग घायल हुए हैं.
इससे पहले इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कांत्ज़ ने कहा था, "चेतावनियों का समय अब ख़त्म हो गया है, अब कड़े और दर्दनाक हमले किए जाएंगे."
प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, "हम अपने ड्रूज़ भाइयों को बचाने और सीरियाई शासन का गिरोह ख़त्म करने के लिए काम कर रहे हैं."
एफ़एम कॉलेज छात्रा की मौत के मामले की जांच करेगी क्राइम ब्रांच, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
ओडिशा के बालासोर स्थित फ़क़ीर मोहन कॉलेज के छात्रा की मौत के मामले की जांच क्राइम ब्रांच करेगी.
क्राइम ब्रांच मुख्यालय से यह सूचना मिली है. क्राइम ब्रांच डीजीपी बिनयतोष मिश्रा के निर्देशानुसार महिला आईजी एस साइनी की निगरानी में इस मामले की जांच की जाएगी.
इस जांच के लिए डीएसपी कल्याण नायक के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है.
सोमवार रात को छात्रा की मौत के बाद से राज्य की विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल और कांग्रेस ज़ोरदार प्रदर्शन कर रही हैं. गुरुवार को पूरे राज्य में कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने ओडिशा बंद का आह्वान किया है.
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सोमवार को भर्ती छात्रा की मौत हो गई थी.
यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने से परेशान छात्रा ने शनिवार को ख़ुदकुशी की कोशिश की थी.
इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. बाद में इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई.
छात्रा ने ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक विभाग प्रमुख पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
किंग चार्ल्स ने भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीम से की मुलाक़ात
इमेज स्रोत, PA
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीम को आमंत्रित किया था
भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों ने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाक़ात की है.
दोनों टीमों को किंग चार्ल्स ने अपने सेंट जेम्स पैलेस में आमंत्रित किया था. इस मुलाक़ात के दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी वहां मौजूद थे.
राजीव शुक्ला ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "लग ही नहीं रहा था कि आप इंग्लैंड के राजा से बात कर रहे हैं. उनमें बहुत विनम्रता है."
शुक्ला ने इस दौरान भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल की तारीफ़ की. उन्होंने कहा कि शुभमन गिल ने अपने आप को कप्तान के रूप में स्थापित कर लिया है.
साथ ही उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा के रिटायरमेंट पर भी बयान दिया.
उन्होंने कहा, "हम सबको भी रोहित और विराट की कमी महसूस होती है, लेकिन रोहित और विराट ने ख़ुद यह अपना फ़ैसला लिया. बीसीसीआई की पॉलिसी है, कभी हम किसी खिलाड़ी को नहीं कहते हैं कि कब वह संन्यास लें और किस फॉर्मेट से लें."
महात्मा गांधी की ऑयल पेंटिंग की नीलामी, जानिए कितने करोड़ में बिकी, विकास पांडे, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Bonhams
इमेज कैप्शन, यह चित्र 1931 में ब्रिटेन की कलाकार क्लेयर लीटन ने बनाया था
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के नेता महात्मा गांधी की एक दुर्लभ ऑयल पेंटिंग लंदन में लगभग एक करोड़ 72 लाख रुपये (2,04,648 डॉलर) में नीलाम हुई है.
यह रकम नीलामीघर बॉनहम्स के अनुमान से कहीं अधिक है. पहले अनुमान लगाया गया था कि ये चित्र 50,000 पाउंड से 70,000 पाउंड के बीच नीलाम हो सकता है.
भारतीय रुपये में ये क़ीमत 80 लाख रुपये से कुछ अधिक होती. यह चित्र 1931 में ब्रिटेन की कलाकार क्लेयर लीटन ने उस समय बनाया था जब महात्मा गांधी लंदन गए थे.
बॉनहम्स के अनुसार, माना जाता है कि यह एकमात्र ऑयल पेंटिंग है जिसके लिए गांधी ने खुद पोज़ दिया था.
गांधी ने भारत में ब्रिटिश शासन के ख़िलाफ़ अहिंसात्मक आंदोलन का नेतृत्व किया था और उनके सिद्धांतों ने दुनियाभर में लाखों लोगों को प्रेरित किया.
यह चित्र 1931 में गांधी की लंदन यात्रा के दौरान बनाया गया था, जब वे भारत के लिए संवैधानिक सुधारों और स्वशासन की मांगों पर चर्चा के लिए आयोजित दूसरे गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने गए थे.
यह पेंटिंग 1989 में अमेरिका में लीटन की मौत तक उन्हीं के कलेक्शन में रही और बाद में उनके परिवार के पास चली गई.
बॉनहम्स ने यह नहीं बताया कि इस पेंटिंग को किसने ख़रीदा है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि इसे सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा या नहीं.
ममता बनर्जी ने कहा, "अगर बांग्लाभाषियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो भाजपा को गंभीर नतीजा भुगतना होगा.", प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sanjay Das
इमेज कैप्शन, सीएम ममता ने कहा है कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का क़ब्ज़ा है और रहेगा
कोलकाता में आयोजित एक रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है.
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि देश भर में पश्चिम बंगाल के मज़दूरों को बांग्लादेशी बताकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है.
तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित इस विरोध रैली में ममता के अलावा पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और सरकार के मंत्री शामिल हुए थे. ममता ने रैली के बाद आयोजित एक सभा को भी संबोधित किया.
यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बंगाल दौरे से ठीक पहले आयोजित की गई थी.
ममता ने कहा, "मैं बंगालियों के प्रति केंद्र और भाजपा के रवैए से निराश और शर्मिंदा हूं."
ममता ने सवाल किया कि आखिर उनको बंगालियों से इतनी नाराज़गी क्यों है?
मुख्यमंत्री ने कहा, "आगे से मैं और ज़्यादा बांग्ला बोलूंगी. बीजेपी में हिम्मत है तो मुझे डिटेंशन शिविर में बंद कर दिखाए. बंगाल के लोगों को डिटेंशन शिविरों में रखने की स्थिति में राज्य के लोग बीजेपी को चुनाव के ज़रिए राजनीतिक डिटेंशन शिविर में भेज देंगे."
ममता ने कहा, "अगर बांग्लाभाषियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो भाजपा को इसका गंभीर राजनीतिक नतीजा भुगतना होगा."
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दूसरे राज्यों में काम करने वाले बंगाल के प्रवासी मजदूरों से राज्य में लौटने की अपील की और कहा कि सरकार उनके लिए ज़रूरी व्यवस्था करेगी. दूसरे राज्यों में अपमानित होने से बेहतर अपने राज्य में रहना है.
मुख्यमंत्री ने कहा, "बंगाल के क़रीब 22 लाख प्रवासी मज़दूर दूसरे राज्यों में काम करते हैं और उनके पास नागरिकता से संबंधित तमाम दस्तावेज़ हैं. बावजूद इसके उनको परेशान किया जा रहा है."
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी ओछी राजनीति कर रही हैं, क्योंकि चुनाव आ रहे हैं. ममता बनर्जी से पूरा बंगाल ख़फ़ा है. हिंदू वोट में सेंध लगाने के लिए ममता बनर्जी बंगाली वाला प्वाइंट उठा रही हैं."
सुकांत मजूमदार ने कहा, "हम देखना चाहते हैं कि युसुफ़ पठान और कीर्ति आजाद लोकसभा में खड़े होकर बांग्ला में भाषण दें."
कार्टून: शराबी चूहे
धनबाद में शराब व्यापारियों के बहाने पर आज का कार्टून
इसराइल का सीरियाई सेना के मुख्यालय पर हमला
इमेज स्रोत, Photo by RAMI AL SAYED/AFP via Getty Images
इसराइल ने कहा है कि उनकी सेना ने सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित सीरियाई सेना के मुख्यालय पर हमला किया है.
सीरियाई स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत और 18 लोग घायल हुए हैं.
इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कांत्ज़ ने कहा, "चेतावनियों का समय अब ख़त्म हो गया है, अब कड़े और दर्दनाक हमले किए जाएंगे."
इसराइल का कहना है कि वह दक्षिण-पश्चिम सीरिया में ड्रूज़ समुदाय के लोगों की रक्षा करने की कोशिश कर रहा है.
प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, "हम अपने ड्रूज़ भाइयों को बचाने और सीरियाई शासन का गिरोह ख़त्म करने के लिए काम कर रहे हैं."
साथ ही उन्होंने ड्रूज़ समुदाय के इसराइली सदस्यों से भी सीमा पार कर सीरिया नहीं जाने की अपील की है.
सीरियाई सरकार ने इस हमले की निंदा की है और इसे 'आपराधिक और अवैध व्यवहार' बताया है.
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग पर क्या बोले सीएम उमर अब्दुल्लाह?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीएम उमर अब्दुल्लाह ने मांग को उठाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को शुक्रिया कहा है
जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संसद के मॉनसून सत्र में विधेयक लाने की मांग पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने इस मुद्दे को उठाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का शुक्रिया किया है.
पत्रकारों से बात करते हुए उमर अब्दुल्लाह ने कहा, "हम इस दिन का इंतज़ार कर रहे थे कि कब विपक्ष की ओर से संसद में हमारी आवाज़ बुलंद होगी. मैं खड़गे और राहुल गांधी जी का शुक्रगुज़ार हूं."
उन्होंने कहा, "हम ऐसी कोई मांग नहीं कर रहे हैं जिसका वादा हमसे न किया गया हो. बार-बार हमें कहा जाता है कि समय आने पर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिया जाएगा."
सीएम ने कहा, "अब जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर को रियासत का दर्जा मिल जाना चाहिए."
मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संसद के मॉनसून सत्र में विधेयक लाने की मांग की है.
खड़गे और राहुल गांधी ने पीएम मोदी को इस संबंध में एक पत्र लिखा है.
भीमा कोरेगांव केस: सुप्रीम कोर्ट ने कहा, हनी बाबू ज़मानत के लिए हाई कोर्ट जाएं
इमेज स्रोत, Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को भीमा कोरेगांव मामले में अभियुक्त हनी बाबू को ज़मानत के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट या ट्रायल कोर्ट का रुख़ करने की अनुमति दे दी.
हालाँकि सुप्रीम कोर्ट का लिखित आदेश अभी जारी नहीं हुआ है.
न्यायमूर्ति पंकज मित्तल और न्यायमूर्ति पीबी वराले की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की. हनी बाबू को सितंबर 2022 में ज़मानत देने से इनकार कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था.
हालांकि, जब अपील सुप्रीम कोर्ट में लंबित थी, तब मई 2024 में बाबू के वकीलों ने यह कहते हुए याचिका वापस ले ली थी कि वे फिर से हाई कोर्ट जाना चाहते हैं, क्योंकि भीमा कोरेगांव मामले में कई अभियुक्तों को मुक़दमे में देरी के आधार पर ज़मानत मिल चुकी है.
जब हनी बाबू बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचे तो हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट से यह स्पष्ट करने के लिए कहा कि क्या वे उसके पास आ सकते हैं.
अब सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने उन्हें इसकी अनुमति दे दी है.
भीमा कोरेगांव पुणे के पास स्थित है, जहां 1 जनवरी 2018 को हिंसा भड़की थी. यहां मराठा और ईस्ट इंडिया कंपनी के बीच हुए युद्ध की 200वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया था.
इस मामले में पूर्व प्रोफेसर हनी बाबू को भी गिरफ़्तार किया गया था. चार्जशीट में एनआईए ने दावा किया था कि हनी बाबू माओवादी विचारधारा के साथ छात्रों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे.
'हिमंत जेल जाएंगे, मोदी-शाह भी नहीं बचा पाएंगे', राहुल के इस बयान पर क्या बोले असम के सीएम
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया दी है
असम के चायगांव में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तंज कसा है.
उन्होंने कहा, "मैं जो बोलता हूं, वो होता है. मैंने कोविड, नोटबंदी, ग़लत जीएसटी के समय जो बोला, उसका नतीजा सबको दिखा."
राहुल गांधी ने कहा, "मैं आज बोल रहा हूं कि कुछ ही समय में मीडिया वाले आपके मुख्यमंत्री को जेल जाते हुए दिखाएंगे और उन्हें नरेंद्र मोदी, अमित शाह भी नहीं बचा पाएंगे."
उन्होंने कहा, "ये काम कांग्रेस पार्टी नहीं करेगी. ये काम असम के युवा, किसान, मजदूर और हर वर्ग के लोग करके दिखाएंगे, क्योंकि उन्हें पता है कि ये व्यक्ति भ्रष्ट है."
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम के सीएम पर आरोप लगाया, "ये व्यक्ति 24 घंटे असम की ज़मीन चोरी करता है. कहीं सोलर पार्क के नाम पर, कहीं रिसॉर्ट के बहाने और ये बात असम का बच्चा-बच्चा जानता है."
हिमंत बिस्वा सरमा ने इसके जवाब में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने लिखा, "लिख कर ले लीजिए, हिमंत बिस्वा सरमा को जेल ज़रूर भेजेंगे’— यह वही वाक्य है जो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने असम में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के साथ अपनी बंद बैठक में कहा."
सीएम सरमा ने आगे लिखा, " वे केवल इतना कहने के लिए असम आए, लेकिन हमारे नेता जी यह भूल गए कि वे स्वयं देशभर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में ज़मानत पर हैं."
नवीन पटनायक का दावा- एक महिला सांसद और कई पार्टी कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई में घायल, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
इमेज कैप्शन, घायल पूर्व मंत्री और बीजू जनता दल के नेता प्रणब प्रकाश दास
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले दागे जाने से कई नेता और कार्यकर्ताओं के घायल होने की ख़बर है.
यह प्रदर्शन बीजू जनता दल (बीजेडी) ने यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद आत्मदाह कर जान गंवाने वाली छात्रा के लिए न्याय की मांग को लेकर किया था.
पूर्व मंत्री प्रणब प्रकाश दास, पूर्व मंत्री प्रीति रंजन घडाइ और राज्यसभा सांसद सुलता देओ सहित बीजू जनता दल के कई वरिष्ठ नेताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बीजेडी के वरिष्ठ नेता और विधायक अरुण साहू ने कहा, "पूर्व मंत्री प्रणब प्रकाश दास को अपोलो हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है. प्रीति रंजन घडाइ को कैपिटल हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है."
बीजू जनता दल के सुप्रीमो नवीन पटनायक ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा, "मैं बीजद के शांतिपूर्ण मार्च को विफल करने के लिए पुलिस और सरकार की ओर से अपनाई गई कठोर रणनीति की कड़ी निंदा करता हूँ. पुलिस ने स्पष्ट रूप से पक्षपातपूर्ण तरीके़ से काम किया."
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
इमेज कैप्शन, भुवनेश्वर में प्रदर्शन कर रहे बीजू जनता दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार की
नवीन पटनायक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "जब बीजेडी के नेता और कर्मी अनुशासित तरीके़ से लोक सेवा भवन की ओर मार्च कर रहे थे, तो पुलिस ने शांतिपूर्ण भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने बिना किसी उकसावे के रबर की गोलियां भी चलाईं."
उन्होंने लिखा, "आज, दो पूर्व मंत्रियों की टांगें तोड़ दी गई हैं, शायद उन्हें सर्जरी की ज़रूरत है. बीजद के अन्य वरिष्ठ नेताओं, एक महिला राज्यसभा सदस्य और कई पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेरहमी से पीटा है. ज़ाहिर है, सरकार को इस तरह के निर्देश के लिए स्पष्टीकरण देना चाहिए"
पुलिस कमिश्नर एस देबदत्त सिंह ने कहा, "प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने सचिवालय (लोक सेवा भवन) में घुसने की कोशिश की. इसलिए पुलिस को कार्रवाई करने पड़ी. कई लोगों को हिरासत में लिया गया है. अभी दूसरे राजनीतिक दल का प्रोटेस्ट चल रहा है. इसलिए पूरी जानकारी बाद में दी जाएगी."
थाईलैंड: भिक्षुओं को ब्लैकमेल करने के आरोप में महिला गिरफ़्तार, हज़ारों तस्वीरें और वीडियो मिले
इमेज स्रोत, Getty Images
थाईलैंड पुलिस ने एक महिला को गिरफ़्तार किया है. आरोप है कि उसने भिक्षुओं के साथ यौन संबंध बनाए और फिर उन कृत्यों की तस्वीर और वीडियो का इस्तेमाल कर पैसों की उगाही की.
पुलिस के अनुसार, इस महिला को "मिस गोल्फ" के नाम से जाना जा रहा है, और उसने कम से कम नौ भिक्षुओं के साथ संबंध बनाए.
पुलिस का कहना है कि ब्लैकमेलिंग से उसने पिछले तीन सालों में लगभग 385 मिलियन बाट की उगाही की.
जांचकर्ताओं ने जब उसके घर की तलाशी ली तो उन्हें 80,000 से अधिक तस्वीरें और वीडियो मिले, जिनका उपयोग वह भिक्षुओं को ब्लैकमेल करने के लिए करती थी.
पुलिस ने बताया कि यह मामला पहली बार जून के मध्य में उनके संज्ञान में आया, जब उन्हें पता चला कि बैंकॉक में एक महिला द्वारा ब्लैकमेल किए जाने के बाद एक प्रमुख भिक्षु अचानक गृहस्थ बन गए.
पुलिस के अनुसार, मिस गोल्फ ने मई 2024 में उस भिक्षु के साथ "संबंध बनाए" थे. बाद में महिला ने दावा किया कि वह उसके बच्चे की मां है और चाइल्ड सपोर्ट के लिए सात मिलियन बाट से अधिक की रकम की मांग की.
ग़ज़ा में सहायता सामग्री वितरण स्थल पर भगदड़, 20 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, घायलों को ख़ान यूनुस के नासेर अस्पताल लाया गया है
अमेरिका और इसराइल समर्थित ग़ज़ा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन यानी जीएचएफ़ ने कहा है कि दक्षिण ग़ज़ा में एक सहायता वितरण केंद्र पर 'भारी भीड़ और अराजक माहौल' के बीच भोजन प्राप्त करने की कोशिश कर रहे 20 लोगों की मौत हो गई है.
जीएचएफ़ के बयान के अनुसार, बीस में से 19 लोगों की मौत भीड़ में कुचले जाने से हुई, जबकि एक की चाकू मारकर हत्या की गई है.
यह "दुखद घटना" ख़ान यूनुस क्षेत्र में जीएचएफ़ की साइट पर हुई. जीएचएफ़ ने बयान में कहा है कि यह भगदड़ "भीड़ में मौजूद हमास से जुड़े भड़काऊ तत्वों" के कारण हुई है.
हालांकि, इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है.
इससे पहले, ख़ान यूनुस स्थित नासेर अस्पताल ने कहा था कि उसे दस लोगों के शव मिले हैं, जिनकी मौत "दम घुटने" के कारण हुई. अमेरिकी निजी सुरक्षा गार्ड्स ने जीएचएफ़ के इस सहायता स्थल को बंद कर दिया था, इसके बाद वहाँ लोगों में अफ़रातफ़री मची.
जीएचएफ़ ने मई के आखिर में सहायता सामग्री बांटने का काम शुरू किया था. इसके बाद से लगभग हर दिन सहायता पाने की कोशिश में फलस्तीनियों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं.
चश्मदीदों का कहना है कि अधिकतर लोगों को इसराइली सुरक्षा बलों ने गोली मारी है.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने मंगलवार को कहा कि उसने पिछले छह हफ्तों में जीएचएफ़ की दक्षिण और मध्य गज़ा में स्थित चार सहायता केंद्रों के आस-पास 674 लोगों की मौत दर्ज की है.
मोदी कैबिनेट ने लिए तीन अहम फ़ैसले, अश्विनी वैष्णव दी जानकारी
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए तीन अहम फ़ैसलों की जानकारी दी.
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन अहम फ़ैसलों से देश की नींव मजबूत होगी.
वैष्णव ने कहा कि किसानों के जीवन में अहम बदलाव के लिए एक फ़ैसला लिया गया है. उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना को मंज़ूरी दी है.
इसके अलावा नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन यानी एनटीपीसी को रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में निवेश करने की मंज़ूरी दे दी गई है.
वैष्णव ने बताया की तीसरा अहम फ़ैसला नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन को भी रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में निवेश करने का अधिकार दिया गया है.
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: जो रूट नंबर वन बैटर, शुभमन गिल तीन पायदान लुढ़के
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के दौरान जो रूट शानदार फॉर्म में हैं
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज़ जो रूट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में फिर से नंबर वन बैटर बन गए हैं.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल रैंकिंग में तीन पायदान लुढ़क गए हैं.
रूट ने अपने ही देश के हैरी ब्रूक को हटाकर नंबर वन की पायदान पर पर कब्जा किया है. हैरी ब्रूक पिछले हफ्ते ही नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज़ बने थे. मगर 16 जुलाई को आई टेस्ट बल्लेबाजों की ताज़ा रैंकिंग में अब वो पहले स्थान से खिसककर सीधे तीसरे नंबर पर आ गए हैं.
बल्लेबाज़ों की टेस्ट रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन दूसरे स्थान पर हैं.
भारतीय क्रिकेटरों की बात करें तो टॉप 10 में तीन भारतीय बल्लेबाज़ शामिल हैं. यशस्वी जायसवाल पाँचवीं पायदान पर हैं. ऋषभ पंत आठवें और कप्तान शुभमन गिल नौवें स्थान पर हैं.
जसप्रीत बुमराह गेंदबाज़ों की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर हैं. उनके अलावा कोई भी दूसरा गेंदबाज़ टॉप 10 में जगह पाने में नाकाम रहा है.
रवींद्र जडेजा गेंदबाज़ों की टेस्ट रैंकिंग में 15वें स्थान पर हैं.
मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का पीएम मोदी को पत्र, की ये मांग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी (फ़ाइल फोटो)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए संसद के मॉनसून सत्र में विधेयक लाने की मांग की है.
खड़गे और राहुल गांधी ने पीएम मोदी को इस संबंध में एक पत्र लिखा है.
दोनों नेताओं ने ये भी मांग उठाई है कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत शामिल करने के लिए भी विधेयक लाएं.
इमेज स्रोत, @INCIndia/ x
इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का पीएम मोदी को लिखा गया पत्र
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 244 के तहत छठी अनुसूची स्वायत्त प्रशासनिक प्रभागों में स्वायत्त जिला परिषदों के गठन का प्रावधान करती है, जिनके पास एक राज्य के भीतर कुछ विधायी, न्यायिक और प्रशासनिक स्वतंत्रता होती है.
पिछले साल लद्दाख को पूर्ण राज्य और संविधान की छठी अनुसूची लागू करने की मांग को लेकर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख़ के जाने-माने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अनशन पर भी बैठे थे.
पाँच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को रद्द करते हुए जम्मू-कश्मीर के विशेष राज्य का दर्जा हटा दिया गया था और इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था.
रवि शास्त्री ने बताया- लॉर्ड्स की बाज़ी भारत किन दो मौकों से हार गया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रवि शास्त्री
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि लॉर्ड्स टेस्ट में बेहतर स्थिति में होने के बावजूद ऐसे दो टर्निंग पाइंट रहे हैं, जहाँ से इंग्लैंड पर भारत की पकड़ ढीली पड़ती गई.
आईसीसी रिव्यू में उन्होंने कहा, "मेरे लिए लॉर्ड्स टेस्ट का पहला टर्निंग प्वाइंट रहा पहली पारी में ऋषभ पंत का आउट होना."
उप कप्तान पंत 74 रन पर बल्लेबाज़ी कर रहे थे तभी इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की बेहतरीन फ़ील्डिंग ने उन्हें ड्रेसिंग रूम का रास्ता दिखा दिया.
रवि शास्त्री ने कहा है कि करुण नायर का सीधी गेंद को छोड़कर अपना विकेट गंवा देना भी इंग्लैंड के पक्ष में गया.
शास्त्री ने कहा, "मैं समझता हूँ कि करुण नायर का विकेट जिस वक़्त गिरा, उससे मुक़ाबले पर काफ़ी असर पड़ा. क्योंकि आपने देखा होगा कि जब सिराज बल्लेबाज़ी कर रहे थे, बुमराह और जडेजा बैटिंग कर रहे थे, गेंद 40 ओवर पुरानी हो गई थी और उन्होंने शायद ही कोई ग़लत शॉट खेला.
इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को 22 रन से हरा दिया था. पाँच मैचों की टेस्ट सिरीज़ में मेजबान इंग्लैंड तीन मुक़ाबलों के बाद 2-1 से आगे है.
'उदयपुर फाइल्स' के निर्माता को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, अगली सुनवाई 21 जुलाई को
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने चर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फ़िल्म 'उदयपुर फाइल्स: कन्हैया लाल टेलर मर्डर' की रिलीज़ पर रोक फिलहाल बरकरार रखी है.
दिल्ली हाई कोर्ट ने पिछले दिनों फ़िल्म की रिलीज पर रोक लगा दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर सुनवाई 21 जुलाई तक टाल दी है.
कोर्ट ने निर्माताओं से फ़िल्म के ख़िलाफ़ आपत्तियों पर सुनवाई के लिए केंद्र द्वारा नियुक्त समिति का फ़ैसला आने तक इंतज़ार करने को कहा है.
'उदयपुर फाइल्स' फ़िल्म के निर्माताओं ने दिल्ली हाई कोर्ट के निर्णय के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
फ़िल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, फ़िल्म के निर्माताओं ने दलील दी थी कि ‘सेंसर बोर्ड’ (केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड) से प्रमाणन मिलने के बावजूद फ़िल्म की रिलीज़ रोक दी गई.
ओडिशा में छात्रा की मौत के बाद बीजेडी का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने आँसू गैस का इस्तेमाल किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजू जनता दल के कार्यकर्ताओं का भुवनेश्वर में विरोध प्रदर्शन
ओडिशा में छात्रा की मौत को लेकर बीजू जनता दल (बीजेडी) के कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में विरोध प्रदर्शन किया है.
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस का इस्तेमाल किया.
बीजेडी विधायक सुशांत कुमार राउत ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमारा मकसद है कि उनको (छात्रा) न्याय मिले. हमारी मांग है कि छात्रा के परिवार को 20 लाख नहीं, 2 करोड़ दीजिए."
मुख्यमंत्री ने छात्रा के परिवार को 20 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा मंगलवार को थी.
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत हो गई है.
यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में कार्रवाई न होने से परेशान छात्रा ने शनिवार को आत्मदाह किया था.
इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
छात्रा ने ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक विभाग प्रमुख पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.
सोमवार को पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को गिरफ़्तार किया था. मामले में अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है.
छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)